—
*संभागायुक्त श्री दीपक सिंह के निर्देशन में कराया गया उक्त भूमि का सीमांकन*
इंदौर, इंदौर जिले की ग्राम माचल टप्पा बेटमा तहसील देपालपुर की शासकीय भूमि एमपीआईडीसी क्षेत्रीय कार्यालय इंदौर को आवंटित किये जाने के संबंध में आज संभागायुक्त श्री दीपक सिंह की अध्यक्षता में संभागायुक्त कार्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में वनमंडलाधिकारी श्री प्रदीप मिश्रा, एमपीआईडीसी के कार्यकारी संचालक श्री हिमांशु प्रजापति, नगर तथा ग्राम निवेश के संयुक्त संचालक श्री सुभाशीष बनर्जी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व देपालपुर श्री राकेश मोहन त्रिपाठी, राजस्व उपायुक्त श्रीमती सपना लोवंशी सहित अन्य विभागीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

बैठक में बताया गया कि ग्राम माचल टप्पा बेटमा तहसील देपालपुर की शासकीय भूमि जिसका खसरा क्रमांक 472/3 रकबा 4.047 हेक्टेयर एवं 472/4 रकबा 4.047 हेक्टेयर कुल रकबा 8.094 हेक्टेयर भूमि राजस्व विभाग की पायी गई है। संभागायुक्त श्री दीपक सिंह के निर्देशन में उक्त भूमि का सीमांकन राजस्व दल द्वारा गत 18 अप्रैल को एमपीआईडीसी तथा वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी की उपस्थिति में कराया गया था। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), अनुभाग देपालपुर द्वारा विचाराधीन भूमि राजस्व अभिलेख अनुसार शासकीय होना बताया गया। सहायक संचालक नगर तथा ग्राम निवेश विभाग जिला धार द्वारा बैठक में स्पष्ट किया गया कि उपरोक्तानुसार भूमि पर यदि वन विभाग अपनी सहमति प्रदान करता है, तो मास्टर प्लान में निर्धारित भू-उपयोग हेतु अनापत्ति प्रदान की जा सकती है।
बैठक में संभागायुक्त श्री सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उक्त भूमि आवंटन का जिला नजुल निवर्तन समिति के माध्यम से प्रस्ताव भिजवाया जाये।





