इंदौर: चंदन नगर से कालानी नगर तक जाने वाले लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है. क्योंकि जल्द यहां 18 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण किया जाएगा. इसके लिए प्रशासन से जरूरी मंजूरी भी मिल चुकी है. लंबे समय से इस सड़क के निर्माण को लेकर फाइल दबी थी, लेकिन अब इसे लेकर सरकार ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है.
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया, इसके लिए पहले ही टेंडर और वर्क आर्डर की प्रक्रिया हो चुकी थी. केवल अनुमति का इंतजार किया जा रहा था, जो अब मिल चुकी है. इसके लिए लगने वाले 20 करोड़ रुपए मास्टर प्लान की शेष राशि से दिए जाएंगे. चंदन नगर से कॉलोनी नगर जाने वालों के लिए यह रोड लाभदायक साबित होगी. इससे एयरपोर्ट जाना आसान हो जाएगा. साथ ही चंदन नगर चौराहे पर लगने वाले जाम से भी मुक्ति मिलेगी.

इन इलाकों के लोगों को राहत
फिलहाल, चंदन नगर से कालानी नगर जाने के लिए गंगानगर या फुटी कोठी होकर घूमकर जाना पड़ता है. इस सड़क के बनने से यह दूरी महज 5 मिनट की रह जाएगी. यह रोड पश्चिमी रिंग रोड के लिए वैकल्पिक मार्ग का भी काम करेगा साथ ही राजेंद्र नगर, फूटी कोठी और धार रोड से एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों का मार्ग भी सुगम हो जाएगा. इसके अलावा नंदन नगर और नगीन नगर के पास करीब 800 मीटर सडक़ को भी मास्टर प्लान में शामिल किया गया है, जिससे इन आबादी वाले इलाकों को भी जाम से मुक्ति मिलेगी.
200 से ज्यादा निर्माण बाधाएं
सभी दावे आपत्तियां निपटाकर फाइल भेजी गई थी. अब गजट नोटिफिकेशन भी जारी हो गया है. इस रास्ते में करीब 200 से ज्यादा निर्माण बाधाएं हैं, जिन्हें हटाने का काम नगर निगम ने शुरू कर दिया है. हालांकि, यह आसान नहीं होगा, क्योंकि चंदन नगर और आसपास के क्षेत्रों में घनी आबादी है. सड़क को मास्टर प्लान के मुताबिक चौड़ा करने के लिए कई जगह बाधक निर्माणों को हटाना एक बड़ी चुनौती है.
ये सड़क महत्वपूर्ण
मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि उनका लक्ष्य है कि जल्द से जल्द इस महत्वपूर्ण सड़क को पूरा किया जाए. इसके लिए नगर निगम ने सारी तैयारियां कर ली हैं. यह सड़क न केवल चंदन नगर पर जाम से मुक्ति दिलाएगी बल्कि पश्चिमी क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भी भूमिका निभाएगी.
उक्त सडक़ के निर्माण को लेकर रहवासी शुरू से ही विरोध में रहे हैं। निगम की टीम जब चंदन नगर क्षेत्र में नपती और निशान लगाने की कार्रवाई करने पहुंची थी तो वहां भी लोगो ने विरोध करते हुए हंगामा किया था। अब सडक़ निर्माण को राज्य शासन से मंजूरी मिलने के बाद वहां काम शुरू करने की तैयारी में है और इसकी भनक लगते ही रहवासी फिर से लामबंद हो गए हैं। आज दोपहर में वहां सडक़ निर्माण के विरोध में रहवासी कांग्रेसी नेताओं के साथ मिलकर मानव शृंखला बनाकर इसका विरोध करेंगे। उक्त क्षेत्र में इसके अलावा नंदन नगर और नगीन नगर के पास करीब 800 मीटर की सडक़ को भी मास्टर प्लान की सडक़ में शामिल किया गया है, जिससे इन आबादी वाले इलाकों में भी यातायात सुगम होगा। रहवासियों द्वारा मानव शृंखला बनाए जाने की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया जा रहा है, ताकि किसी प्रकार का हंगामा ना हो।






Add comment