लोकसभा सांसद राजीव राय ने X पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया के टैग करते हुए लिखा कि हम एक ही जगह पर फंसे हुए हैं. मेरी फ्लाइट छूट जाएगी. कल मुझे संसद सत्र में जाना है. सपा सांसद के ट्वीट पर बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस ने कर्नाटक को भगवान भरोसे छोड़ रखा है. उनको कोई मतलब नहीं है.
उत्तर प्रदेश के घोसी से सपा सांसद राजीव राय बेंगलुरु के ट्रैफिक जाम में आज बुरी तरह फंस गए. उन्होंने सीधा कर्नाटक सीएम को सोशल मीडिया के जरिए अपनी समस्या बताई. बीजेपी इस पर चुटकी ले रही है. लोकसभा सांसद राजीव राय ने X पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया के टैग करते हुए लिखा, “मुझे माफ करना, आपके यहां ट्रैफिक प्रबंधन बहुत ही खराब है और ट्रैफिक पुलिस भी गैरजिम्मेदार और बेकार है. वे फोन भी नहीं उठाते. मैंने उनसे बात करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने मेरा फोन नहीं उठाया. पिछले एक घंटे से हम राजकुमार समाधि रोड पर एक ही जगह पर फंसे हुए हैं. मेरी फ्लाइट छूट जाएगी. कल मुझे संसद सत्र में जाना है. आसपास एक भी पुलिसवाला नजर नहीं आ रहा. ये अकुशल अधिकारी इस खूबसूरत शहर का नाम और रौनक खराब करने के लिए काफी हैं. इसमें कोई शक नहीं कि अब बेंगलुरु का ट्रैफिक सबसे बदनाम ट्रैफिक की श्रेणी में आ गया है.” कर्नाटक में इस समय कांग्रेस की सरकार है.
पूरा कर्नाटक ही भगवान भरोसे
सपा सांसद के ट्वीट पर बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस ने कर्नाटक को भगवान भरोसे छोड़ रखा है. इसका प्रमाण आज मिला, जब समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय खुद कांग्रेस की सरकार को कोस रहे हैं. बोलते हैं कि क्या सिचुएशन है बेंगलुरु के ट्रैफिक की. मेरी फ्लाइट मिस हो जाएगी, मैं पार्लियामेंट जा नहीं पाऊंगा. अब बताइए कॉर्पोरेट्स भी बोल रहे थे. ब्लैकबक कंपनी भी बोल रही थी. अब उनके साथी भी बोल रहे हैं. जनता तो भुगत ही रही थी.
जनता से कोई मतलब नहीं
पूनावाला ने कहा कि बेंगलुरु का ब्रांड बिगाड़ने का काम कांग्रेस पार्टी के लोगों ने किया है, और कांग्रेस की प्राथमिकता क्या है? चेयर! सत्ता की लड़ाई! जनता गई भाड़ में, उनको जनता से कोई मतलब नहीं. लॉ एंड आर्डर सिचुएशन खराब, इकोनॉमिक सिचुएशन खराब, इंफ्रास्ट्रक्चर की सिचुएशन खराब, महिलाओं की सुरक्षा की चिंता नहीं करते, भ्रष्टाचार चरम पर, टैक्सेस चरम पर और मिलता क्या है कर्नाटका के लोगों को? आज जो पोल खोली है, समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस की, इस पर कुछ जवाब देंगे कांग्रेस के लोग? वे ब्रेकफास्ट कर रहे हैं. ब्रेकअप कर रहे हैं. मेकअप कर रहे हैं. उनको कोई मतलब नहीं है.





