
सोनम के रवाना होने के बाद किसने हटाए सबूत, 7 जून को लग गई थी आरोपियों को भनक
शिलांग में हुए राजा रघुवंशी हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सत्रह दिन में सुलझा ली, लेकिन आरोपियों को सोलहवें दिन ही पता चल गया था कि वे पकड़े जा सकते है। इसके चलते उन्हें सबूतों को हटाने के लिए पर्याप्त समय मिल गया और सोनम भी इंदौर से रवाना हो गई थी,जबकि सात जून को शिलांग पुलिस भी इंदौर आ चुकी थी।राजा की हत्या के बाद लंबे समय तक सोनम ने इंदौर में छुपने का प्लान बनाया था,लेकिन शिलांग के गाइड के बयान के बाद सोनम और राज सतर्क हो गई थे। गाइड ने कहा था कि उनसे राजा और सोनम के साथ तीन युवकों को देखा था।
अब शिलांग पुलिस यह पता कर रही है कि इंदौर में सबूत किसने हटाए,क्योकि अभी भी पुलिस को सोनम के बैग, हत्या के बाद राजा के शरीर से निकाली गई चेन, अंगूठी नहीं मिल पाई है। इसके अलावा सोनम के दोनों फोन भी पुलिस अभी तक बरामत नहीं कर पाई है। अफसरों को आशंका है कि राज ने ही फ्लैट से सारे सबूत हटाए,क्योकि शिलांग पुलिस ने फ्लैट की तलाशी ली तो वहां कुछ नहीं मिला।
गाइड के बयान के बाद सर्तक हो गई थी सोनम
राजा की हत्या के बाद लंबे समय तक सोनम ने इंदौर में छुपने का प्लान बनाया था,लेकिन शिलांग के गाइड के बयान के बाद सोनम और राज सतर्क हो गई थे। गाइड ने कहा था कि उनसे राजा और सोनम के साथ तीन युवकों को देखा था। इसके बाद 7 जून को राज ने सोनम को इंदौर से सिलीगुड़ी के लिए रवाना कर दिया ताकि सोनम सिलीगुड़ी में जाकर यह बोल सके कि उसका अपहरण हो गया, लेकिन इस प्लानिंग से पहले ही शिलांग पुलिस ने राज सहित चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।

सिंधिया बोले फोन पर बजने वाली बच्चन की आवाज से मैं भी परेशान
पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात की और मोबाइल में बजने वाली अमिताभ बच्चन की कॉलर ट्यून की शिकायत की। गुप्ता ने मंत्री सिंधिया से कहा कि जब इमरजेंसी कॉल की जाती है तो कॉल के प्रारंभ में अमिताभ बच्चन की आवाज सुनाई देती है, जिससे कॉल में विघ्न उत्पन्न हो रहा है। खासकर बुजुर्गों, मरीजों और व्यापारिक वर्ग के लोग इससे परेशान हो रहे हैं।
इस पर मंत्री सिंधिया ने भी सहमति जताते हुए कहा, यह सच है, मैं भी इससे परेशान हूं। गौरतलब है कि भारत सरकार द्वारा साइबर धोखाधड़ी और डिजिटल फ्रॉड के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत मोबाइल कॉल के आरंभ में एक कॉलर ट्यून बजाई जा रही है। इस कॉलर ट्यून का उद्देश्य उपयोगकर्ताओं को ओटीपी, बैंक विवरण या अन्य व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने की चेतावनी देना है। हालांकि यह कदम सराहनीय है, लेकिन इसके कारण आम उपभोक्ताओं को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
अन्य माध्यमों को भी जागरूकता के लिए उपयोग करें
सुदर्शन गुप्ता ने केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को एक ज्ञापन सौंपा और इस कॉलर ट्यून को बंद करने के लिए निवेदन किया। ज्ञापन में गुप्ता ने बताया कि कॉलर ट्यून के बजने के कारण मोबाइल कॉल की डायलिंग में बार-बार विघ्न उत्पन्न हो रहे हैं, जिससे कॉल ड्रॉप, कनेक्टिविटी की समस्याएं और कॉलिंग में विलंब हो रहा है। खासतौर पर आपातकालीन परिस्थितियों में यह समस्या गंभीर हो रही है और उपभोक्ताओं को दिक्कत हो रही है। गुप्ता ने अपने ज्ञापन में यह भी लिखा कि डिजिटल अरेस्ट जैसे जागरूकता अभियान जरूरी हैं, लेकिन इनका प्रसारण कॉलर ट्यून के स्थान पर अन्य माध्यमों जैसे एसएमएस, सोशल मीडिया, टीवी-रेडियो या अन्य प्रचार माध्यमों से किया जाए ताकि जागरूकता और सुविधा का संतुलन बना रहे।
सिंधिया बोले कई शिकायतें मिल चुकी हैं
मंत्री सिंधिया ने गुप्ता की शिकायत को जायज मानते हुए कहा कि इस विषय पर पहले भी कई उपभोक्ताओं ने शिकायत की है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मुद्दे पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी और विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। इंदौर एयरपोर्ट पर शुक्रवार को एक मजेदार वाकया भी देखने को मिला, जब गुप्ता का ज्ञापन पढ़ने के बाद मंत्री सिंधिया उस पर साइन करना चाहते थे और कुछ सपोर्ट रखने के लिए पत्र के नीचे देखने लगे। इसके बाद मंत्री सिंधिया ने गुप्ता से कहा, आप पीछे घूमिए और फिर गुप्ता की पीठ पर ही पत्र रखकर उस पर साइन कर दिया। इस पर वहां मौजूद सभी लोग हंसी में पड़ गए। इस दौरान सांसद शंकर लालवानी, मंत्री तुलसी सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक मधु वर्मा, जिलाध्यक्ष श्रवण सिंह चावड़ा, पूर्व विधायक संजय शुक्ला, दीपक जैन टीनू सहित अन्य नेता भी मौजूद थे।
पूरे प्रदेश में झमाझम, नदियां उफान पर, कई जिलों में तेज बारिश का अलर्ट

इंदौर समेत पूरे मप्र में मानसून आ चुका है। सभी जिलों में बारिश ने राहत पहुंचा दी है। इंदौर में शनिवार सुबह से ही बूंदाबांदी जारी है और योग के कार्यक्रम बादलों और रिमझिम के बीच किए जा रहे हैं। मप्र के 20 से ज्यादा जिलों में शुक्रवार को सुबह से रात तक बारिश का दौर चलता रहा। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा।
लगातार गिर रहा पारा
पारा अब लगातार 30 डिग्री के अंदर बना हुआ है। शुक्रवार को दिन का पारा 28.6 डिग्री और रात का पारा 22.8 डिग्री पर रहा। रात में तेज ठंडी हवाएं चल रही हैं और दिन में भी बादलों की वजह से ठंडक बनी हुई है। इस महीने लोग लगातार 15 दिन तक पड़ी तेज गर्मी और उमस से परेशान रहे जिससे दो दिन की रिमझिम ने राहत दिला दी है।
इंदौर में भी अलर्ट जारी किया
मौसम विभाग ने पूर्वी हिस्से के जिले-सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां अगले 24 घंटे में 4 से 8 इंच तक पानी गिर सकता है। ग्वालियर, मुरैना, शिवपुरी, अशोकनगर, सागर, दमोह, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर समेत प्रदेश के अन्य जिलों में यलो अलर्ट है।
लो प्रेशर एरिया बना, तेज बारिश होगी
प्रदेश के ऊपर से एक लो प्रेशर एरिया (कम दवाब का क्षेत्र) गुजर रहा है। वहीं, पश्चिमी हिस्से से ट्रफ की एक्टिविटी है। ये दोनों ही सिस्टम स्ट्रॉन्ग है। इस वजह से पूर्वी और उत्तरी हिस्से में अति भारी या भारी बारिश का अलर्ट है। इसके अलावा एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ भी सक्रिय है, जो पूरे प्रदेश में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश करा रहे हैं।

‘पत्नी प्रेमी संग रहे, मुझे नहीं मरना’, राजा और नीले ड्रम वाली धमकी से डरा पति; एक साल पहले की थी लव मैरिज
इंदौर एयरपोर्ट पर कार्यरत युवक ने एक साल पहले उसने पूर्व इंदौर की युवती से प्रेम विवाह किया था। उसकी पत्नी एयर होस्टेस बनना चाहती थी। उसे पढ़ाने के लिए उसने 1.5 लाख का कर्ज लिया। कोचिंग जाने के दौरान बस में उसकी एक युवक से नजदीकियां बढ़ गई। पति का आरोप है कि वह उसे मारना चाहती है।
मध्य प्रदेश के दमोह जिले में एक युवक ने अपनी पत्नी से जान का खतरा बताया है। युवक कहना है कि उसकी पत्नी अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रच रही है। उसने उसे धमकी दी है कि तेरा हाल राजा रघुवंशी जैसा करूंगी, नीले ड्रम में भरकर मार डालूंगी। पत्नी की धमकी से परेशान पति ने पुलिस से मदद मांगी है। उसने पुलिस से गुहार लगाते हुए कहा- ‘मुझे मरना नहीं है’।
दरअसल, दमोह जिले के हटा ब्लॉक के ग्राम मड़ियादो निवासी और वर्तमान में इंदौर में रहने वाले युवक नारायण अठ्या ने अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। नारायण ने इंदौर पुलिस आयुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा है कि उसकी पत्नी उसे नीले ड्रम में भरकर मार डालने की धमकी दे रही है और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही है। पत्नी से परेशान नारायण ने अपनी आपबीती का एक वीडियो भी साझा किया है, जो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। बता दें कि बीते महीने में इंदौर के ही राजा रघुवंशी की हत्या शिलांग में उसकी पत्नी सोनम ने अपने प्रेमी के साथ कर दी थी। यह मामला अभी शांत नहीं हुआ है, ऐसे में नारायण का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
इंदौर की लड़की से की थी शादी
पुलिस के अनुसार, इंदौर एयरपोर्ट पर मशीन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत नारायण पिछले चार साल से इंदौर में रह रहा है। एक साल पहले उसने पूर्व इंदौर की रहने वाली मानसी चढ़ार से प्रेम विवाह किया था। दोनों ने कोर्ट मैरिज की थी, जबकि दमोह में पारंपरिक रीति-रिवाज से शादी समारोह संपन्न हुआ था। शादी के बाद दोनों इंदौर की बाबू मुराई कॉलोनी में रहने लगे। नारायण का कहना है कि उसकी पत्नी मानसी एयर होस्टेस बनना चाहती थी।
पत्नी के सपने के लिए 1.5 का कर्ज लिया
पत्नी के इस सपने को पूरा करने के लिए उसने 1.5 लाख का कर्ज लिया और उसे कोचिंग कराई। लेकिन, कोचिंग जाने के दौरान वह बस में एक युवक के संपर्क में आ गई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। पति नारायण का आरोप है कि मानसी के उस युवक के साथ अवैध संबंध हैं। वह अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच रही है। नारायण ने बताया कि मानसी ने उसे धमकी दी है कि ‘तुझे पीले ड्रम में भरकर मार डालूंगी या तेरा हाल राजा रघुवंशी जैसा करूंगी’। पत्नी के जान से मारने की धमकी देने के बाद परेशान नारायण एरोड्रम थाने पहुंचा और पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। उसने कहा- पत्नी चाहे तो अपने प्रेमी के साथ रहे, लेकिन मुझे छोड़ दे, मुझे मरना नहीं है।
शादी के बाद गांव नहीं लौटा नारायण
मड़ियादो में रहने वाले नारायण के छोटे भाई बल्लू अठ्या ने बताया कि भइया अभी इंदौर में ही हैं। शादी के दौरान वह दमोह आए थे। इसके बाद से वह गांव नहीं लौटे।




