बुरहानपुर: अगर आप भी अपना छोटा-सा बिजनेस शुरू करना चाहते हैं, लेकिन पैसों की कमी आड़े आ रही है, तो यह खबर आपके बहुत काम की है. बुरहानपुर नगर निगम की क्रेडिट कार्ड योजना आज ऐसे लोगों के लिए उम्मीद की नई किरण बन रही है, जो आत्मनिर्भर बनना चाहते हैं. खास बात यह है कि इस योजना के तहत अब सिर्फ लोन ही नहीं, बल्कि क्रेडिट कार्ड की सुविधा भी दी जा रही है.
छोटा कारोबार, बड़ा मौका
हर व्यक्ति चाहता है कि उसका खुद का काम हो. इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए बुरहानपुर नगर निगम प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत हितग्राहियों को आर्थिक मदद दे रहा है. पहले जहां इस योजना में ₹10 हजार का लोन दिया जाता था, अब इसे बढ़ाकर ₹50 हजार तक कर दिया गया है. इतना ही नहीं, जिन लोगों की बैंक में क्रेडिट हिस्ट्री अच्छी है, उन्हें ₹30 हजार तक का क्रेडिट कार्ड भी दिया जा रहा है.
नगर निगम आयुक्त ने खुद दी जानकारी
नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि इस योजना का मकसद लोगों को खुद के पैरों पर खड़ा करना है. उन्होंने कहा कि जो हितग्राही पहले ₹10 हजार का लोन लेकर समय पर किस्त जमा कर रहे हैं, उन्हें अब ₹30 हजार का क्रेडिट कार्ड दिया जा रहा है. इससे वे अपने कारोबार को आगे बढ़ा सकते हैं और नियमित आय कमा सकते हैं.
क्रेडिट कार्ड से कैसे मिलेगा फायदा
क्रेडिट कार्ड मिलने के बाद हितग्राही जरूरत के अनुसार राशि का उपयोग कर सकता है. सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें ब्याज कम है और किश्तें भी आसान रखी गई हैं. यही वजह है कि अब लोग बिना किसी डर के इस योजना से जुड़ रहे हैं और अपना रोजगार शुरू कर रहे हैं.
किराना, सब्जी ठेला, पापड़ उद्योग…सबके लिए फायदेमंद
यह योजना खासतौर पर छोटे कारोबारियों के लिए बनाई गई है. किराना दुकान, सब्जी का ठेला, पापड़-अचार उद्योग, चाय-नाश्ते की दुकान जैसे काम इस लोन से आसानी से शुरू किए जा सकते हैं. योजना के तहत ₹10 हजार, ₹15 हजार, ₹30 हजार और ₹50 हजार तक की राशि ली जा सकती है.
आवेदन कैसे करें
अगर आप भी इस योजना का लाभ लेना चाहते हैं, तो नगर निगम कार्यालय में आवेदन करना होगा. इसके लिए समग्र आईडी, आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक और दो पासपोर्ट साइज फोटो जमा करना जरूरी है. आवेदन करते ही प्रक्रिया शुरू हो जाती है और पात्रता के अनुसार लाभ दिया जाता है.





