अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ :रतलाम में अवैध गैस रिफिलिंग सेंटर पर छापा,जबलपुर में कलयुगी बेटे ने मां को मार डाला, बागेश्वर धाम में हुआ बेटी-दामाद सम्मेलन,

Share

जबलपुर में कलयुगी बेटे ने मां को मार डाला
जबलपुर के कुंडम थाना क्षेत्र के बदरिया गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. यहां दीपक मरावी ने गुस्से में आकर अपनी मां जमुना मरावी की हत्या कर दी. बताया जा रहा कि आरोपी ने मां से खाना मांगा था, लेकिन समय पर खाना नहीं मिलने से वह नाराज हो गया और हंसिया से हमला कर दिया. हमले में जमुना मरावी की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी दीपक मरावी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

मुरैना में कोर्ट से निकलते ही मां-बेटे पर हमला
मुरैना में न्यायालय से बाहर निकलते ही घात लगाए बैठे आरोपियों ने मां-बेटे पर हमला कर दिया. बताया जा रहा कि दोनों पति-पत्नी के विवाद से जुड़े मामले में जमानत कराने कोर्ट पहुंचे थे. जैसे ही वे बाहर निकले, आरोपियों ने लाठी-डंडों से उन पर जमकर मारपीट की. घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. मामले की जांच की जा रही है.

पन्ना में केन-बेतवा परियोजना को लेकर किसानों का उग्र प्रदर्शन
पन्ना जिले में केन-बेतवा लिंक प्रोजेक्ट से प्रभावित किसानों का प्रदर्शन उग्र हो गया है. मझगांव और रुंझ डैम से प्रभावित हजारों किसान बुधवार दोपहर से पन्न कलेक्ट्रेट का घेराव कर धरने पर बैठे हैं. रात भी परिसर में ही बिताई. गुरुवार को करीब 25 घंटे बाद प्रदर्शन और तेज हो गया. पुलिस के रोकने के बावजूद महिलाएं और पुरुष कलेक्ट्रेट परिसर के अंदर घुस गए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई. हालात को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और एहतियातन क्षेत्र में धारा 144 लागू कर दी गई.

मंत्री विश्वास सारंग के निर्देश पर भोपाल में अवैध मदरसे पर कार्रवाई
भोपाल के कल्पना नगर इलाके में अवैध रूप से संचालित मदरसे पर प्रशासन ने कार्रवाई की है. यह कार्रवाई मंत्री विश्वास सारंग के निर्देश पर की गई. बताया जा रहा कि कल्पना नगर के रहवासियों ने मंत्री के जनदर्शन कार्यक्रम में अवैध मदरसे की शिकायत की थी. शिकायत के बाद मंत्री सारंग खुद कुछ दिन पहले मौके पर निरीक्षण करने पहुंचे थे और अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे. इसके बाद प्रशासन ने अवैध निर्माण और संचालन पर कार्रवाई की. मंत्री सारंग ने कहा कि भोपाल में कहीं भी अवैध निर्माण या अवैध मदरसे के संचालन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

रीवा में गैस किल्लत के बीच डिलीवरी वाहन से सिलेंडर लूट
रीवा में गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच डिलीवरी वाहन से सिलेंडर छीनने की घटना सामने आई है. मामला बिछिया थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां अज्ञात लोगों ने गैस एजेंसी के डिलीवरी वाहन को रोककर बलपूर्वक सिलेंडर उतार लिए. एजेंसी कर्मचारी के अनुसार बड़ी संख्या में आए लोगों ने वाहन से सिलेंडर छीन लिए और मौके से फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.

सागर में दर्दनाक घटना: मां समेत चार बच्चियों की मौत, गांव में सनसनी
मध्य प्रदेश के सागर जिले के केसली थाना क्षेत्र के नन्ही देवरी खमरिया गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. 28 वर्षीय सविता बाई, पत्नी चंद्रभान लोधी ने अपनी चार मासूम बेटियों को कुएं में फेंकने के बाद खुद फांसी लगाकर जान दे दी. इस हादसे में अंशिका (7), रक्षा (5), दीक्षा (3) और 5 माह की मनीषा की मौत हो गई. पुलिस ने कुएं से तीन बच्चियों के शव बरामद कर लिए हैं, जबकि 5 माह की बच्ची की तलाश जारी है. घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई. पुलिस मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच कर रही है.

