इमरान हाशमी और यामी गौतमकी अपकमिंग फिल्म ‘हक’रिलीज से पहले ही कानूनी पचड़े में पड़ गई है। शाह बानो की बेटी सिद्दीका बेगम (Siddiqa Begum) ने निर्माताओं को फिल्म के प्रचार और रिलीज पर तुरंत रोक लगाने के लिए एक कानूनी नोटिसभेजा है। यह फिल्म शाह बानो के केस पर आधारित है।
नोटिस के मुताबिक सिद्दीका बेगम ने इल्जाम लगाया है कि दिवंगत शाह बानो बेगम की निजी जिंदगी को उनके कानूनी उत्तराधिकारियों की इजाजत के बिना दिखाया जा रहा है। कानूनी नोटिस निर्देशक सुपर्णा वर्मा, निर्माता जंगली पिक्चर्स और बावेजा स्टूडियोज के साथ सीबीएफसी को भेजा गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म ‘हक’ 1985 के सुप्रीम कोर्ट के मोहम्मद अहमद खान बनाम शाह बानो बेगम केस पर आधारित है। यह केस महिला अधिकारों और उनके भरण-पोषण कानूनों से संबंधित है। इस केस को मुस्लिम महिलाओं के अधिकारों की रक्षा की लड़ाई में मील का पत्थर माना जाता है।
सुपर्ण एस वर्मा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में इमरान हाशमी और यामी गौतम के अलावा वर्तिका सिंह, दानिश हुसैन, शीबा चड्ढा और असीम हत्तंगडी अहम किरदारों में हैं। जंगली पिक्चर्स के बैनर तले बनी इस फिल्म के निर्माता विनीत जैन, विशाल गुरनानी, जूही पारेख मेहता और हरमन बावेजा हैं। यह फिल्म 7 नवंबर 2025 को रिलीज होगी।





