अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

मध्य प्रदेश – छत्तीसगढ़:इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड रोड पर सरकार ने माने किसानों के सुझाव,राजधानी के 18 तालाबों पर बड़ा एक्शन!,9 साल की छात्रा से दुष्कर्म मामले में फादर को उम्रकैद, दो महिला स्टाफ को 7-7 साल की सजा

Share

उज्जैन-इंदौर ग्रीनफील्ड रोड को लेकर MP सरकार ने माने किसानों के सुझाव
उज्जैन-इंदौर ग्रीनफील्ड रोड को लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और किसानों के बीच भोपाल में हुई बातचीत के बाद सरकार ने ग्रीन फील्ड कॉरिडोर रोड की ऊंचाई कम करने का फैसला लिया है. सीएम मोहन यादव ने ऐलान किया है कि अब एलिवेटेड नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर रोड बनेगा. किसानों के सुझावों को ध्यान में रखकर ही निर्माण होगा. अब इसके बाद किसानों ने भी अपना विरोध वापस ले लिया है. किसान राजेश सोलंकी ने बताया कि सीएम मोहन यादव के साथ किसानों की हुई बातचीत के बाद सकारात्मक परिणाम निकल कर आए और मुआवजा राशि को लेकर भी बात तय हो गई है. किसानों को मिलने वाले मुआवजे की राशि भी बढ़ाने का आश्वासन मिल गया है.

MP ATS द्वारा पकड़े गए अफगानी घुसपैठियों को कोर्ट में किया गया पेश
मध्य प्रदेश ATS द्वारा कोलकाता से पकड़े गए पांचों अफगानी घुसपैठियों को जिला अदालत स्थित विशेष कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उन्हें जुडिशियल रिमांड पर 10 मार्च तक के लिए जेल भेज दिया है. गौरतलब है कि 21 फरवरी को एटीएस ने कोलकाता में छुपकर रह रहे 5 अफगानी नागरिकों को गिरफ्तार किया था, जो काबुल से दिल्ली और दिल्ली से फिर कोलकाता पहुंचे थे. एटीएस की जांच में पता चला था कि यह सभी अफगानी नागरिक फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भारत की नागरिकता हासिल कर चुके थे और करीब 7 सालों से कोलकाता में रह रहे थे.

साध्वी रंजना पर अराजक लोगों ने किया जानलेवा हमला
पूज्य साध्वी रंजना दीदी पर कुछ अराजक लोगों ने जानलेवा हमला किया. भोपाल के मिश्रा थाना क्षेत्र में गाड़ी आगे पीछे करने को लेकर विवाद हुआ. इसके बाद स्थानीय लोगों ने साध्वी की गाड़ी में तोड़फोड़ भी की. घटना के विरोध में साध्वी रंजना एफआईआर दर्ज कराने मिश्रा थाने पहुंची हैं.

धर्मांतरण मामले में आरोपियों की 5 दिन की रिमांड
अमरीन और चंदन की पुलिस ने 5 दिन की और रिमांड ली. आरोपियों को अहमदाबाद के तमाम घटना स्थल पर ले जाया जाएगा और इन्वेस्टिगेशन की जाएगी. इस बात की संभावना जताई जा रही है कि आरोपियों का नेटवर्क गुजरात और मुंबई तक है. आरोपियों पर पीड़िताओं के साथ दुष्कर्म, देह व्यापार में धकेलने, ड्रग्स देने और धर्म परिवर्तन का आरोप है. अगर पांच दिन में पूछताछ पूरी नहीं हुई, तो रिमांड की अवधि को और बढ़ाया जा सकता है.

शाजापुर में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में शाजापुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया है. प्रदर्शन के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा है. युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर की नारेबाजी की और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की तुरंत रिहाई की मांग की. युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष जयंत सिकरवार ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन संवैधानिक अधिकार है उसके बावजूद दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी सरासर तानाशाही है.

तीन तलाक के बाद पीड़िता की न्याय की गुहार
तीन तलाक के बाद पीड़िता फरहीन अली का बयान सामने आया है. पीड़िता का कहना है कि साल 2010 में निकाह होने के बाद से ही शौहर वाहिद अली प्रताड़ित कर रहा था. उसने 16 फरवरी को सोने चांदी के जेवर और उसकी व्यक्तिगत चीजें जब्त करते हुए वॉयस मेसेज से तलाक दे दिया. पीड़िता ने सरकार और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है.

हरदा शहर में पुलिस ने आरोपी का निकाला जुलूस
हरदा शहर के सिविल लाइन थाना पुलिस ने क्षेत्र मे ऑटो में तोड़फोड़ कर चाकू से महिलाओं को धमकाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी का जुलूस निकाला और जिस व्यक्ति को धमकाया था. उसके घर के सामने आरोपी से कान पकड़कर उठक बैठक लगवाई. आरोपी कमल दमाड़े ने 22 फरवरी एक मामले में समझौता होने के बाद भी फरियादी के घर पहुंचकर महिलाओं को चाकू दिखाते हुए धमकाया था और ऑटो में तोड़फोड़ की थी. पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया.

रायपुर पहुंचे राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, निजी कार्यक्रमों में शामिल होंगे
राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह रायपुर पहुंचे और निजी कार्यक्रमों में शामिल होंगे. उन्होंने नक्सलवाद पर कहा कि कांग्रेस ने कभी इसका समर्थन नहीं किया. उनका कहना था कि नक्सली हिंसा गलत रास्ता है, लेकिन आदिवासियों के हकों के लिए पार्टी हमेशा खड़ी रही है. उन्होंने आदिवासी क्षेत्रों में स्थानीय प्रशासन की लापरवाही को नक्सलवाद के पनपने का कारण बताया. केरल का नाम बदलने और कृषि समझौतों पर टिप्पणी करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि बीजेपी केवल सड़कों और शहरों के नाम बदल रही है और उनके अन्य मुद्दे असफल रहे. उन्होंने अमेरिका से होने वाले मक्का आयात पर चिंता जताई और कहा कि इससे भारतीय किसानों की फसलों के भाव प्रभावित होंगे. उनका कहना था कि भारत के इतिहास में किसी प्रधानमंत्री ने इस तरह का समझौता नहीं किया.

हिंदू महा सम्मेलन में महिलाओं को सुरक्षा यंत्र “ओजस्विनी हिम्मत वायर” बांटे
हिंदू महा सम्मेलन के समापन पर महिलाओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष पहल की गई. आयोजन में प्रवीण तोगड़िया ने महिलाओं को “ओजस्विनी हिम्मत वायर” सुरक्षा यंत्र बांटे गए, जो छेड़छाड़ या आपात स्थिति में इस्तेमाल किया जा सकता है. यह रिचार्जेबल डिवाइस बटन दबाते ही तेज करंट देता है और हमलावर को अस्थायी रूप से रोका जा सकता है. सम्मेलन में डिवाइस को 600 रुपये में उपलब्ध कराया गया और लक्ष्य एक लाख महिलाओं तक इसे पहुंचाना है. इसके साथ ही स्वास्थ्य सुधार के लिए देशभर में एक लाख वेलनेस सेंटर स्थापित करने की योजना का ऐलान किया गया, जहां संतुलित आहार, नमक सेवन और पोषण संबंधी जानकारी दी जाएगी. कार्यक्रम में हनुमान चालीसा पाठ और हिंदुत्व एकता का संकल्प भी लिया गया, और “हिंदू ही आगे” अभियान के तहत एक करोड़ परिवारों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया. आगामी चरणों में सेवा कार्य और आदिवासी क्षेत्रों में सामग्री वितरण की योजना भी है.

महिलाएं एकजुट होकर बदल रहीं तस्वीर, सीएम का महिला समूहों को संदेश
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने महिला सशक्तिकरण को नारी शक्ति का बड़ा उदाहरण बताया. उन्होंने कहा कि महिलाएं एकजुट होकर आर्थिक ताकत बन रही हैं और हर क्षेत्र में लक्ष्य पूरा कर रही हैं. गुना से आई एक महिला द्वारा मार्केटिंग का चुनौती स्वीकार करने का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि आज लाखों महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं. उन्होंने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग महिलाओं को लेकर गलत बयान देते हैं. विभिन्न स्टॉल का अवलोकन करने के बाद सीएम ने महिला समूहों के कार्य और पैकेजिंग की सराहना भी की.

