रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ाने वाली खबर सामने आई है. रूस ने दावा किया है कि 28–29 दिसंबर की रात यूक्रेन ने राष्ट्रपति व्लादिम पुतिन के नोवगोरोद क्षेत्र स्थित निजी आवास पर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमला किया. रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस हमले में कुल 91 ड्रोन का इस्तेमाल किया गया, जिन्हें रूस की एयर डिफेंस सिस्टम ने हवा में ही मार गिराया है. वहीं, यूक्रेन ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि रूस कीव पर हमले की तैयारी के लिए माहौल बना रहा है.रूस ने दावा किया कि यूक्रेन ने व्लादिमिर पुतिन के नोवगोरोद स्थित डोल्गिये बोरोदी के आलीशान निजी आवास पर 91 ड्रोन से हमला किया, जिसे रूस ने नाकाम बताया. आइए जानते हैं पुतिन के इस आवास के बारे में…
इस बात की पुष्टी नहीं है कि पुतिन का असली ठिकाना कहां है, बस दावा किया जाता है कि उनका आवास नोवगोरोद रीजन में वाल्दाई शहर के पास डोल्गिये बोरोदी नामक गांव के नजदीक स्थित है. यह इलाका घने जंगलों और झीलों से घिरा हुआ है और काफी समय से पुतिन के निजी रिट्रीट के रूप में जाना जाता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घर आम सरकारी निवास नहीं, बल्कि एक बेहद आलीशान और हाई-सिक्योरिटी प्रॉपर्टी है, जिसे कई बार “गोल्डन हाउस” भी कहा गया है.
इस आवास की खासियत इसकी लग्जरी सुविधाएं मानी जाती हैं. बताया जाता है कि घर के अंदर सोने की सजावट, महंगा फर्नीचर और आधुनिक इंटीरियर मौजूद है. यहां एक बड़ा स्पा कॉम्प्लेक्स भी है, जिसमें स्विमिंग पूल, सोलारियम, सॉना, हम्माम और मसाज सेंटर शामिल हैं. इसके अलावा प्राइवेट डेंटिस्ट्री और कॉस्मेटोलॉजी यूनिट जैसी सुविधाओं का भी जिक्र किया जाता है. इतना ही नहीं, एक विशाल स्पोर्ट्स और हेल्थ सेंटर भी इस प्रॉपर्टी का हिस्सा बताया जाता है, जो इसे एक हाई-एंड निजी रिट्रीट बनाता है.
तारों का खेल खत्म! जल्द हवा में दौड़ेगी बिजलीआगे देखें
सुरक्षा के लिहाज से यह आवास बेहद मजबूत माना जाता है. रिपोर्ट्स के अनुसार, यहां पैंट्सिर-S1 जैसे एडवांस एयर डिफेंस सिस्टम तैनात हैं, जो ड्रोन और मिसाइल हमलों को रोकने में सक्षम हैं. यही वजह बताई जा रही है कि कथित ड्रोन हमले के बावजूद किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई. रूसी पक्ष का कहना है कि यह हमला उसकी सुरक्षा व्यवस्था की परीक्षा था, जिसमें एयर डिफेंस पूरी तरह सफल रहा.
हालांकि, यूक्रेन ने रूस के इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. यूक्रेनी अधिकारियों का कहना है कि यह पूरी कहानी मनगढ़ंत है और इसका मकसद यूक्रेन, खासकर कीव पर आगे होने वाले हमलों को सही ठहराना है. यूक्रेन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि रूस पहले भी इस तरह के आरोप लगाकर अंतरराष्ट्रीय माहौल को अपने पक्ष में मोड़ने की कोशिश करता रहा है. पुतिन का यह कथित निजी आवास, क्रेमलिन के अलावा उनकी व्यापक प्रॉपर्टी पोर्टफोलियो का प्रतीक माना जाता है. अब सबकी नजर इस बात पर है कि रूस इस दावे के बाद क्या कदम उठाता है और क्या इससे युद्ध की दिशा में कोई बड़ा बदलाव आता है.





