बंगाल अग्निकांड में मृतकों के परिजनों को 10 लाख मुआवजा; इंडिगो की कई उड़ानें 11 फरवरी तक रद्द,अमेरिका-मेक्सिको सीमा पर गोलीबारी, एक घायल; सर्बिया की राजधानी में छात्रों का विरोध प्रदर्शन
संसद का बजट सत्र 2026 का आगाज आज से होगा, जिसकी शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण से होगी। रविवार को आम बजट पेश किया जाएगा। मौसम में बदलाव के चलते पहाड़ों में बर्फबारी हुई है और मैदानी इलाके ठिठुरने लगे हैं; दिल्ली-एनसीआर में बारिश और ओले गिरे और अगले दो दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना है। भारत और यूरोपीय संघ के बीच रणनीतिक साझेदारी को लेकर राष्ट्रपति मुर्मू ने आशा जताई और कहा कि फ्री ट्रेड समझौता दोनों पक्षों के संबंधों को और मजबूत करेगा। वहीं अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने क्यूबा सरकार के गिरने की संभावना को लेकर उत्साह व्यक्त किया। दिल्ली नगर निगम में आज बजट पेश होगा, जिसमें सफाई और पर्यावरण को प्राथमिकता दी जा सकती है। वैश्विक सैन्य शक्ति की ताजा रैंकिंग में भारत चौथी बड़ी सैन्य शक्ति बना हुआ है, जबकि ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान 14वें स्थान पर आ गया है।
आज से संसद का बजट सत्र,रविवार को पेश होगा आम बजट
संसद के बजट सत्र की शुरुआत आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधन के साथ होगी। देश के संसदीय इतिहास में ऐसा पहली बार होगा, जब आम बजट को रविवार को पेश किया जाएगा। 1 फरवरी (रविवार) को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लगातार नौवीं बार केंद्रीय बजट प्रस्तुत करेंगी।
राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद संसद में बृहस्पतिवार को आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जाएगा, जो इस बार आम बजट से तीन दिन पहले लाया जा रहा है। यह भी अपने आप में एक नया प्रयोग माना जा रहा है। राष्ट्रपति अपने संबोधन में सरकार की उपलब्धियों के साथ-साथ आने वाले समय की नीति और प्राथमिकताओं का खाका प्रस्तुत करेंगी।
हलवा सेरेमनी से हुआ अंतिम चरण का आगाज
बजट से पहले पारंपरिक हलवा सेरेमनी का आयोजन नॉर्थ ब्लॉक में किया गया, जिसमें वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण शामिल हुईं। यह समारोह बजट दस्तावेजों की गोपनीय प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत का प्रतीक माना जाता है।
दो चरणों में चलेगा बजट सत्र
बजट सत्र को दो हिस्सों में बांटा गया है। पहला चरण आज से शुरू होकर 13 फरवरी तक चलेगा। इसके बाद सत्र स्थगित रहेगा और दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू होकर 2 अप्रैल तक चलने की संभावना है। इस अंतराल में संसदीय समितियां बजट प्रस्तावों की गहन समीक्षा करेंगी
1 फरवरी को रविवार, बनेगा इतिहास
इस बार केंद्रीय बजट 1 फरवरी को पेश किया जाएगा, जो रविवार है। संसद के इतिहास में यह एक दुर्लभ अवसर है। सरकार ने इस दिन को आधिकारिक तौर पर ‘बजट डे’ घोषित किया है। निर्मला सीतारमण का यह लगातार नौवां बजट होगा, जिससे उनसे बड़े आर्थिक फैसलों की उम्मीद की जा रही है।

अलग-अलग जगहों में हुई बर्फबारी।
पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद मैदानी इलाके ठिठुरे
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम में फिर बदलाव आया है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में पहले से ही जारी बर्फबारी और तेज हुई है। चोटियां बर्फ की सफेद चादर में ढंक गई हैं और राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कई रास्तों को बर्फ की मोटी परत जमने के कारण बंद करना पड़ा है। रेड अलर्ट के बीच दिल्ली-एनसीआर समेत मैदानी इलाकों में झमाझम बारिश हुई और गाजियाबाद समेत कई इलाकों में ओले भी गिरे।

