अमेरिका में भारतवंशी छात्र धमकी के आरोप में गिरफ्तार; बांग्लादेश में 3.9 तीव्रता का भूकंप, लोग दहशत में
उत्तर भारत में भीषण ठंड और घने कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात बाधित हुआ, दिल्ली में 129 उड़ानें रद्द रहीं। पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं, जिससे मैदानों में ठंड और बढ़ेगी। उधर, सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अरावली के 91.3% पहाड़ी क्षेत्र कानूनी सुरक्षा से बाहर हो गए हैं, जिससे प्रदूषण और जल संकट का खतरा है। वहीं, बांग्लादेश में उन्मादी भीड़ ने सात साल की बच्ची को जलाकर मार डाला, भारत विरोधी नारे लगाए। अमेरिका के न्याय विभाग की वेबसाइट से जेफरी एपस्टीन से जुड़ी 16 फाइल गायब हो गईं, जिनमें ट्रंप की फोटो भी शामिल है। वहीं, पीएम मोदी की कूटनीति से खाड़ी देशों के साथ भारत के रिश्ते मजबूत हुए हैं। उत्तर प्रदेश में होम्योपैथिक दवाओं की सरकारी खरीद दूसरे राज्यों की तुलना में 15 गुना महंगी पाई गई। वहीं, किश्तवाड़ की रतले बिजली परियोजना में 29 श्रमिकों में से 5 के आतंकियों से संबंध पाए गए हैं और कई का आपराधिक रिकॉर्ड है। दिल्ली में सोशल मीडिया पर बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी सामग्री फैल रही है, इस पर 60 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। खेल जगत की बात करें तो अंडर-19 एशिया कप फाइनल में भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत हो रही है। भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में ग्रुप ए के सभी मुकाबले जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया है।

उत्तर भारत में घना कोहरा और कड़ाके की ठंड।
उत्तर भारत में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड का कहर
नए साल के आगमन से पहले उत्तर से लेकर पूरब और पूर्वोत्तर भारत तक मौसम का मिजाज सख्त होते जा रहा है। पश्चिमी हिमालय की चोटियों पर बर्फबारी, मैदानों में घना कोहरा, शीत दिवस और कहीं-कहीं शीत लहर से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। मौसम के इस मिजाज का असर यातायात के साथ ही स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। मौसम के बदले मिजाज से अभी राहत भी नहीं मिलने वाली। नए साल तक ज्यादातर इलाकों में रात और सुबह के समय घना कोहरा बने रहने और ठंड का असर बढ़ने का अनुमान है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में 1 जनवरी तक रात और सुबह के समय बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 30 दिसंबर तक, बिहार में 27 दिसंबर तक, जबकि असम और मेघालय में 26 दिसंबर तक कोहरे का असर बना रह सकता है। इसके अलावा, असम, मेघालय, बिहार और ओडिशा के कुछ इलाकों में 30 दिसंबर तक, अरुणाचल प्रदेश में 28 दिसंबर तक और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में 27 दिसंबर तक घने कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना है।
शीत दिवस और शीत लहर का अलर्ट
आईएमडी ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 और 27 दिसंबर को कुछ स्थानों पर गंभीर शीत दिवस का अलर्ट जारी किया है। बिहार में 30 दिसंबर तक, उत्तराखंड में 28 दिसंबर तक अत्यधिक ठंडी पड़ने की संभावना है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 27 दिसंबर तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28 दिसंबर को शीत दिवस की स्थिति बनी रह सकती है। उत्तर राजस्थान में 27 दिसंबर को शीतलहर की चेतावनी दी है।
राजधानी दिल्ली में मध्यम से घने कोहरे का यलो अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में सर्दी के बावजूद अभी शीत लहर की स्थिति नहीं बनी है। न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। दिसंबर की शुरुआत के तीन-चार दिनों को छोड़ दें तो अभी तक न्यूनतम तापमान छ: डिग्री से नीचे नहीं गया है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार व रविवार को मध्यम स्तर का कोहरा रह सकता है, जबकि कुछ इलाकों में घने कोहरे का अनुमान है। इसके लिए विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं आसमान में आंशिक रुप से बादल छाए रहेंगे। बादलों के कारण तापमान में तेज गिरावट नहीं होगी, बल्कि 27 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 6-8 डिग्री के बीच और 28 दिसंबर को 5-7 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। 30 व 31 दिसंबर को अधिकतम तापमान में भी मामूली बढ़ोतरी हो सकती है।

बांग्लादेश: चुनावों में साथ आए भारत विरोधी एनसीपी व जमात
बांग्लादेश में फरवरी 2026 में होने वाले 13वें राष्ट्रीय संसदीय चुनावों से पहले देश के राजनीतिक परिदृश्य में बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। इनके मद्देनजर, जुलाई विद्रोह के बाद गठित छात्र-नेतृत्व वाली नेशनल सिटिजन पार्टी (एनसीपी) कट्टरपंथी इस्लामी पार्टी जमात-ए-इस्लामी के साथ चुनावी गठबंधन बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। ये दोनों ही पार्टियां भारत विरोधी रुख के लिए जानी जाती हैं। फिलहाल दोनों में सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चाएं जारी हैं।

नेतृत्व संकट के बीच CWC बैठक में शामिल होने दिल्ली पहुंचे सीएम सिद्धारमैया
कर्नाटक की राजनीति में चल रहे नेतृत्व संकट के बीच मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का दिल्ली दौरा सियासी हलकों में खासा चर्चा में है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया 27 दिसंबर को कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की अहम बैठक में शामिल होने के लिए राजधानी पहुंचे, जहां पार्टी की शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
यह बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब राज्य में उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग उनके समर्थकों द्वारा लगातार उठाई जा रही है। सिद्धारमैया ने हालांकि साफ किया कि उनका दिल्ली दौरा केवल पार्टी बैठक के लिए है। दावणगेरे में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा मैं CWC बैठक के लिए जा रहा हूं, लेकिन मैं बार-बार दिल्ली नहीं जाता।
पार्टी हाईकमान साथ है- सीएम सिद्धारमैया
मुख्यमंत्री ने हाल ही में विधानसभा में दावा किया था कि पार्टी हाईकमान उनके साथ है और वे अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा करेंगे। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी संकेत दिए कि पार्टी के भीतर चल रही सभी गलतफहमियां जल्द दूर हो जाएंगी। दिल्ली रवाना होने से पहले खरगे ने कहा मैं वहीं बात करूंगा, यहां क्यों करूं?” जब उनसे नेतृत्व विवाद पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने भरोसा दिलाया कि सब सुलझ जाएगा। वहीं, डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों को पूरी तरह खारिज किया है। उन्होंने कहा कि यह सब मीडिया की बातें हैं, पार्टी या सरकार में ऐसी कोई चर्चा नहीं है। दिल्ली में मौजूद शिवकुमार ने यह भी साफ किया कि वे इस दौरे में किसी से मुलाकात नहीं कर रहे हैं।
जनवरी के पहले या दूसरे हफ्ते में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलें
हालांकि, कांग्रेस विधायक और शिवकुमार के करीबी एच.ए. इकबाल हुसैन ने जनवरी के पहले या दूसरे हफ्ते में नेतृत्व परिवर्तन की भविष्यवाणी कर राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ा दी है। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े सूत्रों का कहना है कि CWC बैठक का एजेंडा नेतृत्व परिवर्तन नहीं, बल्कि आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति तय करना है। इस बैठक में कर्नाटक के अलावा तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी शामिल होंगे।

जेलेंस्की-ट्रंप की फ्लोरिडा में रविवार को होगी मुलाकात
रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने की कोशिशों के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की रविवार को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फ्लोरिडा में मुलाकात करने जा रहे हैं। इस बैठक को शांति वार्ता की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। जेलेंस्की ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इस मुलाकात का मकसद युद्ध समाधान से जुड़े लंबित मुद्दों को आगे बढ़ाना है, हालांकि उन्होंने साफ किया कि किसी अंतिम समझौते की उम्मीद फिलहाल नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बातचीत में जितने अधिक मुद्दों पर सहमति बन सकेगी, उस पर फोकस रहेगा।

60 के हुए अभिनेता सलमान खान, फॉर्महाउस में मनाया जन्मदिन
