अमेरिका के प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने माना है कि उनकी ओर से लगाए गए टैरिफ से भारत के साथ रिश्ते में तनाव आया है। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि रूसी तेल खरीद के लिए टैरिफ लगाने से भारत और अमेरिका के बीच दरार पैदा हुई है।
वॉशिंगटन: अमेरिका के प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप ने माना है कि उनकी ओर से लगाए गए टैरिफ से भारत के साथ रिश्ते में तनाव आया है। उन्होंने शुक्रवार को कहा कि रूसी तेल खरीद के लिए टैरिफ लगाने से भारत और अमेरिका के बीच दरार पैदा हुई है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने ये भी स्वीकारा कि भारत पर 50 प्रतिशत के टैरिफ लगाने का फैसला आसान नहीं रहा है। इसके साथ ही ट्रंप ने एक बार फिर से भारत-पाकिस्तान युद्ध रुकवाने के अपने दावे को भी दोहराया है।
ट्रंप ने शुक्रवार को एक इंटरव्यू में भारत पर टैरिफ और संबंधों में तनाव पर बात की है। उन्होंने कहा, भारत रूसी तेल का एक बड़ा ग्राहक है। मैंने इसे रोकने के लिए भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया क्योंकि वे रूस से तेल खरीदते हैं। यह कोई आसान काम नहीं है। यह बड़ी बात है और इससे भारत के साथ रिश्ते में दरार पैदा होती है।’
ट्रंप के टैरिफ से रिश्ते में तनाव
ट्रंप का ये बयान अहम है क्योंकि उनके भारतीय वस्तुओं पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने के बाद से अमेरिका-भारत संबंध तनावपूर्ण हो गए हैं। ट्रंप और उनके प्रशासन के लोगों ने बार-बार भारत भारत के खिलाफ आक्रामक बयानबाजी की है। वहीं भारत ने साफ किया है कि वह रूस से तेल खरीदना जारी रखेगा।यूक्रेन युद्ध रुकवाने और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर शिकंजा कसने के सवाल पर ट्रंप ने यह कहा, ‘इसके लिए मैं यह पहले ही कर चुका हूं। मैंने बहुत कुछ किया है। याद रखें कि यह हमारी समस्या से कहीं अधिक यूरोप की परेशानी है। अमेरिका ने इस मुद्दे को सुलझाने के लिए इमानदारी से काम किया है।’





