अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

 मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़:रायपुर के दो बड़े घोटालों में ईडी ने कुर्क की करोड़ों की संपत्ति,जबलपुर कोर्ट परिसर में बम धमाका, अधिवक्ताओं में मचा हड़कंप

Share

मंडला: जिला अस्पताल की दूसरी मंजिल से मरीज ने लगाई छलांग
मंडला जिला अस्पताल में उस समय हड़कंप मच गया जब एक मरीज ने दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी. बताया जा रहा कि मरीज ने खिड़की का कांच तोड़कर नीचे छलांग लगाई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल मरीज का नाम दुर्गेश राय बताया जा रहा है, जो मानसिक रूप से अस्वस्थ था और जिला अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था. अस्पताल प्रबंधन ने उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया था, लेकिन एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण वह वहां नहीं जा पाया. इसी बीच आज उसने दूसरी मंजिल से कूदकर आत्मघाती कदम उठा लिया. घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

रायपुर के दो बड़े घोटालों में ईडी ने कुर्क की करोड़ों की संपत्ति
रायपुर में चिकित्सा उपकरण और री-एजेंट खरीदी घोटाले के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है. ईडी ने चिकित्सा उपकरण मामले में 80.36 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों को कुर्क किया है. बताया जा रहा कि ये संपत्तियां मोक्षित कॉर्पोरेशन और उसके पार्टनरों से जुड़ी हैं. अब तक ईडी इस मामले में करीब 123 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज कर चुकी है और कई आरोपी अभी भी जेल में बंद हैं. वहीं भारतमाला परियोजना घोटाले के मामले में भी ईडी ने कार्रवाई करते हुए 23.35 करोड़ रुपये की संपत्तियां अस्थायी रूप से जब्त की हैं. यह कार्रवाई परियोजना में कथित धांधली के आरोपों के चलते की गई है. मामले में हेमंत खनुजा, खेमराज कोसले, पुनूराम देशलहरे और कुंदन बघेल की संपत्तियों को जब्त किया गया है

इंदौर भोजशाला मामले में हाईकोर्ट में अहम सुनवाई
इंदौर हाईकोर्ट में भोजशाला मामले को लेकर आज अहम सुनवाई हुई, जो करीब डेढ़ घंटे तक चली. सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि मामले की नियमित सुनवाई 2 अप्रैल से लगातार की जाएगी. इससे पहले कोर्ट स्वयं 2 अप्रैल से पहले भोजशाला परिसर का निरीक्षण भी करेगी. इस मामले में दायर पांच याचिकाओं को क्लब कर एक साथ सुना जा रहा है. वहीं तीन इंटरविनल पक्षकार बनने की मांग कर रहे थे, जिन्हें फिलहाल कोर्ट ने ऑडियंस के रूप में शामिल किया है. कोर्ट ने स्पष्ट किया कि फाइनल आर्गुमेंट्स के समय सभी पक्षों को सुना जाएगा.

IPS संतोष सिंह को केंद्र में बड़ी जिम्मेदारी, CISF में बनाए गए DIG
रायपुर से जुड़े 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी संतोष सिंह को केंद्र में बड़ी जिम्मेदारी मिली है. गृह मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार उन्हें केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में डीआईजी के पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है. वर्तमान में संतोष सिंह पुलिस मुख्यालय में डीआईजी सीसीटीएनएस/एससीआरबी के पद पर पदस्थ हैं. इससे पहले वे रायपुर, रायगढ़ सहित कई जिलों में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. उनकी नियुक्ति को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के रूप में देखा जा रहा है.

राजीव गांधी शिक्षा मिशन घोटाला मामले में चालान पेश
रायपुर में राजीव गांधी शिक्षा मिशन से जुड़े घोटाले के मामले में एसीबी-ईओडब्ल्यू ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चालान पेश किया है. यह पूरा घोटाला करीब 4 करोड़ 72 लाख 88 हजार रुपये का बताया जा रहा है. जांच में सामने आया कि आरोपी आलोक कुशवाहा, अंजू कुशवाहा और संजीत साहा द्वारा कंप्यूटर उपकरणों की खरीदी में अनियमितताएं की गई थीं. आरोपियों पर सरकारी राशि में गड़बड़ी करने का आरोप है. मामले की जांच एसीबी और ईओडब्ल्यू द्वारा की जा रही थी, जिसके बाद साक्ष्यों के आधार पर अब आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में चालान पेश किया गया है.

छत्तीसगढ़ में वर्ल्ड रिकॉर्ड! मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह योजना में 6412 जोड़ों का सामूहिक विवाह

रायपुर में मुख्यमंत्री कन्यादान विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह ने नया रिकॉर्ड बनाया है. इस आयोजन में एक साथ 6412 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ, जिसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है. समारोह सामाजिक समरसता की मिसाल के रूप में सामने आया, जहां बड़ी संख्या में जोड़ों ने एक साथ सात फेरे लिए. कार्यक्रम मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सानिध्य में संपन्न हुआ. इस दौरान राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक नवदंपति को 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई.

भिंड: बरेठा टोल प्लाजा पर जनआंदोलन के दौरान तोड़फोड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा
भिंड में मालनपुर स्थित बरेठा टोल प्लाजा पर रोड नहीं तो टोल नहीं जनआंदोलन के दौरान हंगामा हुआ. आंदोलनकारियों ने टोल प्लाजा के बूथ और पोल को तोड़ने का प्रयास किया, जबकि एक कार का ऑनलाइन FASTag से टोल कटने पर आक्रोश भी दिखा. पुलिस ने मौके पर हस्तक्षेप कर जनों को समझाइश दी और स्थिति को कंट्रोल में किया.

भोपाल: ईडी ने किशन मोदी को मनी लॉन्ड्रिंग केस में किया गिरफ्तार
भोपाल में ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में किशन मोदी को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई Prevention of Money Laundering Act (PMLA) के तहत हुई. किशन मोदी को 13 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर 14 मार्च को Special Court (PMLA), भोपाल में पेश किया गया और अदालत ने उन्हें 18 मार्च तक ईडी हिरासत में भेजा. मामला जयश्री गायत्री फ़ूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा है, जो “Milk Magic” ब्रांड के मिलावटी डेयरी उत्पाद बनाती थी. आरोप है कि कंपनी ने दूध में पाम ऑयल और हानिकारक रसायन मिलाकर उत्पाद बनाए और फर्जी लैब रिपोर्ट्स के जरिए इन्हें भारत और विदेशों में निर्यात किया. लगभग 20.59 करोड़ रुपये की कमाई फर्जी दस्तावेजों से हुई, जिसे मनी लॉन्ड्रिंग माना जा रहा है. जांच अभी जारी है.

खरगोन: वायरल गर्ल मोनालिसा की शादी पर SC अधिवक्ता नाजिया इलाही की कानूनी चुनौती
खरगोन में वायरल गर्ल मोनालिसा की मुस्लिम युवक फरमान से हुई शादी को सुप्रीम कोर्ट अधिवक्ता नाजिया इलाही खान कानूनी चुनौती देने वाली हैं. उन्होंने बताया कि यह शादी गैरकानूनी है और इसमें लव जेहाद के संभावित मुद्दे शामिल हैं. नाजिया ने आरोप लगाया कि केरल सरकार इस मामले में सहयोग कर रही है और देश की सुरक्षा एजेंसियों से जांच की मांग की है. मोनालिसा के परिजन और फिल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा इस मामले में नाजिया की पैरवी करेंगे. परिजन और आम लोग भी शादी के खिलाफ विरोध जता रहे हैं.

जबलपुर कोर्ट परिसर में बम धमाका, अधिवक्ताओं में मचा हड़कंप
जबलपुर में जिला एवं सत्र न्यायालय के कोर्ट नंबर दो के सामने तेज धमाके से बम फटा, जिससे न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई. धमाके की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौके पर पहुंचे. पुलिस मामले की जांच कर रही है और न्यायालय के आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं. जिला अधिवक्ता संघ ने सुरक्षा कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग उठाई और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं.

भोपाल में 3.5 किमी लंबा अंडरग्राउंड मेट्रो कॉरिडोर, मार्च में होगा निर्माण शुरू
भोपाल में अंडरग्राउंड मेट्रो परियोजना के लिए भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5 के पास 24 मीटर गहरा गड्ढा बनाया गया है, जिसमें ड्रिलिंग मशीन उतारी गई है. मशीन जमीन से लगभग 19 मीटर नीचे ड्रिलिंग करेगी. स्टेशन से करीब 3.5 किलोमीटर लंबा अंडरग्राउंड मेट्रो कॉरिडोर बनाया जाएगा, जिसका निर्माण मार्च के आखिरी सप्ताह में शुरू होने की संभावना है. पुराने शहर की घनी आबादी और विरासत स्थलों को ध्यान में रखते हुए अंडरग्राउंड मेट्रो का फैसला लिया गया है, ताकि निर्माण के दौरान ट्रैफिक प्रभावित न हो.

धार और खंडवा में डकैती करने वाला गिरोह पकड़ा, करोड़ों का सामान बरामद
धार जिले के बाग और खंडवा के पामाखेड़ी में हुई बड़ी डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. एमपी पुलिस की कार्रवाई में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. उनके पास से 57 हजार रुपये नकद और सोने के जेवर समेत कुल करीब 1 करोड़ 35 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है. पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने बाग के ठेकेदार राजकुमार मालवीय के घर इनकम टैक्स अधिकारी बनकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया था. इसके अलावा खंडवा के पामाखेड़ी में भी लाखों रुपये की लूट की थी. धार और खंडवा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ा गया है, जबकि 6 आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं.इस मामले का खुलासा अनुराग ने किया.

रायपुर: छात्रावास में सुरक्षा पर सवाल, तीन छात्राओं के गर्भवती पाए जाने पर जांच कमेटी
रायपुर में बीजापुर के गंगालूर आदिवासी छात्रावास में तीन छात्राएं गर्भवती पाई गई हैं. PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश में छात्रावास में पढ़ने वाली बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं और मामले की जांच के लिए कमेटी बनाई जाएगी. उन्होंने झलियामारी कांड का हवाला देते हुए स्थिति गंभीर बताई. बीजापुर के पोटाकेबिन में रहने वाली इन नाबालिग छात्राओं के मामले पर विपक्ष ने आरोप लगाए, जबकि शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि छात्राएं घर से आ-जा रही थीं, परिजनों का बयान लिया गया है और अगर कोई अपराध हुआ तो कार्रवाई की जाएगी.

रीवा में NSUI कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, बीजेपी कार्यालय घेरने का प्रयास
रीवा में एनएसयूआई कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में सड़क पर उतर आए. हजारों छात्रों ने भाजपा के संभागीय कार्यालय घेरने का प्रयास किया. प्रदर्शन में महंगाई, बेरोजगारी, ट्रेड डील और शिक्षण संस्थानों में भेदभाव जैसे मुद्दे उठाए गए. पुलिस ने कार्यालय के सामने बैरिकेडिंग कर भीड़ को रोका, जिसके दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हुई. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले छोड़े. छात्रों ने संविधान की किताब लेकर प्रदर्शन किया. पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को सामूहिक गिरफ्तारी कर कंट्रोल रूम भेजा.

इंदौर हाईकोर्ट में डेढ़ घंटे तक चली सुनवाई, 5 याचिकाओं पर एक साथ फैसला
इंदौर में भोजशाला मामले की सुनवाई आज हाईकोर्ट में हुई, जो लगभग डेढ़ घंटे तक चली. कोर्ट ने फैसला किया कि 2 अप्रैल से मामले की लगातार सुनवाई होगी और सुनवाई से पहले खुद भोजशाला का निरीक्षण करेगी. इस मामले में चल रही 5 याचिकाओं को एक साथ देखा जा रहा है, जबकि 3 इंटरविनल पक्षकार बनने का आवेदन करना चाहते थे. कोर्ट ने सभी इंटरविनल को ऑडियंस बनाया है और फाइनल आर्गुमेंट्स के दौरान सभी की दलीलें सुनी जाएंगी. धार की ऐतिहासिक भोजशाला को लेकर सोमवार को हाई कोर्ट इंदौर में सुनवाई के दौरान प्राथमिक जानकारी मिली है कि आगामी दिनों में हाई कोर्ट के माननीय न्यायाधीश विवादित स्थल का मुआयना करेंगे. संभवतः पहली बार न्यायालय खुद मौके पर पहुंचकर भोजशाला परिसर की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करेगा.

हरदा में गैस संकट की गर्मी, 37 डिग्री तापमान में भी लोगों की लंबी लाइन
ईरान इजरायल अमेरिका ज़ंग की आंच अब भारतीय परिवारों के किचन तक पहुंच गई है. हरदा में गैस एजेंसियों पर 37 डिग्री तापमान के बीच भी लोगों की लम्बी-लम्बी लाइन लग रही हैं. घरेलू गैस सिलेंडर नहीं मिलने से कालाबाजारी की आशंका को बल मिल रहा है. वहीं, कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति ठप्प होने से होटल व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. कमर्शियल गेस सिलेंडर नहीं मिलने से होटल व्यवसायी लकड़ी और भट्टी का सहारा ले रहे हैं. घरेलू गेस उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस सिलेंडर के साथ उन्हें 250 रुपये सिलेंडर नली लेने पर मजबूर किया जा रहा है. वहीं, प्रशासन का दावा है कि गेस सिलेंडर की किल्लत नहीं है, लोग अफवाहों पर ध्यान नहीं दे. जिले में कुल 11 गैस एजेंसियां है, जहां 1,39,900 घरेलू गैस कनेक्शन और 800 कमर्शियल कनेक्शन है.

जबलपुर में आंगनवाड़ी पोषण आहार का अवैध भंडारण, 140 बैग जब्त
जबलपुर में आंगनवाड़ी के लिए आने वाले टेक होम पोषण आहार के अवैध भंडारण का मामला सामने आया है. प्रशासनिक टीम की छापेमारी में घमापुर क्षेत्र स्थित डॉ. सीवी यादव के गोदाम से करीब 140 बैग पोषण आहार बरामद किए गए. मामले में गोदाम मालिक डॉ. सीवी यादव और ट्रांसपोर्टर राजेंद्र जैन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है. इस कार्रवाई को घमापुर पुलिस स्टेशन पुलिस ने अंजाम दिया।

रतलाम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष की दबंगई! शराब दुकान पर लगाया ताला, पुलिस से बोले- मुझ पर केस बना देना

रतलाम जिले में जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशू निनामा की दबंगई का मामला सामने आया है. उन्होंने शिवगढ़ बस स्टैंड स्थित शराब दुकान पर ताला लगा दिया. निनामा का आरोप है कि यहां बाहरी लोग आकर विवाद करते हैं, जिससे इलाके में माहौल खराब होता है. मौके पर पहुंची पुलिस से उन्होंने कहा कि अगर कार्रवाई करनी है तो उनके खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर लिया जाए. घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया है. फिलहाल शिवगढ़ थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

भोपाल में फिर बम की धमकी! एम्स-पीपुल्स के बाद नापतौल विभाग को मिला साइनाइड गैस से उड़ाने का ईमेल

भोपाल में संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला जारी है. एम्स और पीपुल्स अस्पताल के बाद अब नापतौल विभाग को धमकी भरा ईमेल मिला है. मेल में दावा किया गया है कि विभाग परिसर में साइनाइड गैस से भरे 16 सिलेंडर रखे गए हैं, जो दोपहर 1 बजे फटेंगे. धमकी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस अलर्ट हो गई है. मौके पर सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुट गई हैं और परिसर की तलाशी ली जा रही है. फिलहाल पुलिस ईमेल भेजने वाले का पता लगाने में जुटी है और मामले की जांच जारी है.

नाले की गैस से चाय बनाकर कांग्रेस का विरोध, गैस सिलेंडर किल्लत पर पीसी शर्मा ने सरकार को घेरा

गैस सिलेंडर की किल्लत को लेकर कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया. नाले के किनारे चाय की दुकान लगाकर कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा सहित कार्यकर्ताओं ने नाले की गैस से चाय बनाने की कोशिश की. पोस्टर में लिखा था, “मोदी जी की सलाह मानें, रसोई गैस के पीछे न भागें, गंदे नाले की गैस का उपयोग करें.” हालांकि नाले की गैस से स्टोव नहीं जला तो कांग्रेसियों ने चूल्हे पर चाय बनाई. इस दौरान पीसी शर्मा ने कहा कि सरकार ने लोगों को फिर से लकड़ी, चूल्हे और कंडे के दौर में धकेल दिया है.

शहर काजी को लेकर फतवा जारी, ईद की नमाज को लेकर बढ़ा संशय; मुस्लिम कमेटी की अहम बैठक आज

राजधानी में शहर काजी को लेकर एक फतवा जारी होने के बाद चर्चा तेज हो गई है. नायब मुफ़्ती सैयद अहमद खान कासमी ने यह फतवा जारी किया है, जिसमें शहर काजी की बीमारी की स्थिति में नमाज और अन्य महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजनों में उनकी भूमिका को लेकर सवाल उठाए गए हैं. फतवे की कॉपी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिससे ईद की नमाज को लेकर भी संशय की स्थिति बन गई है. मामले की गंभीरता को देखते हुए ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी ने इस विषय पर चर्चा के लिए एक अहम बैठक बुलाई है.

नर्मदा नदी में नहाने गए दो छात्र डूबे, SDRF कर रही तलाश; दो दिन बाद भी नहीं मिला सुराग

नर्मदा नदी के जामताड़ा घाट पर नहाने के दौरान दो छात्र डूब गए. हादसा उस समय हुआ जब छात्र नहाते-नहाते गहरे पानी में चले गए. डूबने वाले छात्रों के नाम एडविन जॉर्ज और जॉनी एक्का बताए जा रहे हैं. जानकारी के मुताबिक दोनों शुक्रवार को अपने पांच दोस्तों के साथ घूमने के लिए घाट पहुंचे थे. इसी दौरान यह हादसा हो गया. घटना के दो दिन बाद भी छात्रों का शव बरामद नहीं हो सका है. SDRF की टीम लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है. वहीं गौर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

भोजशाला विवाद पर आज अहम सुनवाई: इंदौर हाईकोर्ट में ASI सर्वे रिपोर्ट के आधार पर तय हो सकता है स्वरूप

धार स्थित भोजशाला मामले में आज अहम सुनवाई होने जा रही है. इंदौर हाईकोर्ट की डबल बेंच में यह मामला 45वें नंबर पर सूचीबद्ध है. सुनवाई के दौरान भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) द्वारा किए गए 98 दिनों के सर्वे की रिपोर्ट महत्वपूर्ण आधार बन सकती है. इसी रिपोर्ट के आधार पर भोजशाला के स्वरूप को लेकर कोर्ट में चर्चा होगी. इस मामले पर लंबे समय से दोनों पक्षों की नजरें टिकी हुई हैं. सुनवाई को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क है और मामले के फैसले को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह और इंतजार बना हुआ है.

शाजापुर जेल से कैदी फरार: लापरवाही पर प्रहरी सस्पेंड, दीवार फांदकर पाइप के सहारे भागा था आरोपी

शाजापुर जिला जेल से कैदी के फरार होने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है. लापरवाही बरतने के आरोप में जेल प्रहरी प्रदीप वर्मा को निलंबित कर दिया गया है. फरार कैदी जयराम उर्फ जीवन का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है. पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई हैं. बताया जा रहा है कि रविवार को कैदी जेल की दीवार फांदकर पानी के पाइप के सहारे भाग निकला था. आरोपी प्राणघातक हमले के मामले में पिछले चार महीने से ज्यादा समय से जेल में बंद था. घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है.

होटल कारोबारियों को बड़ी राहत! एक हफ्ते बाद आज से शुरू हो सकती है कमर्शियल LPG की सप्लाई

करीब एक हफ्ते से बंद पड़ी कमर्शियल एलपीजी सप्लाई आज से फिर शुरू हो सकती है, जिससे होटल संचालकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. पिछले 6-7 दिनों से सप्लाई बंद रहने के कारण कई छोटे और बड़े होटलों का कारोबार प्रभावित हो रहा था. गैस की कमी के चलते कई जगहों पर कामकाज भी धीमा पड़ गया था. हालांकि केंद्र सरकार ने शनिवार को कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई दोबारा शुरू करने का ऐलान किया था. इसके बाद होटल कारोबारियों को अब राहत मिलने की उम्मीद है और होटल व्यवसाय जल्द ही सामान्य हो सकता है.

दिल्ली में MP कांग्रेस की बड़ी बैठक: संगठन पर मंथन, भविष्य की रणनीति और जिला कार्यकारिणी पर होगा फैसला

दिल्ली में मध्यप्रदेश कांग्रेस की अहम बैठक आयोजित हो रही है, जिसमें प्रदेश प्रभारी और पीसीसी चीफ शामिल होंगे. तीन दिन तक अलग-अलग चरणों में बैठकों का दौर चलेगा. आज शाम 4 बजे AICC मुख्यालय में संगठनात्मक बैठक होगी. वहीं कल दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक मैराथन बैठक आयोजित की जाएगी. इस दौरान प्रभारी सचिवों से उनके संभागों की रिपोर्ट ली जाएगी. बैठक में महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, यूथ कांग्रेस और सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे. साथ ही जिला कार्यकारिणी घोषित होने में हो रही देरी का मुद्दा भी उठ सकता है. अभी तक केवल 10 फीसदी जिलों में ही कार्यकारिणी घोषित हो पाई है.

CM मोहन यादव का आज का शेड्यूल: दिल्ली कार्यक्रम के बाद भोपाल में कृषि कार्यशाला में होंगे शामिल

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज नई दिल्ली में एक स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे. कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वे दोपहर 12:20 बजे दिल्ली से भोपाल के लिए रवाना होंगे. मुख्यमंत्री दोपहर करीब 2:00 बजे भोपाल पहुंचेंगे और कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में आयोजित कृषि वर्ष उन्मुखीकरण कार्यशाला में हिस्सा लेंगे. इस कार्यशाला में कृषि क्षेत्र से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी और किसानों के लिए नई योजनाओं व पहल पर भी विचार किया जाएगा. कार्यक्रम में कृषि विभाग के अधिकारी, विशेषज्ञ और किसान प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे.

CM विष्णु देव साय का आज का शेड्यूल: जगन्नाथ मंदिर में दर्शन, फिर विधानसभा की बैठकों में रहेंगे शामिल

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. मुख्यमंत्री सुबह 11:00 बजे मुख्यमंत्री निवास से गायत्री नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर पहुंचेंगे, जहां वे भगवान जगन्नाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे. इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 2:00 बजे छत्तीसगढ़ विधानसभा के लिए रवाना होंगे और वहां निर्धारित कार्यक्रमों व बैठकों में हिस्सा लेंगे. दिनभर की व्यस्तताओं के बाद मुख्यमंत्री शाम करीब 6:00 बजे विधानसभा से मुख्यमंत्री निवास के लिए प्रस्थान करेंगे. इस दौरान प्रशासनिक और राजनीतिक गतिविधियों पर भी उनकी नजर रहेगी.

17 मार्च को कांग्रेस का हल्लाबोल: मनरेगा और जनहित के मुद्दों पर विधानसभा घेराव, सचिन पायलट होंगे शामिल

छत्तीसगढ़ में 17 मार्च को कांग्रेस बड़ा हल्लाबोल प्रदर्शन करने जा रही है. मनरेगा बचाओ संग्राम और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर विधानसभा घेराव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट भी शामिल होंगे. कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचेंगे. कांग्रेसी दोपहर 12 बजे रायपुर के भारत माता चौक से रैली निकालकर विधानसभा की ओर कूच करेंगे. प्रदर्शन के दौरान सरकार के खिलाफ विभिन्न मुद्दों को लेकर विरोध जताया जाएगा.

BJYM का होली मिलन समारोह आज: CM विष्णुदेव साय और किरण देव सहित कई नेता होंगे शामिल

भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) की ओर से 17 मार्च को होली मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम की अध्यक्षता BJYM प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकारीहा करेंगे. इस खास आयोजन में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव भी शामिल होंगे. इसके अलावा कैबिनेट मंत्री, सांसद और विधायक समेत कई जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रहेगी. कार्यक्रम शाम 5 बजे रायपुर के शहनाई गार्डन दरबार में आयोजित होगा, जहां बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होकर होली की शुभकामनाएं देंगे.

समलैंगिक रिश्ते में हुआ विवाद बना हत्या की वजह! दोस्त ने उतारा मौत के घाट, नाले में मिली थी नग्न लाश

ग्वालियर में 13 मार्च को मिली युवक की लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. 34 वर्षीय मोनू गौड़ का शव लक्ष्मीगंज नाले में निर्वस्त्र हालत में मिला था. जांच में सामने आया कि उसकी हत्या उसके समलैंगिक दोस्त करण पाल ने की थी. पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच रिलेशन बनाने के दौरान नशे की हालत में विवाद हो गया, जिसके बाद करण पाल ने मोनू की हत्या कर दी और शव नाले में फेंक दिया. घटना जनकगंज थाना क्षेत्र के जागृति नगर की है. पुलिस ने आरोपी करण पाल को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

रोड नहीं तो टोल नहीं: भिंड में संत समाज का बड़ा जनआंदोलन आज से शुरू, बरेठा टोल प्लाजा पर डटे संत

भिंड में नेशनल हाईवे 719 के चौड़ीकरण की मांग को लेकर आज “रोड नहीं तो टोल नहीं” जनआंदोलन शुरू होने जा रहा है. संत समाज के आवाहन पर भूतपूर्व सैनिक, समाजसेवी संगठन, विपक्षी दल, किसान, व्यापारी और युवा बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होंगे. संतों ने बरेठा टोल प्लाजा पर टेंट लगाकर डेरा जमा लिया है. आंदोलन की शुरुआत सुंदरकांड पाठ से की जाएगी. प्रशासन से अनुमति नहीं मिलने के बावजूद व्यापक स्तर पर तैयारियां चल रही हैं. वहीं भिंड और ग्वालियर प्रशासन अलर्ट मोड पर है और टोल प्लाजा के आसपास बैरिकेडिंग कर निगरानी रखी जा रही है.

Ramswaroop Mantri

Add comment

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें