आज के बड़े इवेंट
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज से 21 जून तक देहरादून का दौरा करेंगी
- गुजरात, केरल, पश्चिम बंगाल और पंजाब में आज पांच सीटों पर होगा उपचुनाव
- एकनाथ शिंदे और उद्धव ठाकरे की शिवसेना आज अलग-अलग मनाएगी स्थापना दिवस
मालवाहक जहाजों की सुरक्षा और समुद्री उत्तरदायित्व से जुड़े एक अहम मामले में केरल हाईकोर्ट ने बुधवार को लाइबेरियाई जहाज एमएससी पोल द्वितीय की सशर्त गिरफ्तारी का आदेश दिया है। यह आदेश तब तक प्रभावी रहेगा जब तक इस मालवाहक जहाज की मूल कंपनी एमएससी मेडेटेरियन शिपिंग कार्पोरेशन एसए ₹73.49 लाख की सुरक्षा राशि जमा नहीं कर देती है। हाईकोर्ट का यह आदेश हाल में केरल तट पर एमएससी एल्सा-3 के डूबने के कारण माल की हानि के लिए समुद्री दावे से जुड़ा है। जस्टिस एमए अब्दुल हकीम ने यह आदेश केरल की काजू कंपनी सैंस कैश्यू इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की ओर से दायर याचिका पर दिया। कंपनी ने अपनी याचिका जिसमें आरोप लगाया गया था कि 24-25 मई के बीच एमएससी एल्सा 3 के डूबने के बाद उसके माल से भरे कंटेनर समुद्र में खो गए थे।
प्रो. प्रकाश सिंह हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल यूनिवर्सिटी के कुलपति बने
केंद्रीय विश्वविद्यालयों की विजिटर और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रोफेसर प्रकाश सिंह को हेमवती नंदन बहुणुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर प्रकाश सिंह अगले पांच साल तक के लिए कुलपति के पद पर कार्य करेंगे।
पश्चिम बंगाल में खेल ढांचे को मजबूत करने के लिए आठ खेल अकादमियां स्थापित: मंत्री अरूप विश्वास
पश्चिम बंगाल के खेल और युवा मामलों के मंत्री अरूप बिस्वास ने विधानसभा में जानकारी दी कि राज्य सरकार ने खेल ढांचे को मजबूत करने के लिए अब तक आठ खेल अकादमियां स्थापित की हैं। विधानसभा में प्रश्नोत्तर काल के दौरान उन्होंने बताया कि जलपाईगुड़ी में 27 एकड़ ज़मीन पर 50 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक खेल अकादमी तैयार की गई है।
खिलाड़ियों को राज्य का सहयोग
मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार 1,557 खिलाड़ियों को हर महीने वित्तीय सहायता देती है। इसके अलावा, 2026 संतोष ट्रॉफी जीतने वाली बंगाल टीम के 22 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। आरूप विश्वास ने कहा कि हमें प्रतिभा की पहचान के लिए स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) का सहयोग चाहिए। अगर केंद्र सरकार सहयोग नहीं करती, तो राज्य सरकार अपने दम पर यह काम करेगी।
28 वर्षीय सीए ने की आत्महत्या
हैदराबाद से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां एक 28 वर्षीय चार्टर्ड अकाउंटेंट ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है। पुलिस के अनुसार, उसने अपनी नौकरी में रुचि न होने के कारण यह कदम उठाया। घटना मंगलवार रात की है, जब उसने एक होटल के कमरे में हीलियम गैस कर अपनी जान दे दी। आत्महत्या से पहले लिखे गए पत्र में उसने बताया कि वह लंबे समय से आत्महत्या के विचारों से गुजर रहा था और चार्टर्ड अकाउंटेंसी का चयन करने के अपने निर्णय पर पछता रहा था। उसने स्पष्ट किया कि उसका यह कदम काम के दबाव के कारण नहीं था।
पेड़ से लटका मिला 17 वर्षीय लड़की का शव
ओडिशा के क्योंझर जिले में एक 17 वर्षीय लड़की का शव पेड़ से लटका मिला। लड़की के परिवार ने आरोप लगाया है कि उसकी हत्या के पहले सामूहिक बलात्कार किया गया था। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है और सामूहिक बलात्कार और हत्या का मामला दर्ज किया है।
लड़की सोमवार रात अपने घर से शौच के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं आई। अगले दिन सुबह उसका शव पेड़ से लटका मिला। घटनास्थल से खून से सने पुरुषों के कपड़े और अन्य वस्तुएं बरामद हुईं, जिससे परिवार को संदेह हुआ कि लड़की के साथ बलात्कार किया गया और उसकी हत्या की गई।
विराट कोहली की जगह नंबर 4 पर खेलेगा यह सूरमा
भारत के उप कप्तान ऋषभ पंत ने बुधवार को पुष्टि की है कि शुभमन गिल इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे जबकि वह कप्तान के बाद पांचवें नंबर पर खेलेंगे। विराट कोहली के संन्यास के बाद भारत को चौथे नंबर पर नया बल्लेबाज ढूंढना होगा और गिल अब इस महत्वपर्ण स्थान पर बल्लेबाजी करेंगे।
ऋषभ पंत का बड़ा खुलासा
पंत ने कहा, ‘मुझे लगता है कि अब भी इस बात पर चर्चा चल रही है कि तीसरे नंबर पर कौन खेलेगा। लेकिन चौथे और पांचवें नंबर पर निश्चित रूप से फैसला हो चुका है। मुझे लगता है कि शुभमन चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे और मैं पांचवें नंबर पर ही खेलूंगा और बाकी हम इस पर चर्चा करते रहेंगे।’
गिल के साथ कैसा है पंत का संबंध?
पंत ने कहा कि मैदान के अंदर और बाहर गिल के साथ उनके संबंध बहुत अच्छे हैं। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि मैदान के बाहर मेरा और शुभमन का रिश्ता बहुत अच्छा है। अगर आप मैदान के बाहर अच्छे दोस्त हैं तो यह रिश्ता आखिरकार मैदान पर भी कायम रहता है। इस बात पर मेरा हमेशा विश्वास रहा है।’
एंडरसन और ब्रॉड के न खेलने से राहत
इंग्लैंड भी अपने संन्यास ले चुके दिग्गज तेज गेंदबाजों जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड के बिना खेलेगा। पंत ने कहा कि इंग्लैंड की टीम में इस दिग्गज जोड़ी को नहीं देखकर राहत मिली लेकिन वह मौजूदा गेंदबाजी आक्रमण को कमतर आंकने के लिए तैयार नहीं हैं।
उन्होंने कहा, ‘निश्चित रूप से यह बहुत अच्छा लगता है, जब दोनों (एंडरसन और ब्रॉड) टीम में नहीं होते हैं। वे इतने वर्षों से इंग्लैंड के लिए खेल रहे हैं और मैं केवल दो दौरों (इंग्लैंड के खिलाफ) के लिए आया हूं। लेकिन साथ ही इंग्लैंड के गेंदबाजी आक्रमण में काफी क्षमता है।’ पंत ने कहा, ‘हम किसी को भी हल्के में नहीं लेना चाहते क्योंकि हमारी टीम भी युवा है। वे अब भी खुद को विकसित करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन साथ ही हमें अपनी क्रिकेट खेलनी होगी और जहां जरूरत हो गेंदबाजों और विपक्षी टीम का सम्मान करना होगा।’
ईरान में रिपोर्टिंग कर रहे लखनऊ के रवीश हमले में बाल-बाल बचे
इजरायल और ईरान के बीच तनाव बढ़ गया है। ईरान के एक मीडिया चैनल पर मिसाइल हमला हुआ। हमले के समय लखनऊ निवासी रिपोर्टर रवीश जैदी बाल-बाल बचे। लखनऊ में रवीश के पिता अमीर अब्बास जैदी ने बेटे की सलामती की दुआ की। उन्होंने कहा कि देश और कौम के लिए शहादत भी मंजूर है।

