सागर
शनिवार को सीएम की सभा में आए दिव्यांग दंपति ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है। दंपति का कहना है कि वह पट्टा व सरकारी नौकरी की मांग को लेकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे थे। वहां पुलिस ने सीएम से मिलने नहीं दिया और मारपीट कर भगा दिया। दिव्यांग दंपति के साथ हुई घटना की कांग्रेस ने निंदा की है। साथ ही, दंपति के साथ कैंट थाने पहुंचकर शिकायत की गई है।
कैंट के विट्ठल नगर में रहने वाले दिव्यांग दंपति भागीरथ अहिरवार अपनी पत्नी के साथ सीएम की सभा में गए थे। पुलिस को भागीरथ ने बताया, पिछले 31 अगस्त को कलेक्टर ने उन्हें पट्टा व सरकारी नौकरी देने का आश्वासन दिया था। इसके पूरा न होने पर वह पत्नी के साथ मुख्यमंत्री को समस्या बताने खेल परिसर स्थित सभा स्थल पहुंचे थे। वहां पुलिस के अमले ने सीएम से मिलवाना, तो दूर उल्टा मारपीट कर भगा दिया। घटना की जानकारी कांग्रेसियों को लगी, तो उन्होंने घटना का विरोध किया। दिव्यांग दंपति को लेकर थाने पहुंच गए।
कांग्रेस नेताओं ने कैंट थाने पहुंच कर दिव्यांग दंपति के साथ मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए शिकायती आवेदन दिया। पीड़ित दंपति को न्याय दिलाने की मांग की। कांग्रेसियों ने चेतावनी देते हुए कहा, यदि दिव्यांग दंपति को न्याय नहीं मिला, तो कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। दंपति को सीएम से न मिलवाकर उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया है।





