अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

मध्य प्रदेश की लेटेस्ट खबरें:27 जनवरी को बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे, यूजीसी पर बोलने से उच्च शिक्षा मंत्री का इनकार

Share

भोपाल: कल बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे
ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर फेडरेशन के आह्वान पर 27 जनवरी को बैंक कर्मचारी एक दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे. हड़ताल का मुख्य कारण सप्ताह में पांच कार्य दिवस की मांग है. हड़ताल के चलते बैंकिंग प्रणाली प्रभावित हो सकती है. नकद लेन-देन, चेक क्लियरेंस और अन्य सेवाओं में बाधा आने की संभावना है, जिससे आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

मैं दबाव में बयान नहीं दूंगा… यूजीसी पर बोलने से उच्च शिक्षा मंत्री का इनकार
कटनी पहुंचे मध्य प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार का बड़ा बयान सामने आया है. मंत्री ने कहा, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से पत्रकारों के दबाव में कुछ भी बुलवा लिया गया, लेकिन मैं इस पर कुछ नहीं बोलूंगा. यूजीसी के विरोध के मामले में भी उन्होंने बयान देने से इंकार किया. उच्च शिक्षा को लेकर केंद्र सरकार की योजनाओं पर उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में बेहतर काम हो रहा है. वहीं, कटनी में खुलने वाले पीपीपी मॉडल मेडिकल कॉलेज को लेकर भी मंत्री ने कोई टिप्पणी करने से दूरी बनाई. मंत्री अल्प प्रवास पर कटनी पहुंचे थे.

रीवा में गणतंत्र दिवस पर नदी के बीच तिरंगा फहराया

पूरे प्रदेश की तरह रीवा में भी 77वां गणतंत्र दिवस मनाया गया. मुख्य कार्यक्रम एस एफ मैदान में आयोजित हुआ, जहां रीवा जिले के प्रभारी मंत्री प्रहलाद पटेल ने झंडा फहराया और परेड की सलामी ली. वहीं, रीवा किले के पीछे त्रिवेणी घाट (राजघाट) पर तैराकी करने वाले युवकों ने नदी के गहरे हिस्से में 50 फीट से तिरंगा फहराया और राष्ट्रगीत गाया. राजघाट क्लब के अध्यक्ष लखन खंडेलवाल ने बताया कि यह परंपरा पिछले 10 साल से चली आ रही है. नदी के बीच तिरंगा फहराना चुनौतीपूर्ण काम है, लेकिन युवाओं के जोश और उत्साह से यह हर साल जारी है.

फ्लिपकार्ट ऑफिस में चोरी करने वाला शातिर कर्मचारी गिरफ्तार
जबलपुर में फ्लिपकार्ट ऑफिस से चोरी के मामले में गढ़ा थाना पुलिस ने शातिर चोर को गिरफ्तार किया है. आरोपी ऑफिस में ही काम करने वाला कर्मचारी निकला, जो कस्टमर द्वारा कैंसिल किए गए सामान की चोरी करता था. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने पिछले 6 माह में करीब 7 लाख रुपये के कीमती मोबाइल फोन सहित 15 अन्य सामान गायब किए थे. पुलिस ने आरोपी साहिल साहू को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 6 लाख रुपये मूल्य के 6 आईफोन सहित अन्य मोबाइल फोन जब्त किए हैं.

भोज में बच्चों की गैर मौजूदगी पर मंत्री राकेश सिंह नाराज
छिन्दवाड़ा में गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित मध्यान्ह भोजन के विशेष भोज में प्रदेश के लोक निर्माण एवं जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने बच्चों की गैर मौजूदगी पर नाराजगी जताई. गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में शामिल होने के बाद मंत्री खजरी स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम में पहुंचे थे. मौके पर बच्चों के न होने पर मंत्री ने कहा, “पहले बच्चों को बैठाइए, फिर हमें परोसिए, आखिर हमारे आने का क्या मतलब.” उन्होंने नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी कहा कि वे बाद में भोजन करें. बच्चों के बैठने के बाद ही मंत्री ने भोजन ग्रहण किया. वीडियो में मंत्री की नाराजगी साफ नजर आई.

बच्चों से धुलवाए बर्तन, सवाल से भागे जिम्मेदार

अनूपपुर के प्राथमिक विद्यालय भगता में राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस पर बच्चों से बर्तन धुलवाने का मामला सामने आया है. मुख्यमंत्री के निर्देशों की धज्जियां उड़ती दिखीं. जिम्मेदारों से इस विषय पर जब जानना चाहा, तो वे कैमरे से भागते दिखाई दिए. जहां शिक्षकों के कंधों पर बच्चों का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी दी गई है, वहीं शिक्षक शिक्षा के स्थान पर बच्चों से बर्तन धुलवाने लगे, जिससे पूरी शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न चिह्न खड़े होते दिखाई दे रहे हैं. चौंकाने वाला यह मामला बिजुरी संकुल क्षेत्र अंतर्गत शासकीय प्राथमिक विद्यालय भगता से सामने आया है. जहां एक तरफ देशभर में गणतंत्र दिवस मनाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर बच्चों से बर्तन धोने का मामला सामने आया है.

जब पुरस्कार मिलता है, तो काम करने की ऊर्जा दोगुनी हो जाती है: मोहन नागर

पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित होने जा रहे जल पुरुष के नाम से मशहूर मोहन नागर से न्यूज 18 ने खास बातचीत की. उन्होंने कहा कि आप यदि कोई सामाजिक सरोकार का काम करते हैं और आपको पुरस्कार मिलता है, तो इससे लगता है कि आप सही दिशा में जा रहे हैं. उनके लिए यह एक बहुत बड़ी उपलब्धि है कि उन जैसे छोटे से कार्यकर्ता को केंद्र सरकार ने इतने बड़े पुरस्कार के लायक समझा. जब पुरस्कार मिलता है, तो काम करने की ऊर्जा भी दोगुनी हो जाती है. उन्होंने बाचा गांव को लेकर कहा कि जनजातीय बाहुल्य गांव है, उसमें मूलभूत समस्याएं थीं, लोगों के साथ मिलकर उस गांव की समस्याओं का हल किया. सभी ग्रामीणों के प्रयास से आज वह एक आदर्श गांव है और विश्व पटल पर उसकी अपनी अलग पहचान है.

हत्या के विरोध में सड़क जाम, आरोपियों का घर गिराने की मांग

टीकमगढ़ में हत्या के विरोध में लोगों ने एक बार फिर जाम लगा दिया. वे सुबह 9 बजे से धरने पर बैठे हैं. अब तक प्रदर्शन जारी है. खरगापुर में रविवार शाम शिक्षा विभाग के लिपिक सुनील रूसिया की फावड़े से पीटकर हत्या कर दी गई थी. घटना के विरोध में आज सुबह से नगर के हनुमान चौराहे पर लोगों ने जाम लगाया हुआ है. लोग आरोपियों के घर गिराए जाने की मांग पर अड़े हुए हैं. मौके पर पुलिस बल तैनात है. लोगों को समझाने का प्रयास जारी है. टीकमगढ़ के खरगापुर कस्बे का यह मामला है.

भोपाल स्लॉटर हाउस केस में बड़ा खुलासा

भोपाल स्लॉटर हाउस मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. साल 2014 से विवाद चल रहा था. 2021 में अनुमति मिली. जगह नहीं मिली, तो जिंसी में ही स्लॉटर हाउस को अनुमति दी गई. मॉडर्न स्लॉटर हाउस की मंजूरी नवंबर 2021 में शासन स्तर पर दी गई थी. 22 दिसंबर 2021 को इसके ऑनलाइन टेंडर निकाले गए थे. स्लॉटर हाउस के खिलाफ 2014 में विनोद कुमार कोरी ने एनजीटी में याचिका लगाई थी. सितंबर 2015 में एनजीटी ने 30 जून 2016 तक स्लॉटर हाउस को शहर से बाहर स्थानांतरित करने का आदेश दिया था. दूसरी जगह का विरोध था, इसलिए इसे अपग्रेड किया गया. शहर में दूसरी जगह स्लॉटर हाउस का विरोध हो रहा था. अगस्त 2021 में चार सदस्यीय समिति ने निर्णय लिया कि वर्तमान स्लॉटर हाउस को ही आधुनिक तकनीक से लैस किया जाए. अक्टूबर 2021 में एनजीटी ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में संचालित स्लॉटर हाउस को ‘मॉडर्न’ बनाया जाए. शासन ने निर्देश दिए कि पहले चरण में वर्तमान भूमि पर आधुनिक निर्माण कराएं. 7 नवंबर 2025 को इसे शुरू कराया गया. जुलाई 2019 में शिफ्टिंग न होने पर पेनल्टी बढ़ाकर 2 करोड़ रुपये कर दी गई. नियमों के उल्लंघन पर नगर निगम भोपाल पर 45.70 लाख रुपये का अतिरिक्त जुर्माना भी लगाया गया. अक्टूबर 2019 में एनजीटी ने पांच करोड़ रुपये का जुर्माना लगाते हुए स्लॉटर हाउस तत्काल बंद करने का आदेश दिया था, जिसपर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी थी.

महाकालेश्वर मंदिर के गर्भगृह में वीआईपी प्रवेश को लेकर विवाद

उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर के गर्भगृह में वीआईपी प्रवेश को लेकर उठा विवाद अब देश की सर्वोच्च अदालत तक पहुंच गया है. आम श्रद्धालुओं को गर्भगृह में प्रवेश न मिलने और नेताओं-विशेष लोगों को विशेष सुविधा दिए जाने पर सवाल खड़े हो रहे हैं. महाकाल मंदिर के गर्भगृह में आम भक्तों को प्रवेश न मिलने का मामला पहले हाईकोर्ट और अब सुप्रीम कोर्ट की दहलीज तक पहुंच चुका है. इंदौर के अधिवक्ता चर्चित शास्त्री ने वरिष्ठ अधिवक्ता विष्णु जैन के माध्यम से सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की है. इस याचिका पर मंगलवार को सुनवाई प्रस्तावित है. याचिका में कहा गया है कि देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु भगवान महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचते हैं लेकिन उन्हें गर्भगृह के बाहर से ही दर्शन करने पड़ते हैं जबकि राजनेताओं और प्रभावशाली लोगों को भीतर जाकर पूजा-अर्चना की अनुमति मिल रही है. उन्होंने इसे समानता और धार्मिक अधिकारों के विरुद्ध बताया.

सिंगरौली में रेलवे ट्रैक पर मिला किशोर का दो हिस्सों में शव

सिंगरौली में रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात किशोर का दो हिस्सों में बंटा शव मिलने से सनसनी फैल गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा देर रात का बताया जा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि मृतक की उम्र करीब 15 से 17 वर्ष के बीच जान पड़ रही है, हालांकि अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है. बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत बरहवांटोला के पास रेलवे ट्रैक पर शव मिला है. पुलिस उसकी शिनाख्त में जुटी है.

गणतंत्र दिवस पर नई ज़िंदगी की शुरुआत: सेंट्रल जेल से 9 आजीवन कैदी रिहा, बोले– अब नहीं करेंगे अपराध

गणतंत्र दिवस के मौके पर सेंट्रल जेल से 9 कैदियों को रिहा किया गया. ये सभी कैदी आजीवन कारावास की सजा काट रहे थे और अब तक 14 साल की सजा पूरी कर चुके हैं. अच्छे आचरण के आधार पर इन्हें रिहाई मिली है. रिहा किए गए कैदी जबलपुर, कटनी, मंडला, सिवनी और डिंडोरी जिलों के रहने वाले हैं. जेल से बाहर निकलते ही कैदियों ने खुशी जाहिर की और कहा कि उन्हें नया जीवन मिला है. उन्होंने भविष्य में अपराध न करने और दूसरों से भी अपराध से दूर रहने की अपील की.

रांझी बड़ा पत्थर में दर्दनाक घटना: 14 वर्षीय नाबालिग ने जहर खाकर की आत्महत्या, शिक्षक पर प्रताड़ना के आरोप

मध्य प्रदेश के जबलपुर के रांझी बड़ा पत्थर इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां 14 वर्षीय नाबालिग ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली. परिजनों ने नाबालिग के स्कूल में पढ़ाने वाले एक शिक्षक पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं. बताया जा रहा है कि देर रात नाबालिग ने जहर खाया था. सुबह जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. मामले में शिक्षक की भूमिका की भी जांच की जा रही है.

मुरैना में भीषण सड़क हादसा: ट्रैवलर-कंटेनर की आमने-सामने टक्कर, एक की मौत, 7 गंभीर घायल

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में ट्रैवलर और कंटेनर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसे में ट्रैवलर सवार आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. सभी लोग गोद भराई कार्यक्रम से लौटकर सबलगढ़ जा रहे थे. यह घटना चिन्नौनी थाना क्षेत्र के कोल्हूडांडा गांव के पास हुई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को कैलारस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया. गंभीर रूप से घायल 7 लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है. मृतक युवक की पहचान बिट्टू सोनी के रूप में हुई है.

77वें गणतंत्र दिवस पर BJP प्रदेश मुख्यालय में फहरा तिरंगा, देशभक्ति के रंग में रंगा माहौल

77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया. प्रदेश अध्यक्ष हेमन्त खंडेलवाल ने तिरंगा फहराया. इस मौके पर आलोक शर्मा, मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. मध्य प्रदेश सशस्त्र बल के जवानों ने तिरंगे को सलामी दी. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए.

गणतंत्र दिवस पर देशभक्ति में रंगा उज्जैन, महाकालेश्वर मंदिर तिरंगे से सजा

26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया. मंदिर परिसर को तिरंगे से भव्य रूप से सजाया गया. भगवान महाकाल का विशेष श्रृंगार केसरिया, सफेद और हरे रंग के फूलों से किया गया. मस्तक पर भी तीन रंगों का आकर्षक टीका लगाया गया, जिसने भक्तों को भावविभोर कर दिया. इस अद्भुत श्रृंगार के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. मंदिर परिसर में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला.

गणतंत्र दिवस पर उज्जैन से अशोकनगर तक मुख्यमंत्री मोहन यादव का दौरा, शिप्रा तट पर करेंगे झंडा वंदन
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव आज गणतंत्र दिवस के अवसर पर उज्जैन और अशोकनगर दौरे पर रहेंगे. मुख्यमंत्री सुबह 8:55 बजे उज्जैन के कार्तिक मेला ग्राउंड पहुंचेंगे और शिप्रा तट पर झंडा वंदन करेंगे. इसके बाद वे गणतंत्र दिवस समारोह और सुबह 11:50 बजे एक स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे. दोपहर 12:30 बजे उज्जैन से मढ़ी महिदपुर होते हुए अशोकनगर रवाना होंगे, जहां स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे. दोपहर 2:25 बजे वे भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे.

भोपाल में गणतंत्र दिवस का महापर्व 1300 जवान, बाज-डॉग्स और ऊंटों के साथ होगी अब तक की सबसे लंबी परेड
भोपाल में गणतंत्र दिवस 2026 पर देश की सबसे लंबी परेड आयोजित की जाएगी. लाल परेड ग्राउंड में सुबह 9 बजे मुख्य समारोह होगा, जिसमें राज्यपाल मंगुभाई पटेल मुख्य अतिथि रहेंगे. 23 प्लाटून, 1300 जवान, डॉग स्क्वॉड और 22 विभागों की झांकियां परेड की शोभा बढ़ाएंगी. 10 साल बाद एनएसएस की वापसी और पहली बार सेना के बाज-डॉग्स की परेड इस आयोजन को खास बनाएगी. सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भोपाल में गणतंत्र दिवस का जश्न ऐतिहासिक बनने जा रहा है.

Ramswaroop Mantri

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें