आज के बड़े इवेंट
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मालदीव के दौरे पर हैं। आज पीएम मोदी मालदीव के स्वतंत्रता दिवस समारोह में शिरकत करेंगे। प्रधानमंत्री मालदीव के नेशनल डे इवेंट में चीफ गेस्ट होंगे।
- कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज गुजरात के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान कांग्रेस नेता पार्टी के जिलाध्यक्षों से मुलाकात करेंगे।
- हरियाणा में आज CET परीक्षा को लेकर खास तैयारी की है। आज सभी स्कूल बंद रहेंगे।
आज की समाचार सुर्खियां
- भारत, मालदीव व्यापक आर्थिक और समुद्री सुरक्षा साझेदारी का जायजा लेंगे
- विपक्ष के हंगामे के बाद संसद के दोनों सदन स्थगित
- प्रधानमंत्री मोदी: भारत-ब्रिटेन व्यापार समझौता किसानों, कारीगरों और छोटे व्यवसायों को सशक्त बनाएगा
- द्रास के लामोचन व्यू पॉइंट पर कारगिल विजय दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया
- जल शक्ति मंत्री ने गंगा के पर्यावरणीय प्रवाह को बढ़ाने के लिए समग्र कार्य योजना बनाने का आह्वान किया
- राजस्थान के झालावाड़ में स्कूल हादसे में इमारत गिरने से 5 लोगों की मौत, 20 घायल
- भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौता नए अवसरों के द्वार खोलेगा: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस
- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि पहली बार, विकासशील कृषि संकल्प अभियान के तहत दो हजार से अधिक वैज्ञानिकों की एक टीम ने 7,900 से अधिक गांवों का दौरा किया
- DRDO ने आंध्र प्रदेश में ड्रोन से प्रक्षेपित की जाने वाली सटीक निर्देशित मिसाइल का सफल परीक्षण किया
- भारतीय बंदरगाहों ने जहाजों के लौटने का समय 4 दिनों से घटाकर 1 दिन से भी कम कर दिया: केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल.
यूपी में रात से लगातार बरस रहे बादल, दिल्ली में हाल बेहाल; मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी
देश के विभिन्न हिस्सों में जमकर बारिश हो रही है। वहीं, बारिश के बाद लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। यूपी और दिल्ली के कई इलाकों में रात से भारी बारिश हो रही है। दिल्ली के कई इलाकों जलभराव की स्थिति देखी जा सकती है लोगों के घरों में पानी भर गया है। दिल्ली में आज भी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो सप्ताह भर तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा।


इन राज्यों में हो रही बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान, तटीय कर्नाटक, केरल और विदर्भ में भारी बारिश हुई। ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश, कोंकण और गोवा व गंगीय पश्चिम बंगाल में मध्यम से भारी वर्षा दर्ज की गई। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पश्चिम मध्य प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा, तमिलनाडु और जम्मू-कश्मीर में हल्की बारिश दर्ज की गई।
आज इन राज्यों में होगी बारिश
आज बिहार, सब-हिमालयन पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में हल्की वर्षा हो सकती है। अगले 24 घंटे के दौरान, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना के कुछ हिस्से, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, केरल और दक्षिण गुजरात में भारी बारिश होने की संभावना है।
मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी, लोगों को घर में रहने की सलाह
मुंबई और आसपास के जिलों में बीते 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। बाढ़ जैसे हालात को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों को बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है। लोगों से सतर्कता से वाहन चलाने की अपील की गई है। नगर निगम और आपातकालीन सेवाएं अलर्ट पर हैं।
बारिश का आरेंज अलर्ट जारी
बारिश के कारण कुछ इलाकों में जलभराव भी हुआ, जिसके कारण कुछ स्थानों पर ट्रैफिक जाम रहा। ट्रैक पर जलभराव एवं कम दृश्यता के कारण कुछ लोक ट्रेनों की आवाजाही पर भी असर पड़ा है। शनिवार को भी मुंबई में बारिश का आरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
पहली बार मुंबई में तेज बारिश देखने को मिल मिली
मानसून की इस बरसात में पहली बार मुंबई में तेज बारिश देखने को मिल रही है। गुरुवार से ही शुरू हुए बरसात के दौर ने इस मानसून में कुल वर्षा का औसत कुछ बढ़ाया है। लेकिन पिछले वर्ष 25 जुलाई की तुलना में यह अभी भी आधा ही है।
527 सैनिक शहीद, 1363 जवान घायल, 10000 फीट से अधिक की ऊंचाई पर जंग…कारगिल विजय की कहानी
कारगिल की बर्फीली चोटियों पर लगभग दो महीने तक चली लड़ाई के बाद, जिसमें तोलोलिंग और टाइगर हिल जैसे अत्यधिक ऊंचाई वाले स्थान भी शामिल थे, भारतीय सेना ने विजय की घोषणा की।

कारगिल की बर्फीली चोटियों पर लगभग दो महीने तक चली लड़ाई के बाद, जिसमें तोलोलिंग और टाइगर हिल जैसे अत्यधिक ऊंचाई वाले स्थान भी शामिल थे, भारतीय सेना ने विजय की घोषणा की। हर साल 26 जुलाई को भारत में कारगिल विजय दिवस उन सैनिकों के सम्मान में मनाया जाता है, जिन्होंने कारगिल युद्ध में अपने प्राणों की आहुति दी थी।
इन वीर जवानों को देश भूल नहीं सकता
कैप्टन मनोज कुमार पांडे, कैप्टन विक्रम बत्रा, कैप्टन अमोल कालिया, लेफ्टिनेंट बलवान सिंह से लेकर ग्रेनेडियर योगेंद्र सिंह यादव और नायक दिगेंद्र कुमार समेत कई वीर कारगिल के ऐसे ‘हीरो’ थे, जिन्हें देश भूल नहीं सकता है। यह युद्ध मई से जुलाई 1999 तक चला था। 10 हजार फीट से अधिक की ऊंचाई पर स्थित, बटालिक, कारगिल, लेह और बाल्टिस्तान के बीच अपनी रणनीतिक स्थिति के कारण कारगिल युद्ध का केंद्र बिंदु था।
कारगिल युद्ध पाकिस्तान की साजिश
कारगिल युद्ध के दौरान बटालिक मुख्य युद्ध क्षेत्रों में से एक था। दुश्मन से लड़ने के अलावा, सैनिकों को दुर्गम इलाकों और ऊंचाई पर भी संघर्ष करना पड़ा। भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन विजय’ के तहत पाकिस्तानी घुसपैठियों से कारगिल की रणनीतिक ऊंचाइयों को हासिल किया था। पाकिस्तान जम्मू कश्मीर को भारत से अलग करने की कोशिश दशकों से करता रहा है। कुछ इसी तरह 1990 के दशक में पाकिस्तान ने आतंकियों का सहारा लेते हुए जम्मू कश्मीर को तोड़ने की कोशिश की। कुछ साल बाद 1999 का कारगिल युद्ध पाकिस्तान की इन्हीं साजिशों का एक हिस्सा था, जिसमें भारत के जांबाजों ने उसके इरादों को विफल किया।
संघर्ष की शुरुआत पाकिस्तानी सैनिकों की घुसपैठ से हुई। ‘ऑपरेशन बद्र’ के तहत पाकिस्तान ने कारगिल क्षेत्र में नियंत्रण रेखा के पार अपने सैनिकों और आतंकवादियों को गुप्त रूप से भेजा। भारतीय सेना ने मई 1999 के पहले हफ्ते में ही घुसपैठ का पता चला।
द्रास, मुश्कोह और काकसर सेक्टरों में घुसपैठ
कैप्टन सौरभ कालिया सहित 5 भारतीय गश्ती सैनिकों को पाकिस्तानी सेना ने पकड़ लिया और उन्हें बेरहमी से प्रताड़ित करके मार दिया था, जिसका खुलासा ऑटोप्सी रिपोर्ट से हुआ था। 9 मई को पाकिस्तानियों ने भारी गोलाबारी शुरू कर दी। यह भारतीय सैनिकों को घेरने के लिए कवर फायर के रूप में था, ताकि घुसपैठिए नियंत्रण रेखा के साथ भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर सकें। द्रास, मुश्कोह और काकसर सेक्टरों में घुसपैठ हुई।
वायुसेना जब जंग में उतरी
भारतीय सेना मई के मध्य में कश्मीर घाटी से अपने सैनिकों को कारगिल सेक्टर में स्थानांतरित करती है। मई के आखिरी तरह भारतीय वायुसेना इस युद्ध में उतर गई। दोनों ओर से भीषण लड़ाई जारी रही। जून की शुरुआत में भारतीय सेना ने ऐसे दस्तावेज जारी किए, जिनसे पाकिस्तानी सेना की संलिप्तता की पुष्टि हुई और पाकिस्तानी सेना के इस दावे को खारिज कर दिया गया कि घुसपैठ कश्मीरी “स्वतंत्रता सेनानियों” द्वारा की गई थी।
भारतीय सेना का कई ठिकानों और चौकियों पर कब्जा
शुरुआत में भारतीय सेना को हैरानी भी हुई, लेकिन दृढ़ निश्चयी भारतीय सेना ने दूसरी तरफ से कई ठिकानों और चौकियों पर कब्जा कर लिया। सैनिकों ने पहाड़ी इलाकों, अत्यधिक ऊंचाई और कठोर ठंडे मौसम जैसी प्रतिकूल परिस्थितियों में बहादुरी से लड़ाई लड़ी। भीषण संघर्ष में 13 जून को तोलोलिंग की चोटी भारतीय सेना के कब्जे में आ चुकी थी। कारगिल युद्ध के दौरान यह पहली और एक महत्वपूर्ण जीत थी, जिसने युद्ध का रुख बदला। 4 जुलाई को भारतीय सेना ने 11 घंटे चली लड़ाई के बाद टाइगर हिल पर कब्जा कर लिया। अगले दिन, भारत ने द्रास पर कब्जा कर लिया। ये बड़ी सफलताएं थीं।
ऑपरेशन सफेद सागर…
इधर, फौज के साथ भारतीय वायुसेना संयुक्त ऑपरेशन चला रही थी, जिसका कोड नाम ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ था। इस ऑपरेशन ने कारगिल की बर्फीली चोटियों पर बैठे दुश्मनों के हौसले तोड़ दिए थे।
मालदीव की अपील पर भारत ने हेलीकॉप्टर-डोर्नियर जेट समझौता बढ़ाया, अकड़ के बाद गिड़गिड़ाए मुइज्जू
नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को मालदीव की यात्रा पर रवाना होने से पहले कहा कि वह राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू और राजनीतिक नेतृत्व के साथ अपनी बैठकों के लिए काफी ज्यादा उत्सुक हैं।

भारत ने मालदीव के साथ हेलीकॉप्टर और डोर्नियर समझौते को आगे बढ़ा दिया है। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने माले में हेलीकॉप्टर और डोर्नियर जेट के संचालन समझौते के नवीनीकरण की जानकारी दी है। राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू प्रशासन के अनुरोध पर इस समझौते को आगे बढ़ाया गया है। मिस्री ने बताया कि मालदीव में फिलहाल भारत के हेलीकॉप्टर और सैन्य विमान परिचालन में हैं। उन्होंने ये जानकारी पीएम नरेंद्र मोदी के मालदीव दौरे के बीच दी है।
मालदीव की मुइज्जू सरकार ने हेलीकॉप्टर और विमान का संचालन निलंबित किया था। बाद में उन्होंने भारत सरकार से इसे फिर से शुरू करने की गुहार लगाई। हालांकि मई में मुइज्जू सरकार ने हेलीकॉप्टर और विमान संचालन समझौते के नवीनीकरण के सवाल पर जवाब नहीं दिया था। अब भारत सरकार ने इस पर स्थिति साफ की है। मानवीय सहायता प्रदान करने के लिए तीन भारतीय सैन्य विमान मालदीव में हैं- एक हेलीकॉप्टर और दो डोर्नियर विमान।
भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि प्रशिक्षित कर्मियों की मदद से हेलीकॉप्टर और सैन्य विमान संचालित किए जा रहे हैं। हेलीकॉप्टर और विमान संचालित करने के लिए मालदीव में तैनात भारतीय वर्दीधारी सैनिकों की जगह एक भारतीय सैन्य कंपनी के कर्मियों को तैनात किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को दो दिवसीय यात्रा पर मालदीव पहुंचे हैं। मालदीव की राजधानी माले पहुंचने पर राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मालदीव के राष्ट्रपति के निमंत्रण पर ये दौरा कर रहे हैं।
गिरता मुनाफा, ट्रंप से तकरार… चौतरफा घिरे एलन मस्क के लिए क्या भारत बनेगा तारणहार?
एलन मस्क इन दिनों मुश्किलों के भंवर में फंसे हैं। इसके पीछे कई कारण हैं। उनकी कंपनी टेस्ला के परफॉर्मेंस में बहुत तेज गिरावट आई है।
एलन मस्क इन दिनों मुश्किलों के भंवर में फंसे हैं। इसके पीछे कई कारण हैं। उनकी कंपनी टेस्ला के परफॉर्मेंस में बहुत तेज गिरावट आई है। हाल ही में जारी दूसरी तिमाही के नतीजों ने कंपनी के लिए गंभीर वित्तीय संकट का संकेत दिया है। इसमें प्रॉफिट और रेवेन्यू में एक दशक से ज्यादा की सबसे बड़ी गिरावट आई है। कंपनी का शुद्ध लाभ 16% लुढ़ककर 1.17 अरब डॉलर रह गया है। वहीं,रेवेन्यू 12% घटकर 22.5 अरब डॉलर पर पहुंच चुका है। वाहन डिलीवरी में भी 13.5% की कमी आई है। यह ग्लोबल लेवल पर इलेक्ट्रिक वाहनों की कमजोर मांग को दर्शाता है। ऑटो बिक्री रेवेन्यू 16% और एनर्जी सेगमेंट 7% नीचे आया है। कुल मिलाकर हर तरफ गिरावट ही गिरावट है। मस्क को अब भारत से बड़ी उम्मीद है।
टेस्ला की बिक्री में गिरावट का बड़ा कारण सीईओ एलन मस्क की सक्रिय राजनीतिक भागीदारी है। डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के साथ उनके जुड़ाव और हाल ही में ट्रंप के साथ तनाव ने टेस्ला के ग्राहकों के बड़े हिस्से को नाराज किया है।
मार्केट एक्सपर्ट दीपनंजन चटर्जी ने टेस्ला के ब्रांड को ‘टॉक्सिक’ बताया है। यह मस्क के ध्रुवीकरण वाले व्यक्तित्व से अछूता नहीं है। इससे कुछ लंबे समय से वफादार ग्राहक भी अपनी निष्ठा पर दोबारा विचार कर रहे हैं। सार्वजनिक बहिष्कार और उपभोक्ता की बढ़ती सतर्कता ने ब्रांड की छवि को धूमिल किया है।
अमेरिकी नीतिगत बदलाव से चिंंता
अमेरिकी नीतिगत बदलाव और बढ़ती लागत एक और चिंता का विषय है। अमेरिका में महत्वपूर्ण 7,500 डॉलर के संघीय ईवी टैक्स क्रेडिट की समाप्ति से अमेरिकी बाजार में मांग प्रभावित होने की आशंका है। वहां टेस्ला की अभी भी लगभग आधी बिक्री होती है। इसके अलावा, चीनी बैटरी कम्पोनेंट, खासतौर से ग्रेफाइट पर लगाए गए टैरिफ के कारण लागत दबाव बढ़ गया है। इनकी कीमतों में 160% से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। रेगुलेटरी क्रेडिट नए कानूनों के तहत कम कर दिए गए हैं। इनसे ऐतिहासिक रूप से 2019 से टेस्ला को 10.6 अरब डॉलर का लाभ हुआ था। इससे प्रॉफिटेबिलिटी और कम हुई है। रेगुलेटरी क्रेडिट राजस्व में साल-दर-साल 50% की भारी गिरावट आई है।
विपक्ष को बड़ा झटका! जस्टिस वर्मा के खिलाफ महाभियोग का नोटिस हुआ रद्द
भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे इलाहाबाद हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा को हटाने के लिए विपक्ष द्वारा राज्यसभा में दिए गए महाभियोग नोटिस को त्रुटियों के कारण रद्द कर दिया गया है।

भ्रष्टाचार के एक संदिग्ध मामले में आरोप का सामना कर रहे इलाहाबाद हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा को न्यायाधीश के पद से हटाने के लिए विपक्ष ने राज्यसभा में महाभियोग के लिए नोटिस दिया था, जिसे तत्कालीन सभापति जगदीप धनखड़ ने स्वीकार भी कर लिया था। साथ ही महासचिव को जांच के लिए भी भेज दिया था। अब इस मामले में जानकारी सामने आ रही है कि नोटिस में कई त्रुटियां पायी गई हैं, जिससे उसे रद दिया गया है।
वहीं न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा को पद से हटाने के लिए सत्तापक्ष और विपक्ष द्वारा एक संयुक्त प्रस्ताव लोकसभा में लाया जाएगा। क्योंकि सूत्रों का कहना है कि विपक्षी दलों का नोटिस राज्यसभा में स्वीकार नहीं किया गया है। उच्च सदन को यह उसी दिन मिला था, जब सत्तापक्ष और विपक्ष का संयुक्त प्रस्ताव नोटिस 21 जुलाई को लोकसभा में सौंपा गया था। इसके साथ ही 63 विपक्षी दलों के राज्यसभा सदस्यों के द्वारा साइन किए गए नोटिस की अटकलों का दौर भी समाप्त हो गया है।
लोकसभा में पहले शुरू की जाएगी कार्यवाही
वहीं न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा को हटाने के लिए कार्यवाही पहले लोकसभा में शुरू की जाएगी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा पर जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन कर सकते हैं।
बता दें तत्कालीन सभापति ने नोटिस मिलने का जिक्र किया था। जिसके बाद उसी रात को उन्होंने अचानक उपराष्ट्रपति के पद से इस्तीफा सौंप दिया। जिसको लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है। हालांकि उन्होंने अपने इस्तीफे में स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया है।
पेश किया जाएगा संयुक्त प्रस्ताव
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने शुक्रवार को कहा कि न्यायपालिका में कथित भ्रष्टाचार के मामले में, एकजुट होकर आगे बढ़ने का सभी राजनीतिक दलों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा इस प्रस्ताव पर विचार करेगी, जिस पर सत्तारूढ़ गठबंधन (राजग) और विपक्ष के 152 सांसदों ने हस्ताक्षर किए हैं।
रीजीजू ने कहा कि सभी राजनीतिक दलों ने इस बात पर सहमति जताई कि न्यायमूर्ति वर्मा को हटाने का फैसला संयुक्त रूप से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह कार्यवाही लोकसभा में शुरू की जाएगी और फिर न्यायाधीश (जांच) अधिनियम के अनुसार राज्यसभा में पेश की जाएगी।
क्या है जस्टिस यशवंत वर्मा का मामला?
दिल्ली में जस्टिस वर्मा के आवास के बाहरी हिस्से में स्थित एक स्टोररूम में लगी आग में अधजली नोटों की गड्डियां बरामद हुई थीं। जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश ने तीन न्यायधीशों की एक कमेटी गठित की थी। जिसने उन्हें अभ्यारोपित किया था।
इस घटना के बाद, न्यायमूर्ति वर्मा का ट्रांसफर दिल्ली हाई कोर्ट से इलाहाबाद हाई कोर्ट में कर दिया गया। वहीं,जस्टिस यशवंत वर्मा ने इस्तीफा देने संबंधी तत्कालीन सीजेआई खन्ना के सुझाव को मानने से इनकार कर दिया, जिसके बाद तत्कालीन प्रधान न्यायाधीश ने समिति की रिपोर्ट राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को भेजकर उन्हें पद से हटाने की सिफारिश की। हालांकि, वर्मा ने खुद के निर्दोष होने का दावा किया है ।
प्रधानमंत्री मोदी बने दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता… ट्रंप बेहद पीछे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय लोकतांत्रिक नेता बने हैं। मॉर्निंग कंसल्ट के डेटा के अनुसार, उनकी अनुमोदन रेटिंग 75% है।

अमेरिका की बिजनेस इंटेलिजेंस कंपनी मॉर्निंग कंसल्ट के एक सर्वे के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के नेताओं में 75% अप्रूवल रेटिंग के साथ सबसे लोकप्रिय लोकतांत्रिक नेता हैं। यह डेटा 4 से 10 जुलाई 2025 के बीच सर्वे करके इकट्ठा किया गया। साउथ कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग 59% के साथ दूसरे स्थान पर हैं। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 45% से कम अप्रूवल के साथ आठवें स्थान पर हैं। पीएम मोदी ने भारत के प्रधानमंत्री के रूप में 4,078 दिन पूरे कर लिए हैं। वह जवाहरलाल नेहरू के बाद सबसे लंबे समय तक बने रहने वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं।
मॉर्निंग कंसल्ट के सर्वे का डेटा क्या कहता है?
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक मॉर्निंग कंसल्ट के सर्वे में भाग लेने वाले 75% लोगों ने PM मोदी को एक लोकतांत्रिक विश्व नेता के रूप में पसंद किया। 7% लोग कोई राय नहीं बना पाए, जबकि 18% लोगों ने उन्हें नापसंद किया। इस लिस्ट में दूसरे सबसे लोकप्रिय नेता साउथ कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग हैं। उन्हें 59% लोगों ने पसंद किया। 13% लोगों को उनके बारे में कोई जानकारी नहीं थी, जबकि 29% लोगों ने उन्हें नापसंद किया। म्युंग के लिए दूसरा स्थान हासिल करना एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने अभी एक महीना पहले ही साउथ कोरिया के राष्ट्रपति का पद संभाला है।
रेटिंग 4-10 जुलाई तक इकट्ठा किए गए डेटा पर आधारित
मॉर्निंग कंसल्ट ने कहा, लेटेस्ट अप्रूवल रेटिंग 4-10 जुलाई, 2025 तक इकट्ठा किए गए डेटा पर आधारित हैं। रेटिंग हर देश में वयस्कों के विचारों का सात दिन का सिंपल मूविंग एवरेज दिखाती हैं। अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई तीसरे स्थान पर हैं। उन्हें 57% वोट मिले। 6% लोगों ने कोई राय नहीं दी और 37% लोगों ने उन्हें नापसंद किया।
भिखारी पाकिस्तान को पास नहीं फटकने दे रहे IMF-वर्ल्ड बैंक, कर्ज चुकाते-चुकाते निकल जाएगा दम
पाकिस्तान की इकॉनमी कर्ज में डूबी हुई है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले साल देश ने 26 अरब डॉलर से अधिक का लोन लिया। इसमें अधिकांश रकम पुराने कर्ज का रोलओवर है। चीन और सऊदी अरब ने मोटे ब्याज पर पाकिस्तान को कर्ज दिया है।
पाकिस्तान की इकॉनमी गहरे संकट में है। देश का कर्ज लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले फाइनेंशियल ईयर में पाकिस्तान ने रेकॉर्ड 26.7 अरब डॉलर का विदेशी लोन लिया। इससे साफ है कि पाकिस्तान पूरी तरह से विदेशों से मिलने वाले कर्ज पर निर्भर है। इसमें से 50 फीसदी उधारी मौजूदा लोन की रिफाइनेंसिंग के कारण है। पाकिस्तान को आईएमएफ के अलावा सऊदी अरब, चीन, यूएई और कुवैत से लोन मिला है। लेकिन यह इतना महंगा है कि इसके चुकाते-चुकाते ही पाकिस्तान का दम निकल जाएगा।
जून के अंत में पाकिस्तान का विदेशी मुद्रा भंडार 14.5 अरब डॉलर था जिसमें ज्यादातर हिस्सा रिफाइनेंस किया गया लोन, रोलओवर और नए कर्ज का है। कुल लोन में से केवल 13 फीसदी यानी 3.4 अरब डॉलर ही प्रोजेक्ट फाइनेंसिंग के लिए आवंटित किए गए हैं। पाकिस्तान के सेंट्रल बैंक में सऊदी अरब ने करीब 5 अरब डॉलर का कैश जमा कर रखा है। इस पर ब्याज की दर चार फीसदी है। पाकिस्तान इस कर्ज को वापस नहीं कर पाता है, इसलिए साल दर साल इसे रोलओवर किया जाता है। इसी तरह आईएमएफ का लोन 12.7 अरब डॉलर पहुंच चुका है।
पाकिस्तान पर उसके सदाबहार दोस्त चीन का 4 अरब डॉलर कर्ज है। इस पर पाकिस्तान को 6 फीसदी ब्याज देना पड़ रहा है। पिछले फाइनेंशियल ईयर में चीन ने पाकिस्तान को 48.4 करोड़ डॉलर का गारंटीड लोन दिया था। यूएई ने पाकिस्तान के सेंट्रल बैंक में 3 अरब डॉलर जमा कर रखे हैं। एशियन डेवलपमेंट बैंक ने पाकिस्तान को 2.1 अरब डॉलर का नया लोन दिया है। यह 50 करोड़ डॉलर के बजट के इतर है। कुल मिलाकर कई सस्थाओं ने पाकिस्तान को 6.9 अरब डॉलर का कर्ज दे रखा है।
वर्ल्ड बैंक ने पाकिस्तान को 1.7 अरब डॉलर का लोन दिया है। इस्लामिक डेवलपमेंट बैंक ने पाकिस्तान को 716 मिलियन डॉलर का फंड दिया है जबकि सऊदी अरब ने ऑयल फाइनेंसिंग अरेंजमेंट के तहत 200 मिलियन डॉलर का फंड दिया है। लेकिन वह इस रकम पर 6 फीसदी ब्याज वसूल रहा है। खराब वित्तीय हालत के कारण पिछले साल पाकिस्तान इंटरनेशनल कैपिटल मार्केट्स को एक्सेस नहीं कर पाया था। उसकी यूरोबॉन्ड्स और पांडा बॉन्ड्स के जरिए एक अरब डॉलर जुटाने की योजना धरी रह गई।
फंडिंग गैप
फंडिंग गैप को पूरा करने के लिए पाकिस्तान को सरकार को विदेशों से महंगा लोन लेना पड़ रहा है। पाकिस्तान की क्रेडिट रेटिंग बहुत खराब है। यही वजह है कि ग्लोबल कैपिटल मार्केट उसे अपने पास भी नहीं फटकने दे रहा है। यही वजह है कि उसे कमर्शियल लोन और कैश डिपॉजिट पर भारी ब्याज देना पड़ रहा है। यही हाल रहा तो पाकिस्तान की इकॉनमी का गर्त में जाना तय है।
तीन विकेट लेकर भी टीम इंडिया बैकफुट पर
इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने भारत के खिलाफ चौथे टेस्ट के तीसरे दिन शानदार बल्लेबाजी की। इससे मेजबान टीम मैच में मजबूत स्थिति में पहुंच गई है। आखिरी सेशन में जरूर भारतीय गेंदबाजी ने वापसी की लेकिन इसके बाद ही इंग्लैंड की बढ़त पहली पारी में 186 रनों की हो चुकी है। तीसरे दिन स्टंप के समय तक इंग्लैंड ने 7 विकेट पर 544 रन बना लिए हैं। अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने 150 रनों की पारी खेली। स्टंप के समय बेन स्टोक्स के साथ लियाम डॉसन क्रीज पर टिके थे।

जो रूट ने टेस्ट करियर में अपना 38वां शतक लगाया। इसके साथ ही उन्होंने सबसे ज्यादा शतक लगाने की लिस्ट में कुमार संगकारा की बराबरी कर ली। रूट इस दौरान टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे स्थान पर पहुंच गये। उन्होंने भारत के दिग्गज राहुल द्रविड़ (13288), दक्षिण अफ्रीका के जैक कैलिस (13289) के साथ ही ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग (13378) से आगे निकल गए। 13409 रन बनाकर वह अब सिर्फ भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर (15921) से पीछे हैं।
भारतीय गेंदबाजों के लिए दिन का पहला सत्र पूरी तरह से निराशाजनक रहा। इस दौरान एक भी विकेट नहीं गिरा। ओली पोप और जो रूट ने अपनी-अपनी फिफ्टी पूरी की। लेकिन वॉशिंगटन सुंदर ने दूसरे सत्र की शुरुआत में ओली पोप (71) और हैरी ब्रूक (तीन) के विकेटों के साथ भारत को दो सफलता दिलाई। पोप को राहुल के हाथों कैच कराकर रूट के साथ तीसरे विकेट के लिए उनकी 144 रन की साझेदारी को तोड़ा। हैरी ब्रूक सुंदर के खिलाफ क्रीज से बाहर निकल कर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में स्टंप हो गए।
बेन स्टोक्स ने सीरीज में अपनी फिफ्टी लगाई। उन्होंने भी जो रूट के साथ शतकीय साझेदारी बनाई। हालांकि उन्हें भागने में परेशानी हो रही थी। इसकी वजह से 66 के स्कोर पर वह रिटायर्ड हर्ट हो गए। यहां से भारतीय टीम की वापसी का मौका मिला। रविंद्र जडेजा ने जो रूट को स्टंप करवाया तो जसप्रीत बुमराह ने जेमी स्मिथ (9) को आउट किया। क्रिस वोक्स को मोहम्मद सिराज ने बोल्ड किया। इसके बाद स्टोक्स फिर से बल्लेबाजी के लिए उतरे। स्टंप के समय स्टोक्स 77 जबकि डॉसन 21 रन बनाकर नाबाद थे।




