भोपाल: मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को घेरने के लिए कांग्रेस द्वारा आयोजित किसान महाचौपाल में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगेऔर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने संबोधित किया. इसके अलावा कांग्रेस प्रदेश जीतू पटवारी (Jitu Patwari) ने अभी अपनी बात रखी. कांग्रेस द्वारा यह चौपाल भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते के विरोध में भोपाल के जवाहर चौक पर आयोजित की जा रही है.
राहुल गांधी ने कहा कि अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के बाद कई देशों ने डील को रद्द कर दिया है. मैं नरेंद्र मोदी को चैलेंज करता हूं. दम है, तो डील को रद्द करके दिखाएं. इन पर अमेरिका का दबाव है. ऐप्स्टीन की फाइल्स हैं. अडाणी का केस है. इसलिए यह नहीं कर सकते. आज डेटा सबसे महत्वपूर्ण चीज है. यह डेटा की सेंचुरी है. जिसके पास भी डेटा है. वह जीतेगा. हिन्दुस्तान के पास सबसे ज्यादा डेटा है. दूसरे नंबर चाइना है. हिन्दुस्तान के डेटा के बिना अमेरिका चाइना का मुकाबला नहीं कर सकता है. नरेंद्र मोदी ने हमारा डेटा भी चाइना को दे दिया. टेक्सटाइल इंडस्ट्री को खत्म कर दिया. उसके बाद अमेरिका कहता है कि हम बांग्लादेश को मदद करेंगे.
उन्होंने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप कहता है कि हर साल 9 लाख करोड़ का माल हर साल हिंदुस्तान को खरीदना होगा. अगले 5 साल के लिए हमारी इंडस्ट्री का क्या होगा? यह सब नरेंद्र मोदी ने दबाव में दे दिया. एग्रीकल्चर, डेटा, टेक्सटाइल सब दे दिया. आपने लिया क्या? यह बता दो. पहले से ज्यादा टैक्स देना पड़ेगा. अगर नरेंद्र मोदी पर दबाव और धमकी नहीं होती तो वो ऐसे नहीं करते. छवि को बचाने के लिए यह किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी नहीं बचेंगे. यूथ कांग्रेस के बब्बर शेर मैं आपसे कहता हूं. आप किसी से नहीं डरोगे. आपको डरने की जरूरत नहीं है.
सबसे बड़ी हैरानी की बात उस समय नजर आई, जब कांग्रेस के महामंच पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ नजर नहीं आए. हालांकि कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ नेताओं का स्वागत करने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे. राहुल गांधी के साथ मंच पर जीतू पटवारी, उमंग सिंघार, दिग्विजय सिंह, कमलेश्वर पटेल, विक्रांत भूरिया, कांतिलाल भूरिया, अरुण यादव, विवेक तंखा , अजय सिंह जैसे नेता मौजूद रहे.
इंदौर हिंसा पर राहुल गांधी ने जताई चिंता
राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और इंदौर स्थित कांग्रेस कार्यालय में हाल ही में हुई हिंसा की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए पूरी विस्तृत जानकारी ली।”भाजपा के लोग नफरत फैलाने की राजनीति करते हैं। हम इनके डर और नफरत के एजेंडे से पीछे हटने वाले नहीं हैं। हम सब मिलकर इनसे डटकर मुकाबला करेंगे।” उन्होंने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए विश्वास दिलाया कि पूरी कांग्रेस पार्टी और वे स्वयं उनके साथ हर कदम पर खड़े हैं।
राहुल गांधी के आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया। समर्थकों ने न केवल उनका जोरदार स्वागत किया, बल्कि उनके प्रति अपनी श्रद्धा दिखाने के लिए उनके पोस्टर का दूध से अभिषेक भी किया।
हालांकि, इस घटनाक्रम पर राजनीति भी गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी ने इसे आड़े हाथों लेते हुए कटाक्ष किया है। भाजपा प्रवक्ताओं ने इसे “चमचागिरी की पराकाष्ठा” करार देते हुए कहा कि कांग्रेस में अब केवल व्यक्ति-पूजा ही शेष रह गई है।
भोपाल में खरगे ने कहा- ट्रंप के सामने गिड़गिड़ा रहे हैं प्रधानमंत्री
भोपाल में भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में आयोजित किसान महाचौपाल में कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा निशाना साधते हुए उन्हें हिटलर जैसा तानाशाही रवैया अपनाने वाला प्रधानमंत्री बताया। खरगे ने कहा कि वे 54 वर्षों से विधायक, सांसद रहे हैं, लेकिन उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में ऐसा प्रधानमंत्री कभी नहीं देखा। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर कर रही है और विपक्ष की आवाज दबाने का काम कर रही है।
मोदीजी कांग्रेस राज में पैदा हुए, अपना नाम बदल लें
खरगे ने व्यंग्य करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का काम सिर्फ नाम बदलना रह है। योजनाओं, सड़कों और संस्थानों के नाम बदले जा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मोदीजी खुद कांग्रेस शासनकाल में पैदा हुए, तो उन्हें अपना नाम भी बदल लेना चाहिए।
व्यापार समझौते से किसानों को नुकसान का आरोप
कांग्रेस अध्यक्ष ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को किसानों के खिलाफ बताते हुए कहा कि इस एग्रीमेंट से किसानों को अपनी उपज का उचित दाम नहीं मिलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भारत को व्यापार में लाभ होता था, लेकिन अब सरकार की नीतियों से किसानों के हितों से समझौता किया जा रहा है। खरगे ने कहा कि छोटे-छोटे देश भी अपने किसानों के लिए मजबूती से खड़े हैं, लेकिन मोदी सरकार अमेरिका के सामने मजबूती से बात नहीं रख पा रही है।
मोदी ट्रंप के सामने यस सर कहने में लगे हैं
अपने भाषण में खड़गे ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री हर मुद्दे पर उनकी बात मान लेते हैं। तेल खरीद और व्यापार नीतियों को लेकर उन्होंने केंद्र सरकार पर झुकने का आरोप लगाया।
ऑपरेशन सिंदूर पर भी उठाए सवाल
खरगे ने कथित ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए दावा किया कि ट्रंप ने खुद कहा कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच कार्रवाई रुकवाई। खड़गे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय दबाव में आकर फैसला लिया और इसे बड़ी गलती बताया। खरगे ने कहा कि मोदी प्रेस कॉन्फ्रेंस से बचते हैं और सीधे सवालों का जवाब नहीं देते। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री केवल ‘मन की बात’ करते हैं, लेकिन जनता और मीडिया के सवालों से दूरी बनाए रखते हैं।
कार्यकर्ताओं को दिया संघर्ष का संदेश
कांग्रेस अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं से डरने की बजाय संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संविधान और किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए लड़ाई जारी रखनी होगी। खरगे ने यह भी कहा कि अमेरिका में केवल लगभग 3 प्रतिशत लोग खेती पर निर्भर हैं, जबकि भारत में बड़ी आबादी कृषि पर आधारित है। ऐसे में किसानों के हितों से समझौता देश के लिए घातक साबित हो सकता है। भोपाल की इस किसान महाचौपाल से कांग्रेस ने साफ संकेत दिया है कि वह भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर देशभर में राजनीतिक अभियान तेज करेगी। आने वाले दिनों में यह मुद्दा राष्ट्रीय राजनीति में और गरमाने के आसार हैं।






Add comment