अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

सेकेंड वेव में दैनिक भास्कर: ‘जो दिख रहा है वह रिपोर्ट कर रहे हैं’

Share


अश्वनी कुमार सिंह|प्रतीक गोयल

शाम के तकरीबन चार से पांच बज रहे थे, दिव्य भास्कर अखबार के अहमदाबाद दफ्तर में अख़बार के स्टेट एडिटर देवेंद्र भटनागर और चार अन्य लोगों की कोर टीम एक स्टोरी को लेकर गहन चर्चा कर रही थी. कहानी थी कि गुजरात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल का वो बयान जिसमें उन्होंने अपने पास 5000 रेडेमसिविर इंजेक्शन होने का दावा किया था और उन्हें बीजेपी दफ्तर से मुफ्त बांटने की बात कही थी.

दूसरी तरफ जब कुछ पत्रकारों ने गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपानी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनसे पूछा कि आखिर पाटिल इतनी बड़ी संख्या में बीजेपी दफ्तर से रेमडेसिविर क्यों बाट रहे हैं. इस पर रूपानी ने कहा कि इस बारे में आपको सीधे पाटिल से ही बात करनी चाहिए.

भटनागर को इन दोनों नेताओं का बयान बहुत हैरान करने वाला लगा. उनके मन में यह सवाल था कि जहां एक तरफ लोगों को अपने परिजनों के लिए इंजेक्शन नसीब नहीं हो रहे थे, लोग उसके लिए मारे-मारे घूम रहे थे वहीं गुजरात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के पास इतने सारे इंजेक्शन कहां से आए? और मुख्यमंत्री को इसके बारे में जानकारी क्यों नहीं है?

दिव्य भास्कर अहमदाबाद की कोर टीम यह चर्चा कर रही थी कि किस तरह से इस कहानी को बेहतर ढंग से किया जाए. टीम का मत था कि इतनी बड़ी तादाद में किसी व्यक्ति के पास हज़ारों इंजेक्शन का होना गलत है और इसकी पड़ताल होनी चाहिए. लगभग आधा घंटा चर्चा करने के बाद तय हुआ कि पाटिल के फोन नंबर की हेडलाइन छापी जाए, जिससे कि लोग उनसे सीधा सवाल करें. आखिर मुख्यमंत्री ने भी यही कहकर अपना पल्ला झाड़ लिया था.

दिव्य भास्कर

दिव्य भास्कर

अगले दिन 11 अप्रैल को जब खबर छपी तो पूरे देश में चर्चा का विषय बन गई. इसके कुछ ही दिन बाद दैनिक भास्कर- भोपाल ने फ्रंट पेज पर “सरकार के मौत के आंकड़े झूठे हैं, ये जलती चिताएं सच बोल रही है” लिखते हुए भदभदा शमशान घाट में जलती हुई चिताओं की तस्वीर लगाई. यह खबर भी आग की तरह फ़ैल गयी. भास्कर की पत्रकारिता की हर जगह प्रशंसा होने लगी, इसके बाद भास्कर की पत्रकारिता की चारो तरफ तारीफ होने लगी.

भोपाल में शमशान घाटों की प्रकाशित रिपोर्ट

भोपाल में शमशान घाटों की प्रकाशित रिपोर्ट

देखा जाए तो कोविड की दूसरी लहर की शुरुआत से लेकर अब तक दैनिक भास्कर ने बहुत ही आक्रामक तरह की पत्रकारिता की है. चाहे मध्य प्रदेश हो, उत्तर प्रदेश हो, राजस्थान हो या गुजरात. भास्कर ने कोविड से जुड़ी खबरों और सरकारी अव्यवस्थाओं को तरजीह देते हुए छापा है.

भास्कर की इस आक्रामक पत्रकारिता के बारे में भटनागर ने न्यूज़लॉन्ड्री को बताया, “ऐसा नहीं है कि भास्कर इस तरह की स्टोरीज़ पहली बार कर रहा है. हमने पहले भी सरकार और प्रशासन के गलत कामों को खुल कर रिपोर्ट किया है. हमने गुजरात हो या मध्य प्रदेश सरकार- प्रशासन की खामियों को अक्सर उजागर किया है. अभी हमारा पूरा ध्यान कोविड पर है और हम कोविड से जुडी खबरों पर प्राथमिकता से कहानियां छाप रहे हैं. इसलिए शायद लोगों को भास्कर की पत्रकारिता अलग नज़र आ रही. लेकिन भास्कर पहले से ही इस तरह की पत्रकारिता करता आया है.”

वह आगे कहते हैं, “भास्कर की शुरुआत से यही सोच रही है कि सच को सच और गलत को गलत कहना है. अगर सरकार गलत काम करती है तो हम उसके गलत बातों के बारे में लिखते हैं और अगर वो अच्छा काम करती है तो हम उनकी अच्छी बातों के बारे में भी लिखते हैं. हमारे अखबार के चेयरमैन रमेश अग्रवाल साहब अक्सर कहते थे- जैसा है वैसा देख और जैसा देख वैसा लिख’. तो जो सच है वो हम लिखते हैं और वही भास्कर कर रहा है. हमने कभी यह परवाह नहीं की कि हमारी खबरों से सरकार को बुरा लग जाएगा या हमारे संबंध खराब हो जाएंगे. हमारे पाठक हमारे केंद्र में हैं, हम अखबार उनके लिए निकालते है. आज इस महामारी के दौर में जब लोग मर रहे हैं, हालात खराब हैं और सरकार किसी ना किसी तरीके से चीज़ों को दबाने की कोशिश कर रही है, तो पाठक चाहते हैं कि उन्हें सच बताया जाए. अगर इस समय मैं उनसे सच छुपाऊंगा तो मैं अपने पेशे से धोखा करूंगा. इसलिए हम सब बातों पर खुलकर रिपोर्ट कर रहे हैं. हमारा कोई एजेंडा नहीं है और न हमारी सरकार से कोई दुश्मनी या विरोधाभास है.”

गुजरात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का फ़ोन नंबर हेडलाइन बनाकर छापने के बारे में वो कहते हैं,” जब हमने गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी से प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल के पास 5000 इंजेक्शन होने को लेकर सवाल किया तो उन्होंने जवाब में कहा कि उन्हें इस बारे में कुछ नहीं मालूम और हम इस बारे में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से पूछें. हमने जब पाटिल साहब से इस बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि उनको इंजेक्शन उनके मित्रो ने उपलब्ध कराये हैं, जब हमने उनके मित्रो के नाम जानने चाहे तो वह कहने लगे जिसको इंजेक्शन चाहिए वो ले जिसको नहीं चाहिए वो ना ले. इसलिए हमने सोचा कि क्यों ना गुजरात की जनता जो इंजेक्शन के लिए मारी मारी भटक रही थी, खुद उनसे यह सवाल करें कि उनको यह इंजेक्शन कहां से मिले और इसको ध्यान में रखते हुए हमने उनके नंबर को हेडलाइन बनाया.”

दैनिक भास्कर भोपाल में काम करने वाले एक वरिष्ठ पत्रकार ने अपना नाम गोपनीय रखने की शर्त पर हमें बताया, “ऐसा नहीं है कि हम कोई स्टैंड लेकर काम कर रहे हैं. हमारे एमडी साहब का कहना है कि भास्कर को हमेशा पब्लिक ओपिनियन के साथ खड़ा होना है. हम सरकार के खिलाफ नहीं जनता के हक़ में रिपोर्टिंग कर रहे हैं. यह बात ज़रूर है कि भास्कर खुद से पहल करके सरकार के खिलाफ नहीं लिखता है लेकिन यहां मामला लोगों का है इसलिए ऐसी रिपोर्टिंग हो रही है. श्मशानों को लेकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मीडिया ने जो कहानियां की थीं उसकी शुरुआत दैनिक भास्कर ने ही की थी. भास्कर ने ही सबसे पहले श्मशान घाट में जलती हुई चिताओं का फोटो लगाया था. वो फोटो फ्रीलांस फोटोग्राफर संजीव गुप्ता ने खींचा था और भास्कर ने उसे लगाया था.”

हाल ही में भास्कर ने उत्तर प्रदेश में गंगा किनारे बसे 27 जिलों में कोविड से मारे गए लोगों को दफ़नाने की एक रिपोर्ट प्रकाशित की थी, जो सरकारी अव्यवस्था की भयावह स्थिति को दिखाती है. अपनी ग्राउंड रिपोर्ट से अखबार ने गंगा घाट के किनारे लाशों की लाइन दिखायी थी. उस रिपोर्ट में अखबार ने 30 रिपोर्टर के जरिए 27 जिलों में 1140 किलोमीटर तक जाकर खुद लाशों की पड़ताल की थी. जिसके बाद से गंगा किनारे की लाशें अन्य मीडिया भी प्रमुखता से दिखाने लगा.

उत्तर प्रदेश गंगा किनारों की रिपोर्ट

उत्तर प्रदेश गंगा किनारों की रिपोर्ट

भास्कर उत्तर प्रदेश से जुड़े एक पत्रकार ने नाम ना लिखने की शर्त पर बताया, “उत्तर प्रदेश में भास्कर ने अपनी डिजिटल टीम नए सिरे से झोंकी है. यूपी में हमारा अखबार नहीं निकलता है इसलिए डिजिटल के ज़रिये स्थापित करने की पहल है. वहां ओम गौड़ जो हमारे नेशनल एडिटर थे उनको भेजा गया है. उनके अलावा सूरत के एडिटर विजय चौहान, डी-बी स्टार के एडिटर योगेश पांडे और पंजाब से वरिष्ठ पत्रकार श्याम द्विवेदी को भी वहां भेजा गया है. यह टीम दो महीने पहले ही गयी है. यूपी में इस वक़्त जागरण और अमर उजाला कुछ ख़ास लिख नहीं रहे हैं. वहां के मौजूदा हालात पर भास्कर बहुत अच्छी तरह से रिपोर्टिंग कर रहा है. इससे हमें वहां स्थापित होने में मदद मिलेगी.”

दैनिक भास्कर डिजिटल के एडिटर इंचार्ज और नेशनल एडिटर ओम गौड़ कहते हैं, “भास्कर ने हमेशा से आक्रामक रिपोर्टिंग की है. भास्कर ने पूर्व में ऐसी हज़ारों स्टोरीज़ ब्रेक की हैं, लेकिन कोरोना के वक़्त कुछ स्टोरीज़ उभर कर सामने आईं हैं, क्योंकि कोरोना एक राजनैतिक मुद्दा बन गया था. उत्तर प्रदेश में अखबारों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर दबाव था खबरें नहीं करने का, ऐसे में जब यह कोविड वाली स्टोरीज़ भास्कर ने की तो वो तुरंत उभर कर आईं.”

जब न्यूज़लॉन्ड्री ने उनसे पूछा कि क्या यह सब खबरें करने के चलते उन पर सरकार से कोई दबाव आया, तो वह कहते हैं, “देखिये दबाव बनाने के तरीके अलग-अलग होते हैं. जब हमने गंगा के घाटों पर प्रशासन द्वारा लाशें दफनाने वाली स्टोरी की थी तो उसके तुरंत बाद मुझे सरकार के एक नुमाइंदे का फ़ोन आया था. उस स्टोरी को एक रिटायर्ड आईएएस अफसर एसपी सिंह ने ट्वीट किया था. उस सरकारी नुमाइंदे ने मुझे फोन करके कहा कि आपकी खबर को एसपी सिंह ने ट्वीट किया है और अगर यह आपकी खबर नहीं है तो हम उस पर मुकदमा करेंगे. मैंने उनसे पलट कर कहा कि अगर आपको मुकदमा करना है तो मुझ पर कीजिये क्योंकि यह खबर भास्कर ने चलायी है. मैंने उनसे यह भी कहा कि वह खबर को देखे, उस खबर में कुछ भी गलत नहीं है. खबर को तमाम सबूतों और आंकड़ों के साथ छापा गया था.”

क्या सरकार ने भास्कर की खबरों के चलते विज्ञापनों पर रोक लगाया है. इसके जवाब में गौड़ ने कहा, “अखबारों पर दबाव डालने का सरकारों के पास एक ज़रिया होता है. वह मुकदमा कर नहीं सकते क्योंकि खबरे पूरे सबूतों के साथ हम प्रकाशित करते हैं, तो अख़बार का कुछ बिगाड़ने के लिए उनके पास बस यह एक ही तरीका है. कोई भी पार्टी सरकार में हो, वह इस तरह के हथकंडे अपनाती है और आजकल यह एक ट्रेंड बन गया है. लेकिन हम फिर भी अपना काम करते हैं. हमारा किसी के खिलाफ कोई एजेंडा नहीं है हमारा बस एक ही एजेंडा वह है खबर और हम वही कर रहे हैं. हमारे देश के अलग-अलग प्रदेशों की सरकारों में कोविड को लेकर प्रतिस्पर्धा सी हो गयी. कोरोना को यह लोग एक राजनैतिक अवसर के रूप में देख रहे थे. इनकी उन्हीं हरकतों के चलते दूसरी लहर भी आ गई और इसमें हमारे देश की स्वास्थ्य व्यवस्था की पूरी पोल खुल चुकी है.”

न्यूज़लॉन्ड्री डाक

न्यूज़लॉन्ड्री हिन्दी के साप्ताहिक संपादकीय, चुनिंदा बेहतरीन रिपोर्ट्स, टिप्पणियां और मीडिया की स्वस्थ आलोचनाएं.साइन अप

उत्तर प्रदेश भास्कर के डिजिटल टीम में काम कर रहे विजय सिंह चौहान कहते हैं, “भास्कर हमेशा से ही सच्चाई के साथ रिपोर्ट करता है. हमारी रिपोर्टिंग जनता से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित होती है. इस समय कोविड महामारी से लोग मर रहे है, ऑक्सीजन नहीं मिल पा रहा है, मौतों को छुपाया जा रहा है. हम उसे ही कवर कर रहे है.”

उत्तर प्रदेश भास्कर की डिजिटल टीम से जुड़े एक पत्रकार नाम नहीं लिखने की शर्त पर कहते हैं, “इस वक़्त हो सकता है दूसरे लोग कम काम कर रहे हैं और भास्कर ग्राउंड रिपोर्टिंग ज़ोर से कर रहा है तो उसकी कहानियां प्रमुखता से दिख रही हैं. हमने पिछले साल भी इसी तरह की रिपोर्टिंग की थी, लेकिन इस साल बहुत सी मौतें हो गयी हैं तो खबरें भी उसी तरह की हो रही हैं.”

डिजिटल टीम से ही जुड़े एक अन्य पत्रकार नाम ना लिखने की शर्त पर कहते हैं, “उत्तर प्रदेश की स्थिति यह है कि अगर आप कोई अखबार उठा कर देखेंगे तो ऐसा लगेगा की सरकार ने अखबार प्रकाशित किया है. ऐसे में भास्कर द्वारा की जा रही रिपोर्टिंग अलग नज़र आ रही है.”

दैनिक भास्कर भोपाल में काम करने वाले एक पत्रकार कहते हैं, “पिछली बार के मुकाबले भास्कर की रिपोर्टिंग और आक्रामक हुई है. सरकारों की व्यवस्थाएं भी पूरी तरह से असफल रहीं और इसके बारे में लिखना बहुत ज़रूरी था. दैनिक भास्कर ने ही भोपाल में ऑक्सीजन की कमी के चलते मृत्यु होने की खबर सबसे पहले प्रकाशित की थी. खबर करने के बाद प्रशासन और सरकार ने खबर का खंडन करने का दबाव भी बनाया था लेकिन भास्कर ने खंडन नहीं किया क्योंकि खबर तथ्यों के आधार पर थी. इसी तरह सरकार द्वारा कोविड सिटी वैल्यू बताने वाले लैब्स को बंद करने के ऊपर जब भास्कर ने खबर की थी तब भी सरकार की तरफ से खंडन करने का दबाव बनाया गया था लेकिन भास्कर ने ऐसा नहीं किया. हम लोग खबरों को बहुत जांच-परख कर ही प्रकाशित करते हैं.”

गौरतलब है कि भास्कर के मैनेजमेंट ने अभी हाल ही में घोषणा की थी कि जिन कर्मचारियों की कोविड के चलते मृत्यु हो गयी है उनके परिवार को कंपनी एक साल तक उनकी तनख्वाह मुहैय्या करवाएगी, इसके अलावा परिवार के लोगों को सात लाख रुपये का मुआवजा भी दिया जाएगा.

कोरोना महामारी ने सरकारों को बेपर्दा कर दिया है. राज्य से लेकर केंद्र तक सभी सरकारें जनता को मूलभूत सुविधाएं भी नहीं मुहैया करा पाईं. अपनी नाकामी को छुपाने के लिए सरकारों ने मीडिया को प्रभावित करने का काम हमेशा की तरह जारी रखा है. लेकिन इस मुश्किल समय में दैनिक भास्कर जिसकी छवि एक ऐसे अखबार की है जो सरकार के खिलाफ खुल कर नहीं लिखता है ने सरकार से काफी कड़े सवाल किये हैं.

कोरोना की पहली लहर अप्रैल-मई 2020 के दौरान दैनिक भास्कर की रिपोर्टिंग देखने के लिए हमने दिल्ली संस्करण को देखा. पहली लहर के दौरान कोविड को लेकर अखबार में वह तेजी और आक्रामक रुख नहीं दिखा जो इस बार दिख रहा है. अखबार के संपादकीय में प्रकाशित लेख भी वैसे नहीं हैं जो इस बार दिख रहे हैं. पहले लेखों में वह धार नहीं दिखी जो अभी दिख रही है. अन्य अखबारों की तरह ही भास्कर ने भी पहली लहर को कवर किया था.

notification
notification

Ramswaroop Mantri

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें