तुर्किये ने अफगान-पाकिस्तान सीमा पर पकड़ा IS का आतंकी; इटली ने एपल पर लगाया116 मिलियन डॉलर का जुर्माना
केरल के उत्तरी जिले रामंथली में सोमवार रात एक परिवार के चार सदस्य अपने घर में मृत पाए गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, 38 वर्षीय व्यक्ति, उनकी 60 वर्षीय मां और उनके दो बच्चे (जिनकी उम्र पांच और दो साल थी) की लाशें रात करीब आठ बजें मिलीं। प्रारंभिक रिपोर्ट में बताया गया है कि व्यक्ति और उनकी मां फंदे पर लटके हुए पाए गए, जबकि छोटे बच्चे फर्श पर मिले। पैय्यनूर पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
एम्स्टर्डम-हैदराबाद उड़ान को मिली बम की धमकी
हैदराबाद एयरपोर्ट पर सोमवार रात एम्स्टर्डम-हैदराबाद जाने वाली केएलएम एयरलाइंस की उड़ान को बम की धमकी वाला ईमेल मिला। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल (एसओपी) लागू किए। विमान सुरक्षित रूप से एक बजे सुबह उतारा गया।
एएनआई के अनुसार, केएलएम की उड़ान को रात को धमकी वाला ईमेल मिला। इसके बाद हैदराबाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा सतर्कता बढ़ा दी गई। अधिकारियों ने तुरंत सुरक्षा उपाय लागू किए, जिसके परिणामस्वरूप विमान सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स के साथ सुरक्षित रूप से एक बजे सुबह उतर गया।
एनआईए के डीजी सदानंद दाते को मूल कैडर महाराष्ट्र में वापस भेजा गया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के महानिदेशक (डीजी) सदानंद वसंत दाते को समय से पहले उनके मूल कैडर महाराष्ट्र में भेजने की मंजूरी दे दी है। सोमवार को एक सरकारी आदेश में यह जानकारी दी गई।
दाते 1990 बैच के अधिकारी हैं और 26/11 के हीरो के रूप में जाने जाते हैं। वह महाराष्ट्र के डीजीपी बनने जा रहे हैं, क्योंकि वर्तमान डीजीपी रश्मि शुक्ला का कार्यकाल 31 दिसंबर को समाप्त होने वाला है। आदेश में कहा गया, कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने गृह मंत्रालय के प्रस्ताव को मंजूरी दी है, जिसमें सदानंद वसंत दाते, आईपीएस महाराष्ट्र (1990), एनआईए के डीजी को तत्काल प्रभाव से उनके मूल कैडर में समय से पहले लौटाने की सिफारिश की गई थी।
इस्कॉन पर लगा समय से पहले भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा निकालने का आरोप, पीएम मोदी तक पहुंचा मामला
पुरी के जगन्नाथ मंदिर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस्कॉन की ओर से दुनियाभर में भगवान जगन्नाथ की ‘असमय’ रथयात्रा आयोजित करने को लेकर पत्र लिखा है। एक अधिकारी ने बताया कि इस्कॉन ने कथित तौर पर शास्त्रों से अलग जाकर यह रथयात्राएं आयोजित की हैं। दरअसल, इस्कॉन ने पुरी के राजा गजपति महाराजा दिब्यासिंह देब को जानकारी दी कि रसद संबंधी समस्याओं के कारण विभिन्न देशों में एक ही तिथि या ‘तिथि’ पर रथयात्रा आयोजित करना संभव नहीं है।
श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन के मुख्य प्रशासक अरबिंद पाधी ने कहा, ‘हमारी जानकारी के अनुसार, गजपति महाराजा ने इस्कॉन की ओर से समय से पहले रथयात्रा के मामले की जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय को दे दी है। वे भगवान जगन्नाथ की वार्षिक रथयात्रा आयोजित करने के संबंध में शास्त्रों द्वारा निर्धारित नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं।
प्रयाग ग्रुप की 110 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त, ईडी ने अवैध निवेश योजना मामले में की कार्रवाई
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में प्रयाग ग्रुप ऑफ कंपनीज और उसके निदेशकों की करीब 110 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियां जब्त की हैं। इन संपत्तियों में प. बंगाल, बिहार और असम में स्थित 450.42 एकड़ जमीन और उन पर बने ढांचे शामिल हैं, जिनकी कीमत करीब 104 करोड़ रुपये है। इसके अलावा, कंपनी के निदेशकों बासुदेब बागची, अविक बागची व स्वप्ना बागची की करीब 6 करोड़ की संपत्तियां भी जब्त की गई हैं।
यह कार्रवाई कोलकाता जोनल कार्यालय ने धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत 15 दिसंबर को जारी अस्थायी कुर्की आदेश के बाद की। ईडी ने यह जांच सीबीआई की एफआईआर और चार्जशीट के आधार पर शुरू की थी, जो अवैध जमा योजनाओं के जरिये बड़े पैमाने पर धन जुटाने से जुड़ी है। जांच में सामने आया कि प्रयाग ग्रुप ने बिना आरबीआई या सेबी की मंजूरी के 38.71 लाख निवेशकों से करीब 2,863 करोड़ रुपये जुटाए। मार्च 2016 तक लगभग 1,906 करोड़ रुपये की राशि निवेशकों को वापस नहीं की गई। ईडी के अनुसार, यह एक पोंजी स्कीम थी, जिसमें नए निवेशकों के पैसे से पुराने निवेशकों को भुगतान किया जाता था। मामले में अभियोजन शिकायत दर्ज की जा चुकी है और दो निदेशक फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।
अब देश में ही बनेंगी मिसाइल तोपखाने की उन्नत प्रणालियां, सरकारी कंपनी आईओएल का फ्रांस की साफ्रान से करार
मिसाइल, तोपखाने व ड्रोन रोधी प्रणालियों में लगने वाली उन्नत तकनीकी सैन्य प्रणालियां अब भारत में ही बनाई जाएंगी। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी इंडिया ऑप्टेल लि. (आईओएल) ने फ्रांस की हथियार निर्माता कंपनी साफ्रान इलेक्ट्रॉनिक्स एंड डिफेंस से इसके लिए एक अहम सहयोग समझौता किया है।
करार के तहत दो अत्याधुनिक व प्रणालियों का निर्माण अब भारत में होगा। इनमें सिग्मा 30एन डिजिटल रिंग लेजर जायरो इनर्शियल नेविगेशन सिस्टम व सीएम3-एमआर डायरेक्ट फायरिंग साइट शामिल हैं। पहली प्रणाली जीपीएस के बिना भी तोपों को सटीक लक्ष्य साधने की क्षमता देती है, जबकि दूसरी सीएम3-एमआर तोपखाने व काउंटर-ड्रोन सिस्टम के लिए सीधे निशाने की क्षमता प्रदान करती है।
ऑरोविले के मानव एकता मिशन के लिए आधुनिक बुनियादी ढांचे महत्वपूर्ण : आरएन रवि
तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि ने कहा कि ऑरोविले के मानव एकता के मिशन को पूरा करने के लिए आधुनिक बुनियादी ढांचे महत्वपूर्ण हैं। आधुनिक ढांचे के जरिये यह आध्यात्मिक शहर दुनिया के लिए और अधिक सुलभ हो सकेगा। राज्यपाल यहां ऑरोविले के स्वागतम गेस्ट हाउस में एक आधुनिक विस्तार विंग का उद्घाटन करने के बाद वहां मौजूद लोगों को संबोधित कर रहे थे। वह ऑरोविले फाउंडेशन के अध्यक्ष भी हैं। राज्यपाल ने विस्तार विंग के त्वरित निर्माण और उच्च गुणवत्ता की सराहना की। यह अत्याधुनिक सुविधा अंतरराष्ट्रीय नगर में आने वाले साधकों और आगंतुकों को विश्व स्तरीय आतिथ्य प्रदान करने के लिए फाउंडेशन की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह विंग सतत आतिथ्य सत्कार में एक मील का पत्थर है। उद्घाटन समारोह में कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इनमें ऑरोविले फाउंडेशन की सचिव और गुजरात की अतिरिक्त मुख्य सचिव आईएएस डॉ. जयंती एस रवि, ऑरोविले में ओएसडी डॉ. जी सीतारमण, ऑरोविले फाउंडेशन संचालन बोर्ड के सदस्य अरविंदन नीलकंदन और केंद्रीय लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता सुधाकर प्रमुख थे।
भारत को अल्प और दीर्घ अवधि के युद्धों के लिए तैयार रहना चाहिए : सीडीएस
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान ने कहा कि भारत को आतंकवाद को रोकने के लिए ऑपरेशन सिंदूर जैसे अल्पकालिक, उच्च तीव्रता वाले संघर्षों और अपने पड़ोसियों के साथ क्षेत्रीय विवादों के कारण दीर्घकालिक संघर्षों से निपटने के लिए तैयार रहना चाहिए। वह सोमवार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बॉम्बे में एक कार्यक्रम में बोल रहे थे।
जनरल चौहान ने कहा कि बहु-क्षेत्रीय अभियान अब विकल्प नहीं बल्कि एक आवश्यकता होंगे, जहां एक क्षेत्र का प्रभाव दूसरे क्षेत्र पर तुरंत महसूस होगा। उन्होंने कहा कि भारत को किन खतरों और चुनौतियों के लिए तैयार रहना चाहिए, यह दो तथ्यों पर आधारित होना चाहिए। चीन या पाकिस्तान का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि हमारे दोनों विरोधी परमाणु हथियार से लैस देश हैं। इसलिए हमें उनकी प्रतिरोधक क्षमता को टूटने नहीं देना चाहिए।
हावड़ा: घर में लगी आग, परिवार के चार सदस्य जिंदा जले
पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में एक घर में आग लगने से एक नाबालिग लड़की समेत परिवार के चार सदस्यों की जलकर मौत हो गई। यह घटना जॉयपुर थाना क्षेत्र के सौरिया गांव में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात को हुई। मृतकों में दुर्योधन दोलुई (72), उनके बेटे दूधकुमार दोलुई (45), बहू शिबानी दोलुई (40) और पोती शम्पा (15) शामिल हैं।
सात वर्षीय जैन बच्ची की दीक्षा पर कोर्ट ने लगाई रोक
गुजरात के सूरत शहर के एक कुटुम्ब न्यायालय ने सोमवार को सात वर्षीय जैन बच्ची की दीक्षा पर रोक लगा दी, क्योंकि उसके पिता ने याचिका दायर कर दावा किया था कि उससे अलग रह रही पत्नी ने उसकी इच्छा के विरुद्ध बच्ची को भिक्षु बनाने का निर्णय लिया। न्यायाधीश एसवी मंसूरी ने मुंबई में 8 फरवरी 2026 को होने वाली उसकी दीक्षा पर रोक लगा दी। याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील एस मेहता ने कहा, अदालत ने लड़की की दीक्षा पर अंतरिम रोक की याचिका स्वीकार कर ली और अगली सुनवाई 2 जनवरी को होगी। कोर्ट ने लड़की की मां को एक हलफनामा दाखिल करने को कहा है जिसमें बताया जाना है कि बच्ची दीक्षा समारोह में भाग नहीं लेगी।
हंसखाली सामूहिक दुष्कर्म में नौ दोषी, सजा आज
पश्चिम बंगाल की एक अदालत ने सोमवार को नादिया जिले के हंसखाली में 2022 में नाबालिग लड़की के सामूहिक दुष्कर्म मामले में नौ लोगों को दोषी करार दिया। रानाघाट अतिरिक्त जिला न्यायाधीश (एडीजे) की अदालत ने नौ लोगों को दोषी ठहराते हुए कहा कि सजा का एलान मंगलवार को किया जाएगा।
सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता की बाद में चोटों की वजह से मौत हो गई थी। वकील अनिंद्य दास ने सत्ताधारी पार्टी तृणमूल के नेता के बेटे की मामले में संलिप्तता के मद्देनजर कलकत्ता हाईकोर्ट में याचिका दायर कर जांच को राज्य पुलिस से सीबीआई को देने की मांग की थी और कलकत्ता हाईकोर्ट ने इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपी थी। 14 साल की लड़की के साथ चार अप्रैल 2022 को सत्ताधारी पार्टी के पंचायत नेता के बेटे की जन्मदिन की पार्टी के दौरान सामूहिक दुष्कर्म हुआ। पीड़िता की बाद में मौत हो गई।
आरोपियों के दबाव में उसके शव का जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस वारदात के बाद लोगों का गुस्सा भड़क उठा। राजनीतिक हलकों में भी यह मामला खासा सुर्खियों में रहा। पंचायत नेता के बेटे ब्रजगोपाल गोआली, प्रभाकर पोद्दार और रंजीत मल्लिक पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 376 डीए के तहत सामूहिक दुष्कर्म और पॉक्सो के तहत आरोप लगाए गए थे। बाकी छह आरोपियों पर आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए थे।
बाबरी जैसी मस्जिद की नींव रखने वाले विधायक हुमायूं ने बनाई पार्टी
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में बाबरी की तर्ज पर मस्जिद की आधारशिला रखकर विवादों में आए टीएमसी से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने सोमवार को अपनी नई पार्टी बनाई है। हुमायूं ने अपनी नई पार्टी का नाम जनता उन्नयन पार्टी रखा है। नई पार्टी के गठन पर भाजपा ने आरोप लगाया कि हुमायूं टीएमसी को सत्ता में वापस लाने में मदद करने के लिए काम कर रहे हैं।
मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में जनसभा को संबोधित करते हुए भरतपुर के विधायक हुमायूं ने उन आठ उम्मीदवारों के नाम बताए, जिन्हें उनकी नई पार्टी बंगाल में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों में मैदान में उतारेगी। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि वह मुर्शिदाबाद में रेजीनगर और बेलडांगा दो सीटों से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला करते हुए हुमायूं ने कहा, मैं आपको बाद में ही बता पाऊंगा कि हमारी पार्टी बंगाल में कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। ममता अब वैसी नहीं रहीं जैसी मैं उन्हें जानता था। वह आम आदमी की पहुंच से दूर जा चुकी हैं। मेरा उद्देश्य ममता को सत्ता से उखाड़ फेंकना है। बंगाल के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने कहा, हुमायूं टीएमसी की मदद कर रहे हैं।
संघ प्रमुख ने चंद्रपुर में कैंसर अस्पताल का किया उद्घाटन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत ने कहा कि किफायती शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं हर व्यक्ति की जरूरत हैं, और इन्हें विकेंद्रित किया जाना चाहिए। महाराष्ट्र के चंद्रपुर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय कैंसर अस्पताल के उद्घाटन के मौके पर भागवत ने कहा, कैंसर का न सिर्फ मरीजों पर बल्कि उनके परिवारों पर भी बहुत बुरा असर पड़ता है।
भागवत ने कैंसर रोगियों की सेवा में समाज की भागीदारी को रेखांकित करते हुए कहा, जरूरतमंदों की सेवा के लिए हमें पैसे की नहीं, बल्कि समय की जरूरत होगी। किफायती शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं हर व्यक्ति की जरूरत हैं और इन्हें विकेंद्रित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी बीमारियां -तनाव, प्रदूषण या मिलावटी खानपान, किसी भी चीज से हो सकती हैं। कैंसर के कोई खास कारण नहीं होते। भागवत ने कहा, भगवान ने हमें शरीर दिया है, और हमें इसका इस्तेमाल इंसानियत की सेवा के लिए करना चाहिए। हमें सिर्फ पैसा ही नहीं, बल्कि समय निकालना चाहिए। कैंसर मरीजों और परिवारों को भावनात्मक ताकत और सहारे की जरूरत होती है।
तुर्किये की खुफिया एजेंसियों ने अफगानिस्तान-पाकिस्तान सीमा के पास आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के एक शीर्ष सदस्य को गिरफ्तार किया है। इसके चलते तुर्किये और अन्य जगहों पर आत्मघाती हमलों की योजना को विफल किया गया। तुर्किये की सरकारी समाचार एजेंसी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
समाचार एजेंसी अनादोलू ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान मेहमत गोरेन के रूप में हुई है। वह आईएस-खेरासन शाखा का सदस्य था, जिसका मुख्यालय अफगानिस्तान में है। गोरेन को गोपनीय अभियान के जरिये पकड़ा गया और तुर्किये भेजा गया।
यह स्पष्ट नहीं है कि यह अभियान कब चलाया गया और अफगान और पाकिस्तानी अधिकारी इसमें शामिल थे या नहीं। रिपोर्ट के अनुसार, गोरेन आईएस संगठन में ऊपर तक पहुंच चुका था और उसे तुर्किये, पाकिस्तान, अफगानिस्तान और यूरोप में आत्मघाती हमले करने का काम सौंपा गया था। आईएस ने तुर्किये में पहले भी हमले किए हैं, जिनमें एक जनवरी 2017 को इस्तांबुल के एक नाइट क्लब पर गोलीबारी शामिल है, जिसमें 39 लोग मारे गए थे।
इटली के नियामक ने एपल पर लगाया 116 मिलियन डॉलर का जुर्माना
इटली की एंटीट्रस्ट एजेंसी (बाजार में प्रतिस्पर्धा बनाए रखने का काम करने वाली संस्था) ने सोमवार को एप्पल पर 98.6 मिलियन यूरो (लगभग 116 मिलियन डॉलर) का जुर्माना लगाया। एजेंसी ने पाया कि एप्पल के एक प्राइवेसी फीचर ने एप स्टोर में प्रतिस्पर्धा को रोकने का काम किया।
एंटीट्रस्ट एजेंसी ने कहा कि एप्पल ने अपनी प्रभावशाली स्थिति का दुरुपयोग किया। इसकी एप ट्रैकिंग ट्रांसपेरेंसी (एटीटी) नीति के तहत, एप्स को यूजर्स से अनुमति लेनी होती है ताकि वे व्यक्तिगत विज्ञापनों के लिए डाटा एकत्र कर सकें। एप्पल ने अप्रैल 2021 में आईफोन और आईपैड ऑपरेटिंग सिस्टम के अपडेट के हिस्से के रूप में एटीटी फीचर पेश किया। हालांकि यह फीचर प्राइवेसी मजबूत करने के लिए था, लेकिन बड़ी टेक कंपनियों के प्रतिस्पर्धियों ने इसकी आलोचना की और कहा कि इससे छोटी एप्स का कारोबार मुश्किल में आ जाएगा। एंटीट्रस्ट एजेंसी ने नीति की आलोचना सीधे तौर पर नहीं की। लेकिन कहा कि यूरोप के कड़े प्राइवेसी नियमों के तहत थर्ड-पार्टी एप डेवलपर्स को यूजर से दो बार अनुमति लेनी पड़ती है।
नेपाल सेना ने संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जताई प्रतिबद्धता
नेपाल सेना (एनए) ने सोमवार को देश के संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति अपनी मजबूत प्रतिबद्धता व्यक्त की और कहा कि उसने कभी कोई राजनीतिक एजेंडा आगे नहीं बढ़ाया। सेना ने यह भी कहा कि उसने के.पी. शर्मा ओली के नेतृत्व वाली सरकार के पतन के बाद स्थिति को सामान्य बनाने के दौरान लिए गए निर्णयों का पूरी तरह सम्मान किया।
सेना का यह बयान मीडिया और राजनीतिक धड़े की ओर से उठाए गए सवालों के जवाब में आया। उन्होंने 8 और 9 सितंबर को जेन-जी आंदोलन के दौरान राष्ट्रीय संपत्तियों की सुरक्षा में सेना की भूमिका को लेकर सवाल किए थे। जेन-जी आंदोलन के दूसरे दिन ओली सरकार के पतन के बाद जब राजनीतिक अस्थिरता की स्थिति बनी, तब नेपाल सेना की मदद से देश में सुरक्षा स्थिति सामान्य हुई और राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल और नेपाल सेना नेतृत्व के सहयोग से अंतरिम सरकार का गठन हुआ।
सेना ने राष्ट्रीय समाचार समिति (आरएसएस) को दी गई एक रिपोर्ट में कहा, एक प्रमुख सरकारी संस्था की जिम्मेदारी है कि संकट का जल्द प्रबंध करने के लिए हितधारकों के बीच संवाद को सुगम बनाए, ताकि यह और खराब न हो।
अमेरिका: अपनी इच्छा से देश छोड़ने वालों को मिलेगा तीन गुना भत्ता, मुफ्त उड़ान का भी एलान
अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग ने उन अवैध अप्रवासियों के लिए स्व-निर्वासन भत्ते को एक हजार अमेरिकी डॉलर से बढ़ाकर तीन हजार अमेरिकी डॉलर कर दिया, जो साल के आखिर तक खुद देश छोड़कर चले जाते हैं। जारी बयान के मुताबिक इन अप्रवासियों को घर वापस जाने के लिए मुफ्त में उड़ान भी दी जाएगी। विभाग की सचिव क्रिस्टी नोएम ने कहा कि जनवरी 2025 से अब तक 19 लाख अवैध अप्रवासी स्वेच्छा से देश छोड़कर चले गए हैं।
नीदरलैंड में भीषण सड़क हादसा, क्रिसमस परेड का इंतजार कर रहे लोगों को कार ने मारी टक्कर; 9 घायल
पुलिस ने बताया कि सोमवार रात पूर्वी डच शहर में एक परेड देखने के लिए इंतजार कर रही भीड़ में एक कार घुस गई, जिससे नौ लोग घायल हो गए, जिनमें से कम से कम तीन गंभीर रूप से घायल हैं। गेलडरलैंड पुलिस ने सोशल मीडिया पर कहा कि घटना शुरू में जानबूझकर की गई प्रतीत नहीं होती है, लेकिन वे इसकी जांच कर रहे हैं। एम्स्टर्डम से लगभग 80 किलोमीटर पूर्व में स्थित नुनस्पेट शहर में लोग क्रिसमस की रोशनी से सजे वाहनों की परेड देखने के लिए इंतजार कर रहे थे। पास के एल्बर्ग नगर पालिका ने सोशल मीडिया पर बताया कि घटना के बाद परेड रोक दी गई। पुलिस ने बताया कि वाहन चालक 56 वर्षीय महिला थी, जिसे मामूली चोटें आई थीं। पुलिस ने बताया कि गंभीर सड़क दुर्घटना की स्थिति में सामान्य प्रक्रिया के अनुसार उसे हिरासत में लिया गया है। उन्होंने इसके अलावा कोई और जानकारी नहीं दी।
ट्रंप ने जेफ लैंड्री को नियुक्त किया ग्रीनलैंड का विशेष दूत
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लुइसियाना के गवर्नर जेफ लैंड्री को ग्रीनलैंड के लिए विशेष दूत नियुक्त करने की घोषणा की है। सोशल मीडिया पर ट्रंप ने लिखा, जेफ समझते हैं कि ग्रीनलैंड हमारी और हमारे सहयोगियों की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए कितना जरूरी है। खनिज समृद्ध ग्रीनलैंड, डेनमार्क का अर्ध-स्वायत्त क्षेत्र है और यह रणनीतिक रूप से भी बेहद अहम है। ट्रंप ग्रीनलैंड पर कब्जा करना चाहते हैं। एजेंसी
बोंडी बीच हमला : हत्यारोपी ने पिता के साथ ली थी हथियार की ट्रेनिंग
बोंडी बीच पर 15 लोगों के हत्यारोपी नावेद अकरम ने पिता साजिद अकरम के साथ न्यू साउथ वेल्स में हथियारों की ट्रेनिंग ली थी और वीडियो रिकॉर्ड कर हमले के पीछे की मंशा जाहिर की थी। ऑस्ट्रेलियाई ब्रॉडकास्टिंग कॉर्प (एसीबी) ने पुलिस दस्तावेज के हवाले से यह जानकारी दी। इससे पहले, सोमवार को अस्पताल से नावेद की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से कोर्ट में पेशी हुई। पुलिस ने कहा कि दोनों आरोपियों ने 14 दिसंबर को यहूदी कार्यक्रम में शामिल भीड़ पर चार देसी बम फेंके थे लेकिन वे फटे नहीं।
कक्षा में उपग्रह स्थापित नहीं कर सका जापानी एच3 रॉकेट
जापान का नौवहन (नेविगेशन) उपग्रह ले जाने वाले एच3 रॉकेट पेलोड को कक्षा में स्थापित करने में विफल हो गया है। देश के नए प्रमुख रॉकेट और उसके अंतरिक्ष प्रक्षेपण कार्यक्रम के लिए इसे एक बड़ा झटका माना जा रहा है। इससे पहले, 2023 में भी इसकी पहली उड़ान असफल रही थी। हालांकि, उसके बाद इस रॉकेट ने छह सफल उड़ानें भरी थीं। जापानी अंतरिक्ष एजेंसी जेएएक्सए ने कहा कि केंद्र से रवाना होने के बाद इंजन ने समय से पहले ऊर्जा उत्पादन बंद कर दिया और उपग्रह का रॉकेट से अलग होना सुनिश्चित नहीं हो सका।
अमेरिका में घुसपैठिये ने आईसीई अफसरों को कार से मारी टक्कर
अमेरिका के मिनेसोटा में क्यूबा के एक घुसपैठिये ने आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन (आईसीई) अधिकारियों को एसयूवी से टक्कर मार कर घायल कर दिया और मौके से फरार होने की कोशिश की। हालांकि, आईसीई के एक एजेंट ने गोली मारकर उसे काबू कर लिया। यह घटना आईसीई अधिकारियों के अवैध प्रवासियों पर कार्रवाई के बीच सामने आई है, जिससे पूरे अमेरिका में तनाव बढ़ रहा है। पिछले हफ्ते, पड़ोसी मिनियापोलिस में आईसीई एजेंटों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई थी।
श्री श्री का 150 देशों में 1.21 करोड़ के साथ ध्यान
श्री श्री रविशंकर के सबसे बड़े सामूहिक ध्यान शिविर में 150 देशों के 1.21 करोड़ से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया। विश्व ध्यान दिवस पर यह आयोजन न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र ट्रस्टीशिप काउंसिल में किया गया, जहां राजनयिकों, वरिष्ठ अफसरों ने गुरुदेव के नेतृत्व में लाइव ध्यान में भाग लिया। इसमें दुनियाभर के लाखों लोगों ने हिस्सा लिया।
द वायर के अभिनेता जेम्स रैनसन ने की आत्महत्या
एचबीओ टीवी की शृंखला द वायर में जिगी सोबोटका की भूमिका निभाने वाले अभिनेता जेम्स रैनसन ने आत्महत्या कर ली है। वह 46 वर्ष के थे। रैनसन ने इट : चैप्टर टू, द ब्लैक फोन, ब्लैक फोन 2 जैसी फिल्मों में काम किया था। उन्होंने पुलिस ड्रामा बॉश, पोकर फेस में भी काम किया।





