इंदौर: कहते हैं शौक बड़ी चीज है, यदि कोई अपने शौक को काम में भी शामिल कर ले तो फिर सफलता मिलना तय है. इंदौर में ऐसे ही प्रयास की बदौलत महिला आरक्षक ट्रैफिक सोनाली सोनी के गाने सोशल मीडिया पर धूम मचा रहे हैं. दरअसल इंदौर पुलिस में सोनाली एकमात्र ऐसी ट्रेफिक कॉप हैं, जो अपने गानों के जरिए लोगों को शहर के व्यस्ततम चौराहों पर ट्रैफिक के पालन का संगीतमय संदेश देती हैं.
इंदौर की ट्रैफिक कांस्टेबल का अनोखा अंदाज
दरअसल, इंदौर के बिगडै़ल ट्रैफिक को संभालना और लोगों को ट्रैफिक सिग्नल के पालन की नसीहत देने पर लोग भले ध्यान न देते हों, लेकिन यदि लोगों को गाना गाकर ट्रैफिक के नियमों का संदेश दिया जाए, तो लोग एक बार जरूर ध्यान देंगे. इसी सूत्र वाक्य के साथ इंदौर के यातायात थाने में पदस्थ ट्रैफिक कांस्टेबल सोनाली सोनी ने बीते दिनों दो चौराहों पर गाना गाते हुए ट्रैफिक संभाला था. बस इसके बाद उनके यह दोनों वीडियो ऐसे वायरल हुए की सोनाली सोशल मीडिया पर खासी लोकप्रिय हो गई.
गिंग के जरिए ट्रैफिक ठीक करने का संदेश
अब स्थिति यह है कि सोनाली की शहर के कई चौराहों पर ट्रैफिक संभालने के लिए भारी डिमांड है. इतना ही नहीं कुछ ही दिनों में सोनाली के गानों का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है. लिहाजा अब वह ऐसी एकमात्र सिंगिंग कॉप है, जो अपने गाने गाते हुए लोगों को ट्रैफिक सुरक्षा का संदेश देती हैं. ईटीवी भारत से खास चर्चा में सोनाली बताती हैं कि “उसे शुरू से ही संगीत में रुचि रही है, लेकिन लोगों को हादसे से बचाने के लिए जब उन्हें रोको या टोको तो उसका खास असर नहीं पड़ता.
बॉलीवुड गानों में ट्रैफिक का तड़का
वहीं जागरूकता अभियान के दौरान ट्रैफिक सुरक्षा के लिए तैयार किए गए गानों को जब लोगों को सुनाया तो, उसका बड़ा असर पड़ा.” इतना ही नहीं जिस चौराहे पर सोनाली की ड्यूटी लगती है. वहां एक महिला आरक्षक को अपनी मधुर आवाज में गाना गाते हुए देखकर शहर के चलते हुए वाहन चालक रुक जाते हैं, जो अक्सर रेड लाइट जंपिंग करते हैं. इतना ही नहीं जितनी देर तक चौराहे पर रेड लाइट रहती है. उसी के हिसाब से सोनाली ने अपने गाने तैयार किए हैं. हर गाने की लाइन में ट्रैफिक सुरक्षा का कोई ना कोई संदेश दिया जाता है.





