भारत-पाकिस्तान के एशिया कप मैच को लेकर राजनीतिक घमासान छिड़ गया है। बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर ने मैच खेलने की मजबूरी बताई है, तो वहीं उद्धव ठाकरे ने देशभक्ति के नाम पर व्यापार करने का आरोप लगाया है। ओवैसी की पार्टी ने विरोध प्रदर्शन किया है।
14 सितंबर को होने वाले भारत-पाकिस्तान एशिया कप क्रिकेट मैच को लेकर सियासी घमासान छिड़ गया है। जहां सत्ता पक्ष के नेता इस मैच को लेकर सफाई देते नजर आ रहे हैं तो वहीं विपक्षी दल के नेता प्रधानमंत्री मोदी समेत कई शीर्ष नेताओं को घेरते नजर आ रहे हैं। ओवैसी की पार्टी ने तो खुले आम विरोध प्रदर्शन किया तो उद्धव ठाकरे की पार्टी ने भी काफी अग्रेसिव तरीके से विरोध जताया है। तो चलिए आपको बताते हैं किस नेता ने क्या कहा?
बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर ने बताई मैच खेलने की मजबूरी
बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर ने कहा कि बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि ‘जब एसीसी या आईसीसी के टूर्नामेंट होते हैं तो देशों के लिए खेलना अनिवार्य हो जाता है। अगर वे ऐसा नहीं करते, तो उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ेगा या मैच छोड़ना पड़ेगा और अंक दूसरी टीम को मिल जाएंगे। लेकिन भारत पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेलता। हमने वर्षों पहले यह संकल्प लिया था कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद बंद नहीं करता, हम द्विपक्षीय क्रिकेट नहीं खेलेंगे।
उद्धव ठाकरे ने बोला हमला
एशिया कप 2025 में होने वाले भारत बनाम पाकिस्तान मैच पर शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री ने कहा कि खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते, तो खून और क्रिकेट एक साथ कैसे बह सकते हैं? युद्ध और क्रिकेट एक साथ कैसे हो सकते हैं?… उन्होंने देशभक्ति का व्यापार किया है। देशभक्ति का व्यापार केवल पैसे के लिए है। वे कल भी मैच खेलने जा रहे हैं क्योंकि उन्हें उस मैच से मिलने वाला सारा पैसा चाहिए… कल, शिवसेना (यूबीटी) की महिला कार्यकर्ता महाराष्ट्र में सड़कों पर उतरेंगी और वे हर घर से पीएम मोदी को सिंदूर भेजेंगी।
ओवैसी की पार्टी ने किया विरोध प्रदर्शन
एआईएमआईएम ने दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में एशिया कप टूर्नामेंट के तहत कल होने वाले भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के प्रवक्ता वारिस पठान ने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जब पाकिस्तान के साथ सब-कुछ बंद हैं और हमने उनके साथ पानी का भी व्यवहार नहीं रखा है। तो फिर यह मैच क्यों हो रहा है? हम पहलगाम पीड़ितों को क्या जवाब देंगे?
अरविंद केजरीवाल ने भी बोला हमला
आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने भी भारत-पाकिस्तान के मैच को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर तीखे सवाल पूछते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जी को पाकिस्तान के साथ मैच करवाने की आखिर क्या जरूरत है? सारा देश कह रहा है कि ये मैच नहीं होना चाहिए। फिर ये मैच क्यों करवाया जा रहा है? क्या ये भी ट्रम्प के दबाव में किया जा रहा है? आखिर ट्रम्प के आगे कितना झुकोगे?