सलमान खान आज अपना बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे हैं। परिवार और दोस्त मिलकर भाईजान के फॉर्महाउस पर उनके 60वें बर्थडे का जश्न मनाने पहुंचे हैं। यहां सलमान के पिता राइटर सलीम खान और उनके भतीजे निर्वाण और अरहान खान समेत परिवार के कई सदस्य देखे गए। देर रात तक महेंद्र सिंह धोनी, संजय दत्त, रकुल प्रीत सिंह और जेनेलिया देशमुख समेत कई सेलेब्स भी इस पार्टी में शामिल हुए।
स्कूटी से फार्महाउस पहुंचे मीका
सलमान की बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए फेमस सिंगर मीका सिंह स्कूटी से ही पहुंच गए। यहां पहुंचकर उन्होंने बताया कि उनकी कार पीछे फंस गई थी तो वो स्कूटी पर लिफ्ट मांगकर भाई के बर्थडे में पहुंचे।

Toxic Air: दिल्लीवालों के फेफड़ों में जम रही है जहरीली हवा
दिल्ली की प्रदूषित हवा अब सिर्फ मौसमी समस्या नहीं रह गई है, बल्कि यह लोगों के फेफड़ों और दिल के लिए गंभीर और लंबे समय तक रहने वाला खतरा बन चुकी है। प्रदूषण में मौजूद पीएम 2.5 शरीर के लिए घातक है। ऐसे में, राजधानी की हवा में मौजूद पीएम 2.5 विश्व स्वास्थ्य संगठन के मानक से कई गुना ज्यादा है, जो कई शारीरिक बीमारियों व समस्याओं के मामलों में स्थायी भी साबित हो रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि हवा में मौजूद पीएम 2.5 बहुत छोटे कण है, जो सांस के साथ फेफड़ों की गहराई तक पहुंच जाते हैं और वहां जमा हो जाते हैं। शरीर इनको पूरी तरह बाहर नहीं निकाल पाता और एक बार हुआ नुकसान ठीक भी नहीं होता।

चिंताजनक: टीकाकरण में भारत की रफ्तार बढ़ी
टीकाकरण के मामले में भारत ने ऊंची छलांग लगाई है लेकिन देश में लाखों बच्चे ऐसे हैं जिन्हें एक भी टीका नहीं मिल पाया है। इन्हें ‘जीरो-डोज बच्चे’ कहा जाता है और विशेषज्ञों के अनुसार यही समूह भारत के टीकाकरण मिशन की सबसे बड़ी बाधा है। यह चिंता एक नए विशेषज्ञ परामर्श दस्तावेज में सामने आई है, जिसे महिला समूहों और आईआईटी खड़गपुर के शोधकर्ताओं ने तैयार किया है। रिपोर्ट में यह भी कहा है कि जीरो-डोज बच्चों का मुद्दा केवल स्वास्थ्य नहीं, बल्कि सामाजिक और प्रशासनिक असमानताओं का भी संकेत है।
ह चिंता एक नए विशेषज्ञ परामर्श दस्तावेज में सामने आई है, जिसे महिला समूहों और आईआईटी खड़गपुर के शोधकर्ताओं ने तैयार किया है। रिपोर्ट में यह भी कहा है कि जीरो-डोज बच्चों का मुद्दा केवल स्वास्थ्य नहीं, बल्कि सामाजिक और प्रशासनिक असमानताओं का भी संकेत है।
रिपोर्ट के अनुसार, टीकाकरण कवरेज वर्षों में बढ़ा है जबकि अभी भी कई ऐसे समुदाय, कॉलोनियां और बस्तियां हैं जहां बच्चों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंच ही नहीं पातीं। शहरी झुग्गियां, प्रवासी परिवार, बेहद गरीब समुदाय, सीमावर्ती इलाके और कठिन भूगोल वाले क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित बताए गए हैं। इन सभी जगहों पर बच्चों का टीकाकरण कई स्तरों पर टूट जाता है। कभी परिवार बार-बार स्थान बदलता है, कभी स्वास्थ्य कर्मी पहुंचना मुश्किल होता है और कई बार माता-पिता को टीकाकरण की जानकारी ही नहीं होती।
डाटा में समानता नहीं, इसलिए असलियत पता चलना मुश्किल
रिपोर्ट में एक और अहम मुद्दा उठाया है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य सर्वेक्षण (एनएफएचएस) जैसे सर्वे डाटा और सरकारी प्रशासनिक डाटा में काफी असमानता है। इससे असली स्थिति का अनुमान लगाना मुश्किल हो जाता है और टीकाकरण योजनाओं का लक्ष्य तय करना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार जब तक यह डाटा अंतर दूर नहीं किया जाएगा, तब तक जीरो-डोज बच्चों को पहचानना और उन तक पहुंचना कठिन बना रहेगा।
कमजोर आबादी से दूर डिजिटल प्रगति
विशेषज्ञों ने कहा कि भारत ने ई-विन, यू-विन और डिजिटल मॉनिटरिंग जैसे सिस्टम के जरिए टीका आपूर्ति को काफी मजबूत किया है, लेकिन डिजिटल प्रगति का लाभ तभी पूरा मिल पाएगा जब सबसे कमजोर आबादी को प्राथमिकता मिल सके। रिपोर्ट साफ कहती है कि जीरो-डोज को खत्म किए बिना भारत का टीकाकरण मिशन अधूरा रहेगा।
हर बच्चे की डिजिटल मैपिंग जरूरी
विशेषज्ञों का मानना है कि जीरो-डोज बच्चों तक पहुंचने के लिए नए मॉडल अपनाने होंगे जैसे स्कूल आधारित टीकाकरण, कार्यस्थल पर टीकाकरण शिविर, मोबाइल क्लीनिक और डिजिटल ट्रैकिंग प्रणाली। रिपोर्ट में सुझाव दिया कि प्रवासी परिवारों और शहरी झुग्गियों के लिए अलग, लक्षित रणनीति बनाई जाए।

: भारत ने आठ विकेट से जीता तीसरा टी20 मैच
शेफाली वर्मा की नाबाद अर्धशतकीय पारी की मदद से भारत ने श्रीलंका को तीसरे टी20 मैच में आठ विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका के खिलाफ जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज में 3-0 से अजेय बढ़त हासिल कर ली। इससे पहले हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व वाली टीम ने शुरुआती दोनों मुकाबलों में क्रमश: आठ और सात विकेट से हराया था। अब दोनों टीमें चौथे मुकाबले के लिए 28 दिसंबर को आमने-सामने होंगी।

भारत में गंभीर स्वास्थ्य संकट बनकर उभर रही है ये समस्या
साल 2019 के आखिरी के महीनों में दुनियाभर में कोरोना महामारी की शुरुआत हुई थी। देखते ही देखते ये संक्रामक रोग वैश्विक स्वास्थ्य जोखिम बन गया। करोड़ों लोग इस वायरस की चपेट में आए और बड़ी संख्या में लोगों की जान गई। मसलन करीब तीन दशकों में कोरोना को दुनियाभर के लिए सबसे गंभीर स्वास्थ्य संकट कहा जा सकता है।
समय के साथ कोरोना का असर तो कम हो गया है, हालांकि एक नई संकट को लेकर वैज्ञानिकों के बीच गंभीर चिंता देखी जा रही है। विशेषकर भारतीय आबादी के बीच बढ़ते इस स्वास्थ्य जोखिम को लेकर विशेषज्ञ अलर्ट कर रहे हैं।
यूके-स्थित भारतीय मूल के श्वसन रोग विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि कोरोना महामारी के बाद वायु प्रदूषण शायद भारत के सामने आया सबसे बड़ा सार्वजनिक स्वास्थ्य संकट है। अगर तुरंत इसे कंट्रोल करने की दिशा में कार्रवाई नहीं की गई तो यह हर साल और गंभीर संकट बढ़ाता जाएगा। वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने की दिशा में अगर भारत ने प्रभावी कदम न उठाए तो आने वाले वर्षों में इसके गंभीर दुष्प्रभाव झेलने पड़ सकते हैं।
वायु प्रदूषण के कारण आ सकती है सांस की बीमारियों की लहर
डॉक्टर्स की टीम ने चेताया है कि बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण सांस की बीमारियों की एक बड़ी लहर आने वाली है, इसका अभी तक ठीक से पता नहीं चल पाया है और न ही इसका इलाज हो रहा है। ये स्वास्थ्य सेवाओं पर आने वाले वर्षों में अतिरिक्त दबाव भी बढ़ाने वाली स्थिति हो सकती है जिसको लेकर सभी लोगों को अलर्ट हो जाना चाहिए।
न्यूज एजेंसी पीटीआई से बातचीत करते हुए यूके में प्रेक्टिस करने वाले कई सीनियर डॉक्टरों ने जोर देकर कहा कि भारतीय आबादी पर सांस की बीमारियों का एक बड़ा संकट आने की आशंका है। इसकी लहर भारतीय नागरिकों और इसकी स्वास्थ्य सेवा प्रणाली पर एक भारी और दीर्घकालिक असर डालने वाली हो सकती है।

दिल की बीमारियों का पहले से ही जोखिम
विशेषज्ञों की टीम ने कहा, पिछले एक दशक में दिल की बीमारियों में वैश्विक स्तर पर बढ़ोतरी हुई है। इसके लिए सिर्फ मोटापा ही जिम्मेदार नहीं है, बल्कि अध्ययनों में पाया गया है कि शहरी ट्रांसपोर्ट से निकलने वाले जहरीले धुएं के संपर्क ने भी लोगों में इसका जोखिम बढ़ाया है। ऑटोमोबाइल और विमान से होने वाला प्रदूषण भी दिल की सेहत को क्षति पहुंचाते हुए देखा गया है।
भारत में दिल की बीमारियों का बोझ हम पहले से ही झेल रहे हैं, इस पर सांस की समस्याएं अगर बढ़ीं तो स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर असर होने का खतरा है।

फेफड़े और सांस की बढ़ती समस्याएं
देश में बढ़ रहे हैं सांस के मरीज
डॉक्टरों ने बताया कि अकेले इस साल दिसंबर में दिल्ली के अस्पतालों में सांस के मरीजों की संख्या में 20 से 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई, जिसमें बड़ी संख्या उन मरीजों की है जो पहली बार सांस की समस्याओं का शिकार हुए हैं।
यूके की नेशनल हेल्थ सर्विस के विशेषज्ञों ने कहा, प्रदूषण नियंत्रण और रोकथाम के उपाय जरूरी तो हैं, लेकिन अब वे अकेले काफी नहीं हैं। भारत ने पहले भी दिखाया है कि बड़े पैमाने पर पब्लिक हेल्थ इंटरवेंशन संभव हैं। सरकारी पहलों ने शुरुआती जांच और इलाज कार्यक्रमों के जरिए टीबी को काफी कम किया है। अब सांस की बीमारियों के लिए भी इसी तरह की तेजी और निवेश की जरूरत है।
सरकार ने हाल ही में संसद में दोहराया कि वायु प्रदूषण से मृत्युदर या बीमारी के बीच सीधा संबंध स्थापित करने वाला कोई पक्का डेटा नहीं है।

वायु प्रदूषण को कंट्रोल करना जरूरी
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
लंदन के सेंट जॉर्ज यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल के कार्डियोलॉजिस्ट राजय नारायण कहते हैं, कई वैज्ञानिक सबूत हैं जो बताते हैं कि वायु प्रदूषण कई गंभीर बीमारियों का सीधा कारण है। इनमें कार्डियोवैस्कुलर रोग, श्वसन समस्या, न्यूरोलॉजिकल और सिस्टमिक बीमारियां शामिल हैं।
संसद के शीतकालीन सत्र में स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा पेश किए गए डेटा में बताया गया कि पिछले तीन वर्षों में दिल्ली में गंभीर सांस की बीमारी के दो लाख से ज्यादा मामले दर्ज किए गए, जिनमें से लगभग 30,000 मरीजों को अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत पड़ी।
विशेषज्ञों की टीम ने चेताया है कि वायु प्रदूषण को अगर कंट्रोल करने के प्रभावी तरीके न अपनाए गए तो ये खतरा आने वाले वर्षों में और भी बढ़ सकता है।
अमेरिका में भारतवंशी छात्र धमकी के आरोप में गिरफ्तार; बांग्लादेश में 3.9 तीव्रता का भूकंप, लोग दहशत में
अमेरिका में भारतीय मूल का छात्र आगजनी और आतंकी धमकी के आरोप में गिरफ्तार गया है। आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार अमेरिका में 22 साल के भारतीय मूल के एक छात्र को परिवार के सदस्यों के खिलाफ आगजनी और आतंकी धमकी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास एट डलास में सीनियर छात्र मनोज साई लेल्ला को फ्रिस्को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
परिवार के सदस्यों द्वारा मानसिक स्वास्थ्य की समस्या और कथित धमकियों की रिपोर्ट के बाद पुलिस लेल्ला के घर पहुंची। अधिकारियों ने बताया कि उसने कथित तौर पर कुछ दिन पहले घर में आग लगाने की कोशिश की थी। लेल्ला पर किसी रहने की जगह या पूजा स्थल को नुकसान पहुंचाने के इरादे से आगजनी और परिवार/घर के सदस्य को आतंकी धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने जोर देकर कहा कि पूजा स्थल को धमकी देने का कोई सबूत नहीं है।
बांग्लादेश में 3.9 तीव्रता का भूकंप
शुक्रवार शाम बांग्लादेश में 3.9 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, भूकंप शाम 6 बजकर 13 मिनट पर आया। इसका केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में था। एनसीएस ने बताया कि भूकंप का केंद्र बांग्लादेश में 22.07 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 92.51 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। भूकंप के झटके हल्के थे, लेकिन कई इलाकों में लोगों ने कंपन महसूस किया, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल किसी जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।
उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में पुलिस के साथ झड़प में 6 आतंकवादी मारे गए
पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शुक्रवार को पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में कम से कम छह आतंकवादी मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। लक्की मारवत जिले में आतंकवादियों द्वारा स्नाइपर राइफलों और क्वाडकॉप्टर हमलों से पुलिस पर हमला करने के बाद गोलीबारी शुरू हो गई। बन्नू के क्षेत्रीय पुलिस कार्यालय के एक बयान में कहा गया है कि आतंकवादियों ने “क्वाडकॉप्टर हमलों के जरिए ग्रामीणों के घरों को भी निशाना बनाया”, जिसके परिणामस्वरूप “नागरिक हताहत” हुए। इसमें कहा गया है कि आतंकवाद विरोधी विभाग के कमांडो और हथियारबंद स्थानीय लोगों ने गोलीबारी में पुलिस की सहायता की।
पुलिस के बयान में कहा गया है, “स्नाइपर राइफलों और क्वाडकॉप्टरों से लैस आतंकवादियों ने बन्नू जिले की सीमा से लगे ग्रामीण इलाके में पुलिस पर हमला किया, जो सेराई नौरंग कस्बे के शहीद असमतुल्लाह खान खट्टक पुलिस स्टेशन की सीमा के भीतर स्थित है।” इसमें कहा गया है, “इस हमले के परिणामस्वरूप भीषण गोलीबारी हुई और कानून प्रवर्तकों ने प्रभावी ढंग से जवाबी गोलीबारी की।” हालांकि आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में पुलिसकर्मियों के हताहत होने के बारे में कोई विवरण नहीं दिया गया था, लेकिन इसमें कहा गया था कि “सशस्त्र संघर्ष के दौरान, कानून प्रवर्तकों ने छह आतंकवादियों को मार गिराया और उनके कई साथी घायल हो गए”।
मलयेशिया के पूर्व नेता नजीब रजाक को 15 साल की जेल और भारी जुर्माना
जेल में बंद मलयेशिया के पूर्व प्रधानमंत्री नजीब रजाक को शुक्रवार को 1एमडीबी राज्य निवेश कोष से अरबों डॉलर की लूट से जुड़े उनके सबसे बड़े भ्रष्टाचार मुकदमे में दोषी ठहराए जाने के बाद 15 साल की सजा और 13.5 अरब रिंगिट (3.3 अरब अमेरिकी डॉलर) का भारी जुर्माना और संपत्ति जब्त करने का आदेश दिया गया।
देश के उच्च न्यायालय ने 72 वर्षीय नजीब को सत्ता के दुरुपयोग के चार मामलों और 1MDB फंड से उनके व्यक्तिगत बैंक खातों में स्थानांतरित किए गए 700 मिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक की धनराशि से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग के 21 आरोपों में दोषी पाया।
न्यायमूर्ति कॉलिन लॉरेंस सेक्वेरा ने नजीब को सत्ता के दुरुपयोग के प्रत्येक आरोप के लिए 15 साल और मनी लॉन्ड्रिंग के प्रत्येक आरोप के लिए पांच साल की जेल की सजा सुनाई। ये सजाएं साथ-साथ चलेंगी, जिसका मतलब है कि उसे 15 साल और जेल में बिताने होंगे। जज ने कहा कि नई सजा 1MDB मामले में उसकी मौजूदा सजा खत्म होने के बाद शुरू होगी।
उन्होंने सत्ता के दुरुपयोग के आरोपों के लिए नजीब पर कुल 11.4 अरब रिंगिट (2.8 अरब अमेरिकी डॉलर) का जुर्माना लगाया। इसके अलावा, उन्होंने मनी लॉन्ड्रिंग कानूनों के तहत नजीब से 2.08 अरब रिंगिट (514 मिलियन अमेरिकी डॉलर) की संपत्ति बरामद करने का भी आदेश दिया। यदि नजीब भुगतान करने में विफल रहते हैं, तो उन्हें कई वर्षों तक जेल में रहना पड़ सकता है।
बीएनपी के तारिक रहमान अपने पिता की कब्र पर गए
ब्रिटेन में स्वनिर्वासन से घर लौटने के एक दिन बाद बीएनपी के कार्यवाहक अध्यक्ष तारिक रहमान ने शुक्रवार को ढाका में अपने पिता और बांग्लादेश के पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान की कब्र पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। रहमान लाल और हरे रंग की बुलेटप्रूफ बस में जिया उद्यान पहुंचे और कब्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए अपने पिता की आत्मा की शांति के लिए दुआ और प्रार्थना की।
बांग्लादेश राष्ट्रवादी पार्टी (बीएनपी) के 60 वर्षीय नेता 17 साल से अधिक समय बाद गुरुवार को देश लौटे। वे 2008 से लंदन में रह रहे थे। समाचार पोर्टल tbsnews.net के अनुसार, लगभग 19 वर्षों में यह पहली बार है, जब रहमान ने अपने पिता की कब्र पर श्रद्धांजलि अर्पित की है। कहा गया है कि उन्होंने आखिरी बार ऐसा 1 सितंबर, 2006 को किया था, जब वे बीएनपी के वरिष्ठ संयुक्त महासचिव के रूप में कार्यरत थे और पार्टी की स्थापना वर्षगांठ मना रहे थे।
बीएनपी के संस्थापक जियाउर रहमान एक बांग्लादेशी सैन्य अधिकारी थे, जिन्होंने 1977 से लेकर 1981 में अपनी हत्या तक बांग्लादेश के छठे राष्ट्रपति के रूप में कार्य किया। वे 1978 में लेफ्टिनेंट जनरल के पद से सेना से सेवानिवृत्त हुए।
पीटीआई का दावा-विरोध प्रदर्शन से पहले हजारों समर्थकों को किया गिरफ्तार
इमरान खान की पार्टी का दावा है कि विरोध प्रदर्शन से पहले हजारों समर्थकों को गिरफ्तार किया गया है। पीटीआई के एक नेता ने बताया कि जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के 1,000 से अधिक समर्थकों को शुक्रवार को प्रांतीय और संघीय स्तर पर सैन्य समर्थित सरकारों के खिलाफ उनकी पार्टी के सड़क आंदोलन को विफल करने के लिए गिरफ्तार किया गया।
पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता पीटीआई के मोईन रियाज कुरैशी ने बताया कि पंजाब पुलिस ने लाहौर में पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के समर्थकों के दर्जनों वाहनों को भी प्रवेश करने से रोक दिया, जो वरिष्ठ पार्टी नेता और खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी के साथ सड़क पर विरोध प्रदर्शन शुरू करने के लिए आए थे।
पीटीआई के 73 वर्षीय संस्थापक खान अगस्त 2023 से कई भ्रष्टाचार मामलों में जेल में हैं। आफरीदी समेत पीटीआई के वरिष्ठ नेता खान की रिहाई के एकमात्र उद्देश्य से पंजाब प्रांत में जन आंदोलन शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं। पीटीआई ने संघीय सरकार और पंजाब प्रांत दोनों में पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के नेतृत्व वाली सैन्य समर्थित सरकार पर पीटीआई नेता को परेशान करने का आरोप लगाया है। कुरैशी ने एक बयान में कहा, “लाहोर में पीटीआई कार्यकर्ताओं पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने 1,000 से अधिक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।”
पाकिस्तान और यूएई के बीच ‘महत्वपूर्ण वार्ता’
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, पाकिस्तानी और यूएई के नेताओं ने शुक्रवार को द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए “महत्वपूर्ण वार्ता” की। ये वार्ताएं संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति और अबू धाबी के शासक शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान की प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के निमंत्रण पर पाकिस्तान की एक दिवसीय आधिकारिक यात्रा के दौरान हुईं। यह यूएई के राष्ट्रपति के रूप में अल नाहयान की पाकिस्तान की पहली आधिकारिक यात्रा थी। बयान के अनुसार, “यात्रा के दौरान शेख मोहम्मद बिन जायद ने प्रधानमंत्री के साथ सार्थक वार्ता की। उनकी चर्चा पाकिस्तान और संयुक्त अरब अमीरात के बीच लंबे समय से चले आ रहे भाईचारे के संबंधों को और मजबूत करने पर केंद्रित थी।”
इसमें आगे कहा गया है कि दोनों नेताओं ने सहयोग के चल रहे क्षेत्रों में हासिल की गई प्रगति की समीक्षा की और साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करने के तरीकों का पता लगाया। उन्होंने आर्थिक सहयोग, निवेश, ऊर्जा, अवसंरचना विकास, आईटी, प्रौद्योगिकी और लोगों के बीच आदान-प्रदान में सहयोग बढ़ाने के महत्व पर जोर दिया।
उन्होंने द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाने की आवश्यकता पर भी सहमति व्यक्त की और महत्वपूर्ण क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान किया, साथ ही आपसी हित के मामलों पर घनिष्ठ समन्वय जारी रखने की अपनी साझा प्रतिबद्धता की पुष्टि की। इसमें कहा गया है कि यूएई के राष्ट्रपति के साथ मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों सहित एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी था। यह यूएई के राष्ट्रपति की दूसरी यात्रा थी, क्योंकि इससे पहले वह इसी साल जनवरी में एक निजी यात्रा पर पाकिस्तान जा चुके थे।
बुशरा बीबी की हिरासत पर यूएन विशेषज्ञों ने की आलोचना
संयुक्त राष्ट्र के यातना विशेष मानवाधिकार विश्वविधिकर ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री की पत्नी बुशरा बीबी खान की हिरासत की स्थितियों की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि अदियाला जेल में उनकी नजरबंदी अंतरराष्ट्रीय मानकों से काफी नीचे है और इससे उनके शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को गंभीर खतरा है। रिपोर्ट के अनुसार बुशरा बीबी को गंदी, हवा रहित कोठरी में रखा गया है।
सऊदी अरब पर यमन के दक्षिणी हिस्से में हमले करने का आरोप
अदन। दुनियाभर में जारी संघर्षों के बीच अब यमन के दक्षिणी हिस्से में तनाव बढ़ गया है। दक्षिण यमन के अलगाववादी समूह सदर्न ट्रांजिशनल काउंसिल (एसटीसी) ने आरोप लगाया कि सऊदी अरब ने उनकी सेना पर हवाई हमले किए। हालांकि, सऊदी अरब ने इस आरोप की अभी तक कोई पुष्टि नहीं की है। एसटीसी ने कहा कि ये हमले हदरमौत के कब्जा क्षेत्रों में हुए। इससे किसी के घायल होने की तत्काल जानकारी नहीं है। हमले के बाद अलगाववादी समूह सऊदी अरब पर भड़क उठे।
द.कोरिया: पूर्व राष्ट्रपति यून के लिए 10 साल की सजा की मांग
सियोल। दक्षिण कोरिया के अभियोजकों ने पद से हटाए गए पूर्व राष्ट्रपति यून सुक योल के खिलाफ पहले मार्शल लॉ मुकदमे में 10 साल की जेल की सजा की मांग की है। यह मामला 2024 में मार्शल लॉ लागू करने की उनकी नाकाम कोशिश और उससे जुड़े आरोपों से जुड़ा है। इस मुकदमे में जांच में सहयोग न करने और हिरासत से बचने जैसे आरोप शामिल हैं। वहीं, यून ने सभी आरोपों से इनकार किया है। इस मामले पर अदालत अगले महीने तक फैसला सुना सकती है।
चीन पर निर्भरता घटाने की दिशा में अमेरिका में ग्रेफाइट खनन को बढ़ावा
चीन पर निर्भरता घटाने की दिशा में अमेरिका में लिथियम-आयन बैटरियों की बढ़ती मांग और चीन पर निर्भरता घटाने की कोशिशों के चलते ग्रेफाइट खनन पर फिर से ध्यान दिया जा रहा है। दशकों पहले बंद हुई अमेरिकी ग्रेफाइट खदानों को पुनर्जीवित करने की योजनाएं बन रही हैं। न्यूयॉर्क में टाइटन माइनिंग कॉर्प 2028 तक व्यावसायिक उत्पादन का लक्ष्य रखती है। ग्रेफाइट ऊर्जा भंडारण, उद्योग और सैन्य उपयोगों के लिए अहम है और इसे महत्वपूर्ण खनिज माना गया है। सरकार कर प्रोत्साहन, जल्द मंजूरी और वित्तीय सहयोग से घरेलू आपूर्ति शृंखला मजबूत करने पर जोर दे रही है।
अमेरिका में 1,000 से अधिक उड़ानें रद्द
अमेरिका के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में भीषण बर्फीले तूफान की चेतावनी के बाद शुक्रवार को हजारों उड़ानों पर असर पड़ा है। फ्लाइटअवेयर वेबसाइट के अनुसार, स्थानीय समय के अनुसार दोपहर तक 1,139 उड़ानें रद्द कर दी गईं और 3,808 उड़ानों में देरी हुई। राष्ट्रीय मौसम सेवा ने चेतावनी दी है कि ग्रेट लेक्स से लेकर न्यू इंग्लैंड तक शनिवार सुबह तक यात्रा की स्थिति बेहद खतरनाक बनी रह सकती है। प्रभावित क्षेत्रों के प्रमुख हवाई अड्डों जैसे जॉन एफ केनेडी और ला गार्डिया ने यात्रियों को संभावित देरी के लिए सतर्क किया है। एयरलाइन कंपनियों में जेटब्लू ने सबसे ज्यादा 225 उड़ानें रद्द की हैं। इसके बाद डेल्टा एयरलाइंस ने 186 और अमेरिकन एयरलाइंस ने 96 उड़ानें रद्द की हैं।
चीन ने दुनिया की सबसे लंबी एक्सप्रेस-वे टनल खोली
चीन ने शुक्रवार को शिनजियांग प्रांत में 22.13 किमी लंबी सुरंग यातायात को खोल दी है। यह विश्व की सबसे लंबी एक्सप्रेस-वे सुरंग है। तियानशान शेंगली नामक यह सुरंग उत्तर-पश्चिम चीन के मध्य तियानशान पहाड़ों को काट कर बनाई गई है। इसके शुरू होने से पहाड़ों का घंटों का खतरनाक सफर अब मात्र 20 मिनट में सिमट गया है। यह किसी भी हाईवे सुरंग के लिए सबसे गहरा वर्टिकल शाफ्ट भी रखती है।
पुतिन की भारत यात्रा ने मजबूत संबंधों की पुष्टि की : रूस
रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की हालिया भारत यात्रा ने समय पर खरे उतरे पारस्परिक भरोसे की पुष्टि की है। इस दौरान दोनों देशों के बीच हुए समझौतों ने रणनीतिक लक्ष्यों के सामंजस्य को स्थापित किया है।
विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को पुतिन की यात्रा को रूसी विदेश नीति की प्रमुख उपलब्धियों में से एक बताया है। पुतिन ने इस महीने की शुरुआत में 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत का दौरा किया था। इस दौरान दोनों देशों ने एक मजबूत आर्थिक साझेदारी सहित कई उपायों का खुलासा किया। 2030 तक रूसी-भारतीय आर्थिक सहयोग के रणनीतिक क्षेत्रों को विकसित करने के कार्यक्रम सहित 28 दस्तावेजों के एक पैकेज के साथ एक व्यापक संयुक्त बयान अपनाया गया।
जापान: रबर फैक्ट्री में चाकूबाजी की घटना, कम से कम 15 लोग घायल
मध्य जापान के शिजुओका प्रांत में एक कारखाने में शुक्रवार को हुई चाकूबाजी की घटना में कम से कम 15 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि शाम करीब 4:30 बजे एक आपातकालीन कॉल प्राप्त हुई, जिसमें बताया गया कि मिशिमा शहर के योकोहामा रबर कारखाने में कई लोगों को चाकू मारा गया है। अधिकारियों ने बताया कि घायल पाए गए सभी लोग होश में थे।
पुलिस ने बाद में 38 वर्षीय मसाकी ओयामा को हत्या के प्रयास के संदेह में गिरफ्तार किया। उसके पेशे का खुलासा नहीं किया गया है। क्योडो न्यूज के अनुसार, जांचकर्ताओं का मानना है कि ओयामा का कारखाने से कोई संबंध था और उन्हें यह भी जानकारी मिली है कि उसने गैस मास्क पहनकर ब्लीच जैसा तरल पदार्थ छिड़का था। पुलिस के मुताबिक, ओयामा ने शाम करीब 4 बजे कारखाने के अंदर एक 28 वर्षीय पुरुष कर्मचारी पर धारदार हथियार से हमला किया। अन्य कर्मचारियों ने उसे काबू में कर लिया और कानून प्रवर्तन अधिकारियों के हवाले कर दिया।
स्थानीय दमकल विभाग ने बताया कि आठ लोगों को चाकू से घाव लगे हैं, जबकि सात अन्य लोग रासायनिक तरल के संपर्क में आने से प्रभावित हो सकते हैं। योकोहामा रबर ने बाद में पुष्टि की कि घायल हुए सभी 15 व्यक्ति कंपनी के कर्मचारी थे, जिनकी आयु 20 से 50 वर्ष के बीच थी।
पेरिस मेट्रो स्टेशन पर तीन महिलाओं को चाकू मारा गया, आरोपी गिरफ्तार
शुक्रवार को पेरिस के विभिन्न मेट्रो स्टेशनों पर तीन महिलाओं पर चाकू से हमला किया गया, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। फ्रांसीसी अधिकारियों ने बताया कि ये हमले मेट्रो लाइन 3 पर कुछ ही समय के अंतराल में हुए। अभियोजक कार्यालय के अनुसार, उस व्यक्ति ने शाम लगभग 4 बजे रिपब्लिक, आर्ट्स एट मेटियर्स और ओपेरा स्टेशनों पर तीन महिलाओं पर चाकू से हमला किया। तीनों पीड़ितों को चिकित्सा उपचार दिया गया और वे सुरक्षित हैं।
पुलिस ने बताया कि मेट्रो स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज और उसके मोबाइल फोन से प्राप्त लोकेशन डेटा की मदद से संदिग्ध की पहचान की गई और उसका पता लगाया गया। बाद में उसे पेरिस क्षेत्र में गिरफ्तार कर लिया गया। पेरिस के सार्वजनिक परिवहन संचालक आरएटीपी ने कहा कि दमकलकर्मी स्टेशनों पर तुरंत पहुंच गए, पुलिस टीमों ने इलाके को सुरक्षित कर लिया और यात्रियों को आश्वस्त करने के लिए प्रभावित मेट्रो लाइन पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया। फ्रांस के गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने संदिग्ध की त्वरित पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की प्रशंसा की।





