इंदौर से पहली बार चलेगी तेजस ट्रेन, 23 जुलाई से होगी शुरू
रक्षाबंधन सहित अन्य आगामी त्यौहारों को देखते हुए मध्य प्रदेश में पहली बार इंदौर से मुंबई के बीच सुपरफास्ट तेजस स्पेशल ट्रेन का चलेगी। जिससे इंदौर से मुंबई जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। पश्चिम रेलवे ने लंबे समय से यात्रियों द्वारा की जा रही मांग के बाद सुपरफास्ट तेजस स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन का संचालन 23 जुलाई से 30 अगस्त तक किया जाएगा।इंदौर से निकलने वाली स्पेशल ट्रेन का ठहराव सूरत, वड़ोदरा, दाहोद, रतलाम और उज्जैन रहेगा। एसी प्रथम श्रेणी, एसी 2-टियर व एसी-3 टियर कोच ट्रेन में रहेंगे। सोमवार से इसकी बुकिंग सभी पीआरएस काउंटरों एवं आईआरसीटीसी वेबसाइट पर शुरू होगी। बता दें कि इसका किराया अभी तक तय नहीं हुआ है।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के मुताबिक ट्रेन संख्या 09085 मुंबई सेंट्रल – इंदौर स्पेशल प्रत्येक सोमवार, बुधवार एवं शुक्रवार को मुंबई सेंट्रल से 11.20 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन एक बजे इंदौर पहुंचेगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 09086 इंदौर–मुंबई सेंट्रल स्पेशल प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार एवं शनिवार को इंदौर से शाम पांच बजे प्रस्थान करेगी तथा अगले दिन सुबह 7.10 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी।
ट्रेन दोनों दिशाओं में बोरिवली, वापी, सूरत, वडोदरा, दाहोद, रतलाम तथा उज्जैन स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में फर्स्ट एसी, एसी 2-टियर एवं एसी 3-टियर कोच होंगे। सोमवार से इसकी बुकिंग सभी पीआरएस काउंटरों एवं आईआरसीटीसी वेबसाइट पर शुरू होगी। बता दें कि इसका किराया अभी तक तय नहीं हुआ है।
कार में ‘भारत सरकार’ की प्लेट, अशोक चिन्ह और बाउंसर के साथ घूम रहे थे अधिकारी, पुलिस ने पकड़ा तो धरा रह गया भौकाल
मध्यप्रदेशमैहर जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिले के ताला थाना पुलिस ने चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह बदमाश नकली शासकीय अधिकारी बनकर लोगों को गुमराह कर रहे थे। आरोपी दो अलग-अलग अर्टिगा गाड़ियों में ‘भारत सरकार’ लिखा हुआ बोर्ड और अशोक स्तंभ का प्रतीक लगाकर क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे। खुद को शासन से आया हुआ अधिकारी बता रहे थे।
दरअसल, 18 जुलाई को मुकुन्दपुर निवासी बिनितेश शुक्ला ने मुकुंदपुर पुलिस चौकी सूचना दी। उसने बताया कि 17 जुलाई की दोपहर से दो कारें (MP04 EC 1744) और (MP17 ZM9315) गांव में आई। इसमें बैठे 5 से 6 लोग खुद को सरकारी अधिकारी बता रहे हैं।
भारत सरकार की प्लेट और अशोकस्तंभ
शातिर बदमाशों की पहली गाड़ी पर ‘भारत सरकार‘ का बोर्ड और अशोक स्तंभ का चिह्न भी लगा हुआ था। साथ ही, उनके साथ दो तथाकथित गार्ड भी थे। ग्रामीणों को शक हुआ कि ये असली अधिकारी नहीं हैं। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दे दी।
पुलिस ने वाहन चेकिंग लगाकर धर दबोचा
सूचना मिलते ही मुकुन्दपुर चौकी प्रभारी एसआई नागेश्वर प्रसाद मिश्रा ने सीनियर अधिकारियों को सूचित कर तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। कस्बे में वाहन चेकिंग शुरू की गई और दोनों संदिग्ध वाहनों को रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान सभी युवक फर्जी पाए गए है। इनके पास कोई भी वैध दस्तावेज नहीं था, जिससे वे अपने शासकीय पद का प्रमाण दे सकें।
सलाखों के पीछे पहुंचते ही धरा रह गया भौकाल
पुलिस ने 4 आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज गिरफ्तार किया। इनकी पहचान मो इमरान खान (मैहर), मो फईम अंसारी (दिल्ली), मो असलम (उत्तर पूर्व दिल्ली), शुभम तिवारी (रीवा) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियो के कब्जे से भारत सरकार और अशोक चिन्ह लगी दो सफेद रंग की अर्टिगा कारें बरामद की है। आगे की जांच जारी है।
‘बप्पा’ को पहनाया जाएगा 5 किलो सोने का मुकुट, गणेश चतुर्थी को लेकर इंदौर में तैयारी तेज
इंदौर शहर के विश्व प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में गणेश चतुर्थी पर भव्य आयोजन की तैयारी जोरों पर है। मंदिर प्रबंधन गणेश जी के लिए विशेष तौर पर 5 किलो सोने का आकर्षक मुकुट बनवा रहा है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह मुकुट मंदिर प्रबंध समिति के निर्देश पर तैयार हो रहा है और इसका निर्माण इंदौर के ही शिल्पकार कर रहे हैं।
मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित अशोक भट्ट ने बताया कि बप्पा के लिए फिलहाल चांदी का मुकुट डेमो के तौर पर बनाया जा रहा है। चांदी के मुकुट के फाइनल होने के बाद गणेश जी को 5 किलो वजनी स्वर्ण मुकुट धारण कराया जाएगा। वर्तमान में जो सोने का मुकुट गणेश जी को पहनाया जाता है, वह काफी पुराना हो चुका है। उसका वजन भी कम है और वह अब कमजोर पड़ने लगा है।
भक्तों के दान से बन रहा मुकुट
मंदिर समिति के अध्यक्ष और इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह की अध्यक्षता में हुई पिछली बैठक में नए स्वर्ण मुकुट और गर्भगृह के सौंदर्यीकरण के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। भक्तों द्वारा दान में दिए गए सोने और अतिरिक्त खरीदी से यह नया मुकुट तैयार कराया जा रहा है। अभी मंदिर प्रशासन के पास लगभग 6 किलो सोने के आभूषण हैं।
गर्भगृह की चांदी भी बदलेगी
इसी के साथ गर्भगृह और सिंहासन पर वर्षों पहले लगाई गई चांदी भी अब बदली जा रही है। मंदिर के पुजारी पंडित धर्मेंद्र भट्ट ने बताया कि पूर्व में कलेक्टर आकाश त्रिपाठी के प्रयासों से भक्तों के दान से गर्भगृह की दीवारों और मुख्य द्वार के बाहर चांदी लगवाई गई थी। उस समय बड़ी संख्या में भक्तों ने चांदी के गहने और वस्तुएं दान की थीं।
गणेश चतुर्थी पर होगा भव्य नजारा
समय के साथ यह चांदी पीली पड़ गई थी, इसलिए अब इसे भी बदला जा रहा है। शुक्रवार से इसके बदलाव का काम शुरू हो चुका है। मंदिर के प्रशासक और निगमायुक्त शिवम वर्मा ने पूजा अर्चना कर काम की शुरुआत करवाई। माना जा रहा है कि इस गणेश चतुर्थी पर खजराना गणेश मंदिर पहले से कहीं ज्यादा भव्य और आकर्षक नजर आएगा।
दो जिलों में पुलिस की गुंडई: युवक को मर्सिडीज से घसीटा, भोपाल में पीटा; युवतियों से ASI बोला- तेरे जैसी कई आईं
मध्य प्रदेश पुलिस सिर्फ अपराधियों और गुंडों को पकड़ने का ही काम नहीं करती है। कभी-कभी पुलिस के अफसर खुद गुंडे बन जाते हैं, फिर ये यह भी नहीं सोचते कि क्या कर रहे हैं। प्रदेश के ग्वालियर जिले और राजधानी भोपाल से कुछ ऐसे ही वीडियो सामने आई हैं। जिन्हें देखकर यह नहीं कहा जा सकता है कि इस तरह खुलेआम गुंडई करने वाले मप्र पुलिस के एएसआई हैं। एक तरफ ग्वालियर में एएसआई ने युवक को अपनी मर्सिडीज कार के बोनट पर लटकाकर घसीटा। वहीं, दूसरी तरफ भोपाल में एक एएसआई ने मामूली बात पर युवक के साथ मारपीट की। उसके पेट में मुक्का मार दिया। साथ ही लड़कियों के साथ गाली-गलौज की। आइए, विस्तार से जानते हैं दोनों मामले…।

ग्वालियर में क्या हुआ? जानें पूरा मामला
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा ग्वालियर पुलिस का वीडियो जिले के यूनिवर्सिटी थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर (एएसआई) प्रशांत शर्मा का है। गुरुवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के दौरे के दौरान पटेल नगर में जाम लग गया था। इस दौरान होटल बेल्व्यू के बाहर अंकित जादौन की कार खड़ी थी। सब इंस्पेक्टर प्रशांत शर्मा ने कार हटाने के लिए कहा, लेकिन कुछ देर तक कोई नहीं आया। आरोप है कि इससे नाराज होकर एएसआई शर्मा ने कार का कांच फोड़ दिया। इस दौरान अंकित वहां आ गया, उसने कार का कांच तोड़ने का विरोध किया तो एएसआई ने अपनी मर्सिडीज में बैठ गए और स्टार्ट कर दी। लेकिन, अंकित कार के आगे आकर खड़ा हो गया। इसके बाद एएसआई ने अपनी गाड़ी आगे बढ़ा दी और अंकित को बोनट पर लटकाकर करीब 500 मीटर तक घसीटा। इस दौरान अंकित के दोस्त और परिचित कार के पीछे दौड़ते रहे। हालांकि, घटना का सीसीटीवी वायरल होन के बाद मामला गरमा गया। डीजीपी कैलाश मकवाना ने मामले पर संज्ञान लेते हुए प्रशांत शर्मा को लाइन हाजिर कर दिया गया। आईजी अरविंद सक्सेना ने भी माना कि प्रथम दृष्टया एएसआई की गलती है। किसी के साथ सार्वजनिक स्थान पर इस तरह का व्यवहार अनुचित है। उन पर तत्काल कार्रवाई की गई है।

भोपाल: ASI ने युवक को मारा मुक्का, युवतियों को दी गालियां
दूसरा मामला राजधानी भोपाल के बागसेवनिया थाने में पदस्थ एएसआई बृजेश मिश्रा से जुड़ा है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एएसआई मिश्रा युवक को मुक्का मारते नजर आ रहे हैं। साथ ही युवक के साथ मौजूद युवतियों को भद्दी गालियां देते हुए और एक युवती को मुक्का भी मार देते हैं। हैरानी की बात यह है कि ये सब सिर्फ एक मामूली बात पर हुआ। बताया जा रहा है कि एक युवक और तीन युवतियां के साथ दुकान पर चाय पीने आया था। इस दौरान युवक का पैर एएसआई बृजेश मिश्रा से हल्का सा टच हो गया। इसी बात पर वह भड़क गए और युवक को पड़क लिया। युवक ने छूटने का प्रयास किया तो एएसआई मिश्रा ने उसके पेट में मुक्का मार दिया। बीच-बचाव के लिए युवतियां आईं तो एएसआई मिश्रा ने उनसे भी झूमाझटकी की। साथ ही गंदी-गंदी गालियां देकर उन्हें थाने में बंद करने की धमकी तक दे डालीं। वायरल वीडियो में एएसआई मिश्रा युवतियों से यह भी कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि तेरे जैसी कई आईं हैं। हालांकि, इस मामले में एएसआई मिश्रा के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।