भारत-ईयू रणनीतिक साझेदारी को लेकर राष्ट्रपति मुर्मू ने जताई आशा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारत और यूरोपीय संघ के बीच हाल ही में हुए महत्वपूर्ण समझौतों की सराहना करते हुए कहा कि ये भारत-ईयू रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेंगे। राष्ट्रपति ने यह बात राष्ट्रपति भवन में यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन के सम्मान में आयोजित भोज में कही। उन्होंने वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए साझा प्रयासों के महत्व पर जोर दिया।

क्यूबा पर ट्रंप की तिरछी निगाह
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि ‘क्यूबा बहुत जल्दी असफल होने वाला है।’ उन्होंने यह बयान इसलिए दिया क्योंकि वेनेजुएला- जो क्यूबा को तेल और धन देता था- अब मदद नहीं कर रहा है। जनवरी की शुरुआत में अमेरिका ने वेनेजुएला में एक सैन्य अभियान चलाया और वहां के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को एक ऑपरेशन में पकड़ लिया। ट्रंप का कहना है कि इसके बाद वेनेजुएला अब क्यूबा को तेल और पैसा नहीं भेज रहा है- और यही क्यूबा की अर्थव्यवस्था का बड़ा सहारा था। उन्होंने कहा कि क्यूबा ‘असल में एक ऐसा देश है जो लगभग फेल होने वाला है।’

दिल्ली नगर निगम में आज पेश होगा बजट
एमसीडी का आगामी वर्ष का बजट बुधवार को सदन की बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा। स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा सदन की विशेष बैठक में बजट पेश करेंगी। उनकी ओर से एमसीडी को आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाने की दिशा में कई अहम प्रावधानों की घोषणा किए जाने की संभावना है। साथ ही दिल्लीवासियों के साथ-साथ एमसीडी के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी कई सौगातें दी जा सकती हैं।

डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिकी राष्ट्रपति – फोटो : ANI
ट्रंप प्रशासन की प्रवासन नीति को लगा झटका
अमेरिका में एक फेडरल जज ने एक बहुत ही अहम आदेश दिया है जिसमें एक पांच साल के इक्वेडोर बच्चे और उसके पिता को निर्वासित करने से रोक दिया गया है। यह फैसला अमेरिका के दक्षिणी टेक्सास के सत्र न्यायालय में सुनाया गया।

दिल्ली में आज बीटिंग रिट्रीट की रिहर्सल
राजधानी में बुधवार को दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विजय चौक और उसके आस-पास बीटिंग रिट्रीट की रिहर्सल के लिए ट्रैफिक के खास इंतजाम किए हैं। पुलिस अधिकारियों की लोगों से अपील है कि रूट देखकर सफर करें। आज दिन में 4 से 6 बजे तक रिहर्सल के दौरान निम्नलिखित ट्रैफिक प्रतिबंध लागू रहेंगे। विजय चौक आम ट्रैफिक के लिए बंद रहेगा।

भारत चौथी बड़ी सैन्य शक्ति; रैंकिंग जारी
दुनिया में 52 सक्रिय सैन्य संघर्षों के बीच ग्लोबल फायरपावर ने साल 2026 की सैन्य शक्ति रैंकिंग जारी कर दी है। कुल 145 देशों की पारंपरिक युद्ध क्षमता का विश्लेषण करने वाले इस दस्तावेज में भारत ने एक बार फिर अपनी ताकत का लोहा मनवाया है। भारत 0.1346 के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर बरकरार है। अपनी विशाल सैन्य शक्ति, रक्षा क्षेत्र में बढ़ते स्वदेशीकरण और रसद क्षमताओं के कारण भारत की स्थिति मजबूत बनी हुई है।
विंग्स इंडिया 2026 कार्यक्रम
एशिया के सबसे बड़े नागरिक उड्डयन आयोजन विंग्स इंडिया 2026 की शुरुआत बुधवार से होगी। यह कार्यक्रम हैदराबाद के बेगमपेट हवाई अड्डे पर होगा। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया कि चार दिन तक चलने वाले इस आयोजन में भारतीय उड्डयन क्षेत्र की उपलब्धियों और वैश्विक क्षेत्र के भविष्य को दर्शाया जाएगा। वहीं, नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू इस आयोजन का उद्घाटन करेंगे।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का पश्चिम बंगाल दौरा
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं। बुधवार को वे दुर्गापुर में राज्य कोर टीम की बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें संगठनात्मक रणनीति, राजनीतिक रोडमैप और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा होगी। इसके बाद वे पूर्वी बर्धमान के चित्रालय मेला मैदान में आयोजित बर्धमान विभाग कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेंगे। दोपहर बाद वे रानीगंज में आसनसोल जिला कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेंगे।
साइक्लोथॉन का दूसरा संस्करण
बुधवार को साइक्लोथॉन के दूसरे संस्करण का आगाज होगा। इसे केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल यानी सीआईएसएफ आयोजित करेगा। यह कार्यक्रम 28 जनवरी से 22 फरवरी तक होगा। इसमें भारत के पूर्वी और पश्चिमी तटों के 6,500 किलोमीटर के इलाके को कवर किया जाएगा और किनारों पर सुरक्षा बढ़ाने का संदेश दिया जाएगा। साइक्लोथॉन का पहला संस्करण मार्च 2025 को हुआ था, जब सीआईएसएफ के जवानों ने समुद्र तट के किनारे लगभग 6,500 किलोमीटर की दूरी तय की थी।
राहुल गांधी के दोहरी नागरिकता मामले पर सुनवाई
बुधवार को राहुल गांधी की कथित दोहरी नागरिकता के मामले पर लखनऊ की अदालत में सुनवाई होगी। यह मामला भाजपा कार्यकर्ता की याचिका पर लखनऊ ट्रांसफर किया गया था। कर्नाटक में भाजपा कार्यकर्ता एस विग्नेश शिशिर ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और उनके खिलाफ विस्तृत जांच की मांग की याचिका दायर की थी। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता, शासकीय गोपनीयता अधिनियम, विदेशी अधिनियम और पासपोर्ट अधिनियम के तहत राहुल गांधी पर कई आरोप लगाए थे।
भारत-न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला
बुधवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच विशाखापत्तनम के एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में 7:00 बजे से होगा। भारत पहले ही सीरीज अपने नाम कर चुका है।
बंगाल अग्निकांड में मृतकों के परिजनों को 10 लाख मुआवजा; इंडिगो की कई उड़ानें 11 फरवरी तक रद्द
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में हुई भीषण आग की घटना में बड़ा एक्शन लेते हुए पुलिस ने मोमो निर्माण इकाई और गोदाम के मालिक गंगाधर दास को गिरफ्तार कर लिया है। इस हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी को कोलकाता के गरिया इलाके से पकड़ा गया और बुधवार को उसे बारुईपुर कोर्ट में पेश किया जाएगा। घटना के बाद से वह गिरफ्तारी से बच रहा था।
इस बीच, पश्चिम बंगाल सरकार ने मृतकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। शहरी विकास मंत्री फिरहाद हकीम ने बताया कि शवों की पहचान पूरी होने के बाद मुआवज़ा सौंपा जाएगा। इसके लिए जरूरत पड़ने पर डीएनए टेस्ट की अनुमति अदालत से ली जाएगी। जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री फायर सेफ्टी क्लीयरेंस के बिना चल रही थी और वहां बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री रखी गई थी, जिससे आग तेजी से फैल गई। प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
इंडिगो ने 11 फरवरी तक रद्द कीं कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें, ईरान हालात बने वजह
एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने ईरान में मौजूदा हालात को देखते हुए त्बिलिसी, अल्माटी, ताशकंद और बाकू के लिए उड़ानों को 11 फरवरी तक रद्द करने का फैसला किया है। पहले ये उड़ानें 28 जनवरी तक ही रद्द की गई थीं, लेकिन क्षेत्र में बढ़ते तनाव के कारण अब शेड्यूल में और बदलाव किया गया है। इंडिगो ने बताया कि इन रूट्स पर उड़ानें ईरानी एयरस्पेस से होकर जाती हैं, जिसे फिलहाल सुरक्षा कारणों से टाला जा रहा है।
पश्चिम बंगाल सरकार ने जिलों में तैनात किए वरिष्ठ अधिकारी
बंगाल सरकार ने विभिन्न जिलों में चल रही प्रमुख विकास योजनाओं की निगरानी को मजबूत करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की है। इसमें ‘आमादेर पाड़ा आमादेर समाधान’ और ‘पथश्री’ जैसी योजनाएं शामिल हैं। सरकारी आदेश के अनुसार, अधिकारी तुरंत प्रभाव से अपने-अपने जिलों में जाकर जमीनी स्तर पर कामकाज की समीक्षा करेंगे और जिला मजिस्ट्रेट के साथ समन्वय बनाएंगे। कोलकाता (दक्षिण) की जिम्मेदारी राजेश कुमार सिन्हा को दी गई है, जबकि ओंकार सिंह मीणा दक्षिण 24 परगना की देखरेख करेंगे। इसके अलावा दार्जिलिंग, मालदा, नादिया, हावड़ा, पुरुलिया, मेदिनीपुर समेत कई जिलों में अधिकारियों की तैनाती की गई है।
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में भी जल्द मिलेगा मांसाहारी भोजन
हावड़ा और कामाख्या के बीच चलने वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में भी जल्द ही मांसाहारी भोजन परोसा जाएगा। पूर्वी रेलवे के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के मेन्यू में एक सप्ताह के भीतर मांसाहारी भोजन का विकल्प उपलब्ध होने की संभावना है। सप्ताह में छह दिन चलने वाली रात की इस ट्रेन में केवल शाकाहारी भोजन परोसे जाने को लेकर कुछ यात्रियों ने आपत्ति जताई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 जनवरी को इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी।
नशे में धुत पूर्व क्रिकेटर जैकब ने एसयूवी से तीन को मारी टक्कर, गिरफ्तार
गुजरात पुलिस ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर जैकब मार्टिन को वडोदरा जिले में शराब के नशे में गाड़ी चलाने और तीन गाड़ियों को क्षतिग्रस्त करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मंगलवार तड़के करीब 2.30 बजे मार्टिन अपनी एसयूपी से जा रहे थे, तभी अकोटा इलाके के पुनीत नगर सोसायटी के पास उन्होंने नियंत्रण खो दिया। उनकी एसयूवी सड़क किनारे खड़ी तीन कारों से जा टकराई, जिससे वे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। 53 वर्षीय मार्टिन ने भारत के लिए 10 वनडे मैच खेले हैं।
तमिलनाडु: मुठभेड़ में मारा गया कुख्यात बदमाश अझगुराजा
तमिलनाडु के पेरांबलूर जिले के थिरुमनथुराई के पास पुलिस ने मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश कोट्टू राजा उर्फ अझगुराजा को मार गिराया। आरोप है कि अझगुराजा ने हिरासत से भागने की कोशिश करते हुए एक सब इंस्पेक्टर पर हमला किया था। पुलिस के अनुसार, अझगुराजा समेत 10 से अधिक लोगों के एक गिरोह ने शनिवार को अदालत में पेशी के बाद काली को चेन्नई की पुझल जेल वापस ले जा रहे वाहन पर देसी बम फेंके थे। एक अधिकारी ने बताया कि अझगुराजा को सोमवार शाम को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान, उसने हमले में इस्तेमाल किए गए हथियारों और विस्फोटकों को जंगल में छिपाने की बात स्वीकार की थी। इसके बाद, पुलिस की एक टीम मंगलवार सुबह उसे बताए गए स्थान पर ले गई और वहां से हथियारों और विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया। मौके पर पहुंचने के बाद अझगुराजा ने पुलिस वाहन पर एक देसी बम फेंका और भागने की कोशिश में एक छिपाए हुए धारदार हथियार से सब-इंस्पेक्टर पर हमला किया। इसके बाद पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी।
झारखंड: दो आदिवासी किशोरियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म, केस
झारखंड के गिरिडीह जिले में दो आदिवासी किशोरियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना रविवार की रात उस वक्त हुई जब दोनों लड़कियां एक मेले से घर लौट रही थीं। मामला पीरटांड़ थाना क्षेत्र के हरलाडीह इलाके का है। पुलिस ने बताया कि छह-सात अज्ञात लोगों ने दोनों नाबालिग लड़कियों को अगवा किया और उन्हें पास के एक खेत में ले जाकर उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। कहा जा रहा है कि दोनों लड़कियां गांव के कुछ परिचित युवकों के साथ मेला देखने गई थीं लेकिन वापसी में बिछुड़ गईं। इसके बाद, दोनों एक परिचित युवक के साथ घर लौट रही थीं। तभी कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और युवक से मारपीट कर उसे भगा दिया। हरलाडीह चौकी के प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि पीड़िताओं की माताओं के बयानों के आधार पर इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच जारी है। डुमरी के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) सुमित प्रसाद ने कहा कि पीड़िताओं की मेडिकल जांच करा ली गई है। आरोपियों को पकड़ने के लिए छापे मारे जा रहे हैं।
अमेरिका-मेक्सिको सीमा पर गोलीबारी, एक घायल; सर्बिया की राजधानी में छात्रों का विरोध प्रदर्शन
अमेरिका और मेक्सिको की सीमा के पास एरिवाका, एरिज़ोना में बॉर्डर पेट्रोल से जुड़ी गोलीबारी में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ। पीमा काउंटी शेरिफ विभाग ने बताया कि घटना के बाद FBI और अमेरिकी कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन के साथ मिलकर जांच की जा रही है। घायल व्यक्ति को स्थानीय हेलिकॉप्टर के माध्यम से नजदीकी ट्रॉमा सेंटर में ले जाया गया। घटना के बाद घायल को हिरासत में लिया गया है।
बेलग्रेड में छात्र विरोध प्रदर्शनों पर कड़ा रुख, हजारों ने प्रदर्शन किया
सर्बिया की राजधानी में हजारों लोग इकट्ठा हुए और विश्वविद्यालयों पर लग रहे सरकारी दबाव के खिलाफ आवाज उठाई। ‘ज्ञान ही शक्ति है’ के नाम से आयोजित शांतिपूर्ण प्रदर्शन में छात्रों और शिक्षकों के समर्थन में लोगों ने भाग लिया, जिन्हें विरोध प्रदर्शन में भाग लेने पर नौकरी या पद से हटाया गया था। छात्र विरोध की शुरुआत नवंबर 2024 में नोवी सैड में रेलवे स्टेशन के गिरने के हादसे से हुई थी, जिसमें 16 लोगों की मौत हुई थी। सरकार पर छात्रों और शिक्षकों पर दबाव बनाने के आरोप लगे हैं।
अमेरिका ने वेनेजुएला में दूतावास फिर खोलने के लिए उठाए कदम
ट्रंप प्रशासन ने कांग्रेस को सूचित किया है कि वे बंद हुए अमेरिकी दूतावास को संभावित रूप से फिर से खोलने के लिए पहले कदम उठा रहे हैं। अस्थायी कर्मचारियों को दूतावास की चयनित कूटनीतिक गतिविधियों के लिए भेजा जाएगा। वर्तमान दूतावास परिसर, जो मार्च 2019 में बंद किया गया था, उसे मानक के अनुसार तैयार किया जाएगा।
इस्राइल ने वेस्ट बैंक में इतालवी अधिकारियों पर हुए हथियार की कार्रवाई की जांच का वादा किया
इस्राइल ने वेस्ट बैंक में दो इतालवी सुरक्षा अधिकारियों को स्वचालित हथियार के जरिए रोके जाने के मामले की जांच का वादा किया है। इस्राइल के इटली दूत जोनाथन पेल्ड ने इतालवी विदेश मंत्री की मांग पर रोम में यह आश्वासन दिया। इतालवी अधिकारियों का कहना है कि उन्हें डिप्लोमेटिक वाहन होने के बावजूद रोका गया और हथियार दिखाया गया। इस्राइल ने कहा कि यह सेना की मानक प्रक्रिया के तहत किया गया था।
नाइजीरिया में तख्तापलट की साजिश में कई सैन्य अफसरों पर चलेगा केस
नाइजीरिया कई सैन्य अधिकारियों पर तख्तापलट साजिश के आरोप में मुकदमा चलाएगा। नाइजीरियाई रक्षा मुख्यालय ने बताया कि जांच पैनल की रिपोर्ट में राष्ट्रपति बोला टीनुबू की सरकार के खिलाफ तख्तापलट की योजना के सबूत मिले हैं। बीते साल अक्तूबर में अनुशासनहीनता और सेवा नियमों के उल्लंघन के आरोप में 16 अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि इनमें से कितनों पर मुकदमा चलेगा। फिलहाल अधिकारियों के नाम भी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
इंडोनेशिया में भूस्खलन में फंसे 23 सैनिकों की मौत
इंडोनेशिया के पश्चिमी जावा प्रांत में हुए भूस्खलन में फंसे 23 मरीन सैनिकों की मौत हो गई है। यह हादसा शनिवार को बांडुंग बारात क्षेत्र के पासिर लंगु गांव में भारी बारिश के बाद हुआ। सैनिक इंडोनेशिया–पापुआ न्यू गिनी सीमा पर तैनाती से पहले प्रशिक्षण अभ्यास में जुटे थे। आपदा प्रबंधन एजेंसी के अनुसार, कुल मृतकों की संख्या 20 से बढ़कर 23 हो गई है, जबकि 42 लोग अब भी लापता हैं। लगभग 800 बचावकर्मी, सेना, पुलिस और नौ खोदाई मशीनें राहत कार्य में लगी हैं।
फिलीपीन में जहाज डूबने से 18 की मौत, कंपनी के अन्य जहाजों पर रोक
फिलीपीन में यात्री जहाज डूबने की घटना के बाद सरकार ने संबंधित कंपनी के अन्य जहाजों के संचालन पर अनिश्चितकालीन रोक लगा दी है। दक्षिणी बेसिलान प्रांत के पास एम/वी त्रिशा केरस्टिन-3 फेरी के डूबने से कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 316 यात्रियों को बचा लिया गया। अभी भी 10 लोग लापता हैं, इनमें से अधिकांश चालक दल के सदस्य हैं। नाव में 317 यात्री और 27 क्रू सवार थे। तटरक्षक बल और नौसेना गहराई में स्थित मलबे की तलाश कर रही है। सरकार ने जहाजों की समुद्री सुरक्षा जांच के आदेश दिए हैं।
बलूचिस्तान : सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 10 विद्रोही मारे गए
पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में एक अभियान के दौरान दो विद्रोही समूहों से जुड़े दस लोग मारे गए, जबकि 10 सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। आतंकवाद निरोधक विभाग (सीटीडी) के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) आयेतजाद अहमद गोराया ने क्वेटा में पत्रकारों को बताया कि यह घटना सोमवार को पंजगुर शहर के पहाड़ी इलाकों में हुई।
रूस ने बांग्लादेशियों को भेजा मोर्चे पर जबरन सैन्य अनुबंध पर हस्ताक्षर करवाने का आरोप
बांग्लादेश के मकसूदुर रहमान को चौकीदार की नौकरी का झांसा देकर एजेंट ने रूस भेज दिया। इसके बाद रहमान ने एक दिन खुद को रूसी युद्ध के मोर्चे पर पाया। पड़ताल में सामने आया कि बांग्लादेशी कामगारों को छोटी-मोटी नौकरियां देने का वादा कर रूस बुलाया गया और उन्हें यूक्रेन में युद्ध की आग में झोंक दिया गया। कई लोगों को जेल में डालने या हत्या की धमकी दी गई। एजेंसी ने तीन बांग्लादेशी युवकों से बात की जो रूसी सेना से भागे हैं। इनमें रहमान भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि उनसे सैन्य अनुबंध पर जबरन दस्तखत कराए गए। इसके बाद बुनियादी जंग का प्रशिक्षण दिया गया। रहमान ने युद्ध में जाने पर जब आपत्ति की तो एक रूसी कमांडर ने कहा, तुम्हें यहां तुम्हारे एजेंट ने भेजा है, हमने तुम्हें खरीद लिया है। तीनों युवकों ने बताया कि उन्हें जबरन अग्रिम मोर्चों पर भेजा गया। बांग्लादेश पुलिस के एक जांचकर्ता के अनुसार, आशंका है कि लगभग 40 बांग्लादेशियों की इस युद्ध में जान जा चुकी है।
दो संघीय अधिकारियों ने गोलियां चलाईं- कांग्रेस से बोला DHS
सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा के एक अधिकारी ने मंगलवार को कांग्रेस को भेजे गए एक नोटिस में बताया कि मिनियापोलिस में आईसीयू नर्स एलेक्स प्रेटी की मौत के मामले में दो संघीय अधिकारियों ने गोलीबारी की थी। कांग्रेस को भेजी गई एक सूचना के अनुसार, अधिकारियों ने प्रेटी को हिरासत में लेने की कोशिश की और उसने विरोध किया, जिसके कारण हाथापाई हुई। अधिकारी ने बताया कि हाथापाई के दौरान, सीमा गश्ती दल के एक एजेंट ने कई बार चिल्लाकर कहा, ‘उसके पास बंदूक है!’
इस नोटिस में कहा गया है कि बॉर्डर पेट्रोल अधिकारी और सीबीपी अधिकारी दोनों ने ग्लॉक पिस्तौल से गोली चलाई। नोटिस में कहा गया है कि सीबीपी के व्यावसायिक उत्तरदायित्व कार्यालय के जांचकर्ताओं ने बॉडी-वियर कैमरा फुटेज और एजेंसी के दस्तावेजों की समीक्षा के आधार पर विश्लेषण किया। कानून के अनुसार, एजेंसी को सीबीपी हिरासत में हुई मौतों के बारे में 72 घंटों के भीतर संबंधित कांग्रेस समितियों को सूचित करना अनिवार्य है। यह अधिसूचना राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से प्रेटी की मौत के बाद मिनेसोटा में अपने प्रशासन की आव्रजन संबंधी कार्रवाई की कमान सीमा प्रमुख टॉम होमन को सौंपने के एक दिन बाद आई है। एलेक्स प्रेटी की मौत इस महीने आव्रजन कानून प्रवर्तन अधिकारियों के हाथों किसी व्यक्ति की हुई दूसरी घातक गोलीबारी थी।
मेक्सिको ने क्यूबा को तेल की आपूर्ति रोकी- शीनबाम
मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार ने कम से कम अस्थायी रूप से क्यूबा को तेल की आपूर्ति रोक दी है, लेकिन उन्होंने अस्पष्ट लहजा अपनाते हुए कहा कि यह रोक तेल आपूर्ति में सामान्य उतार-चढ़ाव का हिस्सा है और यह एक संप्रभु निर्णय है जो अमेरिका के दबाव में नहीं लिया गया है। शीनबाम इस सवाल का जवाब दे रही थी कि क्या अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा क्यूबा सरकार से दूरी बनाने के लिए बढ़ते दबाव के मद्देनजर राज्य की तेल कंपनी पेमेक्स ने क्यूबा को तेल की आपूर्ति बंद कर दी है, हालांकि अमेरिकी अधिकारियों ने सार्वजनिक रूप से मेक्सिको से तेल की आपूर्ति रोकने का अनुरोध नहीं किया है।
शीनबाम के बयान ऐसे समय में आए हैं जब ट्रंप क्यूबा को अलग-थलग करने और उस पर दबाव बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं, जो वॉशिंगटन द्वारा लगाए गए कड़े आर्थिक प्रतिबंधों के तहत लंबे समय से विरोधी रहा है। ट्रंप का कहना है कि क्यूबा सरकार गिरने के कगार पर है, और अमेरिकी सैन्य अभियान द्वारा वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को सत्ता से हटाए जाने के बाद क्यूबा को वेनेजुएला से तेल की कोई खेप नहीं मिलेगी।