इजरायल और ईरान के बीच तनाव से मध्य पूर्व का माहौल गरमा गया है। दोनों ही देश एक-दूसरे पर मिसाइल और बम के हमले किए जा रहे हैं। ऐसी ही एक घटना ईरान के IRIB मीडिया चैनल के साथ देखने को मिली, जहां टीवी पर एंकर के लाइव न्यूज पढ़ने के दौरान ही मिसाइल कर गया। इस घटना से उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रह रहा एक परिवार परेशान हो गया। इसकी वजह यह है कि यहाँ के निवासी रवीश जैदी ईरान में रहकर उसी मीडिया संस्थान के लिए रिपोर्टिंग करते हैं।
न्यूज चैनल एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार रवीश जैदी के पिता अमीर अब्बास जैदी और बाकी परिवार के सदस्य लखनऊ में ही रहते हैं। जैदी खुद बीच-बीच में यहां आया-जाया करते हैं। पिता ने बेटे की सलामती की दुआ तो की ही लेकिन साथ ही यह भी कहा कि अगर ईरान में बेटे की शहादत हो जाए तो उन्हें खुशी होगी। उन्होंने कहा कि अपने देश (भारत) और कौम (मुस्लिम धर्म) के लिए शहादत भी मंजूर है।
ट्रंप को मिले नोबेल शांति पुरस्कार… पाक आर्मी चीफ जनरल मुनीर की मांग
पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्धविराम कराने में डोनाल्ड ट्रंप की भूमिका के लिए उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार देने की मांग की है। प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट किया कि भारत को किसी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता स्वीकार नहीं है। ट्रंप ने फिर दावा किया कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाया है।
पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार देने की मांग की है। उन्होंने यह पुरस्कार भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध विराम कराने में ट्रंप की भूमिका के लिए मांगा। हालांकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल में ही ट्रंप के साथ हुई बातचीत में दो-टूक लहजे में कहा कि भारत-पाकिस्तान संघर्ष विराम में अमेरिका की कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत किसी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता को कभी भी स्वीकार नहीं करेगा।
ट्रंप के साथ भोज के पहले आया बयान
मुनीर का यह बयान व्हाइट हाउस में डोनाल्ड ट्रंप के साथ लंच से पहले आया है। व्हाइट हाउस के कैबिनेट रूम में दोपहर एक बजे (स्थानीय समयानुसार) भोजन का कार्यक्रम है। मुनीर को यह निमंत्रण वाशिंगटन द्वारा किसी सेवारत पाकिस्तानी सेना प्रमुख को दिया गया एक दुर्लभ संकेत माना जा रहा है। अयूब खान, जिया उल-हक और परवेज मुशर्रफ जैसे पाकिस्तानी सेना प्रमुखों को इस तरह के निमंत्रण मिलने के कई उदाहरण हैं, लेकिन वे राष्ट्रपति के पद पर भी थे। पाकिस्तान इस भोज को अपनी कूटनीतिक जीत के रूप में प्रस्तुत कर रहा है।
व्हाइट हाउस की प्रवक्ता अन्ना केली ने कहा कि ट्रंप, मुनीर की मेजबानी करेंगे, क्योंकि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच परमाणु युद्ध को रोकने के लिए राष्ट्रपति को नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित करने का आह्वान किया है। मुनीर को पिछले महीने पाकिस्तान सरकार ने फील्ड मार्शल रैंक पर पदोन्नत किया था और 1959 में अयूब खान के बाद सेना के किसी अधिकारी को पहली बार यह दर्जा दिया गया है। खबर के मुताबिक, मुनीर ने अपनी अमेरिकी यात्रा के दौरान भारत से ‘‘क्षेत्रीय आधिपत्य थोपने का प्रयास’’ करने के बजाय पाकिस्तान के साथ ‘‘एक सभ्य राष्ट्र की तरह’’ व्यवहार करने का आग्रह किया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से फोन पर बातचीत करने के कुछ घंटे बाद ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को एक बार फिर दावा किया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाया है। ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत में मोदी को ‘एक शानदार व्यक्ति’ बताया और कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार समझौता होगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने बुधवार को कहा, ‘मैंने युद्ध रुकवाया है… मैं पाकिस्तान को पसंद करता हूं। मुझे लगता है कि मोदी एक शानदार इंसान हैं। मैंने कल रात उनसे बात की। हम भारत के मोदी के साथ व्यापार समझौता करने जा रहे हैं, लेकिन मैंने पाकिस्तान और भारत के बीच युद्ध रुकवा दिया है।’’
पेट्रोल पंपों पर टॉयलेट आम जनता के इस्तेमाल के लिए नहीं, बड़ा फैसला
केरल हाई कोर्ट ने कहा है कि पेट्रोल पंपों पर शौचालय आम जनता के उपयोग के लिए नहीं हैं। न्यायमूर्ति सी एस डायस ने पेट्रोल पंप मालिकों के एक समूह और एक पेट्रोलियम व्यापारियों के संगठन द्वारा दायर एक मामले के बाद यह फैसला सुनाया।
केरल हाई कोर्ट ने एक बड़ा फैसला सुनाया है। कोर्ट ने कहा है कि पेट्रोल पंप पर बने शौचालय आम लोगों के लिए नहीं हैं। जस्टिस सी एस डायस ने यह फैसला पेट्रोल पंप मालिकों और पेट्रोलियम व्यापारियों के एक संगठन की ओर से दायर एक मामले की सुनवाई करते हुए दिया। वे राज्य सरकार और स्थानीय निकायों की ओर से पेट्रोल पंपों पर बने शौचालयों को सार्वजनिक सुविधा कहे जाने से नाखुश थे। कोर्ट ने फिलहाल सरकार को इन शौचालयों को आम जनता के लिए खोलने के लिए दबाव डालने से मना कर दिया है। इस मामले की अगली सुनवाई 17 जुलाई को होगी।
कोर्ट को क्या बताया?
पेट्रोल पंप मालिकों ने कोर्ट को बताया कि ये शौचालय केवल उनके ग्राहकों के लिए हैं। ये शौचालय सिर्फ आपातकाल की स्थिति में इस्तेमाल के लिए हैं। वे नहीं चाहते कि हर कोई इनका मुफ्त में इस्तेमाल करे। कोर्ट ने उनकी बात से सहमति जताई। कोर्ट ने एक अंतरिम आदेश में राज्य सरकार और तिरुवनंतपुरम नगर निगम को निर्देश दिया कि वे पेट्रोल पंप मालिकों को अपने शौचालय आम जनता के लिए खुले रखने के लिए मजबूर न करें।
कोर्ट ने दिया आदेश
कोर्ट ने कहा कि पंप मालिक अपने ग्राहकों को ये सुविधा दे सकते हैं, लेकिन ये उनकी मर्जी पर निर्भर है। कोर्ट ने इस मामले में कहा कि सरकार पेट्रोल पंप मालिकों पर दबाव नहीं बना सकती। अब इस मामले की अगली सुनवाई 17 जुलाई को होगी। उस दिन कोर्ट इस मामले पर अंतिम फैसला सुना सकता है। तब तक पेट्रोल पंप मालिकों को अपने शौचालयों को आम जनता के लिए खुला रखने की कोई आवश्यकता नहीं है।
इजरायल-ईरान युद्ध के बीच ऑपरेशन सिंधु, 110 भारतीय छात्रों को निकाला
इजरायल- ईरान के बीच जंग बढ़ते देख भारत सरकार ने ऑपरेशन सिंधु शुरू किया है। इसके तहत युद्धग्रस्त ईरान में फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाला जा रहा है। भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और उन्हें वहां से सुरक्षित निकालने के अभियान के तहत 110 भारतीय छात्रों को सुरक्षित निकाला गया है।
इजरायल- ईरान के बीच जंग बढ़ते देख भारत सरकार ने ऑपरेशन सिंधु शुरू किया है। इसके तहत युद्धग्रस्त ईरान में फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाला जा रहा है। भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और उन्हें वहां से सुरक्षित निकालने के अभियान के तहत 110 भारतीय छात्रों को सुरक्षित निकाला गया है। मंगलवार यानी 17 जून को ईरान के उत्तरी हिस्से से 110 भारतीय छात्रों को सफलतापूर्वक निकाला गया। इन छात्रों को सड़क मार्ग से ईरान से अरमेनिया पहुंचाया गया जहां से वे अरमेनिया की राजधानी येरेवन गए।
भारतीय मिशन की निगरानी में प्रक्रिया
छात्रों को सुरक्षित निकालने की यह पूरी प्रक्रिया भारतीय मिशनों की निगरानी में हुई। बुधवार दोपहर 2 बजकर 55 मिनट पर ये छात्र एक विशेष विमान से भारत रवाना हुए। ये गुरुवार सुबह दिल्ली पहुंचेंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि ये ऑपरेशन सिंधु के प्रारंभिक चरण का हिस्सा है।
भारत सरकार ने ईरान और अरमेनिया सरकार का आभार व्यक्त किया है जिनके सहयोग से छात्रों को वहां से सुरक्षित निकाला गया। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत विदेशों में रह रहे अपने नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। मौजूदा अभियान के तहत ईरान में बढ़ते संघर्ष वाले इलाकों से भारतीयों को कम खतरनाक क्षेत्रों में पहुंचाया जा रहा है और आगे की निकासी के प्रयास जारी हैं।
सोनम ने संजय को 119 बार किया कॉल, राजा मर्डर केस में नया मोड़
मेघालय में हनीमून के दौरान इंदौर के 29 वर्षीय व्यवसायी राजा रघुवंशी की हत्या की जांच में एक नया नाम सामने आया है। जांच में पहले अज्ञात रहे संजय वर्मा की पहचान एक ऐसे व्यक्ति के रूप में हुई है, जिसका राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी से उनकी शादी से पहले और बाद में व्यापक टेलीफोन संपर्क था।
मेघालय में हनीमून के दौरान इंदौर के एक व्यापारी राजा रघुवंशी की हत्या के मामले में एक नया मोड़ आया है। पुलिस को राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी और संजय वर्मा नाम के एक व्यक्ति के बीच शादी से पहले और बाद में कई बार फोन पर बातचीत होने का पता चला है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। राजा की हत्या 23 मई को हुई थी। पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया है।
सोनम और संजय के बीच 119 बार फोन पर बातचीत
मेघालय पुलिस को मिले कॉल डेटा रिकॉर्ड के अनुसार, 1 मार्च से 25 मार्च के बीच सोनम और संजय के बीच 119 बार फोन पर बातचीत हुई। फिलहाल संजय वर्मा का मोबाइल नंबर बंद है। राजा रघुवंशी की 23 मई को मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स में वेई सावडोंग झरने के पास हमला करके हत्या कर दी गई थी और उनके शव को खाई में फेंक दिया गया था। उनका शव 10 दिन बाद बरामद हुआ था।
राजा रघुवंशी हत्याकांड में अब तक क्या हुआ?
– 11 मई: राजा और सोनम की शादी इंदौर में हुई।
– 21 मई: दंपति शिलांग पहुंचे और बालाजी गेस्ट हाउस में रुके।
– 22 मई: उन्होंने शिलांग के कीटिंग रोड से एक स्कूटी किराए पर ली और सोहरा घूमने गए।
– 23 मई: एक स्थानीय गाइड ने राजा और सोनम को नोंगिरियाट गांव के पास ट्रेकिंग करते हुए देखा। यह राजा को आखिरी बार जिंदा देखा गया था।
– 24 मई: स्कूटी सोहरारीम में लावारिस हालत में मिली।
– 2 जून: राजा का सड़ा हुआ शव वेई सावडोंग झरने के पास एक खाई में मिला।
– 7-8 जून: गिरफ्तारियां हुईं। सोनम ने बाद में उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में आत्मसमर्पण कर दिया।
हत्या के समय सोनम थी मौजूद
पुलिस के अनुसार, विशाल सिंह चौहान नाम के एक व्यक्ति ने राजा पर सबसे पहले ‘दाओ’ नामक एक स्थानीय हथियार से हमला किया था। विशाल उन तीन हमलावरों में से एक था जिन्हें इस अपराध के लिए भाड़े पर रखा गया था। बताया जा रहा है कि सोनम उस समय वहां मौजूद थी और जब उसके पति का खून बहना और चीखना शुरू हो गया तो वह घटनास्थल से भाग गई थी। वह तभी लौटी जब उसकी कई वार करके हत्या कर दी गई थी।
सोनम हत्या की मेन मास्टरमाइंड
कथित तौर पर तीनों हमलावरों- विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी को सोनम के कथित प्रेमी राज कुशवाहा ने सुपारी दी थी। राज कुशवाहा 20 साल का है और वह इंदौर में सोनम के परिवार के प्लाईवुड व्यवसाय में अकाउंटेंट के तौर पर काम करता है। पुलिस का मानना है कि सोनम ने न केवल हत्या की साजिश रची, बल्कि हमले का इशारा देकर और बाद में शव को ठिकाने लगाने में मदद करके उसमें भाग भी लिया।
हत्या की जगह भी पहले से किया तय
यह हत्या वेई सावडोंग झरने के पास एक सुनसान इलाके में हुई थी। इस जगह को इसलिए चुना गया था क्योंकि यह दूरदराज का इलाका था और यहां कोई गवाह नहीं था। मेघालय पुलिस के अनुसार, आरोपियों में से कोई भी पहले इस इलाके में नहीं आया था। एसआईटी (SIT) के नेतृत्व में अपराध स्थल के पुनर्निर्माण के दौरान, सभी पांच आरोपियों को सोहरा और नोंगिरियाट गांवों में कई स्थानों पर ले जाया गया ताकि वे अपने कदमों को फिर से दोहरा सकें। दूसरा माचेते उसी खाई में मिला जहां राजा का शव फेंका गया था। आकाश राजपूत की एक सफेद शर्ट भी खाई में मिली है, जिसके बारे में माना जा रहा है कि उसने हत्या के दौरान पहनी थी।
केरल से बंगाल तक अगले पांच दिन झमाझम बरसात के आसार, गुजरात-बिहार में16 की मौत; रांची में स्कूल बंद
केरल में समय से एक सप्ताह पहले दस्तक देने और फिर कुछ दिनों की सुस्ती के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून फिर तेजी से आगे बढ़ने लगा है। मानसून ने बुधवार को उत्तर प्रदेश और राजस्थान में दस्तक दी। मानसून के प्रभाव से पूर्वोत्तर से मध्य, पूर्व, पश्चिम और दक्षिण भारत समेत 20 से अधिक राज्यों में झमाझम बारिश हो रही है। आंध्र प्रदेश समेत कुछ तटीय राज्यों में तेज हवाएं भी चल रही हैं। अगले दो से पांच दिन में कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वर्षाजनित घटनाओं में गुजरात और बिहार में 16 लोगों की मौत हो गई है।
मौसम विभाग के अनुसार यूपी के बलिया, मऊ, गाजीपुर व सोनभद्र समेत कई हिस्सों में मानसून पहुंच गया है। हालांकि, पांच दिन की देरी से पहुंचा। राजस्थान में तय समय से एक सप्ताह पहले ही मानसून पहुंच गया। दोनों ही राज्यों में भारी बारिश हो रही है, जो दो-तीन दिन तक जारी रह सकती है। मानसून उत्तरी अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के अलग-अलग क्षेत्रों में भी आगे बढ़ा है।
केरल से बंगाल तक चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले दो से चार दिन तक केरल से पश्चिम बंगाल व असम से ओडिशा तक भारी बारिश की चेतावनी दी है। पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना है। झारखंड के रांची में बृहस्पतिवार को स्कूल बंद रहेंगे। प. बंगाल पर निम्न दबाव का क्षेत्र बना है, जिससे भारी बारिश की संभावना है।
इन राज्यों में जमकर बारिश
पूर्वी, पूर्वोत्तर, मध्य एवं दक्षिण भारत के राज्यों में मानसून पहले ही पहुंच चुका है। बुधवार सुबह तक बीते 24 घंटे में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, झारखंड, पूर्वी व पश्चिमी मध्य प्रदेश, गुजरात के सौराष्ट्र व कच्छ, कोंकण-गोवा व मध्य महाराष्ट्र में अच्छी बारिश हुई। असम, मेघालय, मणिपुर, प. बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्र, ओडिशा, तमिलनाडु में भी कई जगह मूसलाधार बारिश हुई।
रांची में चार उड़ानें रद्द
खराब मौसम के कारण बुधवार को रांची हवाई अड्डे पर चार उड़ानें रद्द कर दी गईं। रद्द की गई उड़ानों में दिल्ली-रांची-दिल्ली सेक्टर की एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान और इंडिगो की तीन उड़ानें – दिल्ली-रांची-दिल्ली, अहमदाबाद-रांची और रांची-शमशाबाद शामिल हैं।
हिमाचल में अगले 2-3 दिन में दस्तक देगा मानसून
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में अगले दो-तीन में मानसून के पहुंचने की संभावना जताई है। विभाग ने शनिवार और रविवार को राज्य के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट और शुक्रवार को कुछ इलाकों में भारी बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। अलर्ट को देखते हुए राज्य के मुख्य सचिव ने उच्च स्तरीय बैठक कर मानसून के लिए तैयारियों की समीक्षा की और किसी भी तरह के आपदा से निपटने के लिए आवश्यक उपाय करने के निर्देश दिए।
गुजरात में चार, बिहार में 12 की गई जान
गुजरात के बोटाड जिले में बुधवार तड़के कार उफनती नदी में बह गई। कार में नौ लोग सवार थे, जिनमें से चार की मौत हो गई और शेष लापता हैं। बचाव दल उनकी तलाश कर रहे हैं। वहीं, बिहार में मूसलाधार बारिश के दौरान बिजली गिरने से 12 लोगों की जान चली गई। इसमें बक्सर में चार, पश्चिमी चंपारण में तीन, कटिहार में दो और कैमूर, लखीसराय और सीतामढ़ी जिलों से एक-एक मौतें शामिल हैं।
पंजाब-हरियाणा में सामान्य से नीचे तापमान
भारी बारिश के एक दिन बाद पंजाब और हरियाणा में सामान्य से नीचे तापमान दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि पंजाब के लुधियाना, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब, होशियारपुर और रूपनगर में भारी बारिश हुई। वहीं, हरियाणा में अंबाला, हिसार, नारनौल, गुरुग्राम, सिरसा और नूह में बारिश हुई। चंडीगढ़ में भी इस दौरान हल्की बारिश हुई। इससे अधिकतम तापमान गिरकर 31 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच आ गया, जो पिछले हफ्ते तक 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ था।

ऑपरेशन सिंधू शुरू: ईरान से भारतीयों का पहला जत्था पहुंचा भारत; दिल्ली लाए गए 100 से अधिक विद्यार्थी
इस्राइल और ईरान के बीच चल रहे युद्धे को देखते हुए वहां रह रहे हजारों भारतीयों को सुरक्षित घर वापसी के लिए भारत सरकार ने ऑपरेशन सिंधु की शुरुआत की है। ईरान से भारत लाए जा रहे छात्रों का पहला जत्था बृहस्पतिवार को सुबह भारत पहुंचा। पहले जत्थे में 100 से ज्यादा छात्र शामिल हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा, विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सरकार की पहली प्राथमिकता है। ईरान में 4,000 से अधिक भारतीय नागरिक रह रहे हैं और उनमें से आधे छात्र हैं। उत्तरी ईरान से 110 छात्रों को सुरक्षित आर्मेनिया पहुंचा दिया गया था।
जम्मू और कश्मीर छात्र संघ ने निकासी अभियान शुरू करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर को धन्यवाद दिया। एसोसिएशन ने एक बयान में कहा, “हमें उम्मीद है कि शेष सभी छात्रों को शीघ्र ही निकाल लिया जाएगा।
इससे पहले विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत निकासी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए ईरान और आर्मेनिया सरकारों की आभारी है। विदेश मंत्रालय ने कहा, ईरान और इस्राइल के बीच चल रहे युद्ध को देखते हुए ईरान में भारतीय दूतावास बड़ी संख्या में भारतीय नागरिकों को अर्मेनिया की राजधानी येरेवन पहुंचाने में मदद कर रहा है। एमईए ने आगे कहा कि ईरान में भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे तेहरान में भारतीय दूतावास की आपातकालीन हेल्पलाइन और नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय की ओर से स्थापित 24×7 नियंत्रण कक्ष के संपर्क में रहें।
अपनों से मिलकर परिजन हुए खुश
इस दौरान निकाले गए छात्र के पिता ने कहा कि मेरा बेटा भारत से भेजे गए विशेष विमान से अर्मेनिया के रास्ते वापस आ रहा है। वो ईरान में एमबीबीएस कर रहा था। मैं उसे कोटा, राजस्थान से लेने आया हूं। मुझे खुशी है कि मेरा बेटा घर लौट रहा है। भारत सरकार की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने अच्छे प्रयास किए हैं। मैं सरकार से तेहरान में फंसे छात्रों की मदद करने का आग्रह करता हूं। मेरा बेटा सीमा क्षेत्र में था, और वहां हालात इतने तनावपूर्ण नहीं थे, और केवल सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोग ही देश से बाहर निकल पाए हैं। तेहरान सहित देश के अंदरूनी इलाकों में फंसे लोग अभी तक बाहर नहीं निकल पाए हैं। मैं तेहरान में भारतीय दूतावास को उनके प्रयासों के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं।
इससे पहले, सोमवार को भारतीय दूतावास ने तेहरान यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज, इस्लामिक आजाद यूनिवर्सिटी और ईरान यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज से सभी भारतीय छात्रों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया था। शहीद बेहेश्टी यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज के सभी भारतीय विद्यार्थियों को कोम शहर के लिए रवाना किया गया। मंगलवार को शिराज यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज और इस्फहान यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज के छात्रों को निकालने की प्रक्रिया जारी रही थी
भारतीयों को तेहरान छोड़ने की सलाह
इससे पहले, विदेश मंत्रालय ने भारतीयों को तेहरान छोडने को कहा था। मंत्रालय ने कहा था कि अन्य भारतीय निवासी जिनके पास आवाजाही के साधन हैं वे भी बदलते हालात के मद्देनजर शहर से बाहर चले जाएं। ईरान में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया था कि सभी भारतीय नागरिक और पीआईओ जो अपने स्वयं के संसाधनों से तेहरान से बाहर जा सकते हैं, उन्हें शहर के बाहर सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी जाती है।
24 घंटे काम करने वाला कंट्रोल रूम स्थापित
ईरान और इस्राइल में चल रहे घटनाक्रमों के मद्देनजर विदेश मंत्रालय में एक 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम से इन नंबरों – 1800118797 (टोल-फ्री) +91-11-23012113 +91-11-23014104 +91-11-23017905 +91-9968291988 (व्हाट्सएप) पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा ईमेल आईडी situationroom@mea.gov.in पर भी बात की जा सकती है।
तेहरान में हेल्पलाइन नंबर भी जारी
विदेश मंत्रालय ने कहा था कि तेहरान में भारतीय दूतावास ने एक 24×7 आपातकालीन हेल्पलाइन स्थापित की है, विदेश मंत्रालय ने कहा और संपर्क विवरण साझा किया। इसमें कहा गया है, सिर्फ कॉल के लिए: +98 9128109115, +98 9128109109; व्हाट्सएप के लिए: +98 901044557, +98 9015993320, +91 8086871709; बंदर अब्बास: +98 9177699036; जाहेदान: +98 9396356649 और ईमेल cons.tehran@mea.gov.in पर संपर्क किया जा सकता है।

रक्षा सहयोग-डिजिटल तकनीक और हिंदी का विस्तार…पीएम के क्रोएशिया दौरे का क्या हासिल
प्रधानमंत्री मोदी अपने तीन देशों के दौरे के अंतिम पड़ाव क्रोएशिया से रवाना हो गए हैं। इससे पहले पीएम मोदी के कनाडा से क्रोएशिया पहुंचने पर जाग्रेब में प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच ने हवाई अड्डे मंत्रोच्चार के बीच पर पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया। पीएम मोदी के इस दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच कई अहम समझौतों पर सहमति भी बनी। इनमें सबसे प्रमुख ‘रक्षा सहयोग योजना’ को मजबूत करने पर सहमति थी। इसके साथ ही व्यापार, नवीकरणीय ऊर्जा और अर्धचालक सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने का संकल्प लिया गया।

सबसे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी क्रोएशिया में जाग्रेब के एक होटल पहुंचे जहां पर उन्होंने भारतीय प्रवासियों का अभिवादन किया और उनसे बातचीत की।अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और और क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच वे उपहारों का आदान-प्रदान किया और क्रोएशिया के जाग्रेब स्थित बैंस्की ड्वोरी में एक पुस्तक पर हस्ताक्षर किए।

इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविक ने क्रोएशिया के ज़ाग्रेब में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। इस दौरान दोनों नेताओं की मौजूदगी में क्रोएशिया के ज़ाग्रेब में भारत और क्रोएशिया के बीच कुछ अहम समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। पश्चिम मामलों के विदेश सचिव तन्मय लाल ने इस बारे में बाद में जानकारी दी कि प्रतिनिधिमंडल की ओर से सहयोग के चार विषयों पर एमओयू साइन किया गया। सहयोग के ये चार क्षेत्र हैं, कृषि और उससे जुड़े क्षेत्र, विज्ञान और तकनीक, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और जगरेब यूनिवर्सिटी में हिंदी चेयर की स्थापना। लाल ने कहा, दोनों शीर्ष नेताओं ने चार एमओयू साइन किए जाने का स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच भारत और ईयू के बीच मुक्त व्यापार समझौता जल्द होने का मुद्दा भी उठा।

इससे पहले, क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच ने पीएम मोदी को वेजडिन के संस्कृत व्याकरण का पुनर्मुद्रण उपहार में दिया। यह भारतीय भाषाओं और संस्कृति पर बेहतरीन कार्य है, जो दोनों देशों के बीच सदियों पुराने घनिष्ठ सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाता है। गौरतलब है कि वेजडिन का संस्कृत व्याकरण 1790 में क्रोएशियाई वैज्ञानिक और मिशनरी फिलिप वेजडिन द्वारा भारत में बिताए गए समय के दौरान लैटिन में लिखा गया पहला मुद्रित संस्कृत व्याकरण है। इसके साथ ही उन्होंने क्रोएशिया और भारत के बीच द्विपक्षीय संबंधों पर एक पुस्तक भी भेंट की।

वहीं, पीएम मोदी ने यहां अपने संबोधन में अपने जोरदार स्वागत के लिए क्रोएशिया का आभार जताया। साथ ही कहा कि भारत और क्रोएशिया लोकतंत्र, कानून का राज, बहुलवाद जैसे साझा मूल्यों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि सागरमाला प्रोजेक्ट के तहत पोर्ट मॉडर्नाइजेशन, तटीय क्षेत्रों का विकास और मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में क्रोएशियाई कंपनियों के लिए बड़े अवसर हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि भारत क्रोएशिया के साथ अपने अंतरिक्ष अनुभव साझा करेगा और शैक्षणिक संस्थानों के बीच अनुसंधान और सहयोग को बढ़ावा देगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि रक्षा क्षेत्र में दीर्घकालिक सहयोग के लिए एक ‘रक्षा सहयोग योजना’ बनाई जाएगी, जिसमें प्रशिक्षण और सैन्य आदान-प्रदान के साथ-साथ रक्षा उद्योग पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि हमने द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने और विश्वसनीय आपूर्ति श्रृंखला बनाने के लिए कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि हम फार्मा, कृषि, सूचना प्रौद्योगिकी, स्वच्छ प्रौद्योगिकी, डिजिटल प्रौद्योगिकी, नवीकरणीय ऊर्जा, सेमीकंडक्टर जैसे कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देंगे। जहाज निर्माण और साइबर सुरक्षा में भी सहयोग बढ़ाया जाएगा।

संस्कृति और लोगों के बीच संबंधों को नई मजबूती
पीएम मोदी ने बताया कि जाग्रेब यूनिवर्सिटी में हिंदी चेयर की अवधि को 2030 तक बढ़ा दिया गया है और आने वाले पांच वर्षों के लिए सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम भी तैयार किया गया है। इसके अलावा, एक मूवमेंट एग्रीमेंट भी जल्द पूरा होगा जिससे दोनों देशों के लोगों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी।

आतंकवाद से निपटने पर भी सहमत
इस दौरान दोनों नेताओं के बीच आतंकवाद से निपटने पर भी साझी सहमति बनी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘हम सहमत हैं कि आतंकवाद मानवता का दुश्मन है। लोकतंत्र में विश्वास रखने वाली शक्तियों का विरोधी है। 22 अप्रैल को भारत में हुए आतंकी हमले पर संवेदनाओं के लिए, हम प्रधानमंत्री और क्रोएशिया सरकार के हार्दिक आभारी हैं। ऐसे कठिन समय में हमारे मित्र देशों का साथ हमारे लिए बहुत मूल्यवान था। हम दोनों सहमत है कि आज के वैश्विक वातावरण में भारत और यूरोप की साझेदारी बहुत महत्व रखती है। ईयू के साथ हमारी रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में क्रोएशिया का समर्थन और सहयोग बहुत ही महत्वपूर्ण है। हम दोनों इस बात का समर्थन करते हैं कि यूरोप हो या एशिया, समस्याओं का समाधान रणभूमि से नहीं निकल सकता। डायलॉग और डिप्लोमेसी ही एकमात्र रास्ता है। किसी भी देश की क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता का सम्मान आवश्यक है।’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्रोएशिया के ज़ाग्रेब में क्रोएशिया के राष्ट्रपति ज़ोरान मिलानोविक से भी मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने व्यापार, प्रौद्योगिकी और सांस्कृतिक सहयोग के क्षेत्र में भारत-क्रोएशिया संबंधों को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई तथा लोकतांत्रिक मूल्यों और वैश्विक शांति के प्रति अपनी साझा प्रतिबद्धता व्यक्त की।

मातृभूमि के स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित
पीएम मोदी ने बहादुर सैनिकों को सम्मानित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविक के साथ क्रोएशिया के ज़ाग्रेब में मातृभूमि के स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

लुधियाना पश्चिम उपचुनाव के लिए मतदान आज, 1.75 लाख मतदाता डालेंगे वोट
विधानसभा हलका लुधियाना पश्चिम के उपचुनाव के लिए गुरुवार को मतदान होगा। मतदान की प्रक्रिया सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक चलेगी। 1.75 लाख मतदाता 14 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान के लिए 194 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। 23 जून को मतगणना के तुरंत बाद परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।
मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बुधवार को गर्ल्स खालसा कॉलेज से पोलिंग पार्टियों को मतदान के सामान के साथ पोलिंग स्टेशनों के लिए रवाना किया गया। आज मतदान के साथ ही राजनीतिक दलों के चुनाव लड़ रहे नेताओं का राजनीतिक भविष्य ईवीएम में कैद हो जाएगा। इस हलके में कुल 1,75,469 मतदाता हैं। इनमें से 90088 पुरुष, 85371 महिलाएं एवं दस ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए मॉडल व ग्रीन पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। दिव्यांगों व महिलाओं के लिए अलग पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। यह सीट आप आदमी पार्टी के विधायक गुरप्रीत सिंह गोगी बस्सी के निधन के कारण खाली हुई थी।
‘मैं ईरान पर हमला करना नहीं चाहता लेकिन यह जरूरी हुआ तो इसके लिए तैयार’; ट्रंप ने खामनेई को दी धमकी

ईरान-इस्राइल तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को खुली धमकी दी है। इसके तहत ट्रंप ने कहा कि वह युद्ध नहीं चाहते, लेकिन जरूरत पड़ी तो ईरान पर कार्रवाई को तैयार हैं। ट्रंप ने ईरान से परमाणु कार्यक्रम खत्म करने की अपील की और कहा कि अगला हफ्ता अहम होगा। साथ ही उन्होंने खामनेई को भी तंजभरे लहजे में शुभकामनाएं दीं।
ईरान इस्राइल के बीच पिछले छह दिनों से जारी जंग हर बीतते दिन के साथ बढ़ती ही जा रही है। अमेरिका भी इस जंग में कूद चुका है। वहीं, अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वह ईरान पर हमला नहीं करना चाहते हैं, लेकिन यदि ईरान के परमाणु कार्यक्रम को समाप्त करने के लिए ऐसा करना आवश्यक हुआ तो वह कार्रवाई के लिए तैयार हैं।
ट्रंप ने ओवल ऑफिस में संवाददाताओं से कहा कि मैं युद्ध नहीं करना चाहता हूं। लेकिन यदि युद्ध और परमाणु हथियार रखने के बीच चुनाव करना हो, तो आप जानते हैं कि आपको क्या करना चाहिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि ईरान के लिए अपना परमाणु कार्यक्रम छोड़ने में अभी भी देर नहीं हुई है।
मैं ऐसा कर सकता हूं- ट्रंप
बुधवार को व्हाइट हाउस में पत्रकारों के साथ एक अन्य बातचीत में ट्रंप ने ईरान पर हमले को लेकर कहा कि मैं ऐसा कर सकता हूं और मैं ऐसा नहीं भी कर सकता हूं। मेरा मतलब है, कोई नहीं जानता कि मैं क्या करने जा रहा हूं। ट्रंप ने कहा कि जब तक कुछ खत्म नहीं हो जाता, तब तक कुछ भी खत्म नहीं होता।, लेकिन अगला सप्ताह बहुत बड़ा होने वाला है।
इस दौरान ट्रंप ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामनेई द्वारा ईरान से बिना शर्त आत्मसमर्पण करने के उनके आह्वान को मानने से इंकार करने पर भी कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि मैं खामनेई को शुभकामनाएं देता हूं।
अमेरिका ने अपने गैर-जरूरी राजनयिकों और उनके परिवारों को इस्राइल से निकाला
इस्राइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और संभावित संघर्ष में अमेरिका की सीधी भागीदारी की आशंका को देखते हुए अमेरिका ने इस्राइल स्थित अपने दूतावास से गैर-जरूरी कर्मचारियों और उनके परिवारों की निकासी शुरू कर दी है। मामले में अमेरिकी विदेश विभाग ने बताया कि ऑथराइज्ड डिपार्चर की स्थिति के तहत अमेरिकी दूतावास के कुछ कर्मी अब इस्राइल छोड़ रहे हैं। इस योजना के तहत जो लोग जरूरी नहीं हैं, उन्हें सरकारी खर्चे पर देश से बाहर भेजा जा सकता है।
अमेरिकी अधिकारियों ने दी जानकारी
इसके साथ ही दो अमेरिकी अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को सरकारी विमान से कुछ राजनयिकों और उनके परिजनों को इस्राइल से निकाला गया, जिन्होंने स्वयं जाने की इच्छा जताई थी। इसके कुछ ही समय बाद इस्राइल में अमेरिकी राजदूत माइक हकाबी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि अमेरिकी नागरिकों के लिए भी विशेष फ्लाइट और जहाज की व्यवस्था की जा रही है।
हालांकि, यह नहीं बताया गया कि कुल कितने लोगों को अब तक निकाला गया है। अधिकारियों ने नाम न बताने की शर्त पर यह जानकारी दी क्योंकि मामला संवेदनशील है। यह कदम इस्राइल और ईरान के बीच लगातार बिगड़ते हालात और क्षेत्र में युद्ध के खतरे को देखते हुए उठाया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को दावा किया कि ईरान अब अमेरिका से बातचीत करना चाहता है। हालांकि ट्रंप ने इस प्रस्ताव को ठुकराते हुए कहा, ‘मैंने पहले ही कह दिया था कि अब बहुत देर हो चुकी है।’ ट्रंप का यह बयान ऐसे समय में आया है जब ईरान और इस्राइल के बीच सैन्य तनाव लगातार बढ़ रहा है और अमेरिका की भूमिका को लेकर दुनिया भर में अटकलें लगाई जा रही हैं।

अहमदाबाद हादसे के बाद एअर इंडिया का फैसला; वाइडबॉडी विमानों की अंतरराष्ट्रीय उड़ानें 15% तक कीं कम
अहमदाबाद विमान हादसे के बाद एअर इंडिया ने अहम फैसला किया है। एयरलाइन ने बुधवार को घोषणा की है कि उसने अगले कुछ हफ्तों के लिए वाइडबॉडी विमानों में संचालित अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में 15 फीसदी की कटौती की है। यह कटौती जुलाई के मध्य तक जारी रहेगी। अहमदाबाद में एअर इंडिया के विमान AI-171 के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद एयरलाइन कंपनी ने बुधवार को बड़ा फैसला लिया है। एअर इंडिया ने अगले कुछ हफ्तों के लिए वाइडबॉडी विमानों में संचालित अपनी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में 15% की कटौती की है। यह कटौती अभी से लेकर 20 जून के बीच लागू की जाएगी। उसके बाद कम से कम जुलाई के मध्य तक जारी रहेगी।
पिछले छह दिन में रद्द की 83 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें
एअर इंडिया ने 18 जून को एक बयान जारी किया, जिसमें कहा गया है कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में 15 फीसदी की कटौती का फैसला परिचालन की स्थिरता सुनिश्चित करने, दक्षता में सुधार करने और यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए लिया गया है। एयरलाइन ने कहा है कि पिछले छह दिनों में, एअर इंडिया ने परिचालन संबंधी बाधाओं के कारण 83 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की हैं।
प्रभावित यात्रियों को दिए जाएंगे वैकल्पिक विकल्प
कम उड़ान कार्यक्रम से प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक यात्रा विकल्प दिए जाएंगे, जिसमें बिना किसी अतिरिक्त लागत के पुनः बुकिंग या पूर्ण धनवापसी शामिल है। संशोधित अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम, जो 20 जून 2025 से प्रभावी होगा, जल्द ही जारी किया जाएगा।
सुरक्षा और जांच पर ध्यान
एअर इंडिया ने बताया कि उसके 33 बोइंग 787-8/9 विमानों में से 26 की जरूरी सुरक्षा जांच पूरी हो चुकी है। ये जांच नागरिक उड्डयन विभाग (DGCA) ने अहमदाबाद विमान दुर्घटना के बाद अनिवार्य की थी। बाकी बचे विमानों की जांच चल रही है और जल्दी ही उन्हें भी उड़ान की अनुमति मिल जाएगी। एअर इंडिया ने एहतियात के तौर पर अपने बोइंग 777 विमानों की भी इसी तरह जांच करवाई है। एअर इंडिया ने कहा, ‘हम अपने यात्रियों, पायलटों और विमानों की सुरक्षा को सबसे जरूरी मानते हैं और इसके लिए DGCA, AAIB और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।’
दुर्घटना पीड़ितों के परिवारों की मदद
AI-171 विमान हादसे में 241 लोगों की मौत पर एअर इंडिया ने गहरा दुख जताया है। एयरलाइन ने कहा कि वह पीड़ितों और घायलों के परिवारों की मदद के लिए गुजरात सरकार के साथ मिलकर काम कर रही है। टाटा समूह और एअर इंडिया के स्वयंसेवक अहमदाबाद में अस्पताल समन्वय में सहायता करने और पार्थिव शरीर की सम्मानजनक वापसी में सहायता करने के लिए तैनात हैं। एअर इंडिया ने कहा, ‘हम विमान हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को अपना परिवार मानते हैं और इस दुख की घड़ी में पूरी तरह से उनके साथ हैं।’
यात्रियों को हुई असुविधा पर मांगी माफी
एअर इंडिया ने माना कि कुछ उड़ानों को अस्थायी रूप से रोके जाने से यात्रियों को परेशानी हुई है। इसके लिए एयरलाइन ने यात्रियों से माफी मांगी है। हालांकि, एयरलाइन ने बताया कि यह कदम सुरक्षा, मजबूती और भरोसेमंद सेवा बनाए रखने के लिए जरूरी था।

भारत और क्रोएशिया के बीच हुए कई अहम समझौते, पीएम मोदी बोले- आतंकवाद मानवता का दुश्मन
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच की मौजूदगी में आज जाग्रेब में भारत और क्रोएशिया के बीच कई महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। यह भारत के किसी प्रधानमंत्री की पहली क्रोएशिया यात्रा है, जिसे दोनों देशों के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है।पीएम मोदी आज क्रोएशिया के दौरे पर हैं। इस दौरान भारत और क्रोएशिया के बीच कई समझौतों पर हस्ताक्षर भी किए गए हैं। पीएम मोदी की इस ऐतिहासिक यात्रा से भारत और क्रोएशिया के बीच राजनयिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक, आर्थिक और सुरक्षा संबंधों को नई ऊंचाई मिली है। यह यात्रा दोनों देशों के भविष्य के लिए एक मजबूत नींव साबित हो सकती है।
पीएम मोदी का स्वागत और भावुक संबोधन
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘मैं क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच और यहां की सरकार का दिल से धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने मुझे इतनी गर्मजोशी और स्नेह से इस खूबसूरत भूमि पर स्वागत किया।’ उन्होंने यह भी कहा कि भारत और क्रोएशिया लोकतंत्र, कानून का राज, बहुलवाद जैसे साझा मूल्यों से जुड़े हुए हैं।
आर्थिक और तकनीकी सहयोग पर जोर
पीएम मोदी ने बताया कि भारत के सागरमाला प्रोजेक्ट के तहत पोर्ट मॉडर्नाइजेशन, तटीय क्षेत्रों का विकास और मल्टी-मोडल कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में क्रोएशियाई कंपनियों के लिए बड़े अवसर हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की कि भारत क्रोएशिया के साथ अपने अंतरिक्ष अनुभव साझा करेगा और शैक्षणिक संस्थानों के बीच अनुसंधान और सहयोग को बढ़ावा देगा।
‘आतंकवाद को बढ़ावा देने वाला देश पाकिस्तान’, मुनीर को अमेरिका बुलाए जाने पर पेंटागन के पूर्व अधिकारी रुबिन
पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर को अमेरिका आमंत्रित किए जाने पर पेंटागन के पूर्व अधिकारी और अमेरिकन एंटरप्राइज इंस्टीट्यूट के वरिष्ठ फेलो माइकल रुबिन ने अपनी राय रखी। उन्होंने पाकिस्तान को आतंकवाद को बढ़ावा देने वाला देश बताया। उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आलोचना भी की, और कहा कि उन्हें इतिहास की गहरी समझ नहीं है। रुबिन ने कहा कि पाकिस्तान हमेशा चालाकी और धोखे से अपने फायदे के लिए काम करता है। वह अक्सर अमेरिका से दोस्ती का दिखावा करता है, ताकि खुद को बचा सके।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर से मुलाकात की। मुनीर को अमेरिका आमंत्रित किए जाने पर पेंटागन के पूर्व अधिकारी और अमेरिकन एंटरप्राइज इंस्टीट्यूट के वरिष्ठ फेलो माइकल रुबिन ने अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान हमेशा चालाकी और धोखे से अपने फायदे के लिए काम करता है। यह एक ऐसा देश है जो आतंकवाद को बढ़ावा देता है और डरता है कि एक दिन इसे इसके लिए जवाबदेह ठहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान अक्सर अमेरिका से दोस्ती का दिखावा करता है ताकि खुद को बचा सके और अमेरिका से करोड़ों, बल्कि अरबों डॉलर की मदद पा सके। मुझे बिल्कुल भी हैरानी नहीं होगी अगर असीम मुनीर भी अब ऐसा ही कर रहे हों।
रुबिन ने आगे कहा कि पाकिस्तान की यह कूटनीतिक बयानबाजी है, वास्तविकता नहीं। हर कोई जानता है कि पाकिस्तान असल में कैसा है, शायद डोनाल्ड ट्रंप को छोड़कर। उन्होंने कहा कि ट्रंप और अमेरिका की सेना के कुछ अधिकारी पाकिस्तान से मीठी बातें करते हैं, लेकिन सिर्फ इसलिए कि उन्हें पाकिस्तान से कुछ चाहिए होता है

गला रेतने पर खून का फव्वारा छूटा; चाकू से शीतल पर किए आठ वार, चेहरे और छाती पर हमला
हरियाणा की मॉडल शीतल उर्फ सिम्मी चौधरी की गला रेतकर हत्या कर दी गई और शव को दिल्ली पैरलल नहर में फेंक दिया गया। पुलिस को हत्या के करीब 30 घंटे बाद सोनीपत के खांडा गांव में एनसीआर वाटर चैनल से उसका शव मिला। पुलिस ने मामले में शीतल के इसराना निवासी दोस्त सुनील को गिरफ्तार किया है।शीतल की हत्या के आरोपी सुनील को लेकर पुलिस मौका ए वारदात पर पहुंची। क्राइम सीन को री-क्रिएट किया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद किया। सीआईए-वन की टीम सुनील को सबसे पहले अहर गांव स्थित गोशाला में लेकर गई। यहां से ही वह शीतल को कार में बिठाकर ले गया था। यहां से क्राइम सीन री-क्रिएट करना शुरू किया।
शीतल की हत्या के आरोपी सुनील को लेकर पुलिस मौका ए वारदात पर पहुंची। क्राइम सीन को री-क्रिएट किया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद किया। उसने बताया कि हत्या के बाद चाकू को नहर के पास ही झाड़ी में फेंक दिया था। पुलिस ने झाड़ी को जैसे ही हटाया, वैसे ही खून से सना चाकू नजर आ गया। इसे इस केस में अहम साक्ष्य माना जा रहा है। सुनील ने पूछताछ में बताया कि चाकू से शीतल पर आठ वार किए थे। इनमें से सात चेहरे और छाती पर थे। इसके बाद एक वार गले पर किया था। गला रेतने पर खून का फव्वारा छूट पड़ा था। इसके बाद 15 किलोमीटर कार चलाई।
सुनील बोला, उम्मीद से जल्दी मिल गया शव
सीआईए-वन की टीम सुनील को सबसे पहले अहर गांव स्थित गोशाला में लेकर गई। यहां से ही वह शीतल को कार में बिठाकर ले गया था। यहां से क्राइम सीन री-क्रिएट करना शुरू किया। इसके उसे मतलौडा ले जाया गया। उसने बताया कि वह शीतल को शव को ऐसी जगह ठिकाने लगाना चाहता था, जहां से बरामदगी में काफी समय लगे। उसे उम्मीद नहीं थी कि शव इतनी जल्दी मिल जाएगा। उसने सोचा था कि नहर में बहकर काफी दूर चला जाएगा और बहुत देर से मिलेगा। मतलौडा से वह गाड़ी लेकर दिल्ली पैरलल नहर पर पहुंचा। शनि मंदिर के साथ दूसरी पटरी से होते हुए जाटल रोड की तरफ चला। विराट नगर-फेज तीन के पास एकांत मिलने परशव नहर में फेंक दिया और फिर अपनी गाड़ी भी उतार दी। कार की खिड़की के शीशे खोल दिए थे। जब कार ढलान से नहर में जाने लगी तो वह कूद गया था।

माफी का नाटक कर फिर से शीतल के करीब आ गया था सुनील, फिर की हत्या
मॉडल शीतल उर्फ सिम्मी चौधरी की हत्या के आरोपी होटल मालिक सुनील कुमार ने रिमांड पर की गई पूछताछ में बुधवार को बेहद अहम खुलासा किया। उसने पुलिस को बताया कि साजिश के तहत 15 दिन पहले उसने अपनी गलतियों के लिए शीतल से माफी मांगने का नाटक किया। इससे वह पिघल गई और फिर से नजदीक आ गई। उसके साथ समय बिताने लगी। इसी से उसे हत्या का मौका मिला। दो दिन की रिमांड के पहले दिन सुनील ने बताया कि शीतल से उसकी दोस्ती चार साल पहले हुई थी। छह महीने पहले दोनों अलग हो गए। बातचीत भी बंद हो गई।

इस बीच उसे पता चला कि शीतल विशाल नाम के युवक से शादी करेगी। दोनों के परिवारों में भी शादी के लिए बातचीत हो चुकी थी। सिर्फ तारीख तय होना रह गया था। उससे यह बर्दाश्त नहीं हुआ कि शीतल किसी और की हो जाए और खुश रहे। वह शीतल को अपनी बर्बादी का जिम्मेदार मानता है। शीतल की वजह से उसके घर में भी कलह रहने लगी थी। शीतल से दोस्ती के चक्कर में उसका बहुत पैसा खर्च हुआ था। इसलिए, ठान लिया कि उसे मार डालेगा। कार में शराब पार्टी, झगड़ा और हत्या हत्या के घटनाक्रम के बारे में सुनील ने विस्तार से बताया। उसने पुलिस से कहा कि शीतल और वह 15 दिन से काफी समय साथ बिता रहे थे। शीतल को यकीन हो गया था कि उसके लिए वह वाकई में बदल गया है। शूटिंग के लिए शीतल उसकी गाड़ी में उसके साथ ही जाती थी। शूटिंग के बाद वह उसे लेकर आता था।

ट्रंप ने फिर अलापा भारत-पाक सीजफायर का राग; कहा- मुझे पाकिस्तान से प्यार
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से फोन पर बातचीत करने के कुछ घंटे बाद ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को एक बार फिर दावा किया कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाया है। ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत में मोदी को “एक शानदार व्यक्ति” बताया और कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार समझौता होगा।
पीएम मोदी की तारीफ की
अमेरिकी राष्ट्रपति ने बुधवार को कहा, मैंने युद्ध रुकवाया है… मैं पाकिस्तान को पसंद करता हूं। मुझे लगता है कि मोदी एक शानदार इंसान हैं। मैंने कल रात उनसे बात की। हम भारत के मोदी के साथ व्यापार समझौता करने जा रहे हैं, लेकिन मैंने पाकिस्तान और भारत के बीच युद्ध रुकवा दिया है।
ट्रंप ने मुनीर का जिक्र करते हुए कहा, ‘पाकिस्तान की ओर से इसे (युद्ध) रोकने में इस व्यक्ति का बहुत प्रभाव था। उन्होंने कहा, भारत की ओर से मोदी और अन्य लोग थे। उनके बीच टकराव की जबरदस्त स्थिति थी और वे दोनों ही परमाणु संपन्न देश हैं। मैंने इसे रुकवाया। मुझे नहीं लगता कि मैं कोई कहानी सुना रहा था। क्या मैंने कोई कहानी लिखी थी… मैंने दो बड़े देशों, बड़े परमाणु संपन्न देशों के बीच युद्ध को रुकवाया।
ईरान पर हमले को लेकर कही ये बात
ईरान पर हमला करने के बारे में पूछे जाने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, क्या आप सचमुच सोचते हैं कि मैं इसका जवाब दूंगा?… मैं ऐसा कर सकता हूं, मैं ऐसा नहीं भी कर सकता, कोई नहीं जानता कि मैं क्या करने जा रहा हूं। मैं आपको बता सकता हूं कि ईरान में बहुत सारी परेशानियां हैं और वे बातचीत करना चाहते हैं। उन्होंने 2 सप्ताह पहले मुझसे बातचीत क्यों नहीं की?
ट्रंप की रणनीति क्या है?
ट्रंप हमेशा से ‘डील मेकर’ यानी सौदे करने वाला नेता की छवि बनाकर चलते हैं। उनके हालिया बयानों से लग रहा है कि वे केवल शांति के लिए नहीं, बल्कि एक बड़ा राजनीतिक या कूटनीतिक सौदा करने के मूड में हैं। लेकिन ईरान की ओर से बातचीत की कोशिशों को उन्होंने यह कहकर खारिज कर दिया कि अब ‘बहुत देर हो चुकी है।’

तमिलनाडु में जिहादी नेटवर्क पर NIA की कार्रवाई: अरबी क्लास की आड़ में फैला रहे थे कट्टरपंथ
तमिलनाडु में कट्टरपंथी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बड़ी कार्रवाई की है। इसके तहत एजेंसी ने बुधवार को तमिलनाडु में कट्टरपंथी गतिविधियों से जुड़े एक मामले में चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन पर देश में इस्लामी शासन स्थापित करने के लिए हिंसक जिहाद और सशस्त्र संघर्ष को बढ़ावा देने का आरोप है। बता दें कि यह मामला 2022 कोयंबटूर कार बम विस्फोट मामले से जुड़ा है, जिसमें एनआईए ने अब तक कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।बुधवार को एनआईए ने कट्टरपंथी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इसके तहत एजेंसी ने इस्लामी शासन स्थापित करने की साजिश में शामिल चार और कट्टरपंथियों को तमिलनाडु से गिरफ्तार किया। आरोपी अरबी कक्षाओं की आड़ में युवाओं को जिहादी विचारधारा से कट्टरपंथी बना रहे थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान
मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अहमद अली, जवाहर सातिक, राजा अब्दुल्ला उर्फ एमएसी राजा और शेख दाऊद के रूप में हुई है। एनआईए की जांच में सामने आया है कि इन सभी को मद्रास अरेबिक कॉलेज के संस्थापक जमील बाशा ने कट्टरपंथ की राह पर डाला। वहीं बाशा और उसके साथियों ने अरबी भाषा सिखाने की आड़ में भोले-भाले युवाओं को सलाफी-जिहादी विचारधारा से प्रभावित किया और उन्हें चरमपंथ की ओर धकेला।
पहले भी हुई है गिरफ्तारी
हालांकि मामले में एनआईए ने पहले ही जमील बाशा और उसके सहयोगियों इरशाद, सैयद अब्दुर रहमान और मोहम्मद हुसैन को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। ये लोग अरबी कक्षाओं और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे। जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी खलीफा शासन की वकालत करते थे और जिहाद के ज़रिए शहादत को बढ़ावा देते थे। उनका मकसद लोकतांत्रिक सरकार को हटाकर इस्लामी राज्य की स्थापना करना था।

विदेशी छात्रों को राहत, अमेरिका ने फिर शुरू किया वीजा लेकिन सार्वजनिक करने होंगे सोशल मीडिया अकाउंट
अमेरिकी वीजा पाने की चाह रखने वाले विदेशी छात्रों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अमेरिकी विदेश विभाग ने बुधवार (स्थानीय समयानुसार) को कहा कि वह विदेशी छात्रों के लिए वीजा आवेदन की प्रक्रिया को फिर से शुरू कर रहा है, जो अभी तक निलंबित थी। हालांकि, विदेश विभाग ने वीजा आवेदन प्रक्रिया के लिए एक शर्त भी रखी है। विभाग का कहना है कि वीजा के लिए आवेदन करने वाले छात्रों को सरकारी समीक्षा के लिए अपने सोशल मीडिया अकाउंट सार्वजनिक करने होंगे।अमेरिका के विदेश विभाग ने बुधवार को कहा कि वह विदेशी छात्रों के लिए वीजा आवेदन की प्रक्रिया को फिर से शुरू कर रहा है। हालांकि, विभाग ने एक शर्त भी रखी है, जिसमें कहा गया है कि आवेदन करने वाले छात्रों को अपने सोशल मीडिया अकाउंट सार्वजनिक करने होंगे। जांच में अगर किसी के अकाउंट पर अमेरिका विरोधी पोस्ट मिलता…
जांच की इजाजत नहीं देने वाले छात्रों का आवेदन हो सकता है रद्द
विदेश विभाग ने बुधवार को एक नोटिस सार्वजनिक किया, जिसमें कहा गया है कि उसने मई में छात्रा वीजा प्रक्रिया के निलंबन को रद्द कर दिया है। विदेश विभाग ने यह भी कहा है कि ऐसे नए आवेदक जो अपने सोशल मीडिया अकाउंट को सार्वजनिक नहीं करते हैं या जांच की इजाजत नहीं देते हैं, उनका आवेदन अस्वीकार किया जा सकता है। विभाग ने कहा है कि ऐसा करने से इनकार करना इस बात का संकेत हो सकता है कि वे अपनी ऑनलाइन गतिविधि को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं।
वीजा देने से पहले हर छात्र की गहराई से होगी जांच
विदेश विभाग ने एक बयान में कहा, ‘नए आदेश के तहत, कांसुलर अधिकारी सभी छात्र और एक्सचेंज विजिटर आवेदकों की व्यापक और गहन जांच करेंगे।’ विभाग ने आगे कहा कि अब वीजा देने से पहले हर छात्र की गहराई से जांच की जाएगी। इसके लिए छात्र से कहा जाएगा कि वह अपने सभी सोशल मीडिया प्रोफाइल सार्वजनिक करें, ताकि अधिकारी उन्हें अच्छे से देख सकें।




