अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

मध्यप्रदेश की खबरें: एक ही जिले में बार-बार पदस्थ पुलिस अफसर हटेंगे,बड़वानी में किसानों का चक्काजाम

Share

मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने बड़ा निर्णय लिया है. अब एक ही जिले में बार-बार अलग-अलग पदों पर पदस्थ होने वाले एसडीओपी, टीआई और उपनिरीक्षकों को जिले से बाहर किया जाएगा. यह कदम पदस्थापना प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता लाने के उद्देश्य से उठाया गया है. आदेश में स्पष्ट कहा गया कि लंबे समय से एक ही जिले में तैनात अधिकारियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और भविष्य में ऐसे अधिकारियों की पोस्टिंग अन्य जिलों में की जाएगी. मुख्यालय ने सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें.

जबलपुर: बिजली विभाग का जूनियर इंजीनियर और ऑपरेटर रिश्वत लेते पकड़े गए

लोकायुक्त पुलिस ने मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के विजयनगर कार्यालय में रिश्वतखोरी का भंडाफोड़ किया है. जूनियर इंजीनियर वरुण कुमार दरबे और कंप्यूटर ऑपरेटर विनोद कोरी को 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया. आरोपियों ने गोहलपुर नर्मदा नगर निवासी गौरीशंकर यादव से नया बिजली कनेक्शन दिलाने के एवज में 8 हजार रुपये मांगे थे. शिकायत की पुष्टि के बाद लोकायुक्त टीम ने ट्रैप कार्रवाई की.

नीमच: डैम में मछली पकड़ने गया शख्स डूबा, 7 घंटे रेस्क्यू के बाद भी नहीं मिला

जिले के हर्कियाखाल डैम में गुरुवार को मछली पकड़ने गए रूपेंद्र चारण (45) के डूबने से हड़कंप मच गया. गांधीनगर निवासी रूपेंद्र पानी में उतरते ही लापता हो गए. सूचना पर जीरन थाना पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और सात घंटे तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला. अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान रोक दिया गया, जो शुक्रवार सुबह दोबारा शुरू किया जाएगा. प्रत्यक्षदर्शियों ने आशंका जताई है कि डैम में मौजूद मगरमच्छ ने रूपेंद्र पर हमला किया हो सकता है.

बड़वानी में किसानों का चक्काजाम, मंडी में कम भाव को लेकर हंगामा

जिले के खेतिया मंडी में मक्का के कम दाम मिलने से नाराज किसानों ने खेतिया–सेंधवा हाईवे पर चक्काजाम कर दिया. किसानों और मंडी सचिव के बीच झूमाझटकी की स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस और मंडी कर्मचारियों ने बीचबचाव किया. गुस्से में किसानों ने बीच सड़क पर मक्का का ढेर लगाकर विरोध जताया. बताया गया कि व्यापारी मक्का की बोली 6 से 7 रुपये प्रति किलो तक लगा रहे थे, जिससे किसान आक्रोशित हो गए. यह घटना मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जिले के दौरे से एक दिन पहले हुई है.

ग्वालियर में SAF का आरक्षक लापता, मोबाइल लोकेशन भोपाल में मिली

13वीं बटालियन में पदस्थ SAF के आरक्षक नितेश पाल लापता हो गए हैं. बहोड़ापुर क्षेत्र में रहने वाले 30 वर्षीय नितेश 10 नवंबर को घर से निकले थे, जिसके बाद वे वापस नहीं लौटे. परिजनों ने कई बार फोन लगाया, लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला. जब वे ड्यूटी पर भी नहीं पहुंचे तो पत्नी ने माधौगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर नितेश की तलाश शुरू की और सर्विलांस के माध्यम से उनकी लोकेशन भोपाल में ट्रेस की. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पारिवारिक विवाद के चलते नितेश भोपाल गए थे और उनसे संपर्क हो चुका है.

मऊगंज के शहीद नायब सूबेदार अनिल कुमार पटेल को अश्रुपूर्ण विदाई

देश सेवा करते हुए ड्यूटी के दौरान शहीद हुए नायब सूबेदार अनिल कुमार पटेल का गुरुवार को उनके गृहग्राम इटहा कला में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. जैसे ही ग्वालियर से सेना का वाहन पार्थिव शरीर लेकर रघुनाथगंज बाईपास पहुंचा, सैकड़ों युवाओं ने बाइक रैली निकालकर “भारत माता की जय” और “शहीद अनिल कुमार अमर रहें” के नारों से क्षेत्र गुंजा दिया. गांव पहुंचने पर सेना के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सलामी दी. हजारों ग्रामीणों और परिजनों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी. इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की अनुपस्थिति पर ग्रामीणों और पूर्व सैनिक संघ ने नाराजगी जताई.

खरगोन में अवैध गांजा खेती पर सबसे बड़ी कार्रवाई, 1.77 करोड़ का गांजा जब्त

जिले में पुलिस ने अवैध गांजा खेती के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है. हेला पड़ाव पुलिस चौकी क्षेत्र के नवादिया फाल्या स्थित टाण्डावाडी गांव में दबिश देकर पुलिस ने करीब 1 करोड़ 77 लाख रुपये मूल्य के साढ़े 35 क्विंटल गांजे के पौधे जब्त किए हैं. आरोपी किसान टिडिया ने तीन हिस्सों में करीब 3200 पौधों की अवैध खेती कर रखी थी. ड्रोन कैमरे से सर्चिंग कर पुलिस सीमावर्ती महाराष्ट्र के पहाड़ी इलाके में तीन किलोमीटर पैदल चलकर मौके पर पहुंची. कार्रवाई के दौरान आरोपी खेत मालिक फरार हो गया.

शहीद बिरसा मुंडा जयंती पर 32 कैदी होंगे रिहा, आदिवासी बंदियों को भी मिलेगा मौका

शहीद बिरसा मुंडा जयंती और राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस पर मध्यप्रदेश के सेंट्रल जेल से 32 बंदियों को रिहा किया जाएगा. रिहाई में अच्छे आचरण वाले आदिवासी और अन्य बंदी शामिल हैं. अब साल में पांच अवसरों पर उम्रकैद की सजा काट रहे बंदियों को कानूनी प्रावधानों के तहत छूट मिलेगी.

एमपी टेक ग्रोथ 2.0: इंदौर में 5200 करोड़ के नए एमओयू, सीएम मोहन यादव की उपस्थिति में टेक्नोलॉजी का नया दौर

इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में एमपी टेक ग्रोथ 2.0 कॉन्क्लेव आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में लगभग 5200 करोड़ रुपए के नए एमओयू होंगे. इस कॉन्क्लेव में टेक्नोलॉजी फर्स्ट इकोनॉमी विजन और एमपी स्पेस टेक पॉलिसी 2025 पेश की जाएगी.

दिग्विजय के बयान पर मंत्री विश्वास सारंग का बयान

दिग्विजय सिंह हर समय सनातन और हिंदू के खिलाफ सनातन दर्शन के खिलाफ वह बयान देते हैं. इसके बाद बाद 10 जनपद पर उनकी दुकान चलती चलती है, जाकिर नायक को महिमा मंडल करने वाले दिग्विजय सिंह आतंकवादियों को संरक्षण देने की बात करने वाले दिग्विजय सिंह पाकिस्तान परस्ती के लिए अलग-अलग मंचों पर हिंदुस्तान को नीचा दिखाकर पाकिस्तान का महिमा मंडल करने वाले दिग्विजय सिंह.ऐसे से आप और क्या कर सकते हो.

आठनेर में दो पक्षों की मारपीट, व्यापारी धरने पर बैठकर पूरे बाजार को किया बंद

बैतूल के आठनेर में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के बाद व्यापारी सड़क पर धरने पर बैठ गए. विरोध के कारण पूरे बाजार को बंद करवाया गया और पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई. अब तक पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी फरार है.

इंदिरा गांधी की 108वीं जयंती पर भोपाल में होगा भव्य कार्यक्रम, देशभर के विचारक जुड़ेंगे

इंदिरा गांधी की 108वीं जयंती 19 नवंबर को भोपाल में मनाई जाएगी. इस कार्यक्रम में देशभर के विचारक जुड़ेंगे और इंदिरा ज्योति अभियान को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में सक्रिय किया जाएगा. 8 सदस्यीय कमेटी, जिसमें पूर्व मंत्री और सांसद शामिल हैं, आयोजन की तैयारियों में जुटी है.

टीएमसी सांसद अभिषेक बैनर्जी के खिलाफ मानहानि का मामला दायर

MP LIVE: टीएमसी सांसद अभिषेक बैनर्जी के खिलाफ दायर मानहानि के मामले में, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी के भतीजे अभिषेक ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की है. यह याचिका गिरफ्तारी वारंट के खिलाफ मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में सुनवाई के लिए आई. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बैनर्जी के भतीजे और सांसद अभिषेक बैनर्जी के खिलाफ यह मानहानि का मुकदमा, एमपी के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बेटे आकाश विजयवर्गीय ने लगाया है. भोपाल की एमपी एमएलए कोर्ट में लगातार गैर-हाजिर रहने के कारण अभिषेक के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था. नवंबर 2020 में कोलकाता में आयोजित आमसभा में अभिषेक ने आकाश को “गुंडा” कहा था. इस बयान के खिलाफ 2021 में आकाश ने मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया था. यह मामला भोपाल की एमपी एमएलए कोर्ट में चल रहा है. भोपाल कोर्ट द्वारा जारी गिरफ्तारी वारंट को अभिषेक ने मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में चुनौती दी है. एमपी हाई कोर्ट के जस्टिस प्रमोद अग्रवाल की अदालत में इस मामले की सुनवाई हुई, जिसके बाद अदालत ने फैसला सुरक्षित रखा है.

मध्यप्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने फिर उठाये SIR प्रक्रिया पर गंभीर सवाल

2003 की मतदाता सूची को लेकर चुनाव आयोग SIR करा रहा है, लेकिन चुनाव आयोग यह भूल गया कि 2008 में नई विधानसभाएँ बनी थीं 2003 में पुरानी विधानसभा थी. 2003 की मतदाता सूची पुरानी विधानसभा के अनुसार बनी थी, यानी परिसीमन से पहले की है,जबकि चुनाव आयोग अब परिसीमन से पहले की सूची का सर्वे करा रहा है.यह मध्यप्रदेश समेत पूरे देश और 12 राज्यों में एक बड़ी मज़ाकिया और हास्यास्पद स्थिति बन गई है. चुनाव आयोग वोटर लिस्ट को लेकर खिलवाड़ कर रहा है.

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहुंचे देवास, किसानों को देंगे सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज देवास में 1.33 लाख किसानों के खातों में ₹233 करोड़ की राशि का अंतरण करेंगे. इसके साथ ही करोड़ों रुपये की सौगात देंगे. सभा को भी संबोधित करेंगे.

उज्जैन के बड़नगर कोर्ट से बड़ा फर्जीवाड़ा आया सामने

उज्जैन के बड़नगर कोर्ट में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है, जिसमें एक वकील ने कोर्ट फीस की फर्जी रसीदें बनाकर लाखों रुपए का घोटाला किया. यह घोटाला तीन साल तक चला, जिसके बाद आरोपी वकील के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है. वकील उज्जवल जोशी पर आरोप है कि उन्होंने 2022 से 2025 के बीच दीवानी मामलों की फीस की नकली रसीदें अदालत में जमा कीं. थाना प्रभारी अशोक कुमार पाटीदार ने बताया कि शिकायत रीडर योगेश ठाकुर ने दर्ज कराई थी. वकील ने फीस जमा करने के नाम पर लोगों से लाखों रुपए वसूले, लेकिन असल में रकम जमा नहीं की.

भोपाल न्यूज: भोपाल पहुंची सीएमआरएस की टीम

सीएमआरएस की टीम भोपाल पहुंची है और सुभाष नगर-एम्स प्रायोरिटी कॉरिडोर का निरीक्षण कर रही है. 7.50 किमी लंबे इस प्रायोरिटी कॉरिडोर का निरीक्षण किया जाएगा. सीएमआरएस टीम भोपाल में 3 दिन रुकेगी. अगर सब कुछ ठीक रहा तो कमर्शियल रन के लिए मंजूरी मिल जाएगी.

सीधी न्यूज: तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलटी, 12 से ज्यादा यात्री घायल

तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर पलटी, दर्जन भारी से अधिक यात्री घायल. अमिलिया से सीधी आ रही थी यह यात्री बस, द्विवेदी ट्रांसपोर्ट कंपनी की बताई जा रही है. सामने से आ रहे तेज रफ्तार बाइक सवार को बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित होकर पलटी और सड़क से 20 फीट नीचे गहरी खाई में चली गई. बस की चपेट में आई बाइक भी क्षतिग्रस्त हुई है. मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है. कमर्जी थाना क्षेत्र के सलैया मोड़ की घटना.

चावल से लदा एक ट्रक पुल की रेलिंग तोड़कर बबेहा नाले में गिरा

नेशनल हाइवे 30 पर बबेहा पुल पर देर रात बड़ा हादसा हुआ. चावल से लदा एक ट्रक पुल की रेलिंग तोड़कर करीब 20 से 30 फीट नीचे बबेहा नाले में गिर गया. सुबह होते ही रेस्क्यू अभियान शुरू हुआ. मौके पर पुलिस और SDERF की टीम पहुंची. रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और ट्रक को निकालने के लिए क्रेन का इंतजार हो रहा है. ट्रक में दो लोगों के होने की संभावना है. ट्रक जबलपुर से मंडला की ओर आ रहा था, जब बबेहा पुल के पास टायर फटने से चालक का नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे यह हादसा हुआ.

एमपी के किसानों को मिलेगा भावांतर योजना का लाभ

मध्यप्रदेश के किसानों को भावांतर योजना का लाभ मिलेगा. सीएम डॉ. मोहन यादव किसानों के लिए सौगात लेकर आएंगे. भावांतर योजना की राशि जारी की जाएगी. देवास से इस राशि का वितरण किया जाएगा. पात्र हितग्राही किसानों को यह राशि मिलेगी.

ग्वालियर के कबाड़ा गोदाम में लगी आग, आसपास की तीन दुकानें भी चपेट में

महलगांव काशी बाबा मंदिर के पास स्थित कबाड़ा गोदाम में देर रात आग लग गई. इस आग ने पास की तीन दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया. नगर निगम की 5 फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया. आगजनी में लाखों का नुकसान हुआ, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई. आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है और जांच जारी है.

Ramswaroop Mantri

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें