आनुवांशिक बीमारी सिकलसेल को दूर करने के लिए राष्ट्रीय सिकलसेल एनीमिया उन्मूलन मिशन की शुरुआत की जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मध्य प्रदेश के शहडोल जिले से इसका शुभारंभ करेंगे। 2047 तक सिकलसेल को खत्म करने करने देश के 17 राज्यों के 278 जिलों में यह मिशन चलेगा। इसमें छत्तीसगढ़ के सभी 28 जिले शामिल हैं। शहडोल से पीएम लगभग 3.57 करोड़ आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) कार्डों के वितरण की भी शुरुआत करेंगे। एमपी में इस साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने हैं।
आज के प्रमुख इवेंट्स
- भाजपा हेडक्वॉर्टर में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और सभी मोर्चों के अध्यक्षों की बैठक। पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा इसकी अध्यक्षता करेंगे। ये पहला मौका है जब भाजपा तीन क्षेत्रों (पूर्वी, उत्तरी और दक्षिणी) के मोर्चा और महासचिवों के अध्यक्षों के साथ बैठकें करेगी।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्य प्रदेश के शहडोल आएंगे। नेशनल सिकल सेल एनीमिया एलिमिनेशन मिशन का शुभारंभ करेंगे। करीब 3.57 करोड़ आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना कार्ड्स के वितरण की भी शुरुआत करेंगे।
- अमरनाथ यात्रा की शुरुआत होगी। इसके लिए 3 लाख से ज्यादा श्रद्धालु रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। 62 दिन तक चलने वाली यात्रा 31 अगस्त को समाप्त होगी।
शाह बोले- कन्हैयालाल हत्याकांड पर गहलोत झूठ बोलते हैं, हत्यारों को NIA ने पकड़ा
अमित शाह ने उदयपुर में राजस्थान सरकार पर आरोप लगाया कि उसने कन्हैया के हत्यारों के लिए स्पेशल कोर्ट में सुनवाई नहीं करवाई।गृहमंत्री अमित शाह ने उदयपुर की जनसभा में कहा कि गहलोत सरकार कन्हैयालाल के हत्यारों को पकड़ना नहीं चाहती थी, उन्हें नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने पकड़ा। इसके बाद CM अशोक गहलोत ने कहा कि शाह झूठ बोल रहे हैं। राजस्थान पुलिस ने कन्हैयालाल के हत्यारे रियाज अत्तारी और गौस मोहम्मद को घटना के महज 4 घंटे के भीतर पकड़ लिया था। घटना 28 जून की थी, जबकि NIA को जांच 2 जुलाई को सौंपी गई थी।
28 जून 2022 को उदयपुर में कन्हैयालाल की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। मामले में 11 आरोपी है। गौस, रियाज सहित साजिश में शामिल 9 आरोपी अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में बंद हैं। वहीं दो आरोपी सलमान और अबू इब्राहिम पाकिस्तान के कराची के हैं। इन तक पहुंचना आसान नहीं। एक साल बीतने के बावजूद कन्हैयालाल के हत्यारों को सजा मिलना तो दूर मुख्य ट्रायल तक शुरू नहीं हुआ है। NIA ने कोर्ट में इस मामले में 166 लोगों को गवाह बनाया है।
विधानसभा चुनाव अभियान को रफ्तार देने के लिए शुक्रवार को उदयपुर आए गृहमंत्री अमित शाह के एक बयान को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। उदयपुर की जनसभा में गृह मंत्री ने कहा कि गहलोत सरकार तो कन्हैयालाल के हत्यारों को पकड़ना भी नहीं चाहती थी, उन्हें NIA ने पकड़ा। इस बयान पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पलटवार करते हुए शाह पर झूठ बोलने का आरोप लगाया है।
गहलोत ने कहा कि कन्हैयालाल के हत्यारे रियाज अत्तारी और गौस मोहम्मद को राजस्थान पुलिस ने 4 घंटे के अंदर पकड़ लिया था। घटना 28 जून की थी, जबकि एनआईए को इस मामले की जांच 2 जुलाई को सौंपी गई थी। गहलोत ने ट्वीट कर NIA को जांच सौंपने का ऑर्डर भी सार्वजनिक किया।
पहले पढ़िए, शाह ने क्या कहा था?
