भारतीय वायु सेना (आईएएफ) शनिवार और रविवार को गुवाहाटी में पूर्वोत्तर क्षेत्र का पहला पूर्ण एयर शो आयोजित करेगी। इसमें राफेल, सुखोई, अपाचे और आईएल-78 रिफ्यूलर जैसे 75 लड़ाकू विमान हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रविवार को शामिल होंगे। रक्षा पीआरओ लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र रावत ने कहा कि आयोजन का मकसद युवाओं को प्रेरित करना और राष्ट्र सेवा की भावना को बढ़ावा देना है।
जम्मू-कश्मीर के सांबा में गोलीबारी में एक व्यक्ति घायल
जम्मू-कश्मीर के सांबा में गोलीबारी में एक व्यक्ति घायल हो गया। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में गोलीबारी की एक घटना में एक 60 वर्षीय व्यक्ति घायल हो गया। गोलीबारी रात करीब 9 बजे जम्मू-पठानकोट राजमार्ग पर बारी ब्राह्मणा बाजार में जे-के बैंक के एटीएम के पास हुई।
उन्होंने बताया कि चन्नी करथोली गांव निवासी बिशन दास को गोली लगी है और उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी के पीछे का मकसद अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में किसी भी तरह के आतंकी पहलू से इनकार किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि यह घटना आपसी रंजिश या लूटपाट के प्रयास से जुड़ी हो सकती है।
बीजद ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से दर्ज कराई शिकायत
ओडिशा में विपक्षी बीजद ने शुक्रवार को चुनाव आयोग से शिकायत दर्ज कराई कि पार्टी अध्यक्ष नवीन पटनायक के हेलीकॉप्टर को भुवनेश्वर हवाई अड्डे से उड़ान भरने की मंजूरी में जानबूझकर देरी की गई, जिससे नुआपाड़ा उपचुनाव में उनका प्रचार अभियान प्रभावित हुआ।
ओडिशा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को सौंपी गई शिकायत में विपक्षी दल ने कहा, “हम आपके माननीय कार्यालय से अनुरोध करते हैं कि वे इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करें, हेलीकॉप्टर की मंजूरी में देरी की परिस्थितियों की जांच करें और राजनीतिक लाभ के लिए सार्वजनिक प्राधिकरण के आगे दुरुपयोग को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएं।”
बीजद के एक प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आदर्श आचार संहिता का गंभीर उल्लंघन किया गया है, जिसने बीजू पटनायक अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हेलीकॉप्टर की मंजूरी में बाधा डाली और जानबूझकर देरी की।
तमिलनाडु: पलानीस्वामी पर AIADMK पार्टी कमजोर करने का आरोप
अन्नाद्रमुक से निष्कासित नेता के ए सेंगोट्टैयन ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि अन्नाद्रमुक महासचिव एडप्पादी के पलानीस्वामी अपनी बात कहने वाले पार्टी पदाधिकारियों को हटाकर संगठन को कमजोर कर रहे हैं। गोबिचेट्टीपलायम विधायक ने संवाददाताओं से कहा कि आगामी चुनावों में AIADMK को जीतना चाहिए और जो लोग पार्टी से अलग हो गए हैं। उन्हें पार्टी में वापस लाया जाना चाहिए।
उन्होंने याद दिलाया कि उन्हें 2012 में और एडप्पादी पलानीस्वामी को 2009 में तत्कालीन महासचिव जे जयललिता ने पार्टी से निकाल दिया था। उन्होंने कहा, “हालांकि, उसके बाद उन्होंने किसी को नहीं हटाया और इतिहास खुद इस बारे में बोलेगा। लेकिन, आज ऐसी स्थिति नहीं है। अगर पार्टी पदाधिकारी अपनी बात कहते हैं तो तुरंत कार्रवाई की जाती है। इससे न केवल आंदोलन (अन्नाद्रमुक) कमजोर होगा, बल्कि उन्हें हटाने वाला व्यक्ति भी कमजोर होगा।”
SIR के बीच EC की टीम ने अलीपुरद्वार में समीक्षा बैठक की; ओडिशा के खुर्दा में हिंसा के बाद निषेधाज्ञा
