कोलकाता
पश्चिम बंगाल में ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव के वोटों की गिनती बुधवार को दूसरे दिन भी जारी है। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, TMC ग्राम पंचायत की 34,359 सीटें जीत चुकी है। 752 सीटों पर आगे चल रही है।
वहीं भाजपा 9,545 सीटों पर जीत के साथ दूसरे नंबर पर है और 180 सीटों पर आगे चल रही है। 8 और 9 जुलाई को कुल 63,229 ग्राम पंचायत सीटों के लिए चुनाव हुए थे। यह आंकड़े शाम 5:30 बजे तक के हैं। अभी तक फाइनल रिजल्ट नहीं आया है।
इस बीच राज्य में चुनावी हिंसा का दौर थम नहीं रहा है। बुधवार को TMC पर कांग्रेस कार्यकर्त्ता राजेश शेख की हत्या का आरोप लगा। वहीं, बम हमले में TMC कार्यकर्ता असिक आलम घायल हो गया।CM ममता बनर्जी ने चुनाव के दौरान हुई हिंसा में मारे गए 19 लोगों के परिजनों को 2 लाख रुपए के मुआवजे की घोसणा की है। साथ ही सरकारी नौकरी देने का वादा किया है।
ममता ने पूछा- मणिपुर हिंसा पर BJP ने फैक्ट फाइंडिंग टीम क्यों नहीं बनाई?
ममता ने BJP की बनाई गई फैक्ट फाइंडिंग कमेटी पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि 2 महीने से मणिपुर जल रहा है। तब यह कमेटी कहां गायब रहती है? जब असम NRC को लेकर जल रहा था ये टीम कहां थी? रेसलर अपने ऊपर हुए अत्याचार को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, तब यह कमेटी क्यों नहीं दिखाई दी? दरअसल, 10 जुलाई को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बंगाल में हुई हिंसा की जांच करने के लिए चार सदस्यीय फैक्ट फाइंडिंग कमेटी गठित की थी।
24 घंटे में दो इलाकों में हिंसा
बीती रात साउथ 24 परगना के दो इलाकों में हिंसा की घटनाएं हुईं। इनमें 3 लोग मारे गए और SP घायल हो गए। पहली घटना भांगर में हुई, जहां ISF और TMC के कार्यकर्ता भिड़ गए। यहां ISF के दो लोग मारे गए। परिवार का आरोप है कि हमलावर पुलिस की वर्दी में आए थे और उन्होंने ISF के कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की।
दूसरी घटना यहां से 60-70 किमी दूर रायदिघी में हुई। यहां पर भाजपा और TMC की भिड़ंत हुई, जिसमें TMC का एक कार्यकर्ता मारा गया। इस तरह अब तक चुनावी हिंसा में राज्य में 42 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं।

भांगर में मारा गया एक ISF कार्यकर्ता (बाएं) और रायदिघी में मारा गया TMC कार्यकर्ता।
TMC ने आरोप लगाया है कि बंगाल के लोगों का दिल जीतने में फेल रही भाजपा बदले की कार्रवाई पर उतर आई है। पूर्व मेदिनीपुर के खेजुरी में, हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर भाजपा के गुंडों ने हमला किया गया। विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने चुनाव से पहले बंगाल के लोगों की सेवा करने का दावा किया था लेकिन वह अब हिंसा भड़का रहे हैं।
TMC ने जीतीं 34 हजार सीटें
TMC ने ग्राम पंचायत की 34,359 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि 752 सीटों पर आगे है। वहीं, पंचायत समिति की 6,134 जीती है, जबकि 61 सीटों पर आगे चल रही है। इसके साथ ही चुनावों में TMC की जीत तय हो गई है।
भाजपा ने ग्राम पंचायत की अब तक 9,545 सीटें जीती हैं और 180 सीटों पर आगे है। पंचायत समिति की 939 सीटें जीती हैं और 149 सीटों पर आगे चल रही है।
ग्राम पंचायत में कांग्रेस 2,498 सीटें, CPI(M) 2,885 सीटें, जबकि अन्य पार्टियां 2,381 सीटें ही जीत पाई हैं। जबकि पंचायत समिति में कांग्रेस ने 244 सीटें, CPI(M) ने 165 सीटें जीती हैं।
आंशिक नतीजों में बढ़ते मिलते ही TMC कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। TMC समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस निकाला। महिलाओं ने एक-दूसरे को हरे रंग का गुलाल लगाकर खुशी मनाई। दूसरी तरफ, बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांता मजूमदार ने नतीजों में गड़बड़ी का आरोप लगाया।
पहले दिन के नतीजे आने के बाद की तस्वीरें…

उत्तरी 24 परगना के बूथ पर TMC उम्मीदवार की जीत का जश्न मनाते समर्थक।

हावड़ा में TMC समर्थक महिलाओं ने एक-दूसरे को हरा गुलाल लगाया।

मालदा में ग्राम पंचायत सीटों पर भाजपा की बढ़त का जश्न मनाते कार्यकर्ता।
रविशंकर प्रसाद बोले- ममता की राजनीति वाम दलों से बदतर
भाजपा की फैक्ट फाइंडिंग टीम के प्रमुख रविशंकर प्रसाद ने बुधवार को कहा कि ममता बनर्जी की राजनीति वाम दलों से भी बदतर हो गई है। राज्य में हर चुनाव के दौरान कोर्ट को हस्तक्षेप करना पड़ता है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश के पंचायत चुनावों में जीत दर्ज की थी, लेकिन तब राज्य में हिंसा के मामले नहीं देखे गए। बंगाल में ऐसे मामले क्यों होते हैं?
उन्होंने कहा कि मैं राहुल गांधी से भी पूछना चाहूंगा कि बंगाल में उनके पार्टी कार्यकर्ता हिंसा का शिकार हो रहे हैं, फिर भी वे चुप क्यों हैं? चुनावों के दौरान 48 लोगों की हत्या होना लोकतंत्र के लिए शर्मनाक है। मैं उम्मीद करता हूं कि ममता बनर्जी हमारे चार सांसदों को हिंसा-प्रभावित इलाकों का दौरा करने देंगी।

पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष सुकांता मजूमदार दक्षिण दिनाजपुर में मतगणना केंद्र के बाहर धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि हमारे उम्मीदवार के जीतने के बाद भी नतीजे गलत दिखाए जा रहे हैं। चुनाव अधिकारी TMC के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं।
8 जुलाई को हुआ था पंचायत चुनाव
पश्चिम बंगाल की 73,887 ग्राम पंचायत सीटों में से 64,874 पर 8 जुलाई को मतदान हुआ था। बाकी 9,013 सीटों पर उम्मीदवारों को निर्विरोध चुन लिया गया था। निर्विरोध चुने जाने वाले उम्मीदवारों में सबसे ज्यादा 8,874 तृणमूल कांग्रेस से हैं।
चुनाव के दौरान कई बूथों पर हिंसा और बूथ कैप्चरिंग की घटनाएं दर्ज हुई। इसके बावजूद 80.71% मतदान हुआ। शिकायतों के बाद चुनाव आयोग ने सोमवार (10 जुलाई) को 19 जिलों के 697 बूथों पर दोबारा वोटिंग करवाई। वोटिंग 69.85% हुई और हिंसा की कोई बड़ी घटना नहीं हुई।
कहां कौन आगे…
1. ग्राम पंचायत: सीटें- 63229
| पार्टी | आगे | जीते | कुल |
| TMC | 752 | 34359 | 35111 |
| भाजपा | 180 | 9545 | 9725 |
| CPM | 96 | 2885 | 2981 |
| कांग्रेस | 72 | 2498 | 2570 |
| अन्य | 127 | 2381 | 2508 |
2. पंचायत समिति: सीटें- 9730
| पार्टी | आगे | जीते | कुल |
| TMC | 493 | 2155 | 2648 |
| भाजपा | 113 | 214 | 327 |
| CPM | 48 | 47 | 95 |
| कांग्रेस | 23 | 38 | 61 |
| अन्य | 1 | 0 | 1 |
3. जिला परिषद: सीटें- 928
| पार्टी | आगे | जीते | कुल |
| TMC | 201 | 554 | 755 |
| भाजपा | 7 | 19 | 26 |
| CPM | 5 | 0 | 5 |
| कांग्रेस | 1 | 0 | 1 |
| अन्य | 0 | 0 | 0 |





