अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

*मध्य प्रदेश न्यूज:भोपाल का 90 डिग्री मोड़ वाला ब्रिज बना सेल्फी स्पॉट, देखने पहुंच रहे लोग,सोनम और राज की पुलिस रिमांड दो दिन बढ़ी,अचानक कलेक्टर कार्यालय पहुंचे मुख्यमंत्री मोहन यादव*

Share

अचानक कलेक्टर कार्यालय पहुंचे मुख्यमंत्री मोहन यादव, सब रह गए हैरान

खराब मौसम के चलते मुख्यमंत्री को बड़वानी दौरा निरस्त करना पड़ा। गुरुवार सुबह वे अचानक कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और वहीं से बड़वानी के कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अटेंड किया। विश्व सिकल सेल दिवस पर बड़वानी जिले के ग्राम तलून में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर कलेक्टोरेट से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। 

खराब मौसम के कारण टालना पड़ी यात्रा
मुख्यमंत्री मोहन यादव को हेलीकॉप्टर से इंदौर से बड़वानी होते हुए तलून पहुंचना था, पर मौसम खराब होने के कारण यह यात्रा टाल दी गई। निर्धारित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री को सुबह 10:20 बजे वायुयान से इंदौर एयरपोर्ट पहुंचना था और यहां से 10:25 बजे हेलीकॉप्टर से तलून के लिए रवाना होना था। मुख्यमंत्री तय समय पर इंदौर तो पहुंच गए, पर मौसम ज्यादा खराब होने के कारण हेलीकॉप्टर से तलून की उड़ान नहीं भर सके। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री को दोपहर 1:15 बजे बड़वानी से खरगोन जाना है। उन्हें खरगोन के ग्राम बेड़िया सनावद पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होना है और शाम 3:50 बजे बेड़िया से हेलीकॉप्टर से इंदौर एयरपोर्ट पहुंचना है। यहां से उन्हें वायुयान से शाम 4.15 बजे भोपाल के लिए प्रस्थान करना है।

सड़क मार्ग से गए राज्यपाल और उप मुख्यमंत्री
बारिश की वजह से बदले हुए कार्यक्रम के तहत अतिथियों को सड़क मार्ग से जाना पड़ा। इस कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल और उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल भी शामिल हो रहे हैं। राज्यपाल और उप मुख्यमंत्री इंदौर से सुबह सड़क मार्ग से तलून के लिए रवाना हो गए हैं। राज्यपाल को बड़वानी से दोपहर 2 बजे प्रस्थान कर शाम 5 बजे इंदौर पहुंचना और रात्रि विश्राम करना है। राज्यपाल अगले दिन सुबह 10.30 बजे वायुयान से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे। 

मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे नेता
इंदौर आए मुख्यमंत्री से मिलने के लिए सभी दिग्गज नेता कलेक्टर कार्यालय पहुंच गए। महापौर पुष्यमित्र भार्गव पूरे समय मुख्यमंत्री के साथ रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से भी बातचीत की और इंदौर में मेट्रो और अन्य प्रमुख प्रोजेक्ट्स की स्थिति के बारे में पूछा

सोनम और राज की पुलिस रिमांड दो दिन बढ़ी, शेष तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा

Raja Raghuvanshi Murder Case: राजा रघुवंशी हत्याकांड में सोनम और राज कुशवाहा की रिमांड दो दिन बढ़ाई गई, जबकि तीन अन्य आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजे गए। शिलांग पुलिस की टीम इंदौर में सबूत जुटा रही है। परिजनों, सहेलियों और ड्राइवर से पूछताछ की गई। जांच तेजी से जारी है।

राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपी सोनम और राज कुशवाहा की पुलिस रिमांड को दो दिन के लिए और बढ़ा दिया गया है। शिलांग पुलिस ने दोनों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। वहीं इस मामले में शामिल तीन अन्य आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

देशभर में चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में पुलिस की जांच लगातार जारी है। बुधवार तक सभी पांचों आरोपियों की रिमांड जारी थी। गुरुवार को कोर्ट ने सोनम रघुवंशी और राज कुशवाह को रिमांड दो दिन और बढ़ा दी है। वहीं तीन आरोपियों विशाल, आकाश और आनंद को न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए गए हैं। 

इंदौर में भी चल रही तलाशी
राजा रघुवंशी हत्याकांड में शिलांग से अफसरों की एक टीम हत्याकांड से जुड़े सबूत जुटाने के लिए इंदौर में डेरा डाले हुए है। दो दिन से अफसरों ने राजा से लेकर सोनम के परिजनों से बात की। दफ्तर, गोड़ाउन पर भी  तलाशी लेने पहुंची। बुधवार रात वह हत्या के मास्टरमाइंड राज कुशवाहा के घर भी पहुंची। नंदबाग में रहने वाले राज के यहां सोनम पांच दिन रुकी थी। अफसरों ने घर की तलाशी ली और कुछ महत्पवूर्ण सबूत वे अपने साथ ले गए। 

सहेलियों से की पूछताछ
शिलांग पुलिस के अफसरों ने इंदौर में तीसरे दिन सोनम की फर्म में काम करने वाली दो युवतियों से पूछताछ की थी, जो अक्सर सोनम के साथ रहती थीं। करीब एक घंटे तक पूछताछ होती रही। इसके बाद युवतियां चली गई। इसके अलावा अफसरों ने उस ड्राइवर को भी क्राइम ब्रांच थाने बुलाया, जो इंदौर से गाजीपुर तक छोड़ने गया था। ड्राइवर ने बताया कि उसे इस केस के बारे में नहीं पता था। वह जानता भी नहीं था कि कार में कौन है। उसने अफसरों को बताया कि कार में सोनम अकेले गई थी। गुरुवार को शिलांग पुलिस के अफसर फील्ड में नहीं नजर आए। वे क्राइम ब्रांच के दफ्तर में ही बैठे रहे और दो दिन में एकत्र किए गए सबूतों व हत्याकांड से जुड़े आरोपियों के परिजनों के सवालों को क्रॉस चेक करते रहे।  

भाई ने फिर उठाई नार्को टेस्ट की मांग
राजा रघुवंशी के भाई सचिन रघुवंशी का कहना है कि आठ दिन की रिमांड में सोनम ने यह नहीं बताया कि उसने राजा को क्यों मारा, तो दो दिन में क्या बताएगी? इसलिए मैं मांग कर रहा हूं कि इसका नार्को टेस्ट कराया जाए। मेरी सरकार से बस यही अपील है कि इसका नार्को टेस्ट कराया जाए। सचिन ने कहा कि इस मामले में और भी लोग शामिल हो सकते हैं।  वहीं राजा रघुवंशी की मां उमा रघुवंशी कहती हैं कि सोनम बहुत ज़्यादा गुमराह कर रही है। उसे पूरा सच बताना चाहिए। उसे तब तक हिरासत में रखा जाना चाहिए जब तक वह यह न बता दे कि उसने राजा को क्यों मारा। 

टीकमगढ़ के गर्म मौसम में भी सेबफल की फसल अच्छी हो रही है।

हिमाचल के हरमन शर्मा ने बदल दी बुंदेलखंड के किसानों की किस्मत, 50 डिग्री में भी उग रहा सेबफल

हिमाचल के पद्मश्री हरमन शर्मा द्वारा विकसित ‘हरमन 99’ सेबफल ने बुंदेलखंड की किस्मत बदली है। 50 डिग्री तापमान में भी यह पौधा फल दे रहा है। झांसी, टीकमगढ़ जैसे जिलों में किसान इसका सफल उत्पादन कर रहे हैं, जिससे उन्हें अच्छा लाभ और बाजार में ऊंचा दाम मिल रहा है।

बुंदेलखंड से सैकड़ों किलोमीटर दूर ठंडे प्रदेश में बैठे एक व्यक्ति ऐसा सेबफल का पौधा लाना चाह रहा था, जिससे उत्तर भारतीय किसानों की किस्मत बदल जाए। उसकी मेहनत रंग लाई और अब बुंदेलखंड में सेबफल के पेड़ भी लहलहा रहे हैं और फल दे रहे हैं। बुंदेलखंड के किसानों की किस्मत बदल दी हिमाचल के पद्मश्री हरमन शर्मा ने। बुंदेलखंड में 50 डिग्री के तापमान पर सेबफल का भरपूर उत्पादन हो रहा है। बुंदेलखंड का क्षेत्रफल हमेशा गर्म रहता है, इस वर्ष 45 से लेकर 47 तक का तापमान में भी सेब का बंपर उत्पादन हुआ है।

कई वर्षों की मेहनत के बाद हिमाचल के हरमन शर्मा ने सेबफल के एक ऐसे पौधे का इजाद किया, जो 50 डिग्री के तापमान पर फल देता है। इसके चलते उन्हें भारत सरकार ने पहले राष्ट्रपति सम्मान और इसके बाद 2024 -25 के में पद्मश्री सम्मान से नवाजा है। बुंदेलखंड में हरमन-99 सेबफल भरपूर मात्रा में उत्पादित हो रहा है।

बुंदेलखंड के जनपद झांसी, ललितपुर, हमीरपुर और सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी में हरमन 99 सेबफल का भरपूर मात्रा में उत्पादन हो रहा है। टीकमगढ़ के रहने वाले किसान सुरेंद्र राजपूत ने बताया कि हरमन-99 को उन्होंने वर्ष 2021 में ऑनलाइन मंगाया था और पौधारोपण किया था। पिछले तीन साल से उनके पेड़ लगातार उत्पादन दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश सरकार के उद्यानिकी विभाग के सहयोग से उन्होंने सेबफल का उत्पादन शुरू किया था, जो प्रतिवर्ष बंपर उत्पादन होता है।

सुरेंद्र राजपूत ने बताया कि उन्होंने 22 पेड़ ऑनलाइन मंगाए थे, सभी पेड़ जिंदा हैं और सभी में फल का उत्पादन हो रहा है। उनका कहना है कि बुंदेलखंड में तापमान 40 से 50 डिग्री तक पहुंचता है, लेकिन इस फल के पौधे पर कोई असर नहीं होता है और इसका उत्पादन अच्छा होता है। उन्होंने बताया कि एक पेड़ में करीब 25 से 30 किलो सेब का उत्पादन होता है, क्योंकि यह फल मई के लास्ट और जून के फर्स्ट वीक में आता है जिसमें कश्मीर का सेब आना बंद हो जाता है। ऐसे में बुंदेलखंड में सेब फल का रेट भी अच्छा मिलता है। सुरेंद्र राजपूत ने बताया कि जनवरी महीने में पेड़ शुष्क अवस्था में चला जाता है। इसके बाद उसकी कटिंग की जाती है। झाड़ियों की जितनी अच्छी कटिंग होगी, उतना ही फल पेड़ में लगता है। इसके बाद फूलों से फूल की क्रॉसिंग कराई जाती है और कीटनाशक दावों का छिड़काव करना पड़ता है। वे पिछले तीन साल से लगातार सेबफल का उत्पादन कर रहे हैं और बाजार में बेच रहे हैं। 

150 से 200 रुपए किलो तक बिकता है बाजार में
किसान सुरेंद्र राजपूत का कहना है कि जब कश्मीर का सेबफल बाजार में आना बंद हो जाता है तो बुंदेलखंड का सेबफल बाजार में सबसे ज्यादा दिखाई देता है। उन्होंने बताया कि गर्मियों में उत्पादन होने वाले सेबफल का टेस्ट मीठा और रंग भी अच्छा होता है, जिस कारण से थोक रेट 200 तक बिक जाता है। बुंदेलखंड में उत्पादन होने से बाजार में भी इसकी डिमांड प्रतिदिन बढ़ती जा रही है, जिसकी वजह है ताजा सेब होना। क्योंकि कश्मीर से आने में काफी समय लगता है और गर्मियों में तुरंत सेबफल बाजार में पहुंच जाता है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव

मुख्यमंत्री मोहन यादव बोले-दीपावली से लाड़ली बहनों को डेढ़ हजार रुपये की राशि मिलेगी

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कह रहे है कि लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाना चाहिए। कांग्रेस ने तो कभी महिला वर्ग की चिंता नहीं की। उनके शासनकाल में तो महिला अपराध ज्यादा बढ़े।

बड़वानी में सिकल सेल एनिमिया दिवस पर हुए कार्यक्रम में पहले राष्ट्रपति का आना कैंसल हो गया और खराब मौसम की वजह से मुख्यमंत्री मोहन यादव भी नहीं जा सके, लेकिन वे इंदौर से वर्चुअली आयोजन से जुड़े और लोगों को संबोधित भी किया। इसके बाद उन्होंने पत्रकारों से चर्चा की और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कह रहे है कि लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाना चाहिए। कांग्रेस ने तो कभी महिला वर्ग की चिंता नहीं की। उनके शासनकाल में तो महिला अपराध ज्यादा बढ़े। कांग्रेस के कई नेतागणों के खिलाफ केस है और वे जमानत पर चल रहे है।

हमारी सरकार ने संकल्प पत्र में योजना की राशि बढ़ाने की घोषणा की है। दीपावली पर डेढ़ हजार रुपये की राशि बहनों को दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने किसानों के लिए भी कुछ नहीं कहा कि हमारी सरकार ने किसानों के गेहूं को देश में सबसे ज्यादा एमएसपी राशि 2500 रुपये क्विंटल में खरीदा। कांग्रेस की सरकार में वर्ष 1956 में 94 रुपये गेहूं के दाम क्विटंल थे, जब दिग्विजय सिंह की सरकार थी तो साढ़े पांच सौ रुपये क्विंटल पर सरकारी खरीदी होती थी। 55 वर्षों में सिर्फ पांच सौ रुपये क्विंटल दाम बढ़े। भाजपा की सरकार में 20 वर्षों में दो हजार रुपये क्विंटल भाव बढ़ाए है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार कानून हाथ में लेने वालों से निपटना जानती है। चाहे वह अनवर डकैत हो या डकैत का बाप हो। मैने अफसरों को कहा है कि आप उसे पकड़े। इसके लिए जो भी प्रयास हो करें।उन्होंने कहा कि अटल बिहारी जन्म शताब्दी वर्ष पर हमारी सरकार कई काम करेगी। आठ घंटे से ज्यादा बिजली किसानों को खेतों में दी जा रही है। हम फूड इंडस्ट्री पर भी ध्यान दे रहे है, ताकि किसानों को भी इसका लाभ मिल सके।

भोपाल के 90 डिग्री वाला ब्रिज लगातार चर्चा में बना हुआ है।

भोपाल का 90 डिग्री मोड़ वाला ब्रिज बना सेल्फी स्पॉट, देखने पहुंच रहे लोग

भोपाल के ऐशबाग स्थित 90 डिग्री मोड़ वाले ओवरब्रिज की टर्निंग अब बदली जाएगी। सोशल मीडिया पर चर्चा में आने के बाद सरकार ने री-डिजाइन का निर्णय लिया। जांच रिपोर्ट के अनुसार ब्रिज सुरक्षित है, लेकिन सुरक्षा बढ़ाने और चौड़ीकरण के सुझावों पर काम शुरू होगा। अभियंता दोषी नहीं माने गए।

राजधानी भोपाल के ऐशबाग में बना 90 डिग्री मोड वाला ओवर ब्रिज देश भर में चर्चाओं में आने के बाद शासन इसमें बदलाव करेगा। ओवरब्रिज का टर्निंग वाला हिस्सा फिर से बनेगा। पीडब्ल्यूडी रेलवे के साथ मिलकर ब्रिज को री-डिजाइन करेगा। खास बात है कि यह ब्रिज सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद अब सेल्फी स्पॉट बन गया है। इस ब्रिज को देखने के लिए लोग दूर-दूर से पहुंच रहे हैं और सेल्फी ले रहे हैं। 

ब्रिज पर पहुंचे लोगों ने बताया कि सोशल मीडिया द्वारा उन्हें यह ब्रिज देखने को मिला, जिसके बाद से वह इस ब्रिज को देखना चाहते थे। आपको बता दें कि अपने टर्निंग को लेकर यह ब्रिज पूरे देश में सुर्खियों में बना हुआ है। इसकी डिजाइन सोशल मीडिया पर भी जमकर ट्रोल हो रही है और इसके मीम्स भी बन रहे हैं। हालांकि जानकारी के मुताबिक यह ब्रिज टूटेगा नहीं, सिर्फ इसकी टर्निंग सही की जाएगी, ताकि टकराकर वाहनों के गिरने का खतरा न रहे। इसके अलावा ब्रिज की डिजाइन तैयार करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

अतिरिक्त टर्निंग स्पेस बनाई जाएगी
फ्लाईओवर अब रिडिजाइन किया जाएगा। इस फ्लाईओवर के फुटपाथ को तोड़कर करीब तीन फीट अतिरिक्त टर्निंग स्पेस बनाई जाएगी। साथ ही रेलवे ने ब्रिज को 10 फीट और चौड़ा करने की अनुमति भी दे दी है, जिससे इसमें चार फीट और चौड़ा किया जाएगा। इसका निर्माण ठेकेदार अपने खर्च पर करेगा। फ्लाईओवर पर इलेक्ट्रिक सिग्नल, स्पीड ब्रेकर, रैलिंग और रोड साइन जैसी आवश्यक सुरक्षा सुविधाएं भी लगाई जाएंगी। सरकार द्वारा इस ब्रिज की जांच करवा ली गई है और यह स्पष्ट किया गया है कि इसका ड्राइंग, डिजाइन और निर्माण एक सामूहिक सहमति का परिणाम था। इस फ्लाईओवर को प्रशासकीय स्वीकृति वर्ष 2018 में मिली थी, लेकिन तत्कालीन सरकार की असहमति के कारण निर्माण 2022 में शुरू हुआ। डिजाइन की अनुमति रेलवे से प्राप्त हुई थी। निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहमति से हुआ।

Ramswaroop Mantri

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें