टोक्यो
टोक्यो ओलिंपिक में शनिवार को मेडल के लिए मुकाबले शुरू हो गए। भारतीय खिलाड़ियों की शुरुआत मिश्रित नतीजों के साथ हुई है। तीरंदाजी के मिक्स्ड इवेंट में दीपिका कुमारी और प्रवीण जाधव की जोड़ी क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। वहीं, शूटिंग में महिलाओं के 10 मीटर एयर राइफल इवेंट में भारत की इलावेनिल वालारिवन और अपूर्वी चंदेला फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकीं।
हरमनप्रीत ने किए दो गोल

दूसरे क्वार्टर में गोल करने के बाद खुशी का इजहार करते भारतीय खिलाड़ी।
पुरुष हॉकी में पुरुष वर्ग के पूल ए में भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला चल रहा है। चौथे क्वार्टर में भारतीय टीम 3-2 से आगे है। भारत की ओर से कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दो (26वें और 33वें मिनट) और रुपिंदर पाल सिंह (10वें मिनट) ने एक गोल किया है। न्यूजीलैंड की ओर से केन रसेल ने छठे मिनट में पहला और स्टीफन जेनेस (43वें मिनट) में किया।
महिलाओं के 10 मीटर एयर राइफल में चीन को गोल्ड
टोक्यो ओलिंपिक का पहला गोल्ड मेडल चीन ने जीता। महिलाओं के 10 मीटर एयर राइफल इवेंट में चीन की यांग क्विनान ने फाइनल में 251.8 अंकों के साथ ओलिंपिक रिकॉर्ड बनाते हुए गोल्ड मेडल जीता। रूस की अनास्तासिया गालासिना ने सिल्वर और स्विट्जरलैंड की नीना क्रिस्टिएन ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। भारतीय शूटर इलावेनिल वालारिवन और अपूर्वी चंदेला क्वालिफिकेशन राउंड में ही बाहर हो गईं।
तीसरा और चौथा सेट जीत दीपिका-प्रवीण क्वार्टर फाइनल में
दीपिका और प्रवीण की जोड़ी तीरंदाजी के मिक्स्ड इवेंट के प्री-क्वार्टर फाइनल में चीनी चाइपे की कठिन चुनौती से पार पाने में सफल रही है। इस मैच के पहले सेट में 35-36 से हार गई। दूसरा सेट 38-38 से बराबरी पर रहा। इस तरह दो सेट के बाद ताइपे की जोड़ी 2-1 से आगे हो गई थी। तीरंदाजी में एक सेट जीतने पर 2 पॉइंट मिलते हैं। वहीं, बराबरी पर 1 पॉइंट मिलता है। तीसरे सेट में भारतीय जोड़ी ने 40-35 से जीत हासिल कर मुकाबले को 3-3 की बराबरी पर ला दिया। चौथे सेट में भारतीय जोड़ी एक समय 17-19 से पीछे थी। इसके बाद दीपिका और प्रवीण दोनों ने परफेक्ट 10 का स्कोर हासिल कर भारत को 37 पर पहुंचा दिया। ताइपे के तीरंदाज आखिरी दो तीर से 17 अंक ही हासिल कर सके। इस तरह भारतीय जोड़ी ने यह सेट 37-36 से जीता और मैच 5-3 से अपने नाम कर लिया।
महिला सिंगल्स में भी प्री क्वार्टर फाइनल में खेलेंगी दीपिका
दीपिका ने शुक्रवार को ओलिंपिक के पहले दिन महिला सिंगल्स के रैंकिंग राउंड में 663 अंकों के साथ नौवें स्थान पर रहीं। रैंकिंग राउंड में पहली तीन पोजिशन पर साउथ कोरिया की तीरंदाज रहीं। कोरिया की आन सान 680 अंकों के साथ पहले, जंग मिन्ही (677) दूसरे और कांग झी (675) तीसरे पर स्थान पर रहीं। वहीं दीपिका प्री-क्वार्टर फाइनल 54वें स्थान पर रहने वाली भूटान की तीरंदाज कर्मा के साथ भिड़ना है।
पुरुष सिंगल्स में प्रवीण थे 31 वें स्थान पर
पुरुषों के रैंकिंग राउंड में तीरंदाजों में प्रवीण जाधव 656 अंकों के साथ 31वें, अतनु दास 653 अंकों के साथ 35वें और तरुणदीप रॉय 652 अंक 37वें पर रहें।
वहीं पुरुष टीम इवेंट में नौवें स्थान पर रहे।
इलावेनिल और अपूर्वी का निराशाजनक प्रदर्शन
10 मीटर एयर राइफल में महिला क्वालिफिकेशन में भारतीय खिलाड़ियों ने निराश किया।अपूर्वी और इलावेनिल दोनों फाइनल्स के लिए क्वालिफाई करने में नाकाम रही। इलावेनिल 626.5 के स्कोर के साथ 16वें स्थान पर और अपूर्वी 621.9 के स्कोर के साथ 36वें स्थान पर रही।





