अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

 निवेशकों के 11 लाख करोड़ डूबे:बजट डे पर सेंसेक्स-निफ्टी धड़ाम

Share

बजट 2026 के दिन शेयर बाजार में निवेशकों को जोरदार झटका लगा. डेरिवेटिव्स पर STT बढ़ाने के प्रस्ताव के बाद बाजार में भारी बिकवाली देखने को मिली. सेंसेक्स और निफ्टी में तेज गिरावट से निवेशकों की करीब 11 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति साफ हो गई.बजट 2026 के दिन शेयर बाजार ने निवेशकों को बड़ा झटका दिया. छह साल में पहली बार बजट डे पर इतनी तेज गिरावट देखने को मिली. मुनाफावसूली और डेरिवेटिव्स पर सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) बढ़ाने के प्रस्ताव के बाद बाजार में जबरदस्त बिकवाली हुई. इस गिरावट में निवेशकों की करीब 11 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति साफ हो गई

सेंसेक्स और निफ्टी में भारी गिरावट
1 फरवरी को हुए विशेष ट्रेडिंग सत्र में शुरुआती बढ़त के बाद बाजार अचानक फिसल गया. सेंसेक्स दिन के दौरान 2,370 अंक तक टूटकर 79,899 के नीचे चला गया. अंत में यह 1,546.84 अंक या 1.88 प्रतिशत गिरकर 80,722.94 पर बंद हुआ. वहीं निफ्टी ने भी निवेशकों को निराश किया और 495.20 अंक या 1.96 प्रतिशत गिरकर 24,825.45 पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान निफ्टी करीब 749 अंक तक टूट गया था.

निवेशकों के 11 लाख करोड़ रुपये डूबे
तेज बिकवाली के चलते बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन करीब 11 लाख करोड़ रुपये घट गया. बाजार में गिरने वाले शेयरों की संख्या बढ़ने वाले शेयरों से कहीं ज्यादा थी. कुल 1,673 शेयरों में तेजी रही, जबकि 2,296 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए, जिससे बाजार में डर का माहौल साफ दिखाई दिया.

किन शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट
बैंकिंग और हैवीवेट शेयरों में जबरदस्त दबाव देखा गया. स्टेट बैंक ऑफ इंडिया करीब 5.6 प्रतिशत गिरा, जबकि अदाणी पोर्ट्स में 5.5 प्रतिशत की गिरावट आई. आईटीसी, टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट और रिलायंस इंडस्ट्रीज भी नुकसान में रहे. हालांकि टीसीएस, इंफोसिस, सन फार्मा और टाइटन जैसे कुछ शेयरों में सीमित तेजी देखने को मिली, जिससे गिरावट का असर थोड़ा कम हुआ.

मिडकैप, स्मॉलकैप और बैंकिंग शेयर भी टूटे
बाजार की गिरावट सिर्फ बड़े शेयरों तक सीमित नहीं रही. बैंक निफ्टी करीब 2 प्रतिशत गिरा, जबकि पीएसयू बैंक इंडेक्स 4 प्रतिशत से ज्यादा लुढ़क गया और सबसे कमजोर सेक्टर बनकर उभरा. बैंक ऑफ इंडिया और बैंक ऑफ बड़ौदा में 6–7 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई. इसके अलावा निफ्टी मिडकैप 100 में 2.23 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 2.73 प्रतिशत की गिरावट आई.

STT बढ़ोतरी से बढ़ी निवेशकों की चिंता
वित्त मंत्री ने बजट में फ्यूचर्स पर STT को 0.02 प्रतिशत से बढ़ाकर 0.05 प्रतिशत करने का प्रस्ताव रखा. वहीं ऑप्शंस प्रीमियम और ऑप्शंस एक्सरसाइज पर STT भी बढ़ाया गया. विशेषज्ञों का मानना है कि इससे डेरिवेटिव सेगमेंट में ट्रेडिंग महंगी होगी और शॉर्ट टर्म ट्रेडर्स तथा विदेशी निवेशकों की रुचि घट सकती है. जनवरी में ही विदेशी निवेशकों ने बड़ी निकासी की थी, ऐसे में यह फैसला बाजार पर और दबाव बना सकता है.

Ramswaroop Mantri

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें