नाबालिग किशोर पर लगा छेड़छाड़ का आरोप
झिरन्या में हिंदू संगठन ने नाबालिग किशोर और नाबालिग लड़की को संदिग्ध हालत में पकड़ लिया है. नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाने और छेड़छाड़ का आरोप लगा है. घटना के बाद हिंदू संगठन ने हंगामा किया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. परिजनों की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट के तहत छेड़छाड़ का मामला दर्ज कर लिया है. नाबालिग किशोर बड़वाह से झिरन्या पहुंचा था. उसने अकेली नाबालिग लड़की को देखकर कथित रूप से की छेड़छाड़ की. सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और नाबालिग किशोर को पुलिस अभिरक्षा में ले लिया.
काजल ठाकुर और बदमाश शाहरुख के खिलाफ कोहेफिजा थाने में दर्ज हुई थी शिकायत
कुछ दिन पहले किन्नर गुरु सुरैया नायक ने किन्नर काजल ठाकुर और बदमाश शाहरुख के खिलाफ कोहेफिजा थाने में शिकायत की थी. देर रात को कोहेफिजा पुलिस ने राहुल नगर के किन्नर डेरे की मल्टी में दबिश दी थी. पुलिस की मंशा मल्टी में किन्नर काजल ठाकुर और बदमाश शाहरुख को गिरफ्तार करने की थी. सुरैया नायक ने काजल ठाकुर और उसके साथी शाहरुख पर मारपीट और लूट ओर चैन स्नेचिंग करने के आरोप लगाए थे.
विस्थापित आदिवासी परिवारों पर बिजवार SDM ने जारी किया वीडियो
छतरपुर के बिजावर में अपने हक को हासिल करने के लिए धरना दे रहे विस्थापित आदिवासी परिवारों के साथ हुए प्रशासनिक बर्ताव के बाद गरमाए माहौल पर बिजावर SDM ने एक वीडियो जारी कर सफाई दी है. SDM विजय दुबेदी की मानें, तो केन-बेतवा लिंक परियोजना से संबंधित नियम विरुद्ध मुआवजे की मांग को लेकर कुछ लोगों द्वारा आमजन को भड़काने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार पात्र हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया जा चुका है. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई पात्र व्यक्ति छूट गया है तो उसका सर्वे कर विस्तृत जांच की जाएगी और नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी.
हाई कोर्ट के बाद हुई कार्रवाई
हाई कोर्ट के आदेश पर पुलिस अधीक्षक शिवपुरी की बड़ी कार्यवाही की है. कोलारस थाने के एक पुराने मामले में हाई कोर्ट ने निर्देश दिए थे. बहुत पुराने मामले में देहात थाना प्रभारी जितेन्द्र मावई सहित 7 पुलिसकर्मियों पर हाईकोर्ट के आदेश पर कार्रवाई हुई है. सभी को लाइन हाजिर किया गया है. कोलारस में तत्कालीन प्रभारी मनीष शर्मा के समय हुई थी घटना, उसके बाद विवेचना में कमी होने के फेर में सभी 7 पुलिसकर्मियों, जिनमें 2 टीआई व 5 सब इंस्पेक्टर स्तर के कर्मचारियों को थानों से लाइन किया है.
डिण्डौरी से सुकून देने वाली खबर
भारतीय गिद्ध (Gyps indicus) जिन्हें लंबी चोंच वाला गिद्ध भी कहा जाता है, विश्व की प्राचीन गिद्ध प्रजातियों में से एक हैं. कभी भारतीय उपमहाद्वीप में बड़ी संख्या में पाए जाने वाले ये गिद्ध आज गंभीर रूप से संकटग्रस्त (Critically Endangered) श्रेणी में हैं. बीते दशकों में इनकी आबादी में 97% से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है. ऐसे में डिण्डौरी जिले के शीतलपानी (विकासखंड बजाग) क्षेत्र में इनकी अच्छी संख्या का दिखना प्रकृति प्रेमियों और पर्यावरण के लिए बड़ी राहत की खबर है. गिद्ध पर्यावरण के सफाईकर्मी हैं, जो मृत पशुओं को खाकर बीमारियों को फैलने से रोकते हैं.पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बैगाचक निवासी अरविंद बाबा ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया है.
भारतमाला परियोजना मुआवजा घोटाले में फरार तहसीलदार गिरफ्तार
रायपुर में ACB और EOW ने भारतमाला परियोजना मुआवजा घोटाले में बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार तहसीलदार शशिकांत कुर्रे को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही नायब तहसीलदार लखेश्वर प्रसाद को भी हिरासत में लिया गया है. दोनों अधिकारियों पर मुआवजा वितरण में गंभीर अनियमितता और घोटाले का आरोप हैं. गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और घोटाले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
दमोह में भारी बवाल, सड़क पर उतरा लोधी समाज, कलेक्ट्रेट के बैरिकेड्स टूटे

दमोह में उस समय हालात बेकाबू हो गए जब हजारों की संख्या में लोधी समाज के लोग सड़कों पर उतर आए. आंदोलनकारियों ने स्थानीय प्रशासन, पुलिस और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचने की कोशिश की. पुलिस द्वारा रोके जाने पर प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट परिसर के मुख्य गेट पर लगे बैरिकेड्स तोड़ दिए, जिससे पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई. यह आंदोलन पन्ना जिले के रहने वाले महेंद्र सिंह लोधी की मौत से जुड़ा है. परिजनों का आरोप है कि जून 2025 में दमोह के रनेह स्थित सरकारी अस्पताल में एक स्टाफ नर्स द्वारा की गई बदसलूकी और मारपीट से वह मानसिक रूप से आहत थे. कई महीनों बाद महेंद्र सिंह की मौत हो गई, जिसे परिजन उसी घटना से जोड़ रहे हैं. पीड़ित पक्ष नर्स पर कड़ी कार्रवाई और मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपये की सहायता राशि की मांग कर रहा है.
बुरहानपुर में “बकरा राजनीति”, निगमायुक्त के खिलाफ कांग्रेस का अनोखा विरोध

बुरहानपुर में कांग्रेस ने नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव के खिलाफ अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया. ज्ञापन लेने निगमायुक्त के नहीं पहुंचने से नाराज कांग्रेस नेताओं ने प्रतीकात्मक रूप से एक बकरे को “एक दिन का निगमायुक्त” बना दिया. बकरे के गले में ज्ञापन टांगते हुए कांग्रेसियों ने नारेबाजी की. SIR मुद्दे पर फर्जी आपत्तियों के आरोप लगाए गए. कांग्रेस जिलाध्यक्ष रिंकू टॉक और ग्रामीण जिलाध्यक्ष रवींद्र महाजन के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में जर्जर सड़कें, खराब स्ट्रीट लाइट, दूषित पानी और गंदगी को बड़ा मुद्दा बताया गया. निगम कार्यालय में हंगामे के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा.
लापता मऊगंज विधायक को लेकर बढ़ी चिंता, भोपाल आवास पर ये कौन मिला?
मऊगंज विधायक प्रदीप पटेल के लापता होने को लेकर मामला और गंभीर होता जा रहा है. NEWS 18 की टीम भोपाल स्थित एमएलए रेस्ट हाउस में उनके आवास पर पहुंची, जहां मऊगंज के रिटायर्ड बीएसएफ जवान अनिल मिश्रा मौजूद मिले. अनिल मिश्रा ने आरोप लगाया कि मूसा गैंग ने प्रदीप पटेल और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी है. उनका कहना है कि विधायक 40 दिन से अपने विधानसभा क्षेत्र से बाहर हैं और उन्हें खोजने वे भोपाल आए, लेकिन यहां भी वे नहीं मिले. रीवा और मऊगंज स्थित उनके घरों पर ताले लगे हैं. अनिल मिश्रा ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें जिंदा जलाने की कोशिश की गई थी.
डिण्डौरी में मालवाहक वाहन पलटा, कई ग्रामीण घायल
डिण्डौरी के शहपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत चरगांव में भीषण सड़क हादसा हो गया. दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे ग्रामीणों से भरा एक मालवाहक वाहन अचानक पलट गया. हादसे में दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है. दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. सभी घायलों को शहपुरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है. प्रारंभिक तौर पर वाहन में क्षमता से अधिक सवारियां होने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों की जांच में जुटी है.
भोपाल: किन्नर समुदाय में बढ़ा विवाद, पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे
भोपाल में किन्नर समुदाय के भीतर विवाद तूल पकड़ता जा रहा है. इस मामले को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचा, जहां किन्नर काजल ठाकुर ने सुरैया नायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. काजल ठाकुर ने आरोप लगाए कि देर रात पुलिस दबिश के बाद मामला और बढ़ गया, जबकि एफआईआर और की गई कार्रवाई को लेकर भी सवाल खड़े किए गए हैं. उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की. एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने मामले की जांच एसीपी स्तर पर कराने की बात कही है. काजल ठाकुर ने इसे वर्चस्व की लड़ाई नहीं बताते हुए धर्मांतरण से जुड़ा मामला होने का दावा किया है. पुलिस ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.
दिल्ली में सियासी हलचल! कवासी लखमा-चैतन्य बघेल की राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाक़ात, अजय चंद्राकर का तंज
छत्तीसगढ़ की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. कांग्रेस नेता कवासी लखमा और चैतन्य बघेल दिल्ली पहुंचे और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात की. इस मुलाकात के बाद चैतन्य बघेल की सियासी एंट्री को लेकर कयास तेज हो गए हैं. इधर बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर ने तंज कसते हुए कहा कि “जब जेल में साथ रहे हैं तो दोस्ती-यारी तो हो ही जाएगी, मिलने तो जाएंगे ही.” कांग्रेस जिला अध्यक्षों की ट्रेनिंग में ‘फ्री हैंड’ देकर काम करने की बात पर भी उन्होंने सवाल उठाया. चंद्राकर ने कहा कि ट्रेनिंग में शब्दों का महत्व होता है फ्री हैंड पार्टी को मजबूत करने के लिए दिया गया है या उसे उबारने के लिए? उनके मुताबिक यह ट्रेनिंग शायद कांग्रेस को उबारने के लिए हुई होगी.
प्री एग्जाम 2026 के एडमिट कार्ड जारी, 22 फरवरी को दो पालियों में होगी परीक्षा
रायपुर: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने प्री परीक्षा 2026 के प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं. यह परीक्षा 22 फरवरी को आयोजित की जाएगी. कुल 265 पदों के लिए होने वाली यह परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी. पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी. अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं. परीक्षा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
पूर्व सहायक राजस्व अधिकारी की संपत्ति कुर्क
ईडी ने नगर निगम के पूर्व सहायक राजस्व अधिकारी राजेश परमार और उनके परिजनों की 1 करोड़ 6 लाख रुपए की संपत्तियों को कुर्क किया. इन संपत्तियों में एक रहवासी मकान, प्लाट, फ्लैट और कृषि भूमि शामिल हैं. ईओडब्ल्यू द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर ईडी ने 2007 से 2022 के बीच परमार द्वारा अर्जित आय से अधिक 175% संपत्ति के मामले की जांच शुरू की थी. जांच में राजेश परमार आय और संपत्तियों के कोई पुख्ता सबूत पेश नहीं कर सके.
भिंड जिले के 11 अशासकीय हाईस्कूल/हायर सेकण्ड्री स्कूलों को मान्यता नहीं
सभी पालक अपने बच्चों को इन संस्थाओं में सत्र 2026-27 में प्रवेश न दिलाएं. जिला शिक्षा अधिकारी भिंड ने बताया कि सत्र 2026-27 के लिए मान्यता नवीनीकरण हेतु संस्थाओं के संचालक/प्राचार्यों द्वारा ऑनलाइन आवेदन नहीं किए जाने पर इनकी मान्यता नहीं दी गई है. अतः पालकों को सूचित किया जाता है कि वे अपने बच्चों को इन स्कूलों में प्रवेश न दिलाएं. इन स्कूलों में बृज पब्लिक हायर सेकण्ड्री स्कूल (कोड 132401), श्री मुन्नालाल हाईस्कूल (कोड 132355), आदर्श हायर सेकण्ड्री स्कूल (कोड 132099), जय गुरूदेव हाईस्कूल (कोड 132309), आर.पी.एस. हायर सेकण्ड्री (कोड 132297), लक्ष्मीबाई कॉन्वेंट हायर सेकण्ड्री स्कूल (कोड 132116), साधना उ.मा.वि. (कोड 132086), रामकृष्ण हायर सेकण्ड्री स्कूल (कोड 132053), शांति बाई हायर सेकण्ड्री स्कूल (कोड 132026), गुरुकुल अकेडमी हायर सेकण्ड्री (कोड 132402), किसान हायर सेकण्ड्री स्कूल (कोड 132236) शामिल हैं.
विजय नगर में देर रात हुई चाकूबाजी की घटना
इंदौर: विजय नगर थाना क्षेत्र में देर रात चाकूबाजी में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक गोलू पीयू 4 बिल्डिंग में बाउंसर का काम करता था और दोस्त के झगड़े में मौके पर पहुंचा था. पुलिस मामले की जांच कर रही है. ईडी ने नगर निगम के पूर्व सहायक राजस्व अधिकारी राजेश परमार की एक करोड़ 6 लाख रुपए की संपत्तियों को कुर्क किया. इनमें रहवासी मकान, प्लाट, फ्लैट और कृषि भूमि शामिल हैं. 2007 से 2022 के बीच परमार ने आय से 175% अधिक संपत्ति अर्जित की थी.
छतरपुर: प्रदर्शनकारियों पर प्रशासन की सख्ती
आधी रात में पानी की बौछार से प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा गया. बिजावर में SDM ऑफिस के बाहर केन बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित परिवार धरना दे रहे थे, और आप नेता अमित भटनागर की रिहाई की मांग कर रहे थे. शांति भंग करने के आरोप में पुलिस ने आप नेता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. पिछले कई दिनों से ग्रामीण और आप नेता उचित मुआवजे की मांग कर रहे थे. पुलिस ने बलपूर्वक पानी की बौछार कर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा. कार्रवाई के दौरान महिलाओं ने पुलिस पर पथराव किया.
धीरे-धीरे ठंड की विदाई शुरू, 15 शहरों में बढ़ा तापमान
भोपाल: ठंड धीरे-धीरे विदा ले रही है और प्रदेश में तापमान बढ़ने लगा है. कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. भोपाल सहित 15 शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया. अगले तीन दिनों में तापमान में 3 डिग्री तक वृद्धि हो सकती है. दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के कारण मौसम में बदलाव आया है. भोपाल में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर संभाग में भी न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा.
12वीं बोर्ड परीक्षा के पहले दिन 13 नकल के मामले दर्ज
पहले दिन अंग्रेजी परीक्षा में 13 छात्र नकल करते पकड़े गए। भोपाल जिले में 7 और मुरैना जिले में 6 नकल के मामले सामने आए. कुल 3604 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा हुई, जिसमें लगभग 612609 परीक्षार्थी शामिल हुए. परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए प्रदेश के 9 जिलों के 226 परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरे लगाए गए. इन कैमरों की लाइव स्ट्रीमिंग मंडल मुख्यालय और हर जिले के कलेक्टर व जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालयों में स्थापित कंट्रोल रूम में होती है.
उज्जैन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे महाकाल वन मेले का शुभारंभ, पहली बार होगा ऐतिहासिक आयोजन
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज उज्जैन में महाकाल वन मेला का शुभारंभ करेंगे. “समृद्ध वन, खुशहाल जन” थीम पर आधारित यह वन मेला 11 फरवरी से 16 फरवरी तक महाकाल की नगरी में पहली बार आयोजित किया जा रहा है. इस विशेष आयोजन का उद्देश्य वन संरक्षण, पर्यावरण जागरूकता और वन आधारित आजीविका को बढ़ावा देना है. मेले में वन उत्पादों की प्रदर्शनी, जनजातीय संस्कृति की झलक, पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम और विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे. महाकाल की नगरी उज्जैन में होने वाला यह वन मेला आमजन, किसानों और युवाओं के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहेगा.
आज भोपाल में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि
आज भोपाल में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि मनाई जा रही है. इस अवसर पर भोपाल के लालघाटी चौराहे स्थित प्रतिमा स्थल पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव पुष्पांजलि अर्पित करेंगे. इसके बाद मुख्यमंत्री उज्जैन के लिए रवाना होंगे. उज्जैन दौरे के दौरान वे दोपहर 1 बजे कालिदास अकादमी पहुंचेंगे और पेयजल व्यवस्था से जुड़े हरियाखेड़ी प्रोजेक्ट का भूमि पूजन करेंगे. वहीं शाम 4 बजे दशहरा मैदान में वन मेले का शुभारंभ भी मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा.





Add comment