लंदन: इंग्लैंड की टीम ओल्ड ट्रैफर्ड में सीरीज जीतने से चूक गई। उस मैदान पर भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच को ड्रॉ करा लिया। सीरीज का आखिरी टेस्ट मैच लंदन के केनिंग्टन ओवल में खेला जाएगा। इस मैदान पर भारत का रिकॉर्ड इंग्लैंड के अन्य मैदानों के मुकाबले अच्छा है। इस रिपोर्ट में हम आपको ओवल पर टीम इंडिया के रिकॉर्ड के बार में जानकारी देंगे।
कैसा है ओवल पर टीम का रिकॉर्ड?
भारत ने 1936 से ओवल में 15 टेस्ट मैच खेले हैं। इनमें से टीम इंडिया ने दो मैच जीते हैं। टीम इंडिया को आखिरी जीत 2021 में मिली थी तब भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर गई थी। भारत ने 6 टेस्ट हारे हैं और सात ड्रॉ कराए हैं। भारत ने इस मैदान पर पहली जीत 1971 में हासिल की थी। यहां पर उसे तीन बार पारी से हार का सामना करना पड़ा है।
केनिंग्टन ओवल में भारत का रिकॉर्ड इस प्रकार है:
- खेले गए मैच – 15
- जीते – 2
- हारे – 6
- ड्रॉ – 7
- आखिरी बार WTC फाइनल में मिली थी हार
भारत ने आखिरी बार केनिंग्टन ओवल में जून 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ WTC फाइनल खेला था। इस मुकाबले में उसे 209 रनों से हार मिली थी। लेकिन इससे पहले सितंबर 2021 में भारत ने इंग्लैंड का सामना किया था। उस समय विराट कोहली टीम के कप्तान थे। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। पहली पारी में टीम 127 रन पर 7 विकेट खोकर मुश्किल में थी। हालांकि कोहली ने अर्धशतक लगाया था।
शार्दुल ठाकुर ने 36 गेंदों में 57 रनों की पारी खेलकर टीम को 191 रनों तक पहुंचाया। यह स्कोर भी अच्छा नहीं माना गया। जवाब में इंग्लैंड ने 62 रन पर 5 विकेट खो दिए थे। लेकिन, ओली पोप (81) और क्रिस वोक्स (50) ने अर्धशतक लगाए। जॉनी बेयरस्टो और मोइन अली ने भी उपयोगी योगदान दिया। इंग्लैंड ने 290 रन बनाए।
रोहित शर्मा ने खेली शानदार पारी
मुश्किल परिस्थितियों में 99 रनों की बढ़त ने इंग्लैंड को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया था। जब भारत मुश्किल में था तो उसके अनुभवी खिलाड़ियों ने कमाल का प्रदर्शन किया। रोहित शर्मा ने शानदार शतक लगाया। यह उनका एशिया के बाहर पहला शतक था। भारत ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। चेतेश्वर पुजारा, ऋषभ पंत और शार्दुल ठाकुर (एक बार फिर) ने अर्धशतक लगाए। केएल राहुल और विराट कोहली ने 46 और 44 रन बनाए।
इन शानदार प्रयासों की बदौलत भारत ने 466 रन बनाए और इंग्लैंड को 368 रनों का लक्ष्य दिया। इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी रही। रोरी बर्न्स और हसीब हमीद ने 100 रन जोड़े। लेकिन, इसके बाद टीम लड़खड़ा गई और 210 रनों पर ऑल आउट हो गई। भारत के गेंदबाजों ने मिलकर अच्छा प्रदर्शन किया। ओवल में भारत की यह दूसरी टेस्ट जीत थी। शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इतिहास दोहराना चाहेगी और पांच मैचों की टेस्ट सीरीज को बराबर करना चाहेगी।





