अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

*जगह और परिस्थितियां संदिग्ध:300 फीट ऊंचाई से फेंकने के बाद भी राजा रघुवंशी के शव में फ्रैक्चर नहीं*

Share

शिलांग। राजा रघुवंशी हत्याकांड में एक के बाद एक चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। भले ही पुलिस ने राजा की पत्नी सोनम समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया हो, लेकिन हत्या की परिस्थितियां और घटनास्थल को लेकर कई सवाल अब भी खोजे जाने बाकी हैं।

आरोपियों ने दावा किया था कि उन्होंने राजा की हत्या के बाद उसका शव शिलांग से 60 किलोमीटर दूर सोहरा के कुनोनग्रिम क्षेत्र में 300 फीट गहरी खाई में फेंका था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट उनके दावों पर सवाल उठा रही है। दरअसल, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में यह सामने आया है कि राजा के शव पर कोई फ्रैक्चर नहीं मिला। इस अहम बिंदु ने पुलिस को इस दिशा में भी सोचने पर मजबूर कर दिया है कि कहीं हत्या किसी और स्थान पर तो नहीं की गई थी

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बढ़ी जांच की दिशा

राजा रघुवंशी का पोस्टमार्टम नॉर्थ ईस्ट इंदिरा गांधी रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ एंड मेडिकल साइंसेस, शिलांग में हुआ। रिपोर्ट में यह साफ है कि 300 फीट की खाई में गिराए जाने के बावजूद शव में हड्डियों का फ्रैक्चर नहीं पाया गया, जो सामान्य परिस्थितियों में असंभव है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या शव को बाद में किसी अन्य स्थान से घटनास्थल पर लाया गया?

सुनसान स्थान चुनने में कहीं किसी ने मदद की थी?

शिलांग पुलिस इस सवाल की भी जांच कर रही है कि कुनोनग्रिम जैसे सुनसान और जोखिमपूर्ण स्थान की जानकारी आरोपियों को कैसे मिली? यह स्थान पर्यटकों में लोकप्रिय नहीं है। वहां आमतौर पर सड़क किनारे की दुकानें भी बंद रहती हैं। ऐसे में पुलिस को शक है कि स्थानीय किसी व्यक्ति की मदद से आरोपियों ने इस स्थान को चुना। पूछताछ में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपियों ने पहले से इस स्थान का सर्वे किया था या अचानक ही यह निर्णय लिया।

चर्चित केस से जुड़ रहा है मामला

स्थानीय निवासियों का कहना है कि इसी स्थान पर वर्ष 2023 में वंदना कलिता केस के दौरान एक महिला का कटा हुआ हाथ मिला था। वंदना कलिता ने अपने पति और सास की हत्या कर शव को टुकड़ों में काटकर अलग-अलग स्थानों पर फेंका था, जिसमें कुनोनग्रिम और डाउकी भी शामिल थे। पुलिस अब यह पता करने की कोशिश कर रही है कि क्या सोनम और उसके साथियों ने इसी केस से प्रेरणा लेकर इस स्थान को चुना?

बनारस बस स्टैंड पर दो युवकों ने छोड़ा था सोनम को

पूरे हत्याकांड की मुख्य साजिशकर्ता मानी जा रही सोनम की गतिविधियों पर भी पुलिस की नजर है। गवाह उजाला यादव ने बताया कि सोनम को दो युवक बनारस बस स्टैंड तक छोड़ने आए थे, जिनके चेहरे सफेद कपड़े से ढंके हुए थे। उजाला ने बताया कि सोनम उसके साथ बस में गाजीपुर तक यात्रा कर रही थी। यात्रा के दौरान सोनम ने राजा रघुवंशी हत्याकांड से जुड़े वीडियो देखने पर उसे टोका था।

गोरखपुर जाने का रास्ता पूछ रही थी सोनम

यात्रा के दौरान सोनम ने उजाला से गोरखपुर तक पहुंचने के माध्यमों के बारे में जानकारी भी ली थी। उजाला ने बताया कि सोनम ने उसका मोबाइल लेकर किसी को कॉल करने की कोशिश की, लेकिन कॉल नहीं लग पाया। फोन वापस देने से पहले उसने डायल नंबर भी डिलीट कर दिया था। उसके बाद में सोनम की गिरफ्तारी की खबर आई, तो उजाला ने पहचान कर राजा के भाई सचिन रघुवंशी को पूरी जानकारी दी।

जांच अब भी जारी

शिलांग पुलिस ने शनिवार को भी सोनम समेत तीन अन्य आरोपियों से पूछताछ की। पुलिस अभी भी इस बात को लेकर स्पष्ट नहीं है कि हत्या कहां की गई और मोबाइल फोन आदि को कहां छिपाया गया। सभी आरोपी इस सवाल पर चुप हैं।

Ramswaroop Mantri

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें