इंदौर
कोरोना काल में 2 दिन में पुलिस जवानों के लिए 16 बिस्तरों का अस्पताल तैयार करने वाले पुलिस अधिकारियों को अब अपने पुलिस जवानों के मकानों की चिंता सता रही है। 1 दिन की बारिश ने शहर के हालात बिगाड़ दिए थे, उसे देखते हुए पुलिस लाइन के अधिकारी अपने जवानों के जर्जर पड़े मकानों का सुधार कार्य करवाने निकल पड़े।
इंदौर पुलिस लाइन के आरआई जय तोमर ने सरकारी आवासों का निरीक्षण किया। पुलिसकर्मियों के कई मकानों के जर्जर छज्जों को सुधारने का निर्देश दिया। जवानों को बुलाकर उनकी समस्याएं भी पूछीं। इस दौरान आरआई ने जवानों से कहा, शहर में यदि तेज बारिश हुई या कोई घटना दुर्घटना हुई तो सबसे पहले रिजर्व फोर्स को ही उनकी सुरक्षा और बचाव कार्य में लगना है। इसलिए अपने घर की सुरक्षा पहले कर लें। नगर निगम तो शहर संभाल ही रहा है। हम अपने घरों को दुरुस्त कर लें।
समय-समय पर मरम्मत की जाती है
पुलिस लाइन में 440 मकान है, जो कई वर्षों पुराने हैं। समय-समय पर उनके रिपेयरिंग की जाती है, लेकिन बारिश से पहले एक बार मौका मुआयना करना काफी जरूरी है, क्योंकि पुलिसकर्मी 24 में से 8 घंटे से अधिक अपनी ड्यूटी पर रहते हैं। इस कारण से उनके परिवार की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस अधिकारियों पर ही है।
जय तोमर, आरआई, पुलिस लाइन, इंदौर





