इन्दौर। इंदौर नगर निगम द्वारा चंदन नगरसे एरोड्रम रोड तक प्रस्तावित सडक़ को मास्टर प्लान में शामिल करने की तैयारी तेजी से जारी है। इसके लिए जारी की गई सार्वजनिक सूचना पर प्राप्त हुए दावे-आपत्ति की सुनवाई पूरी हो गई है।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि पश्चिमी रिंग रोड के निर्माण का प्रस्ताव तो जैसा का तैसा लंबित रह गया है। ऐसी स्थिति में नगर निगम द्वारा चंदन नगर से एयरपोर्ट रोड को जोडऩे के लिए सडक़ के निर्माण की तैयारी की गई है। इस सडक़ को मास्टर प्लान में शामिल करने के लिए हमारे द्वारा कार्रवाई की गई। नगर एवं ग्राम निवेश विभाग द्वारा इस पर सार्वजनिक सूचना जारी कर दावे-आपत्ति बुलाए गए। इन दावे-आपत्ति की पिछले दिनों सुनवाई हो गई है। इस सुनवाई के पश्चात अब इन पर फैसला लेकर भी भोपाल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि इसी महीने में इस फैसले के अनुसार गजट नोटिफिकेशन जारी हो जाएगा। इस सडक़ का निर्माण करने के लिए नगर निगम द्वारा तैयारी शुरू कर दी गई है। इस सडक़ को बनाने के लिए हमें 450 मकानों के हिस्से तोडऩा पड़ेंगे। इसमें करीब 100 मकान तो पूरे ही आ रहे हैं। जो मकान पूरे आ रहे हैं उनमें रहने वाले लोगों को निगम द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्मित किए गए फ्लैट दिए जाएंगे।
पुल के लिए बन गई डीपीआर
उन्होंने बताया कि धार रोड पर जिला अस्पताल से लेकर चंदन नगर के आगे सिरपुर तक फ्लाईओवर ब्रिज बनाने के लिए नगर निगम द्वारा इंदौर विकास प्राधिकरण के माध्यम से डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनवाकर तैयार कर ली गई है। इस डीपीआर पर जल्द फैसला लेकर इस फ्लाईओवर ब्रिज का निर्माण करने की पहल की जाएगी। इस कार्य पर करीब 40 करोड़ रुपए का खर्च आएगा। यह पुल बन जाने से धार रोड से नागरिकों को गुजरने में बहुत सुविधा होगी।
बीआरटीएस तोडऩे के लिए जल्द ही शुरू होने वाला है काम
बीआरटीएस के कॉरिडोर को तोडऩे के लिए नगर निगम द्वारा दिए गए ठेके के आधार पर ठेकेदार द्वारा बस काम शुरू किया जाने वाला है। इस कार्य को अभी जीपीओ चौराहे से शुरू किया जाएगा। इसके बाद निरंजनपुर क्षेत्र से तोडऩा शुरू करेंगे। इसके लिए ठेकेदार एजेंसी के साथ कल नगर निगम के अधिकारियों और महापौर पुष्यमित्र भार्गव की बैठक हो गई है। निगम द्वारा यह तय किया गया है कि देवउठनी ग्यारस के दिन से इस कार्य को शुरू किया जाए। यह संभव है कि इस कार्य को शुरू करने में एक आध दिन का विलंब हो जाए। इसके साथ ही नगर निगम द्वारा सडक़ पर नए डिवाइडर बनाने का काम भी शुरू कर दिया जाएगा।





