भोपाल. एक सायबर ठग ने भोपाल के सुनारों को ठग लिया. ठगी का तरीका उसने यू-ट्यूब से सीखा. सुनारों को इसका पता तब चला जब उनके खाते में पैसा नहीं आया. आरोपी ठगे गए सोने चांदी के जेवर पर गोल्ड लोन लेता था.

यू-ट्यूब पर ठगी का नया तरीका सीखने के बाद एक इंटरस्टेट सायबर ठग ने डिजिटल पेमेंट का फर्जी मैसेज कर सुनारों के साथ लाखों रुपए की ठगी की है. जब अकाउंट में राशि नहीं आई तब जाकर लोगों को अपने साथ हुई ठगी का पता चला. आरोपी को पांच अलग-अलग भाषाएं आती हैं. इन भाषाओं का फायदा भी उसने उठाया.
पेमेंट का फर्जी मैसेज
भोपाल सायबर क्राइम ब्रांच ने इस सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है. ब्रांच को एक शिकायत मिली थी कि ज्वेलरी शॉप पर शिवेश कुमार सिंह ग्राहक बनकर आया. उसने 43000 रुपये कीमत के सोने, चांदी के जेवरात खरीदे. शिवेश ने फोनपे के बारकोड के माध्यम से पेमेंट करने के लिये कहा. उसने बारकोड स्कैन पर फर्जी तरीके से सुनार के मोबाइल नंबर पर पेमेंट का टेक्स्ट मैसेज भेजकर कह दिया कि पेमेंट हो गया. जब अगले दिन डिजिटल पेमेंट की रकम बैंक खाते में देखी, तो सुनार ने शिवेश को फोन किया. बार-बार फोन करने पर उसने अपना मोबाइल बंद कर लिया.
ये है वारदात का तरीका..
आरोपी शिवेश सहरसा बिहार का रहने वाला है. उसकी पत्नि एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग की ट्रेनिंग भोपाल से कर रही है. आरोपी पटना में अमेजिंग इंडिया प्रायवेट लिमिटेड कंपनी के अंतर्गत पटना एयरपोर्ट पर काम करता था. पत्नि भोपाल में थी इसलिये नौकरी छोड़कर भोपाल आ गया. भोपाल आकर आरोपी ने यू-ट्यूब पर देखकर ठगी का नया तरीका इजाद किया. वो ठगी की प्लानिंग से ही यहां आया था.
भोपाल में 3 वारदात
आरोपी ने तीन थाना क्षेत्र बैरागढ, टीटीनगर और पिपलानी में सुनारों को ठगा. वो ज्वेलरी शॉप पर जाकर सोने का सामान खरीदता था और फोनपे के माध्यम से क्यूआर कोड स्कैन करके पेमेंट का नाटक करता था. दुकानदार को फोन खाता एप के माध्यम से पेमेंट का फर्जी मैसेज भेज देता था. इससे दुकानदार को यह आभास होता था कि खरीदी का पेमैंट हो गया. जब तक दुकानदार को पता चलता था कि पेमेंट नहीं हुआ, तब तक आरोपी भाग जाता था.
अपने ठिकाने बदले
आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद अक्सर अपने ठिकाने बदल देता था. उसने भोपाल में मिसरोद फिर बाग सेवनिया, कजलीखेड़ा और गेहूं खेड़ा में मकान बदला. आरोपी तेलगू, तमिल, हिन्दी, अंग्रेजी, बिहारी बोली जानता है और हर तरह के लोगो को फंसता है. सोने चांदी के जेवर ठगी से हासिल कर उस जेवर से गोल्ड लोन से लोन ले लेता था. आरोपी के पास से लोन के कई दस्तावेज मिले हैं. उसके पास से 1 मोबाइल फोन, 3 आधार कार्ड, 5 सोने की अंगूठी, 2 सोने के पैंडल, 1 सोने की चेन, 1 सोने की कान की वालिया, 3 चांदी की कटोरी, 2 चांदी का गिलास, 1 चांदी की चम्मच औऱ घटना में इस्तेमाल शर्ट, मास्क, गोल्ड लोन की राशि जब्त किया.




