संयुक्त किसान मोर्चा ने एक बार फिर यह स्पष्ट किया है कि कल मंगलवार 7 सितंबर को सुबह 10 बजे करनाल की अनाज मंडी में किसानों की पंचायत पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगी। आज दिनभर की गतिविधियों का जायजा लेने के बाद मोर्चे ने अफसोस प्रकट किया की हरियाणा सरकार ने शहीद सुशील काजल और अन्य घायल किसानों को मुआवजा देने की बजाय उन्हें अपराधी ठहराने की कोशिश की है। किसानों के सर फोड़ने का हुक्म देने वाले अफसर के खिलाफ कार्यवाही करने की बजाय सरकार ने उन्हें इनाम दिया है। इसलिए इसके विरोध में होने वाली पंचायत आयोजित की जाएगी संयुक्त किसान मोर्चा ने सभी किसानों को आह्वान किया है कि वह सरकारी दमन का विरोध करने के लिए अधिक से अधिक संख्या में कल 10 बजे अनाज मंडी करनाल पहुंचे।
मोर्चे ने सभी किसानों से हर हालत में शांति बनाए रखने की अपील की है। किसान आंदोलन से बौखलाई हरियाणा सरकार के पास अब एक ही हथकंडा बचा है कि वह किसी तरह किसान आंदोलन में हिंसा करवा कर उसे बदनाम करें। इसलिए किसानों को विशेष रूप से सजग रहना होगा कि वह सरकार और उसके एजेंटों को ऐसी कोई हरकत करने का कोई मौका ना दें, किसी तरह की हिंसा की गुंजाइश न होने दें।
करनाल में होने वाली पंचायत पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक होगी





