अग्नि आलोक
script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

महाराष्ट्र की आर्थिक हालत और अरविंद केजरीवाल और बीजेपी की सियासत 

Share

अनिल जैन

महाराष्ट्र सरकार आर्थिक रूप से पूरी तरह दिवालिया हो चुकी है! कहा जा रहा है कि उसके पास अपने रोजमर्रा के खर्च के लिए भी पैसे नहीं हैं। इस वजह से उसे अपने पेड़ गिरवी रख कर कर्ज लेना पड़ रहा है। यह कोई मज़ाक की बात नहीं है। महाराष्ट्र सरकार के वन मंत्री गणेश नाईक ने यह जानकारी दी है। एक समय विजय माल्या ने अपने किंगफिशर ब्रांड की वैल्यू लगा कर उसके ऊपर कर्ज लिया था तो अदालत ने उसे धोखाधड़ी माना था। 

बहरहाल गणेश नाईक ने कहा है कि सरकार के सामने पैसे का संकट है, इसलिए पेड़ गिरवी रख कर कर्ज लिया जाएगा। असल में महाराषट्र में पिछले चुनाव के समय ‘मुफ्त की रेवड़ी’ बांटने वाले जो फैसले हुए उससे राज्य पर राजस्व का बड़ा बोझ पड़ा है। गणेश नाईक ने यह भी कहा कि ‘माझी लाड़की बहिन’ योजना की वजह से सरकार पर बड़ा वित्तीय दबाव है। इन योजनाओं की वजह से सरकार की विकास की परियोजनाएं ठप्प पड़ी हैं। यहां तक कि रूटीन के काम के लिए पैसे की कमी पड़ रही है। इसीलिए राज्य सरकार ने अपने सागवान के पेड़ गिरवी रखने का फैसला किया है। 

बताया जा रहा है कि सरकार ने सागवान के जो पेड़ लगवाए उनकी कीमत 12 हजार करोड़ रुपये के करीब आंकी गई है। उन पेड़ों को गिरवी रख कर सरकार छह हजार करोड़ रुपये का कर्ज लेगी और उससे काम चलाएगी। अगर चुनावी लाभ के लिए नगद पैसा ट्रांसफर पर कोई स्पष्ट नियम-कायदे या नीति नहीं बनी तो पता नहीं राज्य सरकारों को क्या-क्या गिरवी रखना पड़ेगा। 

केजरीवाल को सब कुछ मिलेगा

पिछले कुछ सालों से दिल्ली के जंतर-मंतर पर जनसभा की अनुमति हासिल करना बहुत मुश्किल हो गया है। लेकिन अरविंद केजरीवाल को बड़ी रैली करने की इजाजत मिल गई। हालांकि पहले दिल्ली पुलिस ने रैली करने की इजाजत देने से इनकार कर दिया था लेकिन बाद में पता नहीं क्या हुआ कि इजाजत दे दी गई। केजरीवाल ने वहां बड़ी रैली की। गौरतलब है कि केजरीवाल ने जंतर-मंतर से ही अपनी राजनीति शुरू की थी। 

बहरहाल दिल्ली की विशेष अदालत ने पिछले दिनों उन्हें शराब नीति घोटाले मे बरी किया है। उसके बाद अपने समर्थकों में उत्साह भरने के लिए केजरीवाल को तुरंत रैली करना थी। रामलीला मैदान पर रैली इतनी जल्दी संभव नहीं थी क्योंकि वहां भीड़ जुटाने के लिए कई तरह के बंदोबस्त की जरुरत पड़ती। सो, उन्होंने जंतर मंतर पर रैली की अनुमति मांगी जो थोड़ी ना नुकुर के बाद दिल्ली पुलिस ने दे दी। दरअसल इस समय केजरीवाल जो भी मांगेंगे वह उन्हें मिलेगा, क्योंकि अगले साल होने वाले सात राज्यों के चुनावों से पहले केजरीवाल को भाजपा विरोधी बड़ी ताकत के तौर पर स्थापित करना है। साथ ही कांग्रेस और उसके इकोसिस्टम की ओर से बनाए जा रहे इस नैरेटिव को ध्वस्त करना है कि राहुल गांधी सबसे साहसी नेता हैं, मोदी पर हमला कर रहे हैं और इसलिए भाजपा से लड़ने वाला विपक्ष का चेहरा वे ही हैं। भाजपा चाहेगी कि केजरीवाल का चेहरा भी उभरे ताकि विपक्ष में फूट पड़े और कांग्रेस को अगले साल पंजाब, गोवा व गुजरात में नुकसान हो। 

भाजपा को बड़ा झटका दिया स्टालिन ने

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने भारतीय जनता पार्टी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को बड़ा झटका दिया है। अमित शाह पिछले कुछ समय से यह प्रयास कर रहे थे कि पूर्व मुख्यमंत्री ओ. पनीरसेल्वम को किसी तरह से एनडीए में लाया जाए, लेकिन उनको लेकर दो तरह की समस्या थी। एक समस्या अन्ना डीएमके पर पूरा कब्जा करके बैठे ई. पलानीस्वामी थे, जिन्होंने साफ कर दिया था कि वे पनीरसेल्वम को कबूल नहीं करेंगे। दूसरी ओर पनीरसेल्वम ने भी कहा था कि पलानीस्वामी को नेता घोषित करके चुनाव लड़ा गया तो वे शामिल नहीं होंगे। इस बीच उन्होंने मुख्यमंत्री स्टालिन से अपने तार जोड़ लिए थे। अब पनीरसेल्वम ने डीएमके का दामन थाम लिया है। 

बताया जा रहा है कि स्टालिन उनसे वादा किया है कि चुनाव जीतने के बाद उन्हें विधानसभा का स्पीकर बनाया जाएगा। पनीरसेल्वम ने पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा के लिए प्रचार किया था, जिससे मध्य व दक्षिण तमिलनाडु में कम से कम पांच सीटों पर भाजपा को फायदा हुआ था और वह दूसरे स्थान रही थी। पनीरसेल्वम थेवर समुदाय से आते हैं और मध्य व दक्षिण तमिलनाडु में बहुत असर रखते हैं। अब वे डीएमके से जुड़ गए हैं। वैसे भी डीएमके को दक्षिण तमिलनाडु में एक मजबूत नेता की जरुरत थी। पनीरसेल्वम ने वह कमी पूरी कर दी है। ध्यान रहे थेवर कभी भी डीएमके समर्थक नहीं रहे हैं। अगर उनका कुछ भी वोट पनीरसेल्वम ट्रांसफर कराते हैं तो डीएमके को उसका बड़ा लाभ मिलेगा। 

अलग सीमांचल राज्य की चर्चा क्यों?

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तीन दिन तक बिहार के सीमांचल की यात्रा पर थे। य़ह बहुत असामान्य बात है कि केंद्रीय गृहमंत्री किसी इलाके में इतना लंबा प्रवास करें। अमित शाह नक्सल प्रभावित इलाकों में भी रूके हैं लेकिन सीमांचल का मामला थोड़ा अलग है। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा और घुसपैठ को लेकर सीमांचल में कई बैठकें की थीं। इस बार भी उनके साथ केंद्र और राज्य के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। शाह की उस यात्रा और उन बैठकों के बाद ही अलग राज्य की चर्चा तेज हुई। हालांकि अभी तक इसका कोई ठोस प्रस्ताव सामने नहीं आया है। लेकिन यह अनायास नहीं था। बंगाल चुनाव को ध्यान में रख कर देखने पर इसका महत्व समझ में आता है। भाजपा ने घुसपैठ को बंगाल चुनाव का सबसे बड़ा मुद्दा बनाया है। इसीलिए अगर यह चर्चा चलती है कि बिहार के मुस्लिम बहुल इलाकों खास कर किशनगंज, अररिया, कटिहार और पूर्णिया के कुछ हिस्से को मिला कर पश्चिम बंगाल के मुस्लिम बहुल इलाकों मालदा और उत्तरी दिनाजपुर के साथ जोड़ कर अलग केंद्र शासित प्रदेश बनाया जाएगा तो इसका बड़ा मनोवैज्ञानिक असर बंगाल के मतदाताओं पर होगा। उत्तरी दिनाजपुर और मालदा दोनों किशनगंज और कटिहार से सटे हैं। अगर इन जिलों को मिला कर अलग केंद्र शासित प्रदेश बनता है तो वहां बहुसंख्यक आबादी जम्मू कश्मीर जैसी होगी। वहां उप राज्यपाल और सीमावर्ती राज्य होने की वजह से सेना और अर्धसैनिक बलों की तैनाती करके नियंत्रण रखा जा सकता है।

तमिलनाडु में भी पैसे बांट कर ही जीतेंगे

राजनीतिक विश्लेषक बेवजह बिहार, झारखंड या उत्तर भारत की गोबरपट्टी के राज्यों की आलोचना करते है कि वहां पैसे बांट कर चुनाव जीता जाता है। लोग गरीब है इसलिए सरकारें ‘मुफ्त की रेवड़ी’ बांट कर चुनाव जीत जाती है। असल में चुनाव जीतने का यह फॉर्मूला यूनिवर्सल हो गया है। विकसित राज्य भी इसका ही सहारा ले रहे हैं? महाराष्ट्र के बाद अब सबसे ज्यादा जीडीपी वाले राज्यों में से एक तमिलनाडु में भी यही तरीका आजमाया जा रहा है। वैसे तमिलनाडु में पहले से पैसे बांट कर वोट लिए जाते थे। लेकिन तब पार्टियां लोगों को चोरी छिपे नकद पैसे देती थी और सरकारें वॉशिग मशीन से लेकर प्रेशर कूकर और मंगलसूत्र तक बांटती थीं। इस बार के विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की एमके स्टालिन सरकार ने सवा करोड़ महिलाओं के खाते में पांच-पांच हजार रुपए डाल दिए। बिहार में तो महिलाओं के खाते में दस-दस हजार रुपए डाले गए तो कम से कम यह कहा गया कि वे किसी उद्यम की योजना बना कर सरकार को पेश करें। तमिलनाडु में तो कुछ नहीं कहा गया और सीधे पैसे दे दिए गए। इसके बाद मुख्य विपक्षी पार्टी अन्ना डीएमके की ओर से चुनावी वादों की घोषणा हुई तो पार्टी के नेता ई. पलानीस्वामी ने कहा कि सरकार बनी तो हर महिला के खाते में दस हजार रुपए भेजे जाएंगे। चुनाव की घोषणा तक और उसके बाद भी वहां और भी बहुत कुछ बांटे जाने की घोषणा सकती है।

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं। )

न्यूज़क्लिक से

Ramswaroop Mantri

Add comment

Recent posts

script async src="https://pagead2.googlesyndication.com/pagead/js/adsbygoogle.js?client=ca-pub-1446391598414083" crossorigin="anonymous">

प्रमुख खबरें

चर्चित खबरें