इंदौर
स्मार्ट सिटी के तहत इंदौर में सड़कों के चौड़ीकरण का काम जारी है। इसी के चलते नगर निगम आयुक्त प्रतिभा पाल ने शुक्रवार सुबह सवा आठ बजे से बड़ा गणपति चौराहे से कृष्णपुरा ब्रिज तक की सड़क के का निरीक्षण किया, इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से भी उनकी समस्याओं को लेकर चर्चा की।

स्मार्ट सिटी के तहत सड़क निर्माण के कामों को गति देने के लिए अफसरों ने बड़े गणपति से कृष्णपुरा ब्रिज तक का कई जगहों का पैदल दौरा किया और सड़क के चौड़ीकरण को लेकर बाधा बन रहे स्पॉट के बारे में चर्चा की। इस दौरान उन्होंने रोड चौड़ीकरण की पूरी योजना का नक्शा भी देखा और संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। क्षेत्र के रहवासियों के साथ भी अफसरों ने चर्चा की, इस दौरान रहवासी रोड चौड़ीकरण के लिए सहमत दिखाई दिए। लोगों ने खुद नगर निगम आयुक्त को चौड़ीकरण में बाधा बन रही जगहों के बारे में बताया। आयुक्त ने अधिकारियों को आज ही फिर से रोड चौड़ीकरण को लेकर निशान लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही इलाके के धार्मिक स्थलों की जानकारी भी मांगी है।
60 फीट तक चौड़ी होगी सड़क
MG रोड बड़ा गणपति चौराहे से कृष्णपुरा ब्रिज तक 60 फीट चौड़ीकरण का काम होना है। नगर निगम की टीम सभी से बातचीत करते हुए काम कर रही है। इसे लेकर लगातार बैठकों का दौर भी जारी है।





