दुनिया के नक्शे के आखिरी सिरे पर, जहां आम इंसानी बस्तियों की कहानी खत्म हो जाती है और सिर्फ बर्फ, सन्नाटा और अंधेरा बचता है, वहीं एक ऐसा इलाका भी है, जो कयामत से परे है. नॉर्वे का एक छोटा सा इलाका है लॉन्गइयरबायेन. नॉर्थ पोल के बेहद करीब बसा यह द्वीप किसी रोमांचक अभियान जैसा है. यहां पहुंचने के लिए हिम्मत चाहिए- काटती ठंडी हवाएं, हर पल मंडराता पोलर बियर का खतरा और साल के कई महीनों तक सूरज का न दिखना, लेकिन इसी वीराने में इंसान ने अपने भविष्य की सबसे कीमती विरासत छिपाकर रखी है. नॉर्थ पोल के पास नॉर्वे के लॉन्गइयरबायेन द्वीप पर बर्फीले पहाड़ के भीतर एक ऐसी दुनिया है, जहां प्रलयत की तिजोरी रखी हुई है. इसे मानव सभ्यता के भविष्य को बचाने के लिए तैयार किया गया है, जिसमें सिर्फ अनाज के बीज ही नहीं, बल्कि पूरी डिजिटल दुनिया का बैकअप भी सुरक्षित है.
इस बर्फीले पहाड़ के भीतर बना है दुनिया का सबसे सुरक्षित ठिकाना, जिसे आम भाषा में ‘डूम्सडे वॉल्ट’ या ‘प्रलय की तिजोरी’ कहा जाता है. यह कोई शरणस्थली नहीं, बल्कि मानव सभ्यता को दोबारा खड़ा करने की योजना का हिस्सा है. शुरुआत में इसे ग्लोबल सीड वॉल्ट के रूप में बनाया गया था, जहां दुनिया भर की फसलों के बीज सुरक्षित रखे गए, ताकि अगर कभी वैश्विक तबाही हो जाए तो खेती और जीवन फिर से शुरू किया जा सके.
मानवता का पूरा बैकअप है यहां
समय के साथ इस पहाड़ के भीतर एक और मिशन ने जन्म लिया- आर्कटिक वर्ल्ड आर्काइव. यानि अब यहां सिर्फ बीज नहीं, बल्कि पूरी डिजिटल सभ्यता का बैकअप भी रखा जा रहा है. सोच यह है कि अगर कभी दुनिया इंटरनेट-विहीन हो जाए, सर्वर जल जाएं या डेटा मिट जाए, तब भी मानवता का ज्ञान पूरी तरह खत्म न हो. इसी वजह से दुनिया की बड़ी टेक कंपनियों और संस्थाओं ने अपना डिजिटल खजाना यहां जमा कराया है. ओपन-सोर्स सॉफ्टवेयर से लेकर आधुनिक तकनीक के मूल कोड तक, सब कुछ इस बर्फीली तिजोरी में सुरक्षित है.
भारत की क्या-क्या चीजें यहा मौजूद?
- भारत की मौजूदगी इस वैश्विक प्रयास में काफी है. भारत ने यहां केवल तकनीकी दस्तावेज नहीं, बल्कि अपनी सांस्कृतिक पहचान को भी डिजिटल रूप में संरक्षित किया है.
- ताजमहल का थ्री-डी डिजिटल रिकॉर्ड, संविधान की प्रतिलिपि, दुर्लभ पांडुलिपियां और इसरो के महत्वपूर्ण अभियानों का डेटा भी शून्य से नीचे के तापमान में सुरक्षित रखा गया है. यह आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सटीक संदर्भ होगा.
- हैदराबाद स्थित ICRISAT और भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थानों के जरिए एक लाख से ज्यादा बीजों के नमूने यहां भेजे गए हैं. इनमें खास तौर पर मोटे अनाज जैसे ज्वार, बाजरा, रागी जैसे श्रीअन्न और दाल-चावल की दुर्लभ किस्में शामिल हैं. ये सभी बीज सीलबंद डिब्बों में रखे गए हैं, जिन पर मालिकाना हक सिर्फ भारत का है
- कैसे कयामत से सुरक्षित रहेगा डेटा?
आर्कटिक वर्ल्ड आर्काइव की सबसे बड़ी ताकत यह है कि यह पूरी तरह ऑफलाइन है. यहां कोई इंटरनेट कनेक्शन नहीं, कोई हैकिंग नहीं. डेटा को एक खास फिल्म पर दर्ज किया जाता है, जो बिना बिजली के सैकड़ों साल सुरक्षित रह सकती है. इस सुरक्षा में प्राकृतिक बर्फ यानी परमाफ्रॉस्ट सबसे बड़ा सहयोगी है. अगर सारी दुनिया अंधेरे में डूब जाए, तब भी यहां जमा जानकारी सुरक्षित रहेगी. इसका सिर्फ एक ही मकसद है कि इंसानियत को बचाए रखना. यही वजह है कि इस बर्फीली गुफा को भविष्य का ब्लैक बॉक्स कहा जाता है, जहां मानव सभ्यता की पहचान शांति से समय का इंतजार कर रही है.





