इंदौर में तिरंगा यात्रा आयोजित की गई। बुधवार को राजवाड़ा से गांधी हॉल तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिसमें सीएम डॉ. मोहन यादव भी शामिल हुए। यात्रा में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, तुलसीराम सिलावट, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, मालिनी गौड़, महेंद्र हडिया, मधु वर्मा, मनोज पटेल के साथ ही भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती, प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार सहित प्रमुख भाजपा नेता हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को घेरा
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इंदौर को हर क्षेत्र में नंबर वन बनाने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब इंदौर उद्योग, पर्यावरण और जल संरक्षण जैसे तमाम क्षेत्रों में नंबर वन बनेगा। उन्होंने कहा कि दुश्मन ने अब हरकत की तो बिछड़ा पंजाब भी भारत में मिला लेंगे। कार्यक्रम में लाखों लोग शामिल हुए। सभी ने इंदौर को हर क्षेत्र में नंबर वन बनाने का संकल्प लिया। 100 से अधिक मंचों पर मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस के नेता चीन और पाकिस्तान को खुश करने में लगे हैं। आज देश दुनियाभर में अपनी ताकत दिखा रहा है और दुश्मनों को मुंह तोड़ जवाब दे रहा है। ऐसे में भी कांग्रेस विरोधी ताकतों को खुश करने में लगी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के द्वारा की गई गलतियों को आज भी देश भुगत रहा है। कांग्रेस ने नदियों के लिए जो संधियां की उन्हें आज भी हम झेल रहे हैं। इससे दुश्मन देशों को फायदा हो रहा है। यात्रा में तिरंगे से सजे विशेष रथ पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सवार हुए। उन्होंने पूरे यात्रा मार्ग में नागरिकों का अभिवादन किया। जगह-जगह नागरिकों ने मुख्यमंत्री का उत्साह और उमंग से भव्य स्वागत किया।

स्वच्छता कर्मियों का सम्मान किया
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तिरंगा यात्रा के प्रारंभ में देवी अहिल्या बाई होलकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इंदौर के स्वच्छता में देश में लगातार आठवीं बार अव्वल रहने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वच्छता कर्मियों का सम्मान किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वच्छता दीदियों और अन्य बहनों से रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में राखी भी बंधवाई। यह राखी जीरो वेस्ट थी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान भी किया। भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने बताया कि यात्रा में भाजपा संगठन के सभी 35 मंडलों के कार्यकर्ता, सभी मोर्चे प्रकोष्ठ, सामाजिक संस्थाएं, खेल एवं व्यापारी संगठन, युवा, महिला और औद्योगिक संगठन देशभक्ति के नारों के साथ भाग लिया। बैठक में लिए गए निर्णय अनुसार, विधानसभा क्षेत्रों के अनुसार मंच लगाए गए थे। यह यात्रा ऐतिहासिक राजवाड़ा से शुरू होकर कृष्णपुरा छत्री, जेल रोड, जिला न्यायालय के सामने से होते हुए गांधी हाल में सम्पन्न हुई।
सीएम के सामने किया विरोध
पिछले सप्ताह इंदौर के स्कीम 78 में हुई हत्या के मामले में सीएम के सामने पोस्टर लेकर विरोध भी किया गया। परिजन का आरोप था कि पुलिस के द्वारा निष्पक्ष होकर कार्रवाई नहीं की जा रही है। सीएम के काफिले के सामने परिजन ने विरोध किया लेकिन पुलिस ने सभी को काफिले के सामने से हटा दिया।
झलकियां
– मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर नगर निगम के स्मार्ट इंदौर हेल्पलाइन (वॉट्सऐप चेटबॉट सेवा) का शुभारंभ भी किया।
– यात्रा में जैन समाज अपने बैंड के साथ, वहीं सिख, मुस्लिम, बोहरा, राठौर, ब्राह्मण सहित विभिन्न समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए हैं। स्काउट, एनसीसी कैडेड्स भी इसमें शामिल हुए।
– महिला मंडल विशेष ड्रेसकोड के साथ देशभक्ति के गीत व नारों के बीच यात्रा में शामिल हुआ। भाजपा महिला मोर्चा की महिलाएं भगवा साड़ी में शामिल हुईं।
– यात्रा में विभिन्न व्यापारिक संगठन भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
– राजकमल ब्रॉस बैंड के साथ, पुलिस का बैंड, डीजे के गाड़ियां, ढोल पथक के साथ ही मुस्लिम समाजजन के लोग भी इसमें शामिल हुए हैं। बोहरा समाज और जैन समाजजन भी अपने-अपने बैंड के साथ शामिल हुए हैं।
– यात्रा में महापुरुषों की वेशभूषा में सजे युवा भी आकर्षण का केन्द्र रहे।
– यात्रा के दौरान स्थानीय व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों और दुकानों को तिरंगे से सजाया। यात्रा पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
– तिरंगा यात्रा से पहले शहर में ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। रीगल चौराहे पर 3-4 एंबुलेंस फंस गईं, जिससे मरीज और परिजन परेशान रहे।
मुख्यमंत्री मोहन यादव बोले- राहुल गांधी लोकतंत्र के लिए खतरा है
पुणे में कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा उनकी जान को खतरा होने के बयान पर इंदौर में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि राहुल को कोई खतरा नहीं है, बल्कि वे खुद लोकतंत्र के लिए खतरा है। राहुल गांधी वही गलतियां कर रहे हैं, जो उनके परदादा, नाना ने की थी। सीएम ने कहा कि राहुल सिर्फ भ्रम फैला रहे है। इस तरह वोटों की राजनीति करना उन्हें मंहगा साबित होगा। वे सेना का, सुप्रीम कोर्ट का, चुनाव आयोग का अपमान करते आ रहे है।सेना से सबूत मांगते है।

यह सभी लोकतंत्र के मजबूत स्तंभ है। यदि उन पर राहुल सवाल उठाएंगे तो लोकतंत्र मजबूत कैसे रहेगा। उन्होंने कहा कि आयोग की एक प्रक्रिया होती है। यदि राहुल को आपत्ति है तो वे शपथ पत्र दे और अपनी बात रखे, लेकिन वे सड़क पर हंगामा करेंगे। प्रक्रिया नहीं अपनाएंगे। पहले भी उन्होंने चौकीदार-चौकीदार बोलकर हल्ला मचाया था। फिर सुप्रीम कोर्ट में माफी मांग ली थी।
सीएम ने कहा कि कई बार उनकी राजनीति से लोकतंत्र खतरे में आ जाता है और दुश्मन खुश हो जाते है। राहुल को जनता के बीच काम करने की आदत डालना होगी। मंच से संविधान की पुस्तक लहराने से कुछ नहीं होता है। उसका आचरण में भी लाना होगा। उनकी पार्टी ने संविधान संशोधन कर कई बार उसे कुलचने का प्रयास किया है। स्वतंत्रता दिवस पर कुछ जिलों में कलेक्टरों को झंडावंदन की जिम्मेदारी देने पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में 55 जिले है और 32 मंत्री है। कुछ तो खाली रहेंगे। हम तो 26 जनवरी को झंडावंदन के लिए आ जाएंगे।





