महू
गौतमपुरा के सरकारी अस्पताल के सामने वैक्सीनेशन केंद्र पर बुधवार सुबह से लेकर शाम तक टीका लगाने वाली टीम बैठी रही, लेकिन 45 पार का एक भी व्यक्ति टीका लगवाने नहीं आया। जबकि शासन, प्रशासन से लेकर नगर परिषद तक वैक्सीनेशन के लिए लगातार प्रचार कर रही है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, बीएलओ घर-घर जाकर वैक्सीन लगवाने का आग्रह कर रहे हैं। इसके बावजूद भी लोग टीका लगवाने में खास रुचि नहीं ले रहे हैं। इसका उदाहरण बुधवार को गौतमपुरा के सरकारी अस्पताल के सामने स्थित वैक्सीनेशन सेंटर पर देखने को मिला। नगर में 45 प्लस के 3891 लोग हैं जिनमें से 2096 लोगों ने ही तक ही पहला डोज लगवाया है।
1795 लोगों ने अब तक टीका नहीं लगवाया है। अब तक 374 ने दूसरा डोज लगवाया है। वैक्सीन सेंटर पर सिस्टर मंजू पाल व कंप्यूटर ऑपरेटर कमल सिंह दिनभर इंतजार ही करते रह गए। डॉ. सुनील असाटी ने बताया कि सेंटर पर 2670 वैक्सीन लगी है, इसमें से 200 डोज ग्रामीणों ने लगाया है बाकी नगरवासियों ने।
बुधवार को 100 वैक्सीन आई थी लेकिन टीका लगवाने लोग नहीं आए, यह ठीक नहीं है। कोरोना की चेन ब्रेक करने के लिए लोगों को टीकाकरण में रुचि लेना चाहिए।
18+ वाले वैक्सीनेशन शुरू होने का इंतजार कर रहे
यहां अब तक 18 प्लस के लोगों का वैक्सीनेशन शुरू नहीं हुआ है। युवा संदीप शर्मा, कपिल शर्मा, ओन अली बोहरा का कहना है कि यदि 45 पल्स वाले वैक्सिनेशन को नहीं आ रहे तो 18 प्लस के लोगों को वैक्सीन लगाना चाहिए ताकि वो तो सैफ हो। गोल्डी राठी, शैलेश सोनी का कहना है कि 18 पल्स के लिए गौतमपुरा में टीकाकरण शुरू करने के लिए सीएमएचओ को कहा लेकिन अभी तक सुनवाई नहीं हुई है।