सूरजपुर: नाबालिग के अपहरण की कोशिश नाकाम, दांत काटकर भागी
बिश्रामपुर थाना क्षेत्र में सातवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के अपहरण का प्रयास किया गया. स्कूल जाते समय बिना नंबर की कार में सवार लोगों ने उसे जबरन बैठाने की कोशिश की, लेकिन छात्रा ने साहस दिखाते हुए अपहरणकर्ताओं के हाथ पर दांत काटकर खुद को छुड़ाया और भाग निकली. घटना स्टेशन पारा और कुंजनगर के बीच की है. सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध कार नजर आई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुटी है.

संविदा आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारियों का प्रदर्शन
एमपी संविदा आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने 9 सूत्रीय मांगों को लेकर स्वास्थ्य संचालनालय और जयप्रकाश चिकित्सालय परिसर में चौथे चरण का बड़ा प्रदर्शन किया. इसमें नियमित, एनएचएम, एड्स नियंत्रण समिति, रोगी कल्याण समिति और गैस राहत विभाग के आउटसोर्स कर्मचारी शामिल हुए. मुख्यालय से विभाग के आला अधिकारी ताला लगाकर चले गए.

एमपी विधानसभा बजट सत्र का आज आठवां दिन

निराश्रित पशुओं का मुद्दा
कांग्रेस विधायक अजय सिंह राहुल ने सदन में किसानों की फसल नुकसान और नेशनल हाईवे पर यातायात बाधित होने की समस्या उठाई. मंत्री लखन पटेल ने बताया कि 4 लाख से अधिक मवेशी गौशालाओं में आश्रित हैं और सड़क सुरक्षा के लिए पेट्रोलिंग एवं जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है.

प्रश्नकाल में उठे प्रमुख मामले
वन माफिया और कैम्पा योजना: भाजपा विधायक उमाकांत शर्मा ने वन में अनियमितताओं और जमीन पर अवैध खेती का मामला उठाया. मंत्री दिलीप अहिरवार ने सफाई दी कि वन रक्षक को हटाया जाएगा और कार्रवाई जारी है.

जजों की सुरक्षा: भाजपा विधायक हरिशंकर खटीक ने हर जज को गनमैन की व्यवस्था की मांग की. मंत्री गौतम टेटवाल ने सुरक्षा उपाय और आवेदन प्रक्रिया बताई.
सहारा इंडिया कंपनी: विधायक जयवर्द्धन सिंह ने चिटफंड मामले की कार्रवाई जानने का सवाल किया. मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने FIR और निवेशकों को लौटाई गई राशि की जानकारी दी.
पत्रकार सुरक्षा कानून: कांग्रेस विधायक विपिन जैन ने कानून लागू करने की स्थिति पूछी. मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने प्रक्रिया और अध्ययन के बारे में बताया.

सदन में ध्यानाकर्षण
निराश्रित पशुओं के कारण किसानों को हो रहे नुकसान और हाईवे दुर्घटनाओं का मुद्दा प्रमुख रहा.
फायर सेफ्टी एक्ट पर भाजपा विधायक अभिलाष पांडे ने मुआवजे की कमी उठाई; मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने 3 महीने में एक्ट लागू करने का ऐलान किया.

मुख्यमंत्री और विधायकों के बयान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए किसानों और उद्योगों के विकास का दावा किया.
भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने दुष्कर्म, धर्मांतरण, मास्टर प्लान और महानगर विकास के मुद्दे उठाए.
विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने गौ-समस्या को मानवजनित बताया और प्रोफेशनल गौशालाओं की ओर ध्यान आकर्षित किया.

बजट सत्र चर्चा
सदन में विभागवार बजट चर्चा, 85 याचिकाओं का पटल पर रखवाना और अनुदानों की मांग पर डेढ़ घंटे तक चर्चा हुई.

इंदौर: युवती ने चाकू से मकान में हंगामा
इंदौर के बाणगंगा इलाके में स्कीम नंबर 78 की युवती ने दोस्त का मकान बताकर हाथ में चाकू लेकर हंगामा किया. पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया. हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

बिलासपुर HC को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली
बिलासपुर हाईकोर्ट को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली है. बम स्क्वायड और एहतियाती सुरक्षा तैनात किया गया.

मुलताई में ‘किन्नर जिहाद’ को लेकर कार्यक्रम, 50 से ज्यादा किन्नरों की कराई जा रही घर वापसी

मुलताई में ‘किन्नर जिहाद’ के मुद्दे को लेकर एक विशेष धार्मिक कार्यक्रम शुरू हुआ है. किन्नर अखाड़े से महामंडलेश्वर और मंडलेश्वर यहां पहुंचे हैं. मंत्रोच्चार के बीच वैदिक अनुष्ठान कराए जा रहे हैं. आयोजनकर्ताओं का दावा है कि धर्म परिवर्तन कर चुके 50 से ज्यादा किन्नरों की घर वापसी कराई जा रही है. अनुष्ठान पूर्ण होने के बाद सभी किन्नर ताप्ती नदी के तट पर जाएंगे. कार्यक्रम को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है.

वरमाला स्टेज पर दूल्हे ने गाया ‘दूल्हे का सेहरा सुहाना’, 40 लाख से ज्यादा बार देखा गया वीडियो

अशोकनगर के श्रीजी मैरिज गार्डन में हुई एक शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर धूम मचा रहा है. गुना की कोकाटे कॉलोनी निवासी दूल्हा शिवाजी सुर्वे ने वरमाला स्टेज पर दुल्हन के साथ खड़े होकर नुसरत फतेह अली खान का मशहूर गीत “दूल्हे का सेहरा सुहाना लगता है” गाकर सबका दिल जीत लिया. उनका अलग अंदाज मेहमानों को खूब पसंद आया. यह वीडियो अब तक 40 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है और लोग इसे जमकर शेयर कर रहे हैं.

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: 9 साल की छात्रा से दुष्कर्म मामले में फादर को उम्रकैद, दो महिला स्टाफ को 7-7 साल की सजा

छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने कोरिया जिले के सरभोका स्थित ज्योति मिशन स्कूल में साल 2015 में 9 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म मामले में बड़ा फैसला सुनाया है. निचली अदालत द्वारा आरोपियों को बरी किए जाने के फैसले को पलटते हुए हाईकोर्ट ने मुख्य आरोपी फादर जोसेफ धन्ना स्वामी को उम्रकैद की सजा सुनाई. वहीं दो महिला स्टाफ को 7-7 साल की सजा दी गई है. कोर्ट ने मेडिकल और एफएसएल रिपोर्ट को पुख्ता साक्ष्य मानते हुए यह निर्णय दिया.

1 अप्रैल से महंगी हो सकती है बिजली! हर महीने बढ़ सकता है बिल का बोझ

मध्यप्रदेश में 1 अप्रैल से बिजली महंगी होने की आशंका जताई जा रही है. बिजली कंपनियों ने दरों में बढ़ोतरी का प्रस्ताव विद्युत विनियामक आयोग को भेज दिया है. अंतिम फैसला आयोग ही करेगा, लेकिन इससे आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ किसानों और उद्योगों पर भी अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है. हर महीने बिजली बिल में बढ़ोतरी की संभावना से लोगों की चिंता बढ़ गई है. फिलहाल प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा होना बाकी है. दरों में बदलाव बिजली कंपनियों के खर्च और राजस्व के आंकड़ों के आधार पर तय किया जाएगा.

रायपुर- 9वीं-11वीं परीक्षा का टाइम टेबल अचानक जारी
सरकारी स्कूलों में कक्षा 9वीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षाओं का टाइम टेबल 23 फरवरी को जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा अचानक जारी कर दिया गया. नई समय-सारणी के अनुसार परीक्षाएं 27 फरवरी से शुरू होंगी. अचानक घोषणा से छात्र परेशान हैं. वहीं, शिक्षक पिछले दो-तीन महीनों से SIR कार्य में व्यस्त रहे, जिसके कारण कई स्कूलों में अब तक पाठ्यक्रम पूरा नहीं हो पाया है. वहीं, कक्षा 9वीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षा 27 फरवरी से शुरू होने की घोषणा के विरोध में NSUI ने मोर्चा खोला है. 23 फरवरी को जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा टाइम टेबल जारी किए जाने के बाद NSUI कार्यकर्ता आज DEO को ज्ञापन सौंपेंगे.

दसवीं की परीक्षा देने पहुंची छात्रा बनी मां! परीक्षा के दौरान हुआ प्रसव, जच्चा-बच्चा स्वस्थ

मध्यप्रदेश के धार जिले से चौंकाने वाला मामला सामने आया है. दसवीं की परीक्षा देने पहुंची एक नाबालिग छात्रा ने अचानक प्रसव पीड़ा के बाद बच्चे को जन्म दे दिया. छात्रा गणित का पेपर देने निजी स्कूल परीक्षा केंद्र पहुंची थी, तभी उसकी तबीयत बिगड़ गई. तुरंत उसे स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसने बच्चे को जन्म दिया. फिलहाल जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि पिछले दो साल से एक युवक के साथ उसके संबंध थे. मामले की जांच पीथमपुर सेक्टर 1 पुलिस कर रही है.

राजधानी के 18 तालाबों पर बड़ा एक्शन! अतिक्रमण हटाने पहली बार बनी 19 अफसरों की टास्कफोर्स

राजधानी भोपाल में तालाबों पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर जिला प्रशासन अब पूरी तरह एक्टिव हो गया है. पहली बार 19 सदस्यों की टास्कफोर्स बनाई गई है, जो 18 तालाबों से अतिक्रमण हटाने का काम करेगी. टीम में 17 प्रशासनिक अधिकारी और 2 पर्यावरणविद शामिल हैं. इसमें 2 अपर आयुक्त, 1 ज्वाइंट कलेक्टर, 2 डिप्टी कलेक्टर, 4 एसडीएम और एडिशनल डीसीपी शालिनी दीक्षित भी शामिल हैं. हर 15 दिन में समीक्षा होगी. अकेले बड़े तालाब के आसपास 225 अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं.

सीएम डॉ. मोहन यादव का आज का शेड्यूल, जानें कहां-कहां रहेंगे मौजूद

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सुबह 11 बजे विधानसभा पहुंचेंगे. वहां वे सदन की कार्यवाही में हिस्सा लेंगे और महत्वपूर्ण विषयों पर मौजूद रहेंगे. इसके बाद दोपहर 1:30 बजे वे कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर पहुंचेंगे, जहां आजीविका विपणन क्षमता वर्धन कार्यशाला कार्यक्रम में शामिल होंगे और संबोधित करेंगे. कार्यक्रम के बाद दोपहर 2:30 बजे मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे.

राजधानी के 20 इलाकों में आज 3 से 7 घंटे बिजली गुल, देखें आपका क्षेत्र तो शामिल नहीं?

राजधानी भोपाल में मेंटेनेंस कार्य के चलते आज करीब 20 इलाकों में 3 से 7 घंटे तक बिजली कटौती रहेगी. सुबह 10 से शाम 4 बजे तक आशाराम चौराहा, गांधी नगर मार्केट, अर्जुन वार्ड, प्रताप वार्ड और धाकड़ चौराह क्षेत्र प्रभावित रहेंगे. सुबह 10 से शाम 5 बजे तक एमएलए रेस्ट हाउस, वल्लभभवन, 74 बंगला और न्यू मार्केट में बिजली बंद रहेगी. सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक दशहरा मैदान समेत कई कॉलोनियों में कटौती होगी. वहीं दोपहर 1 से 4 बजे तक पीपलनेर और हाईटेक सिटी में सप्लाई बाधित रहेगी.

Ramswaroop Mantri

Add comment

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें