मध्य प्रदेश की एक लोकसभा और 3 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए BJP ने प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है। इसके लिए 14 मंत्रियों और 26 सांसद, MLA और संगठन पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। खंडवा लोकसभा सीट की हर विधानसभा पर एक मंत्री को लगाया गया है। रविवार को प्रदेश कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी पी मुरलीधर राव और शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में इसकी घोषणा की गई।
खंडवा लोकसभा सीट को बीजेपी की प्रतिष्ठा का सवाल माना जा रहा है। इसमें 4 जिले आते हैं। प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक शर्मा को बुरहानपुर, प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार को खंडवा, प्रदेश उपाध्यक्ष चिंतामणि मालवीय को देवास और प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती को खरगोन की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा हर विधानसभा पर मंत्री और संगठन के पदाधिकारियों को तैनात किया गया है।
खंडवाल लोकसभा क्षेत्र में आने वाले 8 विधानसभा क्षेत्रों के लिए प्रभारी
| विधानसभा क्षेत्र | चुनाव प्रभारी |
| खंडवा | मंत्री कमल पटेल , पूर्व विधायक जसवंत सिंह हाडा और किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर |
| मांधाता | विजय शाह व प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार |
| नेपानगर | मंत्री तुलसी सिलवाट, प्रदेश उपाध्यक्ष बहादुर सिंह सौंधिया |
| बुरहानुपर | इंदर सिंह परमार, वरिष्ठ नेता गोपीकृष्ण नेमा |
| पंधाना | मंत्री मोहन यादव, प्रदेश सह कोषाध्यक्ष अनिल जैन और सांसद शंकर लालवानी |
| बागली | मंत्री उषा ठाकुर और प्रदेश उपाध्यक्ष चिंतामणि मालवीय |
| भीकनगांव | मंत्री जगदीश देवड़ा और प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती |
| बड़वाह | मंत्री जगदीश देवड़ा, राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष व सांसद सुधीर गुप्ता |
अरविंद भदौरिया को मिली निवाड़ी की कमान
निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए मंत्री अरविंद सिंह भदौरिया, भारत सिंह कुशवाह और प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी, प्रदेश मंत्री ललिता यादव व प्रदेश मंत्री प्रभुदयाल कुशवाहा को जिम्मेदारी दी गई है।
रैंगाव में तीन मंत्रियों को जिम्मेदारी
सतना जिले के रैगांव विधानसभा क्षेत्र के लिए मंत्री रामखिलावन पटेल, बिसाहूलाल सिंह और बृजेन्द्र प्रताप सिंह को जिम्मेदारी दी गई है। जबकि संगठन की तरफ से सांसद गणेश सिंह, पूर्व मंत्री राजेन्द्र शुक्ला, प्रदेश महामंत्री शरदेंदु तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष योगेश ताम्रकार एवं प्रदेश मंत्री राजेश पांडे को जिम्मेदारी दी गई है।
मंत्री सारंग व प्रेम सिंह को जोबट के प्रभारी
आलीराजपुर जिले के जोबट विधानसभा क्षेत्र के लिए मंत्री विश्वास सारंग एवं प्रेम सिंह पटेल को प्रभारी बनाया गया है, जबकि सांसद गजेन्द्र पटेल, विधायक रमेश मेंदोला, अनुसूचित जनजाति मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष कलसिंह भांवर, प्रदेश मंत्री जयदीप पटेल व प्रदेश मंत्री संगीता सोनी को संगठन ने दायित्व सौंपा है।





