दूषित खाना बना मौत का कारण, होटल संचालक पर 16 लाख का जुर्माना
खजुराहो स्थित गौतम रिसोर्ट में दूषित भोजन खाने से 5 लोगों की मौत के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. खाद्य सुरक्षा को लेकर सख्ती दिखाते हुए प्रशासन ने रिसोर्ट के मैनेजर और संचालक पर दो अलग-अलग प्रकरणों में कुल 16 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है. कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देशन में होटल से लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूने जांच में असुरक्षित और मानकों के विपरीत पाए गए. सीएमएचओ और खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा प्रकरण प्रस्तुत किए गए थे, जिस पर एडीएम एवं न्याय निर्णयन अधिकारी ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के उल्लंघन पर यह आदेश पारित किया. प्रशासन ने साफ किया कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी.
छिंदवाड़ा: नपा अध्यक्ष विनोद मालवीय भाजपा से निष्कासित, ये आरोप बने कारण
छिंदवाड़ा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष विनोद मालवीय को भाजपा से निष्कासित कर दिया है. दो सभापतियों को हटाए जाने के बाद अध्यक्ष के खिलाफ पार्टी और संगठन में विरोध के स्वर तेज हो गए थे. इस दौरान लगातार कई ऑडियो भी सामने आए, जिनसे मामला और गंभीर हो गया. नगर पालिका और निगम से जुड़े कार्यों में कमीशनखोरी के आरोप भी विनोद मालवीय पर लगे थे. पार्टी ने इन घटनाक्रमों को अनुशासनहीनता मानते हुए यह कार्रवाई की है. भाजपा के इस फैसले के बाद नगर पालिका की राजनीति में हलचल तेज हो गई है.
रतलाम: चिकलाना ड्रग्स फैक्ट्री मामले में पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई
जिले के चिकलाना ड्रग्स फैक्ट्री मामले में एसपी अमित कुमार ने बड़ी कार्रवाई की है. कालूखेड़ा थाने में पदस्थ चार पुलिसकर्मियों और औद्योगिक थाना जावरा के एक पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की गई है. जांच में लापरवाही सामने आने के बाद यह कदम उठाया गया. कार्रवाई के तहत तीन पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन अटैच किया गया है, जबकि दो पुलिसकर्मियों को अलग-अलग थानों में पदस्थ किया गया है. एसपी ने स्पष्ट किया कि नशे से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
एसपी देहात पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप, एसआई ने की शिकायत
भोपाल देहात एसपी रामशरण प्रजापति पर प्रताड़ना के आरोप लगे हैं. सुखी सेवनिया थाने में पदस्थ एक एसआई ने एसपी के खिलाफ आईजी, जीपीएम और मानव अधिकार आयोग को लिखित शिकायत दी है. एसआई केसी यादव का आरोप है कि एक आपराधिक डायरी मांगने पर एसपी ने उनके साथ गाली-गलौज की. उन्होंने कहा कि 30 साल की सेवा में किसी अधिकारी ने ऐसा व्यवहार नहीं किया. एसआई के अनुसार, बीते चार महीनों से लगातार प्रताड़ना की जा रही है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि महिला अधिकारी भी इसी प्रताड़ना का शिकार हैं, लेकिन डर के कारण सामने नहीं आ रहीं. मामले की जांच की मांग की गई है.
पुलिसकर्मी ने वकील को मारा थप्पड़ा! बार एसोसिएशन ने की कार्रवाई की मांग
जिले के गौहरगंज थाना क्षेत्र में एक पुलिसकर्मी द्वारा वकील को थप्पड़ मारने का आरोप सामने आया है। बताया जा रहा है कि वकील अपने भाई के साथ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे थे, इसी दौरान पुलिसकर्मियों से कहासुनी हो गई और मारपीट के आरोप लगे. घटना के बाद बार एसोसिएशन ने नाराज़गी जताते हुए दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. बार एसोसिएशन ने एसपी से मिलकर ज्ञापन सौंपा और निष्पक्ष जांच की मांग की. बता दें कि गौहरगंज पुलिस की कार्यप्रणाली पर पहले भी सवाल उठते रहे हैं, खासकर 6 साल की मासूम से दरिंदगी के मामले में.
खेत में मिला युवती का कंकाल, प्रेम प्रसंग में हत्या का सनसनीखेज खुलासा
बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र के वलनी गांव में खेत से युवती का कंकाल मिलने से हड़कंप मच गया. कंकाल के पास खुदी हुई कब्र भी मिली. पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर लिया. कंकाल के पास मिली टी-शर्ट से मृतिका की पहचान पूजा धुर्वे के रूप में हुई. जांच में सामने आया कि पूजा का गांव के प्रमोद उइके से प्रेम प्रसंग था और वह शादी का दबाव बना रही थी. 18 जनवरी की रात प्रमोद ने पूजा को गांव से बाहर बुलाकर दूर खेत में ले जाकर हत्या कर दी और शव को कब्र बनाकर दफना दिया. बाद में कब्र से शव बाहर आ गया. पुलिस ने आरोपी प्रमोद को गिरफ्तार कर लिया है.
सिर में गोली लगने से 12 वर्षीय छात्र की मौत, पुलिस और FSL टीम ने मामले की जांच शुरू की
भोपाल के गौतम नगर थाना इलाके में 12 वर्षीय इब्राहिम की सिर में गोली लगने से मौत हो गई. बच्चा बालकनी में खून में लथपथ और बेहोश पाया गया था. शुक्रवार रात डेढ़ बजे परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन बचाया नहीं जा सका. पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू की, शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंपा. सूचना मिलते ही पुलिस और FSL टीम मौके पर पहुंचकर स्पॉट का मुयाना किया. बच्चे के घर पर देर रात तक बाहरी लोगों का आना-जाना था, जिससे मामले की जांच जारी है.
रतलाम में गैस वेल्डिंग की दुकान में धमाका, दुकानदार और राहगीर बाल-बाल बचे
रतलाम में मुख्य डाकघर के सामने स्थित एक गैस वेल्डिंग की दुकान में बड़ा हादसा होते-होते टल गया. दुकान में कार्बाइड (कार्बेट) टैंक फट गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ. हादसे में दुकानदार और राहगीर बाल-बाल बच गए. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें विस्फोट की पूरी तस्वीर कैद हुई है.
खेलो एमपी यूथ गेम्स का भव्य समापन आज, राज्यपाल करेंगे खिलाड़ियों को सम्मानित: मंत्री विश्वास सारंग
विश्वास सारंग ने खेलो एमपी यूथ गेम्स के समापन समारोह को लेकर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि खेलो एमपी यूथ गेम्स सफलतापूर्वक संपन्न हुए हैं और आज शाम 5 बजे कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में मध्यप्रदेश के मंगूभाई पटेल के मुख्य आतिथ्य में समापन समारोह आयोजित होगा, जहां विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए जाएंगे. इस बार 313 ब्लॉकों में प्रतियोगिताएं हुईं और परंपरागत खेलों के साथ क्रिकेट भी शामिल रहा. मंत्री सारंग ने कहा कि यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय स्तर का रहा और मध्यप्रदेश ने देश के लिए एक मॉडल प्रस्तुत किया है. वहीं जीतू पटवारी के एसआईआर बयान पर उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग से जुड़े विषय वहीं उठाए जाने चाहिए, फोटो ऑपर्च्युनिटी के लिए बयानबाजी उचित नहीं है.
भिंड में बारिश के बाद कोल्डवेव, 12 साल बाद जनवरी में टूटा रिकॉर्ड
भिंड जिले में बारिश के बाद अचानक कोल्डवेव का असर देखने को मिल रहा है. बताया जा रहा है कि करीब 12 साल बाद जनवरी के आखिरी दिनों में इतनी कड़ाके की ठंड पड़ी है. पूरा शहर घने कोहरे की चादर में ढका हुआ है और दिनभर धुंध छाई रहती है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा. भिंड जिले का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. भीषण सर्दी के कारण स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी हो रही है. वहीं सर्दी, जुकाम, बुखार और हार्ट अटैक के मरीजों की संख्या बढ़ रही है. लोग दिनभर अलाव के सहारे समय बिता रहे हैं.
बैतूल में दर्दनाक हादसा: ट्राइसाइकिल की बैटरी ब्लास्ट, दिव्यांग की जिंदा जलकर मौत
बैतूल जिले के सारनी में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. जयस्तंभ चौक के पास दिव्यांग सुनील लोखंडे की ट्राइसाइकिल की बैटरी में अचानक ब्लास्ट हो गया. आग इतनी तेजी से फैली कि सुनील उसकी चपेट में आ गया. मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक धुएं और आग से सुनील का दम घुट गया. सुनील को चार साल पहले पीएम स्वनिधि योजना के तहत ट्राइसाइकिल मिली थी. वह बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर जीवनयापन करता था. सारनी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है.
भोपाल कोर्ट के पास भीषण सड़क हादसा, मुर्गी से भरी गाड़ी पलटी

भोपाल में कोर्ट के पास मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. यहां मुर्गियों से भरी एक गाड़ी और कार के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि मुर्गी से भरी गाड़ी पलट गई, जिससे उसमें लदी कई मुर्गियों की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. इस दुर्घटना में दोनों वाहनों के ड्राइवरों को मामूली चोटें आई हैं. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात सुचारू कराया. मामला एमपी नगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है.
IFS सर्विस मीट 2026 का आज समापन, खेल और संस्कृति का रंगारंग संगम
IFS सर्विस मीट 2026 का दूसरा और अंतिम दिन आज उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जाएगा. इस अवसर पर दिनभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. मैनिट के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेलकूद प्रतियोगिताएं होंगी, जिनमें अधिकारी और उनके परिवारजन भाग लेंगे. वहीं आईआईएफएम परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जहां प्रतिभागी अपनी कला और संस्कृति का प्रदर्शन करेंगे. शाम को रात्रि भोज का आयोजन होगा. समापन समारोह में IFS अधिकारी अपने परिवार के सदस्यों के साथ शामिल होकर इस यादगार आयोजन का हिस्सा बनेंगे.
राजधानी के 35 इलाकों में आज बिजली कटौती, संधारण कार्य का असर
राजधानी के 35 इलाकों में आज संधारण कार्य के चलते 4 से 7 घंटे तक बिजली कटौती रहेगी. सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक कमला नगर, ख्वाजा कॉलोनी, राजीव नगर ए सेक्टर, अहिंसा विहार, वर्धमान ग्रीन सिटी, झील नगर, गीत बंगलो सहित आसपास के क्षेत्रों में बिजली बंद रहेगी. सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक बैरसिया रोड, बाफना कॉलोनी, ग्रीन पार्क कॉलोनी सहित कई इलाकों में कटौती होगी. वहीं कुछ क्षेत्रों में शाम 5 बजे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी.