केंद्रीय निर्वाचन आयोग में वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त के पद पर तैनात ज्ञानेश भारती और पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने राज्य के अलीपुरद्वार ज़िले में मतदाता सूचियों के चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर एक समीक्षा बैठक की। गुरुवार को एक अधिकारी ने बताया, भारती के नेतृत्व में बंगाल दौरे पर गई टीम बुधवार रात अलीपुरद्वार पहुंची थी। चुनाव आयोग की टीम के बैठक को लेकर जारी बयान के मुताबिक विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान आने वाली समस्याओं की पहचान करने का प्रयास किया जाएगा। ऐसी संभावना है कि भारती की अगुआई में गई केंद्रीय टीम बंगाल में बूथ स्तर के अधिकारियों (BLO) और कुछ मतदाताओं से बातचीत भी करेगी। कूचबिहार जाने से पहले वे अलीपुरद्वार में क्षेत्रीय दौरे भी करेंगे। शुक्रवार को ये टीम जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग का दौरा भी करेगी।
हिंसक टकराव के बाद ओडिशा के खुर्दा में निषेधाज्ञा लागू
ओडिशा के खुर्दा जिले में दो गांवों- ओस्तापुर और कोटापल्ला के निवासियों के बीच सीमा विवाद को लेकर हिंसक टकराव हुआ। जिला प्रशासन ने तनाव बढ़ने के कारण निषेधाज्ञा लागू कर दी है। पुलिस के मुताबिक बुधवार रात दोनों गांवों के लोगों के बीच लंबे समय से जारी सीमा विवाद को लेकर तीखी बहस हुई। तनाव बढ़ने के बाद लोग हिंसा पर उतर आए। सीमा चिह्नित करने के लिए बोर्ड लगाने को लेकर विवाद भड़क और सड़क किनारे कई दुकानों में आगजनी भी की गई। हिंसक झड़प में कई लोग घायल भी हुए। हालात को नियंत्रण में लाने के लिए जिला प्रशासन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत प्रतिबंध लगाने का एलान किया। फिलहाल, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 30 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी- एडीएम सफल्य मंदिता प्रधान की तरफ से जारी आदेश में कहा गया कि हनुमान वाटिका से बारिका पोखरी तक दुकानों को खोलने की मनाही रहेगी। लोगों से सार्वजनिक जगहों पर जमा न होने का निर्देश भी दिया गया है। बता दें कि करीब तीन महीने पहले- अगस्त में भी इस इलाके में हिंसा भड़की थी।
भारत-बांग्लादेश सीमा पर पहुंचे पूर्वी सेना प्रमुख, सैन्य तैयारियों की समीक्षा की
पूर्वी सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल आर. सी. तिवारी ने गुरुवार को असम के धुबरी जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा का दौरा किया और ऑपरेशनल तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने धुबरी में ‘लाचित बरफुकन मिलिट्री स्टेशन’ की आधारशिला भी रखी। रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल महेन्द्र रावत के अनुसार, दौरे के दौरान सेना प्रमुख ने सीमा सुरक्षा और आंतरिक हालात की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह नया सैन्य स्टेशन असम की बहादुरी और नेतृत्व की भावना का प्रतीक है। तिवारी ने असम सरकार और प्रशासन को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया और गजराज कोर के सभी जवानों की सराहना की। यह स्टेशन पूर्वोत्तर क्षेत्र में भारतीय सेना की ऑपरेशनल क्षमता और ढांचे को और मजबूत करेगा। यह सेना और राज्य प्रशासन के साझा राष्ट्रीय सुरक्षा दृष्टिकोण का प्रतीक है।
सात देशों के प्रतिनिधियों ने लिया बिहार चुनाव की तैयारियों का जायजा
बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों का निरीक्षण करने के लिए सात देशों के 16 प्रतिनिधियों ने गुरुवार को भारत निर्वाचन आयोग का दौरा किया। इनमें इंडोनेशिया, कोलंबिया, फिलीपीन, फ्रांस, बेल्जियम, दक्षिण अफ्रीका और थाईलैंड के अधिकारी शामिल थे। यह दौरा निर्वाचन आयोग के अंतर्राष्ट्रीय मतदाता आगंतुक कार्यक्रम के तहत हुआ। थाईलैंड के प्रतिनिधिमंडल ने पटना के एक मतदान केंद्र का दौरा कर चुनाव प्रक्रिया को देखा और आयोग की तैयारियों की सराहना की।
नुआपाड़ा उपचुनाव में भाजपा पर आचार संहिता उल्लंघन का आरोप
ओडिशा के नुआपाड़ा उपचुनाव को लेकर सियासी संग्राम तेज हो गया है। बीजद और कांग्रेस दोनों ने भाजपा पर आचार संहिता उल्लंघन का आरोप लगाते हुए भारत निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराई है।
बीजद ने अपने आरोप लगाया कि भाजपा प्रत्याशी जय ढोलकिया ने प्रचार के दौरान नाबालिग बच्चों, विशेषकर बालिकाओं का इस्तेमाल किया। पार्टी ने कहा कि बच्चों को भाजपा के झंडे पकड़ाकर नारे लगवाए गए। यह आचार संहिता का सीधा उल्लंघन है। बीजद ने इसका वीडियो सबूत भी सौंपा है।
वहीं, कांग्रेस ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता महिला मतदाताओं को साड़ियां और 500 रुपये नकद बांट रहे हैं। पार्टी ने कहा कि यह मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास है और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 123(1) के तहत घूसखोरी की श्रेणी में आता है। दोनों विपक्षी दलों ने आयोग से तत्काल हस्तक्षेप और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
असम के हाफलोंग जेल से पूर्व उग्रवादी फरार
असम के दीमा हसाओ जिले स्थित हाफलोंग सब-जेल से बुधवार को एक पूर्व उग्रवादी फरार हो गया। इस घटना ने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार, फरार कैदी डिमासा नेशनल लिबरेशन आर्मी (डीएनएलए) का पूर्व उग्रवादी बेटसिंग जिदुंग है, जो दोपहर के आसपास जेल से भाग निकला। सूत्रों ने बताया कि घटना में जेलकर्मियों की लापरवाही या सुरक्षा में चूक की आशंका है। जैसे ही घटना की जानकारी मिली, पुलिस और जेल प्रशासन ने मिलकर फरार आरोपी की तलाश में व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। हाफलोंग सब-जेल में विभिन्न गंभीर मामलों के आरोपी और सजायाफ्ता कैदी बंद हैं। इनमें लोकप्रिय गायक जुबीन गर्ग मौत मामले के दो आरोपी उनके बैंड सदस्य शेखरज्योति गोस्वामी और अमृतप्रभा महंता भी शामिल हैं। इन दोनों आरोपियों की मौजूदगी के कारण हाल ही में जेल की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई थी।
हैदराबाद एयरपोर्ट पर 26.7 लाख के 22 ड्रोन किए जब्त
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने हैदराबाद हवाईअड्डे पर 26.7 लाख के 22 ड्रोन जब्त किए हैं। सीआईएसएफ ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि क्राइम एंड इंटेलिजेंस विंग ने यात्री की प्रोफाइलिंग के आधार पर उसे रोका। यात्री सिंगापुर से आया था और आगमन क्षेत्र में दूसरे व्यक्ति के साथ बैगों का संदिग्ध आदान-प्रदान कर रहा था। जांच में डीजेआई मिनी 5 प्रो के 22 ड्रोन, 22 रिमोट कंट्रोलर और अन्य सामान बरामद हुए।
मुर्शिदाबाद में पुलिस के अभियान से हड़कंप
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में पुलिस ने जिले में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने 71 बम, 7 किलोग्राम विस्फोटक और 7 बंदूकें जब्त कीं। पुलिस टीम ने इस मामले में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और 4 मामले दर्ज किए गए हैं।
सत्य साईं शताब्दी उत्सव 13 से, पीएम 19 को जारी करेंगे डाक टिकट
आंध्र प्रदेश का छोटा-सा गांव पुट्टपर्थी आध्यात्मिक गुरु सत्य साईं बाबा के शताब्दी जन्मोत्सव को लेकर पूरी तरह सज चुका है। 13 नवंबर से शुरू होने वाले इस आयोजन में 140 देशों के श्रद्धालु जुटेंगे। सत्य साईं सेंट्रल ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी आर जे रत्नाकर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 नवंबर को साईं हिल व्यू स्टेडियम में होने वाले भव्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान बाबा के सम्मान में विशेष डाक टिकट और 100 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया जाएगा। पूरे गांव को रंगीन रोशनियों और स्वागत द्वारों से सजाय गया है। देश-विदेश से श्रद्धालुओं का आना भी पुट्टपर्थी में शुरू हो चुका है। श्री सत्य साईंं बाबा का जन्म 23 नवंबर 1926 को आंध्र प्रदेश के पुट्टपर्थी गांव में हुआ था। उन्होंने 14 वर्ष की आयु में ही अपने आध्यात्मिक मिशन की शुरुआत कर दी थी। उत्सव के तहत 22 नवंबर को सत्य साईं उच्च अध्ययन संस्थान का 44वां दीक्षांत समारोह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मुख्य अतिथि होंगे।
दो दिन से मंगोलिया में फंसे एअर इंडिया के 245 यात्री दिल्ली लौटेमंगोलिया की राजधानी उलानबटेर में फंसे एअर इंडिया के 245 यात्री आखिरकार दो दिन बाद दिल्ली लौट आए हैं। एअर इंडिया का एक राहत विमान बुधवार सुबह इन सभी को लेकर राष्ट्रीय राजधानी पहुंचा। सान फ्रांसिस्को से दिल्ली आ रहे एआई के एक विमान में सोमवार को तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके बाद विमान (एआई 174) की मंगोलिया में आपात लैंडिंग करनी पड़ी थी। तब से 228 यात्री और चालक दल के 17 सदस्य वहां फंसे हुए थे। एक अधिकारी ने बताया कि उलानबटेर से यात्रियों को लेकर एअर इंडिया का राहत विमान बुधवार सुबह करीब आठ बजकर 24 मिनट पर राष्ट्रीय राजधानी पहुंचा। इससे पहले, बोइंग 787 ड्रीमलाइनर की ओर से संचालित राहत उड़ान एआई183 ने मंगलवार दोपहर दिल्ली से उलानबटोर के लिए उड़ान भरी थी।
अनुसूचित जाति धर्म परिवर्तन मामला: छह महीने और बढ़ा कार्यकाल
केंद्र सरकार ने अनुसूचित जाति (SC) से जुड़े आयोग का कार्यकाल बढ़ाने का फैसला लिया है। सरकार ने उस जांच आयोग का कार्यकाल छह महीने बढ़ाकर 10 अप्रैल, 2026 तक कर दिया है, जिसका गठन 6 अक्तूबर, 2022 को हुआ था। आयोग को अपनी रिपोर्ट 10 अक्तूबर, 2024 तक रिपोर्ट देनी थी, लेकिन इसका कार्यकाल एक साल बढ़ा दिया गया। आयोग ने अपने निष्कर्ष और सिफारिशों को अंतिम रूप देने के लिए अतिरिक्त समय मांगा था, जिसे सरकार ने मंजूरी दे दी है। बता दें कि इस आयोग का गठन उन व्यक्तियों के दावों की जांच के लिए हुआ है, जिन्होंने धर्मपरिवर्तन कर लिया है। ऐसे लोग ऐतिहासिक रूप से तो अनुसूचित जाति (SC) श्रेणी से आते हैं, लेकिन अब इन लोगों ने ऐसे धर्म अपना लिए हैं, जिन्हें वर्तमान आदेश और कानून के तहत SC का दर्जा हासिल नहीं है।
श्रीलंका के विपक्षी नेता प्रेमदासा का भारत दौरा: जेपी नड्डा से की मुलाकात, बढ़ती साझेदारी पर चर्चा
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बृहस्पतिवार को यहां श्रीलंका के विपक्ष के नेता सजित प्रेमदासा से मुलाकात की और भारत- श्रीलंका के बीच बढ़ती साझेदारी पर प्रकाश डाला। साथ ही, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पड़ोसी पहले नीति में इसके महत्व पर जोर दिया। ‘भाजपा को जानो’ पहल के तहत हुई इस मुलाकात में नड्डा ने संगठनात्मक अनुभवों को साझा करने और आपसी समझ को बढ़ावा देने के लिए भाजपा और प्रेमदासा की पार्टी समागी जन बलवेगया (एसजेबी) के बीच संबंधों को मजबूत करने का प्रस्ताव रखा। दोनों नेताओं ने साझा विरासत और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। एक बयान में कहा गया कि इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने समावेशी शासन और जन-संचालित विकास के भाजपा के दृष्टिकोण के बारे में बात की। कहा कि पार्टी और सरकार के बीच घनिष्ठ समन्वय से पूरे देश में कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी कार्यान्वयन संभव हुआ है।