गृह मंत्री अमित शाह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि उदयपुर में कन्हैयालाल हत्याकांड पर भी गहलोत राजनीति कर रहे हैं। गहलोत हत्यारों को तो पकड़ना भी नहीं चाहते थे, एनआईए ने पकड़ा और गहलोत झूठ बोलते हैं कि कार्रवाई नहीं हुई। मैं डंके की चोट के साथ कहता हूं कि स्पेशल कोर्ट में सुनवाई की होती तो हत्यारे फांसी पर लटक चुके होते। यही नहीं, जयपुर ब्लास्ट के आरोपियों की सुनवाई के लिए गहलोत सरकार के एडवोकेट जनरल के पास समय नहीं है।
हत्यारे भाजपा के कार्यकर्ता थे : गहलोत शाह के इस बयान पर गहलोत ने ट्वीट कर कहा- यह उम्मीद की जाती है कि जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग आतंकवाद जैसे गंभीर मुद्दे पर राजनीति नहीं करेंगे, लेकिन आज उदयपुर में गृहमंत्री अमित शाह ने जो किया वह एक गैर जिम्मेदाराना कार्य है।
गहलोत ने कहा कि ये दोनों हत्यारे भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता थे। उन्हें ये जांच करवानी चाहिए कि इन दोनों के मददगार कौन भाजपा नेता थे जो इनके लिए पुलिस थानों में फोन करते थे। एक ओपन एंड शट केस में चार्जशीट फाइल होने में भी इतना अधिक समय क्यों लगा और इन्हें अब तक सजा क्यों नहीं हुई?
मुख्यमंत्री अशोक गहलाेत का ट्वीट…
अमित शाह के भाषण की बड़ी बातें…
1. 21 पार्टी के लोगों का लक्ष्य अपने बेटों का भविष्य बनाना
पटना में पिछले दिनों 21 पार्टी के लोग इकट्ठा हुए। 21 पार्टियों के नेताओं का लक्ष्य अपने बेटों का भविष्य है। सोनिया गांधी का लक्ष्य राहुल को प्रधानमंत्री बनाना, लालू यादव का लक्ष्य बेटे तेजस्वी को सीएम बनाना, ममता बनर्जी का लक्ष्य भतीजे अभिषेक को सीएम बनाना और अशोक गहलोत का लक्ष्य अपने बेटे वैभव को सीएम बनाना है। गहलोत बिना मतलब इस उम्र में इधर-उधर घूम रहे हैं, सभा का वीडियो कोई दिखाए तो पता चल जाएगा कि सरकार के जाने का समय आ गया है।
2. राहुल पीएम बने तो भ्रष्टाचार भारत की नियति बन जाएगी
21 पार्टी मिलकर राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना चाहती हैं। यदि राहुल पीएम बने तो भ्रष्टाचार, घपले, घोटाले भारत की नियति बन जाएगी और यदि मोदी फिर से प्रधानमंत्री बनते हैं तो भ्रष्टाचारी जेल की सलाखों के पीछे जाएंगे।
उदयपुर में अमित शाह ने सरकार पर तुष्टीकरण का आरोप लगाया है।
3. आदिवासियों के लिए भाजपा ने ही मंत्रालय बनाया
10 साल यूपीए सरकार चली। आदिवासी बच्चों को पढ़ाने के लिए सिर्फ 90 स्कूल थे। भाजपा ने 500 से ज्यादा स्कूल बना दिए। जनजाति मंत्रालय का बजट पहले एक हजार करोड़ था, प्रधानमंत्री मोदी ने इसे बढ़ाकर 15 हजार करोड़ कर दिया। अटल बिहारी वाजपेयी ने ही जनजाति मंत्रालय बनाया और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री भैरों सिंह शेखावत ने आदिवासियों का आरक्षण बढ़ाया।
4. कोई मोदी के पैर छू रहा, काेई ऑटोग्राफ ले रहा
प्रधानमंत्री जी-7 समिट में गए तो कोई उनके ऑटोग्राफ लेने में लगा था, कोई उनके पैर छू रहा था। विश्व में मिल रहा यह सम्मान मोदी या भाजपा का नहीं, मेवाड़, राजस्थान और देश के लोगों का सम्मान है।
5. लाेकसभा में 300 से ज्यादा सीटें जीतेंगे
देशभर में मोदी जी के लिए जो समर्थन दिख रहा है, उससे यह निश्चित है कि 2024 में 300 से अधिक सीटों के साथ एक बार फिर से मोदी जी प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। 2023 में राजस्थान में भी प्रचंड बहुमत से भाजपा सरकार बनाएगी।
शाह ने करवाया वसुंधरा का भाषण
इससे पहले, जनसभा में जब नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने अमित शाह को भाषण के लिए बुलाया तो उन्होंने इशारा कर वसुंधरा राजे को बोलने के लिए कहा। अमित शाह के कहने पर वसुंधरा ने भाषण दिया। वसुंधरा से पहले प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने भाषण दिया था, इसके बाद सीधे अमित शाह के भाषण का कार्यक्रम था। शाह के इस कदम के सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं।
मणिपुर के CM बोले- इस्तीफा नहीं दूंगा; हजारों महिला समर्थकों के प्रदर्शन के बाद फैसला बदला
माना जा रहा था कि मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह कुर्सी छोड़ने वाले हैं। इन अटकलों के बीच सैकड़ों महिलाएं इंफाल में राजभवन के सामने पहुंचीं। महिलाओं ने बीरेन सिंह से इस्तीफा ना देने और हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन लेने की मांग की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने ट्विटर पर लिखा- इस मोड़ पर तो मैं इस्तीफा नहीं देने वाला हूं। बीरेन सिंह के इस्तीफे का एक लेटर भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
ये खबर अहम क्यों है: कांग्रेस सहित कई विपक्षी दल बीरेन सिंह के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। मणिपुर में 3 मई से कुकी और मैतेई समुदाय के बीच जारी हिंसा में अब तक 131 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। 65 हजार से अधिक अपना घर छोड़ चुके हैं। आगजनी की 5 हजार से ज्यादा घटनाएं हुई हैं। 6 हजार FIR और 144 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। राज्य में 5 जुलाई तक इंटरनेट बैन है। 36 हजार सुरक्षाकर्मी और 40 IPS तैनात किए गए हैं।
PM मोदी ने अचानक दिल्ली मेट्रो से यात्रा की; टोकन लेकर दिल्ली यूनिवर्सिटी पहुंचे

PM मोदी अचानक मेट्रो से सफर कर DU पहुंचे। वे लोक कल्याण मार्ग मेट्रो स्टेशन गए। यहां उन्होंने टिकट काउंटर से टोकन लिया और उसके बाद वे प्लेटफॉर्म पहुंचे। मेट्रो में यात्रियों के साथ बातचीत भी की। प्रधानमंत्री दिल्ली यूनिवर्सिटी की स्थापना के 100 साल पूरे होने के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। यहां उन्हें स्पीच भी दी।
ट्विटर पर ₹50 लाख का जुर्माना लगा; केंद्र के आदेश के बावजूद ट्वीट ब्लॉक नहीं किए थे
कर्नाटक हाईकोर्ट ने ट्विटर की याचिका खारिज करते हुए 50 लाख का जुर्माना लगाया। ट्विटर ने याचिका में केंद्र सरकार के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें कुछ अकाउंट्स, ट्वीट और URL ब्लॉक करने की बात कही गई थी। केंद्र का कहना है कि ये आदेश राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखते हुए दिया गया था।
अतीक से छुड़वाई जमीन पर बने फ्लैट गरीबों को सौंपे गए

प्रयागराज के लूकरगंज में प्रधानमंत्री आवास योजना के ‘गृह प्रवेश’ के दौरान यूपी CM योगी आदित्यनाथ और डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य। जिस जमीन पर ये आवास बने हैं, वह पहले अतीक के कब्जे में थी।
यूपी के CM योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में गैंग्स्टर अतीक अहमद के कब्जे से छुड़वाई जमीन पर बने 76 फ्लैट की चाबियां गरीबों को सौंपी। उन्होंने कहा- हमारी सरकार गरीबों के साथ खड़ी है। पहले की सरकारें माफिया के साथ खड़ी होती थीं। पहले जमीनों पर सरकार से संरक्षित माफिया कब्जा करते थे। हमारी सरकार में ऐसा नहीं हो सकता। योगी आदित्यनाथ ने इस जमीन पर फ्लैट्स के निर्माण की घोषणा 2021 में की थी। दिसंबर 2021 में योगी आदित्यनाथ भूमि पूजन करने आए प्रयागराज आए थे। प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने महज डेढ़ साल में इन 76 फ्लैट्स को तैयार कर लाभार्थियों को लॉटरी के माध्यम से आवंटन भी कर दिया।
. बारिश की वजह से गुजरात-असम में 15 लोगों की मौत; 17 घंटे बाद बद्रीनाथ हाईवे खुला
भारी बारिश के कारण केदारनाथ यात्रा को दिन भर के लिए रोकना पड़ा। वहीं लैंड स्लाइड के 17 घंटे बाद बद्रीनाथ का रास्ता दोबारा खोला गया। असम में बाढ़ से फिलहाल राहत है। यहां प्रभावित लोगों की संख्या 38 हजार से घटकर 20 हजार हो गई है। आज 16 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है। इनमें मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, पूर्वी यूपी, बिहार, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, गुजरात भी शामिल हैं।
30 जून तक देश में 165 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन 148 मिमी ही हुई है। ये सामान्य से 10% कम है। उत्तर-पश्चिम भारत में सामान्य से 42% अधिक बारिश हुई है। दक्षिण भारत में 45% कम बारिश हुई है। मध्य भारत में 6% , जबकि पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में 18% कम बारिश हुई है।
. पुतिन-मोदी की फोन पर बातचीत; रूसी राष्ट्रपति ने एक दिन पहले मोदी की तारीफ की थी

प्रधानमंत्री मोदी और रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने दोनों देशों के रिश्तों को नई मजबूती देने पर बातचीत की। (फाइल)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से फोन पर बातचीत की। इस दौरान रूस के खिलाफ हालिया बगावत की कोशिश और यूक्रेन जंग पर चर्चा हुई। इससे एक दिन पहले पुतिन ने कहा था कि भारत के प्रधानमंत्री और मेरे दोस्त मोदी ने मेक इन इंडिया शुरू किया था। आज दुनिया उसकी कामयाबी देख रही है।
ये खबर अहम क्यों है: पुतिन के ऑफिस की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, रूसी राष्ट्रपति ने बातचीत के दौरान कहा कि उनकी सरकार दोनों देशों के बीच दोस्ती को नई ऊंचाइयों पर ले जाना चाहती है। कुछ दिन पहले ही भारत में रूस के एम्बेसेडर डेनिस एलिपोव ने कहा था- भारत और रूस के बीच स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप है। ये बताती है कि हमारे रिश्ते कितने मजबूत हैं।
अग्निवीर: यूपी में 6 जगह सेना भर्ती रैलियां
यूपी में 20 जुलाई, 2023 से 16 जनवरी, 2024 के बीच छह स्थानों पर सेना भर्ती रैली होगी। राज्य के मुख्य सचिव ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अग्निवीर योजना के तहत इन रैलियों का आयोजन फतेहगढ, बड़ौत, लखनऊ, आगरा, अमेठी व गोरखपुर में किया जाएगा।
सेवाओं पर केंद्र के अध्यादेश को SC में चुनौती
दिल्ली सरकार ने सर्विसेज पर कंट्रोल से जुड़े केंद्र सरकार के अध्यादेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। याचिका में दलील दी गई कि यह अध्यादेश संघीय ढांचे और दिल्ली में चुनी हुई सरकार की सर्वोच्चता को कमतर करता है, जो सुप्रीम कोर्ट और संविधान के मूल ढांचे के उल्लंघन का प्रयास है। सरकार ने अध्यादेश को रद्द करने और इस पर अंतरिम रोक लगाने का अनुरोध किया है।
किशोर की मौत के विरोध में जला फ्रांस
फ्रांस की राजधानी पैरिस के उपनगरीय इलाके में 17 साल के लड़के नाहेल की पुलिस फायरिंग में मौत के विरोध में इस देश में दो दिन से हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं। इस दौरान टाउन हॉल, स्कूलों और पुलिस स्टेशनों में आग लगा दी गई और कई जगह हमले हुए। पुलिस ने 180 लोगों को गिरफ्तार किया है।
भारत के सॉलिसिटर जनरल के रूप में तुषार मेहता पर केंद्र सरकार ने एक बार फिर भरोसा किया है। उनके कार्यकाल को दोबारा बढ़ाया गया है। केंद्र सरकार ने आज एक आदेश जारी करते हुए उन्हें दोबारा इस पद पर नियुक्त किया है।





