जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले संविधान के अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने के बाद पहली बार कराए गए विधानसभा चुनाव में पूर्व मंत्रियों समेत कई चर्चित हस्तियों को हार का सामाना करना पड़ा है जबकि नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) 42 सीट के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है.
चुनाव हारने वाले प्रमुख नामों में पूर्व मंत्री एवं जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) के पूर्व अध्यक्ष वकार रसूल, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष रवींद्र रैना, पूर्व मंत्री और जेकेपीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला और पूर्व मंत्री अल्ताफ बुखारी, उस्मान मजीद, चौधरी लाल सिंह, मनोहर लाल शर्मा, चौधरी जुल्फिकार अली, हर्ष देव सिंह, गुलाम नबी लोन, गुलाम हसन मीर, चौधरी मोहम्मद रमजान और आसिया नकश शामिल हैं.
इन नेताओं को भी मिली हार
गुलाम मोहम्मद सरूरी, हकीम मोहम्मद यासीन, सज्जाद किचलू, नासिर असलम वानी, इमरान अंसारी, मुला राम, जहूर मीर, मोहम्मद अशरफ मीर, ताज मोहिउद्दीन, सैयद बशारत बुखारी और अब्दुल गफ्फार सोफी अन्य पूर्व मंत्री हैं जिन्हें इस चुनाव में मात मिली है. पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) नेता एवं पूर्व विधायक मोहम्मद सरताज मदनी और महबूब बेग, पार्टी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती, हुर्रियत नेता के बेटे आगा सैयद मुंतजिर मेहदी और त्राल से अवामी इत्तेहाद पार्टी के उम्मीदवार हरबख्श सिंह अन्य प्रमुख उम्मीदवार हैं जिन्हें जनता ने विधानसभा जाने से रोक दिया.
बीजेपी के ऐजाज अहमद और फकीर मोहम्मद खान चुनाव हार गए
अलगाववादी से मुख्यधारा की राजनीति में आए सज्जाद लोन हंदवाड़ा से जीत गए, लेकिन कुपवाड़ा सीट हार गए हैं. भाजपा के लाल चौक से उम्मीदवार ऐजाज अहमद और गुरेज (एसटी) से फकीर मोहम्मद खान भी चुनाव हार गए हैं. ऐजाज अहमद के पक्ष में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गुरेज (एसटी) से फकीर मोहम्मद खान के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रचार किया था. कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक अब्दुल रशीद डार भी सोपोर से हार गए हैं. उनके पक्ष में पार्टी के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रचार किया था.
जम्मू-कश्मीर में बीजेपी के प्रदर्शन पर गर्व- पीएम मोदी
जम्मू कश्मीर के नतीजों में साफ हो गया है कि प्रदेश में NC-कांग्रेस गठबंधन की सरकार बन रही है. पीएम मोदी ने नेशनल कॉन्फ्रेंस को जीत की बधाई भी दी. इस दौरान पीएम मोदी ने घाटी में बीजेपी के प्रदर्शन पर गर्व जताया. भाजपा ने जम्मू-कश्मीर में अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 90 में से 29 सीट पर जीत हासिल की है. इससे पहले साल 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य की 25 विधानसभा सीट जीतकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था.
लोगों के साथ-साथ बीजेपी कार्यकर्ताओं को पीएम मोदी ने दिया धन्यवाद
पीएम मोदी ने कहा कि मुझे जम्मू-कश्मीर में बीजेपी के प्रदर्शन पर गर्व है. मैं उन सभी को धन्यवाद देता हूं, जिन्होंने हमारी पार्टी को वोट दिया है और हम पर अपना विश्वास जताया है. मैं लोगों को भरोसा दिलाता हूं कि हम जम्मू-कश्मीर के कल्याण के लिए काम करते रहेंगे. उन्होंने पार्टी के शानदार प्रदर्शन के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं के परिश्रम की भी सराहना की. बता दें, अनुच्छेद 370 और 35(ए) को हटाने के बाद पहली बार चुनाव का आयोजन किया गया था. मतदान में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया. पीएम मोदी ने कहा कि यह लोकतंत्र में लोगों के विश्वास को दर्शाता है. मैं इसके लिए जम्मू-कश्मीर के एक-एक व्यक्ति को बहुत-बहुत बधाई देता हूं.
इससे पहले चुनाव के नतीजों के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लोगों का धन्यवाद किया था. शाह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि जम्मू कश्मीर में 80 के दशक से आतंकवाद के आने के बाद पहली बार जम्मू-कश्मीर की जनता ने इतना पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव देखा और बढ़-चढ़कर चुनाव में हिस्सा लिया. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को सबसे अधिक मत प्रतिशत मिली है. इसके लिए अमित शाह ने जनता का आभार जताया है. उन्होंने कहा कि कश्मीर घाटी में अब लोकतंत्र फिर से जीवित हुआ है. लोगों ने बिना दहशतगर्दी और आतंक के अपने प्रतिनिधि चुने हैं.
NC और कांग्रेस गठबंधन ने जीता चुनाव
बता दें, जम्मू कश्मीर चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस गठबंधन को बहुमत मिला है. चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस को 42 सीटें मिली हैं. वहीं कांग्रेस को 6 सीटें मिलीं. बीजेपी को 29 सीटें मिली है. सबसे ज्यादा नुकसान पीडीपी को उठाना पड़ा. उसे महज 3 सीटों से संतोष करना पड़ा है. जम्मू-कश्मीर पीपुल्स कॉन्फ्रेंस, सीपीआई (एम) और आम आदमी पार्टी ने एक-एक सीट जीती है. जबकि, निर्दलीयों ने सात सीटों पर जीत दर्ज की है. भाषा इनपुट के साथ





