इम्फाल। मणिपुर में जातीय संघर्ष की दूसरी बरसी से पहले एहतियात के तौर पर पूरे राज्य में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। मणिपुर में तीन मई 2023 से जातीय संघर्ष भड़क उठे थे। पुलिस ने असामाजिक तत्वों की आवाजाही पर नजर रखने के लिए इंफाल चुराचांदपुर और कांगपोकपी जिला मुख्यालयों में प्रमुख स्थानों पर तलाशी और वाहनों की जांच तेज कर दी है।इम्फाल घाटी में शनिवार को आम जनजीवन पूरी तरह से ठप रहा क्योंकि विभिन्न संगठनों ने 3 मई 2023 को भड़की जातीय हिंसा के दो साल पूरे होने पर ‘सिन्था लेप्पा’ का आह्वान किया, यानि दैनिक गतिविधियों का पूरी तरह बहिष्कार.
इंफाल के खुमान लांपक और उसके आसपास भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जहां ‘मणिपुर पीपुल्स कन्वेंशन’ होने वाला है। अधिकारियों ने बताया कि कंगला गेट के सामने केंद्रीय बलों को तैनात किया गया है। एक अधिकारी ने बताया, ‘राज्य में असामाजिक तत्वों की किसी भी अवांछित गतिविधि को रोकने के लिए एहतियाती उपाय के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ाया गया है, खासकर शनिवार को।’

शैक्षणिक और व्यापारिक संस्थान दिनभर बंद रहे. सार्वजनिक परिवहन सेवाएं भी ठप रहीं और सड़कों पर इक्का-दुक्का निजी वाहन ही नजर आए. किसी भी संभावित अशांति को देखते हुए राजधानी के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी. खुमान लमपाक स्टेडियम में ‘मणिपुर पीपुल्स कन्वेंशन’ आयोजित कर रही मणिपुर एकता समन्वय समिति ने जनता से अपील की थी कि वे अपनी रोजमर्रा की गतिविधियां रोक कर इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल हों.
यह आयोजन राज्य में जारी संकट पर चिंतन करने और हिंसा से प्रभावित लोगों को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से किया जा रहा है. दिनभर के कार्यक्रम के तहत, शाम को कांगला नोंगपोक थोंग में मोमबत्ती जलाकर उन लोगों को श्रद्धांजलि दी जाएगी, जिन्होंने इस हिंसा में अपनी जान गंवाई है.
चुराचांदपुर और कांगपोकपी जिलों में भी इसी तरह के हालात देखने को मिले, जहां जनजीवन बाधित रहा. अधिकारियों के अनुसार, इन जिलों में भी सभी शैक्षणिक और व्यापारिक संस्थान बंद रहे. ‘सिन्था लेप्पा’ के आह्वान को जनता की ओर से व्यापक समर्थन मिला है, जो यह दर्शाता है कि राज्य में दो साल पहले भड़की हिंसा के ज़ख्म आज भी लोगों के दिलों में ताजा हैं.
मेइती समुदाय के संगठन ‘मणिपुर अखंडता समन्वय समिति’ (सीओसीओएमआई) ने जनता से तीन मई को सभी गतिविधियां स्थगित कर सम्मेलन में भाग लेने का आह्वान किया है। स्वयंसेवकों ने सार्वजनिक संबोधन प्रणालियों का उपयोग कर नागरिकों को पिछले दो वर्षों में हुई हिंसा की याद दिलाई तथा राज्य की क्षेत्रीय और प्रशासनिक अखंडता के प्रति कथित खतरे को उजागर किया।
कुकी छात्र संगठन (केएसओ) और ज़ोमी छात्र संघ (जेडएसएफ) ने भी तीन मई को सभी कुकी बहुल क्षेत्रों में बंद का आह्वान किया है। एक संयुक्त बयान में छात्र संगठनों ने कहा, ‘तीन मई को जातीय हिंसा शुरू होने के दो वर्ष पूरे हो गए हैं। इस दिन सभी शैक्षणिक संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बंद रखा जाए।’
उन्होंने लोगों से शोक स्वरूप अपने घरों पर काले झंडे फहराने का भी आह्वान किया। मई 2023 से मेइती और आसपास के पहाड़ों पर रहने वाले कुकी-जो समूहों के बीच जातीय हिंसा में 260 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हो गए हैं। एक अलग घटनाक्रम में पुलिस अभियान में प्रतिबंधित संगठन ‘यूएनएलएफ’ (कोइरेंग गुट) के दो सक्रिय सदस्यों को इंफाल पश्चिम जिले के उत्तरी एओसी से गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान हुइड्रोम पिशाक (35) और हंगलेम थोइबा मेइती के रूप में की गई है। उनके पास से दो कारतूसों से भरी 9 एमएम की पिस्तौल बरामद की गई है।





