ओडिशा हादसे की CBI जांच होगी:रेलवे ने सिग्नल गड़बड़ी को वजह बताया; बिहार में गंगा पर बन रहा फोरलेन पुल गिरा,भारतीय रिजर्व बैंक की मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) की बैठक आज से शुरू होगी। RBI गवर्नर शक्तिकांत दास की अगुवाई वाली छह सदस्यीय MPC की बैठक छह से आठ जून तक होनी है। 43वीं बैठक के निर्णयों की घोषणा आठ जून यानी गुरुवार को होगी। इधर, दिल्ली हाई कोर्ट आज पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की अंतरिम जमानत की अर्जी पर फैसला सुनाएगा। वहीं , वाराणसी के बहुचर्चित 31 साल पुराने अवधेश राय हत्याकांड में एमपी-एमएलए कोर्ट सोमवार को फैसला सुनाएगी। इस मामले में पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी आरोपी हैं। फैसला सुनाए जाने के समय मुख्तार अंसारी की बांदा जेल से वर्चुअल पेशी होगी।
आज के प्रमुख इवेंट्स,
- दिल्ली हाईकोर्ट मनीष सिसोदिया की जमानत पर फैसला सुनाएगा। सिसोदिया ने पत्नी के स्वास्थ्य का हवाला देते हुए अंतरिम जमानत मांगी है।
- वाराणसी कोर्ट 31 साल पुराने अवधेश राय हत्याकांड में फैसला सुनाएगी। मामले में मुख्य आरोपी मुख्तार अंसारी फिलहाल बांदा जेल में बंद है। उसे कोर्ट में वर्चुअली पेश किया जाएगा।
- अमेरिका के डिफेंस सेक्रेटरी लॉयड ऑस्टिन दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात करेंगे। अमेरिकी फाइटर जेट्स की टेक्नोलॉजी शेयर करने और ड्रोन खरीद पर बात हो सकती है।
ओडिशा ट्रेन एक्सीडेंट में 288 नहीं, 275 मौतें, चीफ सेक्रेटरी बोले- कुछ शव दो बार गिने

हादसे के बाद कई शवों की पहचान नहीं हो पाई है। रेलवे ने लोगों से शव ले जाने की अपील की है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि ओडिशा के बालासोर में शुक्रवार शाम हुए रेल हादसे की CBI जांच कराई जाएगी। एक्सीडेंट साइट का जायजा लेने के बाद रेल मंत्री ने हादसे की वजह इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग में बदलाव बताई है।
वहीं रेलवे बोर्ड का कहना है कि सिग्नल में गड़बड़ी की वजह से हादसा हुआ। ओडिशा के चीफ सेक्रेटरी प्रदीप जेना ने दावा किया कि हादसे में 288 नहीं, बल्कि 275 लोगों की जान गई है। उन्होंने कहा कि कुछ शव दो बार गिन लिए गए थे, इस वजह से मृतकों की संख्या में गड़बड़ी हुई।
गृहमंत्री शाह से मिले बजरंग, साक्षी और विनेश, बृजभूषण की गिरफ्तारी की मांग की
कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सिंह की गिरफ्तारी की मांग कर रहे रेसलर्स विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। शाह के निवास पर हुई ये मीटिंग 2 घंटे चली। एक महिला रेसलर की मां ने इस मीटिंग की पुष्टि की है।
गृह मंत्री के साथ मीटिंग के बाद बजरंग पूनिया ने सोनीपत में हुई महापंचायत को बड़ा फैसला लेने से रोक दिया। बजरंग ने कहा- मैं किसान नेता से अनुरोध करूंगा कि आज कोई फैसला न लें। खिलाड़ियों की तरफ से हम एक पंचायत रखेंगे। इसकी लोकेशन 3 से 4 दिन में तय कर ली जाएगी।
बिहार में गंगा नदी पर बन रहा पुल गिरा, 1700 करोड़ रुपए की लागत से हो रहा था तैयार
बिहार के खगड़िया के अगुवानी-सुल्तानगंज के बीच गंगा पर बन रहा पुल रविवार को गिर गया। पुल के चार पिलर भी नदी में समा गए। पुल का करीब 192 मीटर हिस्सा नदी में गिरा है। हादसे के समय मजदूर वहां से 500 मीटर दूर काम कर रहे थे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घटना की अफसरों से पूरी जानकारी ली है।

हालांकि इतना बड़ा स्ट्रक्चर गिरने से गंगा नदी में कई फीट ऊंची लहरें उठीं। इससे नदी में नाव पर बैठे लोग सहम गए।
पुल का कुछ हिस्सा पिछले साल भी गिर चुका है। इसे एसपी सिंगला कंपनी बना रही है। पुल का शिलान्यास 2014 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया था। पुल का निर्माण 2015 से चल रहा है। इसकी लागत 1710.77 करोड़ रुपए है। पुल की लंबाई 3.16 किलोमीटर है।
गंगा में 50 फीट ऊंची उठी लहर
पुल का बड़ा स्ट्रक्चर गंगा में गिरने से 50 फीट से ज्यादा ऊंची लहरें उठीं। इससे नाव से सफर कर रहे लोग दहशत में आ गए। किसी तरह से नावों को किनारे लाकर लोगों को निकाला गया।

पिछले साल 100 मीटर हिस्सा गिरा था, जांच भी हुई थी
इस निर्माणाधीन पुल का स्ट्रक्चर पिछले साल भी नदी में गिर गया था। तीन पिलर्स के 36 स्लैब यानी करीब 100 फीट लंबा हिस्सा भरभराकर ढह गया था। रात में काम बंद था, इसलिए जनहानि नहीं हुई थी। उस समय पुल निगम के MD के साथ एक टीम ने वहां जाकर जांच भी की थी।
प्रोजेक्ट पूरा होने पर झारखंड से जुड़ जाएगा उत्तर बिहार
ये पुल अगुवानी और सुल्तानगंज घाट (भागलपुर जिला) के बीच बन रहा है जो बरौनी खगड़िया एनएच 31 और दक्षिण बिहार के मोकामा, लखीसराय, भागलपुर, मिर्जाचौकी एनएच 80 को जोड़ेगा। प्रोजेक्ट पूरा होने पर बिहार के खगड़िया की ओर से 16 किलोमीटर और सुल्तानगंज की ओर से चार किलोमीटर लंबी एप्रोच रोड के जरिए उत्तर बिहार सीधे मिर्जा चौकी के रास्ते झारखंड से जुड़ जाएगा। पुल बनने से खगड़िया से भागलपुर आने के लिए 90 किलोमीटर की दूरी मात्र 30 किलोमीटर रह जाएगी।
CM नीतीश ने 8 साल पहले रखी थी आधारशिला
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 23 फरवरी 2014 को खगड़िया जिले के परबत्ता में पुल निर्माण की आधारशिला रखी थी। इसके बाद 9 मार्च 2015 को पुल निर्माण का काम शुरू हुआ था। पुल की लंबाई 3.16 किलोमीटर है।
भाजपा विधायक बोले- भ्रष्टाचार की वजह से गिरा
परबत्ता से भाजपा विधायक डॉ. संजीव कुमार ने कहा कि जिस तरह से पुल गिरा है, भ्रष्टाचार के लिए इससे बड़ा प्रमाण और क्या हो सकता है? पुल निर्माण कार्य में व्यापक पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है। पिछले वर्ष जब पुल का एक हिस्सा गिरा था तो मैंने विधानसभा में इसकी उच्च स्तरीय जांच की मांग की थी।
सीएम ने ली जानकारी, तेजस्वी बोले- नुकसान ठेकेदार पर आएगा
डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा है कि स्ट्रक्चर टूटने का जो नुकसान आया है। वह सरकार पर नहीं ठेकेदार पर आएगा। इस घटना में किसी के मरने या घायल होने की खबर नहीं है। जब इससे पहले भी पुल गिरने की घटना हुई थी, तब भी हम आशंका में थे कि हमें सभी सेगमेंट की जांच करानी चाहिए। रिव्यू मीटिंग भी की गई। IIT रुड़की ने 30 अप्रैल 2022 में पुल गिरने का कारण आंधी तूफान बताया। हमें इसके डिजाइन में पहले से ही फॉल्ट था, इसे पूरे तरीके से ध्वस्त करके फिर से कार्य प्रारंभ करने का हमारा निर्णय था। वहीं, पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने कहा कि यह ब्रिज पूरे इलाके के लिए वरदान है। पूरी डिजाइन में डिफेक्ट की बात सामने आई थी। ठेकेदार पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घटना के बाद पूरी जानकारी ली है। 3 महीने में नए सिरे से काम करेंगे।
कर्नाटक के मंत्री बोले- भैंसें काट सकते हैं, गाय क्यों नहीं; गोहत्या पर बैन हटा सकती है राज्य सरकार
कर्नाटक के पशुपालन मंत्री के. वेंकटेश का कहना है कि जब भैंसें काट सकते हैं, गाय क्यों नहीं। उन्होंने तर्क दिया कि किसानों को बूढ़े मवेशी रखने और मरे पशुओं को ले जाने में समस्या होती है। मंत्री ने यह बयान गोहत्या सरंक्षण कानून में बदलाव का संकेत देते हुए दिया।
कर्नाटक की सिद्धारमैया सरकार गोहत्या की रोकथाम और मवेशियों के संरक्षण विधेयक, 2020 में संशोधन करने पर विचार कर रही है। ये विधेयक 2021 में भाजपा सरकार लाई थी। कर्नाटक के पूर्व CM बसवराज बोम्मई ने वेंकटेश के बयान की निंदा की और कहा कि हम गाय को मां की तरह पूजते हैं।
5. ताइवान में आमने-सामने US और चीन, अमेरिकी वॉरशिप के सामने आया ड्रैगन का जहाज

ताइवान की खाड़ी में जब अमेरिकी और चीनी जहाज का आमना-सामना हुआ, तो उनके बीच सिर्फ 150 मीटर की दूरी थी।
ताइवान की समुद्री सीमा में तैनात अमेरिकी वॉरशिप और चीनी मिलिट्री शिप आमने-सामने आ गए। अमेरिकी नेवी के इंडो-पैसेफिक कमांड का कहना है कि चीन उकसावे वाली हरकत कर रहा है। हमारे वॉरशिप ने स्पीड कम कर दी थी। अगर ऐसा न होता तो जहाज टकरा सकते थे।
पिछले हफ्ते चीनी लड़ाकू विमान ने साउथ चाइना सी के ऊपर इंटरनेशनल एयरस्पेस में उड़ रहे अमेरिकी जासूसी विमान को रोक दिया था। अमेरिकी डिफेंस सेक्रेटरी लॉयड ऑस्टिन ने चीन के डिफेंस सेक्रेटरी ली शांगफु को इस हफ्ते सिंगापुर में मुलाकात के लिए बुलाया था, लेकिन शांगफु नहीं पहुंचे।
सूरीनाम पहुंची राष्ट्रपति मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पारामारिबो में स्थित जोहान एडोल्फ पेंगल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचीं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सूरीनाम के राष्ट्रपति चंद्रिकाप्रसाद संतोखी से मुलाकात करेंगी। वे 4 से 6 जून तक सूरीनाम की यात्रा पर हैं।
ओडिशा: बालासोर में रेल दुर्घटना ट्रैक पर मालगाड़ी की आवाजाही फिर से शुरू होने के दौरान केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव दुर्घटनास्थल पर मौजूद रहे।
दो लाइन में पटरी की मरम्मत का काम लगभग हो गया है। इस हादसे में जिन लोगों की मृत्यु हुई है उनके परिवार से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। रेलवे बोर्ड की तरफ से इस मामले की CBI जांच की सिफारिश की गई है: केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, भुवनेश्वर