बैतूल में डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने सुरभि खंडेलवाल को दी श्रद्धांजलि
मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा बैतूल गंज पहुंचकर हेमंत खंडेलवाल की सुपुत्री सुरभि को श्रद्धांजलि अर्पित की. डॉ. मिश्रा खंडेलवाल के निज निवास पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत सुरभि के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया. इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. इस मौके पर पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ता और समर्थक भी मौजूद रहे.

बागेश्वर धाम में हुआ बेटी-दामाद सम्मेलन, बेटियों से मिले धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री; नाती-नातिन को दिया स्नेह

छतरपुर स्थित Bageshwar Dham में बेटी-दामाद सम्मेलन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का आयोजन Dhirendra Krishna Shastri ने किया, जिसमें वर्ष 2020 से 2023 के बीच महाशिवरात्रि पर हुए सामूहिक विवाह में शामिल बेटियों और उनके दामादों को सपरिवार आमंत्रित किया गया था. कार्यक्रम के दौरान महाराज ने सभी से आत्मीय मुलाकात कर हालचाल जाना. बेटियों ने कहा कि ससुराल उनका घर है और बागेश्वर धाम उनका मायका. इस दौरान बच्चों को महाराज ने नाती-नातिन की तरह स्नेह दिया. अंत में सभी को तुलसी पौधा, साड़ी और दक्षिणा देकर आशीर्वाद प्रदान किया गया.

सागर में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और कार की टक्कर में युवक की मौत, एक गंभीर घायल

मध्यप्रदेश के सागर जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. बहेरिया थाना क्षेत्र के बहेरिया तिराहे के पास ट्रक और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई. हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए. दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है. फिलहाल बहेरिया थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

छत्तीसगढ़ विधानसभा बजट सत्र का 9वां दिन आज, प्रश्नकाल से लेकर अनुदान मांगों पर होगी अहम चर्चा

रायपुर में आज छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का 9वां दिन है. सदन की कार्यवाही की शुरुआत प्रश्नकाल से होगी, जिसमें डिप्टी सीएम विजय शर्मा सहित मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और गुरु खुशवंत साहेब सदस्यों के सवालों के जवाब देंगे. वहीं मंत्री केदार कश्यप, गुरु खुशवंत साहेब और ओपी चौधरी पत्रों को पटल पर रखेंगे. आज सदन में दो ध्यानाकर्षण भी लगाए जाएंगे. विधायक पुन्नू लाल मोहले जर्जर सड़कों का मुद्दा उठाएंगे, जबकि विधायक चातुरी नंद और लखेश्वर बघेल कृषि विकास और किसान कल्याण से जुड़े विषय पर ध्यानाकर्षण लाएंगे. इसके अलावा कई विधायकों द्वारा याचिकाएं प्रस्तुत की जाएंगी और विभिन्न विभागों की अनुदान मांगों पर चर्चा होगी.

बिलासपुर में नशे में स्कूल पहुंचे दो शिक्षक सस्पेंड, शिकायत के बाद जांच में आरोप सही

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मस्तूरी विकासखंड में स्कूल में शराब के नशे में पहुंचने पर दो सहायक शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है. जुनवानी प्राथमिक स्कूल के शिक्षक संदीप रात्रे के खिलाफ ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने शिकायत की थी कि वे नशे में स्कूल पहुंचे थे. जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद कार्रवाई की गई. वहीं पीएमश्री प्राथमिक शाला कुकुर्दीकला के सहायक शिक्षक उत्तम कुमार कंवर भी शराब पीकर स्कूल आने के दोषी पाए गए. जिला शिक्षा अधिकारी ने दोनों शिक्षकों को सस्पेंड कर दिया है. जिले में अब तक ऐसे मामलों में 14 से ज्यादा शिक्षकों पर कार्रवाई हो चुकी है.

इंदौर में आज मेयर इन काउंसिल की अहम बैठक, बजट सहित 28 प्रस्तावों पर होगी चर्चा

इंदौर नगर निगम में आज मेयर इन काउंसिल (MIC) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी. इस बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को मंजूरी दी जाएगी. इसके साथ ही शहर में संचालित सार्वजनिक शौचालयों के उपयोग शुल्क को बढ़ाने के प्रस्ताव पर भी निर्णय लिया जा सकता है. बैठक में बीआरटीएस कॉरिडोर के बचे हुए विकास कार्यों को भी स्वीकृति मिलने की संभावना है. जानकारी के मुताबिक कुल 28 अलग-अलग मुद्दों पर चर्चा की जाएगी. नगर निगम प्रशासन के लिए यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है, क्योंकि इसमें शहर के विकास और व्यवस्थाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं.

इंदौर में भीषण सड़क हादसा: हाईवे पर खड़े ट्रक में घुसा आयशर, ड्राइवर-क्लीनर की मौके पर मौत

इंदौर के कनाडिया थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई. हादसा बिचोली हप्सी ब्रिज के पास हुआ, जहां केले से भरा एक आयशर वाहन हाईवे पर खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसा. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आयशर के ड्राइवर रमेश गोयल और क्लीनर राजू की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद पुलिस और क्रेन की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को वाहन से बाहर निकाला गया. बताया जा रहा है कि ट्रक खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था. कनाडिया पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

इंदौर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर का खतरनाक स्टंट वायरल, ट्रैफिक नियम तोड़ते दिखे ‘ओए इंदौरी’

इंदौर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रॉबिन जिंदल का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह ट्रैफिक नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे हैं. वीडियो में रॉबिन बाइक की टंकी पर बैठकर वाहन चलाते दिख रहे हैं, वहीं एक युवती को आगे बैठाकर स्टंट भी करते नजर आ रहे हैं. रॉबिन जिंदल सोशल मीडिया पर “ओए इंदौरी” नाम से अकाउंट चलाते हैं और उनके कई वीडियो पहले भी चर्चा में रह चुके हैं. इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद ट्रैफिक पुलिस मामले को संज्ञान में लेकर कार्रवाई कर सकती है. फिलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है.

ईरानी डेरे की गैंग पर भोपाल पुलिस की बड़ी रिपोर्ट, देशभर में सक्रिय अपराधियों का नेटवर्क बेनकाब

भोपाल पुलिस ने ईरानी डेरे से जुड़े अपराधियों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर इंटेलिजेंस एजेंसियों को भेजी है. यह रिपोर्ट 71 ईरानियों की गिरफ्तारी के बाद तैयार की गई है, जिसमें उनके अपराध के तरीके, नेटवर्क और आपसी संपर्कों का पूरा ब्यौरा शामिल है. जांच में सामने आया है कि ईरानी डेरे की तीन अलग-अलग गैंग देशभर में सक्रिय थीं और हर गैंग वारदात को अलग तरीके से अंजाम देती थी. हैरानी की बात यह है कि आपराधिक रिकॉर्ड होने के बावजूद राजू ईरानी ने कर्नाटक के गुलबर्ग से पासपोर्ट बनवा लिया था. इसी पासपोर्ट के जरिए वह अपने परिवार के साथ खाड़ी के कई देशों की यात्रा भी कर चुका है.

एमपी में गैस सिलेंडर संकट गहराया, एजेंसियों के बाहर लंबी लाइनें; सर्वर क्रैश से लोग परेशान

मध्यप्रदेश में घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है. कई शहरों में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं. बताया जा रहा है कि ऑनलाइन बुकिंग का सर्वर भी बार-बार क्रैश हो रहा है, जिसके कारण गैस के नंबर नहीं लग पा रहे हैं और लोग सीधे एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं. हालात ऐसे हैं कि कई होटलों में सिर्फ एक-दो दिन का गैस स्टॉक बचा है, जबकि ठेले-खोमचे वालों का सिलेंडर लगभग खत्म हो चुका है. गैस की कमी का असर खाने-पीने के सामान की कीमतों पर भी पड़ रहा है और रमजान व शादी के सीजन में लोगों की परेशानी और बढ़ गई है.

महाकुंभ से वायरल हुई मोनालिसा ने केरल में की शादी, पिता ने लगाया जादू टोना का आरोप

मध्यप्रदेश के खरगोन जिले की रहने वाली और प्रयागराज महाकुंभ में वायरल वीडियो के बाद चर्चा में आई युवती मोनालिसा भोंसले ने केरल में अपने प्रेमी फरमान खान से मंदिर में शादी कर ली. बताया जा रहा है कि मोनालिसा ने यह शादी पिता की इच्छा के खिलाफ की है. मोनालिसा के पिता जयसिंह भोंसले का कहना है कि 2 मार्च को केरल से कुछ लोग आए थे, जिन्होंने फिल्म में काम दिलाने और एक्टिंग सिखाने का भरोसा दिया था. वे बेटी को लेकर केरल गए, लेकिन वहां जाकर उसने फरमान खान से शादी कर ली. पिता का आरोप है कि बेटी पर जादू-टोने का असर हो सकता है.

किशोर की हत्या से सिंगरौली में भड़का गुस्सा! तोड़फोड़, बुलडोजर और फांसी की मांग; पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

सिंगरौली जिले के मोरवा थाना क्षेत्र में किशोर की हत्या के बाद भारी बवाल मच गया. जानकारी के अनुसार अजय शाह ने 9 मार्च को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका बेटा पवन शाह रात 9 बजे से लापता है. पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान पता चला कि 5 मार्च को पवन शाह और ईशाद खान के बीच विवाद हुआ था. शक के आधार पर पुलिस ने ईशाद खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया. घटना के बाद गुस्साए लोगों ने तोड़फोड़ की और आरोपी को फांसी तथा बुलडोजर कार्रवाई की मांग की. हालात काबू करने पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े.

सीएम मोहन यादव का दिल्ली दौरा, बीजेपी शीर्ष नेतृत्व और केंद्रीय मंत्रियों से कर सकते हैं मुलाकात

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव आज दिल्ली दौरे पर रहेंगे. इस दौरान उनके भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करने की संभावना जताई जा रही है. सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री केंद्र सरकार के कुछ वरिष्ठ मंत्रियों से भी चर्चा कर सकते हैं. इस मुलाकात में मध्यप्रदेश से जुड़े विकास कार्यों, केंद्रीय योजनाओं और आगामी परियोजनाओं को लेकर बातचीत होने की उम्मीद है. माना जा रहा है कि यह दौरा प्रशासनिक और राजनीतिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण है. फिलहाल मुख्यमंत्री का यह दौरा एक दिन का बताया जा रहा है और शाम तक उनके वापस भोपाल लौटने की संभावना है.

रतलाम में अवैध गैस रिफिलिंग सेंटर पर छापा, 31 सिलेंडर जब्त; आरोपी से पूछताछ जारी

रतलाम जिले के नामली कस्बे में प्रशासन ने अवैध गैस रिफिलिंग सेंटर का भंडाफोड़ किया है. कार्रवाई के दौरान 31 गैस सिलेंडर जब्त किए गए. नायब तहसीलदार आशीष उपाध्याय की मौजूदगी में टीम ने सर्विस सेंटर पर छापा मारा, जहां घरेलू गैस सिलेंडरों से फोरव्हीलर वाहनों में अवैध रूप से गैस भरी जा रही थी. प्रशासन को लंबे समय से इसकी शिकायत मिल रही थी. बताया जा रहा है कि इस सेंटर पर पहले भी तीन बार छापेमारी हो चुकी है. खाद्य विभाग ने आरोपी शहजाद खान के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है.

Ramswaroop Mantri

Add comment

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें