अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

अल्पमत

Share

बहुत से लोग दाएं हाथ से लिखते हैं
लेकिन कुछ लोग बाएं हाथ से भी लिखते हैं..

दाएं हाथ से लिखने वालों का तर्क था कि
बाएं हाथ से लिखने वाले लेखन कला को भ्रष्ट कर रहे हैं
इसके खिलाफ बाएं हाथ से लिखने वालो के मजबूत तर्क थे
लेकिन वे अल्पमत में थे.

दाएं हाथ से लिखने वालों ने कहा
हम दाएं हाथ से लिखने वालों का राष्ट्र बनाएंगे
और राष्ट्र बन गया..

दाएं हाथ से लिखने वालों में
बहुत से लोग नीली स्याही से लिखते थे
लेकिन कुछ लोग काली स्याही से भी लिखते थे
नीली स्याही से लिखने वालों का तर्क था कि
काली स्याही वाले अक्षर के भविष्य को काला कर रहे हैं
इसके खिलाफ काली स्याही वालो के मजबूत तर्क थे
लेकिन वे अल्पमत में थे.

इस तरह नीली स्याही से लिखने वालों का राष्ट्र बन गया..

नीली स्याही से लिखने वाले बहुत से लोग सादे पेज पर लिखते थे
लेकिन कुछ लोग रूलदार पेज पर भी लिखते थे
सादे पेज वालो का तर्क था कि
रूलदार पेज पर लिखने वाले शब्दों को दो लाइनों के बीच कैद कर रहे हैं
इसके खिलाफ रूलदार पेज पर लिखने वालों के मजबूत तर्क थे
लेकिन वे अल्पमत में थे..

इस तरह सादे पेज पर लिखने वालों का राष्ट्र बन गया..

सादे पेज पर ज्यादा लोग प्रार्थनापत्र लिखते थे
लेकिन कुछ कविता भी लिखते थे
प्रार्थनापत्र लिखने वालों का तर्क था कि
कविता युवाओं को भ्रष्ट करती है
इसके खिलाफ कविता लिखने वालों के मजबूत तर्क थे
लेकिन वे अल्पमत में थे.

और इस तरह प्रार्थनापत्र लिखने वालों का राष्ट्र बन गया..

लेकिन इस राष्ट्र में
बाए हाथ से लिखने वाले
काली स्याही से लिखने वाले
रूलदार पेज पर लिखने वाले
और कविता लिखने वाले नहीं थे

राष्ट्र अब बुरी तरह डरा हुआ था
क्योंकि अब वह अल्पमत में था…

  • मनीष आजाद

Ramswaroop Mantri

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

Follow us

Don't be shy, get in touch. We love meeting interesting people and making new friends.

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें