छिंदवाड़ा: छिंदवाड़ा जिले की राजनीति में शुक्रवार को बड़ा उलटफेर हो गया। यहां बीजेपी और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी को छोड़कर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। इसको लेकर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि नौजवानों भविष्य आपका है। बीजेपी समाज को बांटना चाहती है इससे सावधान रहें।
शुक्रवार को शिकारपुर निवास पर एक कार्यक्रम था। इस कार्यक्रम में अमरवाड़ा और हर्रई क्षेत्र के लगभग 200 कार्यकर्ताओं ने भाजपा और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है। इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और सांसद नकुलनाथ भी मौजूद थे।
कमलनाथ ने गिनाया अपना काम
पार्टी छोड़ने वाले कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा क्षेत्रीय विकास को अनदेखा करती है। कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करती है। पिछले कई वर्षों से विकास कार्य ठप पड़ा है। इस मौके पर कमलनाथ ने अमरवाड़ा में अपने कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब मैं पहली बार अमरवाड़ा आया था, तब यहां पीने के पानी की भी व्यवस्था नहीं थी। आज घर-घर पानी पहुंच रहा है। ये कांग्रेस की सोच और नीयत का परिणाम है।
आने वाले चुनाव को लेकर तैयारी
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार आने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा के कार्यकर्ताओं का इस तरह से पलायन कांग्रेस के लिए संजीवनी साबित हो सकता है। कांग्रेस नेताओं ने इशारा किया कि आने वाले दिनों में और भी कई नेता पार्टी से जुड़ सकते हैं। इस मौके पर आदिवासी नेता धीरेंद्र शाह भी मौजूद रहै।





