राजधानी भोपाल की अयोध्या नगर थाना पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा बुक करने वाले गिरोह का खुलासा कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा, बैतूल और छत्तीसगढ़ के बालोदा, भाटापारा के रहने वाले हैं। ऑनलाइन बुकियों के पास से 40 मोबाइल, 80 मोबाइल सिमें, 177 एटीएम कार्ड और पांच लैपटॉप बरामद किए गए हैं। आरोपियों के पास से दो कारें, साढ़े तीन लाख रुपये नकद सहित 50 लाख का सामान जब्त किया गया है। सटोरिए ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करते थे।
पुलिस ने सटोरियों के 15 लाख रुपये ऑनलाइन फ्रीज करा दिए हैं। पुलिस इस पूरे गिरोह की पड़ताल में जुटी है। ये सट्टा बुकी इतने शातिर हैं कि पकड़े जाने के डर से कार और रेसिडेंसियल मल्टी में सेटअप लगाकर बैटिंग करते थे। पुलिस की पकड से बचने के लिए फर्जी एकाउंट, फर्जी सिम का इस्तेमाल कर ट्रांजेक्शन करते थे। आपस में बात करने के लिए वाट्सएप का उपयोग करते थे। ये शातिर आरोपी कम समय में करोड़पति बनने के लिए बुकी बने थे। आरोपी भारत-पाकिस्तान एशिया कप फाइनल मैच में सट्टा लगा रहे थे, तभी अयोध्या नगर पुलिस ने सातों आरोपियों को धरदबोचा।
अयोध्या नगर थाना प्रभारी महेश लिल्हारे ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर मिनाल क्षेत्र में कार में सट्टा बुक करते हुए आरोपियों को पकड़ा गया है। पूछताछ में खुलासा किया है कि वह बड़े स्तर पर कॉल सेंटर संचालित कर सट्टा बुक करते थे। आरोपी भोजपुर रोड स्थित आरआरजी टाउनशिप मल्टी में रेसिडेंसियल फ्लेट में संचालित ऑनलाइन सट्टे के काल सेंटर (बुक) पर रहते थे। पुलिस ने वहां भी छापा मारा है। आरोपियों के पास से जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक्स डिवाइसेस से डेढ़ करोड़ से अधिक का हिसाब बरामद हुआ है।
महादेव ऐप से ली ट्रेनिंग, रुद्र ऐप का कर रहे इस्तेमाल
पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि आरोपी इंस्टाग्राम एडवर्टाइजमेंट के माध्यम से टेलीग्राम पर ऑनलाइन स्पोर्ट गेमिंग गैम्बलिंग एप पैनल महादेव जैसे बैटिंग ऐप के बारे में ट्रेनिंग लेकर यूएसडीटी एवं इंडियन करंसी में भुगतान कर अज्ञात लोगों से रुद्र डायमंड वेबसाइट पोर्टल पैनल का एक्सेस लेकर देश भर के लोगों को ठग रहे थे। आरोपी बैटिंग साइट पर आईडी प्रोवाइड कर लगातार क्रिकेट मैच तथा अन्य प्रतियोगिता के मैचों पर बैटिंग करवाकर लाखों का ट्रांजैक्शन कर रहे थे। पूर्व में ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफार्म महादेव ऐप को बैन कर दिया गया है। इसके बाद उसी के जैसे बनाए गए रुद्र ऐप के पैनल पर हर प्रकार की ऑनलाइन गैंबलिंग बैटिंग कराई जाती है। जिसका उपयोग आरोपीगण कर रहे थे।
ये आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने छत्तीसगढ़ के बालोदा बाजार निवासी 28 वर्षीय अरुण वर्मा पिता खिलेश्वर राव वर्मा और 33 वर्षीय डिगेश्वर प्रसाद वर्मा पुत्र राम प्यारे वर्मा को गिरफ्तार किया है। छिंदवाड़ा निवासी 26 वर्षीय दिव्यांशु पवार पुत्र कैलाश पवार, 23 वर्षीय गोपी मणिकपुरी पुत्र रघुनाथ दास मणिकपुरी निवासी रायपुर, 23 वर्षीय अंकित दास पिता सोहन दास निवासी अमलई, शहडोल, 24 वर्षीय तरुण वर्मा पिता परशुराम वर्मा निवासी रायपुर और 35 वर्षीय सुनील वर्मा पुत्र लेखराम वर्मा निवासी बालोदा बाजार को गिरफ्तार किया गया है।





